Connect with us

कोरबा

सुशासन तिहार 2026:नवापारा में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित, ग्रामीणों को योजनाओं से किया गया लाभान्वित

Published

on

आमजनों को योजनाओं की जानकारी रखने व लाभ उठाने हेतु किया गया प्रेरित

शिविर में 569 आवेदन प्राप्त 150 आवेंदनो का हुआ मौके पर निराकरण

कोरबा। सुशासन तिहार 2026  अंतर्गत आज जनपद पंचायत करतला के  ग्राम नवापारा में  जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उपस्थित होकर विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में विभागीय अधिकारियों द्वारा विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ उठाने हेतु प्रोत्साहित किया गया। ग्रामीणों ने भी अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।  कृषि, खाद्य, सहकारिता , पंचायत विभाग द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

शिविर में करतला जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अशोक विश्राम कंवर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की विभिन्न योजनाएँ जनता तक आसानी से पहुँच सकें, इसी उद्देश्य से प्रत्येक क्षेत्र में शिविर लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार शिविरों में जनता की आवश्यकता अनुरूप प्राप्त आवेदनों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने आमजनो से योजनाओं की जानकारी रखने एवं लाभ उठाने का आग्रह किया। साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों से प्रत्येक आवेदन पर समयबद्ध कार्रवाई कर लाभार्थियों को संतुष्ट करने की बात कही। श्रीमती कंवर ने भीषण गर्मी को ध्यान में रखकर लोगों से ज्यादा से ज्यादा पेड़ पौधे लगाने एवं जल संरक्षण की दिशा में व्यापक कार्य करने की बात कही। उन्होंने शिविर में क्षेत्रवासियों की बिजली, पानी से सम्बंधित सभी आवेदनों पर गम्भीरता से कार्यवाही सुनिश्चित करने की बात कही।

जनपद उपाध्यक्ष करतला मनोज झा ने कहा कि प्रदेश के मुखिया के मंशानुरूप आमजनों की समस्या का स्थानीय स्तर पर निराकरण हेतु जिला प्रशासन आपके समक्ष पहुँची है। सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित शिविरों के माध्यम से आमजनों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जा रहा है। आमजनों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए कार्यालयों में जाने की आवश्यकता नही पड़ रही, प्रशासन खुद चलकर आमजनों तक आ रहे है।  श्री झा ने अधिकारियों से आमजनो की आवाज सुनने, उनकी समस्याओं व मांगो को गंभीरता से लेने व गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने की बात कही। क्षेत्र में पेयजल की समस्या का शीघ्रता से निपटारा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने व उसकी देखभाल करने की बात कही साथ ही भू जल स्तर को ऊपर उठाने हेतु क्षेत्र में बनने वाले सभी नए मकानों में वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था रखने की बात कही।

जनपद पंचायत करतला के सीईओ वैभव कौशिक ने बताया कि जनसमस्या निवारण शिविर में कुल 569 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 150 का शिविर स्थल पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों का परीक्षण उपरांत निराकरण किया जायेगा। सीसी रोड, पुल पुलिया जैसे अनेक अधोसंरचना निर्माण की मांग का परीक्षण कर कार्ययोजना में स्वीकृत कर निर्माण पूरा किया जाएगा।
इस दौरान शिविर में कई विभागों से हितग्राहियों को अतिथियों के द्वारा सामग्रियों एवं प्रमाणपत्रों का वितरण किया गया।
शिविर में कृषि विभाग द्वारा  सिंचाई की सुविधा हेतु बेंहरचुवा  निवासी रामलाल को पेट्रोल चलित पंप  व घिनारा निवासी बिसाहू को शैलो पंप प्रदान किया गया। साथ ही नवापारा के किसान दयाराम, जबल, नरेश व गौतम दास को मृदा स्वास्थ्य कार्ड  एवं नवापारा के किसान यादन व छत्रपाल को ढेंचा बीज प्रदान किया गया।

इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत  समय पर आदर्श आवास बनाने वाले 3 हितग्राही को आवास की चाबी प्रदान की गई। जिसमें ग्राम केराकछार के निवासी श्री जितेंद्र कुमार राठिया, घिनारा के रहने वाले ललित राठिया व मोहन सिंह राठिया को  आवास की चाबियां सौंपी गईं।  
खाद्य विभाग द्वारा ग्राम नवापारा के हितग्राही मीना व सावन, केराकछार के अनीता व सावित्री बाई,  बेंहरचुवा के ललिता सारथी,  घिनारा की अनिता, केरवाद्वारी की दीप माला अगरिया को पात्रतानुसार राशन कार्ड प्रदान की गई।  
स्वास्थ्य विभाग  द्वारा ग्राम पंचायत बरकोन्हा , बेंहरचुवा  व नोनदरहा को टी.बी. मुक्त ग्राम पंचायत घोषित कर स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। सहकारिता विभाग द्वारा उन्नत कृषि कार्य मे सहायता हेतु 5 हितग्राहियों को केसीसी के तहत चेक प्रदान किया । जिसमें घिनारा के किसान मोहन सिंह राठिया को 80 हजार व गुहा सिंह राठिया को 50 हजार, नवापारा के किसान पवन कुमार राठिया को 40 हजार, रामदयाल सिंह राठिया को 60 हजार व   गंगा राम राठिया को 1.20 लाख का चेक वितरित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सावित्री अजय कंवर, जनपद पंचायत सदस्य रामेश्वर कंवर , श्रीमती नीला  राठिया,  श्रीमती लक्ष्मीन बाई कंवर, कृष्णो महाजन, दुलार सिंह राठिया सहित अन्य जन प्रतिनिधिगण , विभागीय अधिकारी एवं बडी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Continue Reading

