Connect with us

जांजगीर-चाम्पा

समाधान का मिला भरोसा: टेट के लिए सीएम से मिले शिक्षक

Published

on

चांपा। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने टेट प्रभावित शिक्षकों की समस्याओं को लेकर सीएम से सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में कार्यरत लाखों शिक्षकों से जुड़ी टेट विसंगति पर चर्चा की।

सीएम को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राठौर, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बसंत कौशिक, राजीव नयन शुक्ला ने किया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि छत्तीसगढ़ में लाखों सहायक शिक्षक और समग्र शिक्षक वर्षों से सेवा दे रहे हैं। टेट से जुड़ी तकनीकी विसंगतियों और नियमों के कारण उनके हित प्रभावित हो रहे हैं। सीएम ने शिक्षकों की बात गंभीरता से सुनी। फेडरेशन को भरोसा दिलाया कि जायज मांगों पर सरकार गंभीर है। टेट से प्रभावित लाखों परिवारों के भविष्य को लेकर भी संवेदनशीलता से काम होगा। सीएम ने कहा कि आने वाले समय में केंद्र सरकार के पटल पर छत्तीसगढ़ की ओर से टेट का मुद्दा मजबूती से उठाया जाएगा। केंद्र और राज्य स्तर पर सकारात्मक समाधान निकालने की हरसंभव कोशिश होगी। सीएम के आश्वासन के बाद फेडरेशन पदाधिकारियों ने आभार जताया।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

जियो कंपनी का सुपरवाइजर बनकर दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बेच दी:बलौदा पुलिस की कार्रवाई, 9 लाख की धोखाधड़ी में तीसरा फरार आरोपी गिरफ्तार

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में जियो कंपनी का सुपरवाइजर बनकर ट्रैक्टर-ट्रॉली किराये पर लेने और बाद में उन्हें दूसरे व्यक्ति को बेचकर धोखाधड़ी करने के मामले में बलौदा पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने किराये पर लेने के बहाने दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां हासिल की थीं।

बाद में उन्हें बिलासपुर जिले के एक व्यक्ति को बेच दिया गया। इस मामले में करीब 9 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप है। पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।

किराये पर लेने का झांसा देकर ले गए ट्रैक्टर-ट्रॉली

पुलिस के अनुसार, खिसोरा निवासी विमलेश कुमार अहिर ने थाना बलौदा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 24 जुलाई 2026 को सन्नी लाल पाटले और राहुल कुमार खाण्डे उसके घर पहुंचे थे। दोनों ने खुद को जियो कंपनी का सुपरवाइजर बताया और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां किराये पर लेने की बात कही।

आरोपियों ने प्रत्येक ट्रैक्टर का किराया 30 हजार रुपए देने का झांसा दिया और दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अपने साथ ले गए। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें बिलासपुर जिले के एक व्यक्ति को करीब 2 लाख रुपए में बेच दिया। पुलिस के मुताबिक, बिक्री से मिली रकम में से 50 हजार रुपए खर्च कर दिए गए। इस तरह प्रार्थी के साथ करीब 9 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई।

पहले दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरा भी पकड़ा गया

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में मामले की जांच और कार्रवाई की गई। पुलिस ने पहले सन्नी लाल पाटले निवासी बम्हनीन, थाना अकलतरा और राहुल कुमार खाण्डे निवासी खम्हरिया को गिरफ्तार किया था। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था।

मामले में फरार चल रहे अब्दुल गफूर खान निवासी मचखंडा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर की बलौदा पुलिस तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अब्दुल गफूर खान ने अपने साथियों के साथ मि।लकर जियो कंपनी का सुपरवाइजर बनकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां किराये पर लेने और बाद में उन्हें दूसरे व्यक्ति को बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

जांजगीर में बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट कर 32 लाख ठगे:मनी लॉन्ड्रिंग और CBI का डर दिखाया, इंदौर से 2 आरोपी गिरफ्तार

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में 32 लाख रुपए की डिजिटल अरेस्ट ठगी के मामले में पुलिस ने इंदौर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस मामले में पंजाब से एक आरोपी पकड़ा गया था। आरोपियों ने टेलीकॉम अथॉरिटी और CBI अधिकारी बनकर बुजुर्ग को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने का डर दिखाया था।

पुलिस के मुताबिक, जांजगीर निवासी तुषारकर देवांगन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ठगों ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके मोबाइल नंबर का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग में हुआ है। इस मामले में कोलाबा पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज होने की बात कही गई। इसके बाद आरोपियों ने खुद को CBI अधिकारी बताकर फोन किया और उन्हें डिजिटल अरेस्ट करने की धमकी दी।