कोरबा

बांस शिल्प के लिए बिरहोर परिवारों को दिया जा रहा कौशल उन्नयन प्रशिक्षण

Published

on

परंपरागत हुनर के साथ आधुनिक उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण,आजीविका के नए अवसर सृजित करने की पहल

कोरबा, 13 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को आजीविका से जोड़ने और उनकी पारंपरिक कला एवं कौशल को रोजगार के बेहतर अवसरों में परिवर्तित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कोनकोना के आश्रित ग्राम समेलीभाटा में निवासरत बिरहोर परिवारों को बांस कला का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 10 से 19 सितंबर तक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान(आरसेटी)कोरबा के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है।

समेलीभाटा के बिरहोर परिवार लंबे समय से पारंपरिक रूप से बांस शिल्प निर्माण का कार्य करते आ रहे हैं। इनके द्वारा बांस से टोकनी, सूपा, झापी सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार कर स्थानीय हाट-बाजारों में विक्रय की जाती हैं। हालांकि पारंपरिक उत्पादों तक सीमित बाजार और उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण कारीगरों को अपनी मेहनत के अनुरूप पर्याप्त आमदनी प्राप्त नहीं हो पाती। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा इन परिवारों के पारंपरिक हुनर को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करने की पहल की गई है।

प्रशिक्षण के दौरान बांस शिल्पकारों को पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ आधुनिक एवं आकर्षक सजावटी वस्तुएं तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें आकर्षक गुलदस्ते, सीनरी, झालर तथा अन्य उपयोगी एवं सजावटी बांस उत्पाद शामिल हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य बांस शिल्पकारों के कौशल में निखार लाते हुए उनके उत्पादों में विविधता, गुणवत्ता और आकर्षण बढ़ाना है, ताकि वे स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर व्यापक बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार कर सकें।

जिला प्रशासन की इस पहल से बिरहोर परिवारों की पारंपरिक कला को संरक्षित करने के साथ ही उसे आय के स्थायी एवं बेहतर माध्यम के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षण के पश्चात राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से इन परिवारों द्वारा तैयार उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे बांस शिल्पकारों को अपने उत्पादों के बेहतर मूल्य प्राप्त करने, बाजार से सीधे जुड़ने तथा अपनी आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।

Continue Reading

कोरबा

पाली के राजा का भव्य आगमन कल

Published

on

शांति नगर में गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी मनाने तैयारी पूरी
कोरबा/पाली। कल 14 सितम्बर को पूरे भारत वर्ष में गणेश चतुर्थी की धूम रहेगी। जिले में विभिन्न गणेशोत्सव समितियों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में कल गणेश चतुर्थी पर पाली के राजा का भी भव्य और दिव्य आगमन होगा।

गणेशोत्सव समिति शांति नगर पाली के आयोजकों ने बताया कि कल 14 सितम्बर सोमवार को लालबाग के राजा की प्रतिमा बड़े धूमधाम से मंत्रोच्चार के साथ विराजित की जाएगी। भगवान श्रीगणेश की भव्य प्रतिमा पाली के राजा का शुभ आगमन संध्या 7.00 बजे होगा और पाली मुख्य बाजार से कार्यक्रम स्थल तक रैली की शक्ल में आकर्षक आतिशबाजी, आकर्षक एसएफएक्स एवं धूमाल के साथ लाई जाएगी और पंडित जी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ विघ्रहर्ता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
आयोजन समिति ने इस भव्य आयोजन में सभी क्षेत्र वासियों को सादर आमंत्रित किया है और पाली के राजा की आगमन रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।

Continue Reading

कोरबा

शराब पीने के लिए पैसे मांगे, मना करने पर युवक से मारपीट एवं जान से मारने की धमकी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Published

on

कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित

कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पैसे देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने तथा बाद में उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

शराब के लिए पैसे मांगे, मना करने पर की मारपीट

दिनांक 10.09.2026 की रात्रि लगभग 09:00 बजे प्रार्थी संतोष राठौर निवासी फरसवानी अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपीगण द्वारा उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपीगण द्वारा उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की गई।घटना के कुछ समय बाद आरोपीगण पुनः रात्रि लगभग 12:30 बजे प्रार्थी के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना में प्रार्थी के हाथ में चोट आई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। लगातार पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी के अपने सकुनत पर मौजूद होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 को विधिवत जब्त किया गया।

आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार आरोपी ज्ञान राठौर पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण में संलिप्त रहा है तथा हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था और उसके विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।वर्तमान घटना में पुनः आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने तथा उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की पूर्व आपराधिक गतिविधियों एवं वर्तमान प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।

आरोपी न्यायिक रिमांड पर

गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर दिनांक 12.09.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।प्रकरण में विवेचना जारी है तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

कोरबा पुलिस की स्पष्ट नीति — अपराध एवं आपराधिक प्रवृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई
कोरबा पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सजग कोरबा, सतर्क कोरबा

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677