पुलिस से सेटिंग कराने के नाम पर ठगे 32 लाख

पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग शिकायतकर्ता आरोपियों की बातों में आ गए। ठगों ने पुलिस से सेटिंग कराने के नाम पर उनसे 32 लाख रुपए अलग-अलग खातों में जमा करा लिए। आरोपियों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से पुलिस, CBI और टेलीकॉम अथॉरिटी के अधिकारी बनकर कॉल किए थे। कुछ दिन बाद सभी नंबर बंद हो गए, तब शिकायतकर्ता को ठगी का पता चला और उन्होंने पुलिस में शिकायत की।

बैंक खाते की जांच से इंदौर तक पहुंची पुलिस

इस मामले में पुलिस ने धारा 318(4), 3(5) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया। जांच के दौरान ठगी की रकम जिन बैंक खातों में भेजी गई थी, उनकी जानकारी जुटाई गई। जांच में स्लाइस स्मॉल फाइनेंस बैंक के खाते में रकम जाने का पता चला।

तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस की टीम इंदौर पहुंची और दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौम्य जैसवार (21), निवासी प्रजापत नगर और देवराज अमकरे (24), निवासी गुरु शंकर नगर, इंदौर के रूप में हुई है।

बैंक खाते से जुड़े दस्तावेज और मोबाइल जब्त

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया और अपने बैंक खातों में ठगी की रकम आने की बात बताई। उनकी निशानदेही पर बैंक खातों से जुड़े मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, पैन कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किए गए। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

भाजपा बोली-कांग्रेस देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही:सक्ती में सच्चिदानंद उपासने बोले- राहुल गांधी पहले इंदिरा गांधी का राजनीतिक इतिहास पढ़ें

Published

on

सक्ती। सक्ती जिले के चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के डभरा में भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत 31 अक्टूबर को विशाल संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद उपासने ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने वाली कांग्रेस अब सत्ता से बाहर होने के बाद देश में अराजकता और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। वोट चोरी और लोकतंत्र खतरे में होने के कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए उन्होंने राहुल गांधी को अपनी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के राजनीतिक इतिहास का अध्ययन करने की सलाह दी।

इंदिरा गांधी के चुनाव को हाईकोर्ट ने किया था अवैध घोषित

उपासने ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में सत्ता बचाने के लिए कई बार संविधान में संशोधन किए और चुनावी प्रक्रिया में सरकारी तंत्र के दुरुपयोग के आरोपों का सामना किया। उन्होंने 1971 के रायबरेली लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग और चुनावी अनियमितताओं के आधार पर तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चुनाव को अवैध घोषित किया था।

उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के शासनकाल में इस तरह के विवाद सामने आए, वही आज लोकतंत्र और चुनावी पारदर्शिता पर सवाल उठा रही है।

SIR को बताया चुनाव आयोग की नियमित प्रक्रिया

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष के विरोध पर उपासने ने कहा कि यह निर्वाचन आयोग की नियमित और पारदर्शी प्रक्रिया है। इसके तहत मृत, पलायन कर चुके और फर्जी मतदाताओं के नाम हटाए जाते हैं। वहीं, 18 साल की आयु पूरी कर चुके नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जाते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया का विरोध इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि इससे फर्जी मतदाताओं के नाम हटने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और पारदर्शी बनाना है। कांग्रेस के शासनकाल में भी मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण होता रहा है। ऐसे में अब इसका विरोध करना राजनीतिक विरोधाभास है।

चुनाव आयोग की नियुक्ति और EVM पर कांग्रेस को घेरा

सच्चिदानंद उपासने ने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने तीन सदस्यीय चयन समिति के माध्यम से नियुक्ति व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने का काम किया है।

उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि चुनाव में जीत मिलने पर उसे EVM और मतदाता सूची पर भरोसा रहता है, लेकिन हार मिलने पर वही चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाने लगती है और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करती है। उन्होंने हाल ही में हुए विधान परिषद चुनावों का भी उल्लेख करते हुए कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर सवाल उठाए।

भाजपा की विचारधारा और मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

उपासने ने भाजपा की वैचारिक यात्रा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और बलिदानों के आधार पर भाजपा ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। देश की सेना स्वदेशी हथियारों से सशक्त हो रही है और भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677