छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा में बदहाल सड़क के लिए ग्रामीण आमरण अनशन पर:जांजगीर-चांपा में 15 साल से नहीं बनी पामगढ़-डोंगा-कोहरौद रोड, निर्माण शुरू होने तक आंदोलन जारी
जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र की डोंगा-कोहरौद-बलौदाबाजार सड़क के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। करीब 15 वर्षों से जर्जर सड़क से परेशान सैकड़ों ग्रामीण डोंगा-कोहरौद गांव में धरने पर बैठ गए हैं।

उनका कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष मांग रखने के बावजूद अब तक सड़क निर्माण शुरू नहीं किया गया। ग्रामीणों के अनुसार, पामगढ़-लाहौद-बलौदाबाजार-रायपुर मार्ग का करीब 5 किलोमीटर हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं।

गड्ढों के कारण गई है कई लोगों की जान,दर्जनों घायल
ग्रामीणों का दावा है कि वर्षों में कई लोगों की जान जा चुकी है और दर्जनों लोग घायल हुए हैं। बारिश के मौसम में सड़क की हालत और अधिक खराब हो जाती है, जिससे आवागमन बेहद कठिन हो जाता है।
मुआवजा विवाद से रुका निर्माण, ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों का आरोप है कि भूमि मुआवजा संबंधी प्रकरण लंबित होने के कारण सड़क निर्माण वर्षों से अटका हुआ है। इस संबंध में कई बार प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
आंदोलनरत ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क केवल विकास का नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा और जीवन से जुड़ा मुद्दा है। खराब सड़क के कारण मरीजों, स्कूली बच्चों, किसानों और व्यापारियों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

निर्माण शुरू होने तक जारी रहेगा आंदोलन
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि जब तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, तब तक आमरण अनशन और आंदोलन जारी रहेगा। अब क्षेत्रवासियों की नजर प्रशासन और राज्य सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।
छत्तीसगढ़
रायपुर में ट्रेनिंग कैंप खत्म, बैज बोले-अब नई कांग्रेस दिखेगी:पवन खेड़ा बोले- राम नाम पर भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं, युवाओं की आवाज दबाई जा रही
रायपुर, एजेंसी। कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया और प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा रविवार रात रायपुर पहुंचे। वे आज कांग्रेस जिला अध्यक्षों के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में शामिल हुए। रायपुर पहुंचने पर खेड़ा ने RSS पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन और इतिहास में संघ का कोई योगदान नहीं रहा है।
साथ ही, उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि भगवान राम के नाम पर भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं किया जा सकता। सोशल मीडिया के इस दौर में उन्होंने इस प्रशिक्षण शिविर को जरूरी बताया और कहा कि इससे कार्यकर्ताओं को सीखने और संवाद करने का अच्छा मौका मिला है।

शिविर खत्म होने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रशिक्षण और मंथन का असर आने वाले दिनों में दिखाई देगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने अपने नए जिला अध्यक्षों को संगठन, जनसंपर्क और राजनीतिक मुद्दों पर पूरी तरह प्रशिक्षित किया है।
बैज ने कहा, ‘छत्तीसगढ़ में अब नई कांग्रेस और आक्रामक कांग्रेस दिखेगी। जिला अध्यक्षों को पूरी तरह तैयार करके भेजा जा रहा है। आने वाले समय में वे जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।’
राम मंदिर ट्रस्ट पर पवन खेड़ा ने उठाए सवाल
अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी के मामले पर पवन खेड़ा ने मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की सोच और निगरानी में बना है और इसकी गतिविधियों पर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की भी नजर रही है।
RSS का इतिहास में कोई योगदान नहीं रहा
RSS के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार के महात्मा गांधी को लेकर दिए गए बयान पर पवन खेड़ा ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का देश के स्वतंत्रता आंदोलन और इतिहास में कोई योगदान नहीं रहा है।
पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि अयोध्या से लेकर उज्जैन तक सामने आई घटनाएं संघ की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती हैं। ऐसे संगठनों ने देश और हिंदू समाज को नुकसान पहुंचाने का काम किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे बयानों पर ज्यादा समय खर्च करने के बजाय जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है।
प्रशिक्षण शिविर का हुआ समापन
रायपुर में पिछले 10 दिनों से कांग्रेस के जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर चल रहा था। शिविर में संगठन को मजबूत बनाने, चुनाव की तैयारी, मीडिया प्रबंधन और जनता से बेहतर संवाद जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। इससे पहले राहुल गांधी प्रशिक्षण शिविर शामिल हुए थे और उन्होंने संगठन को मजबूत करने टिप्स दी थी।
शिविर के बाद पीसीसी चीफ ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में रेत माफिया का बोलबाला है और स्मार्ट बिजली मीटर को लेकर लोगों में नाराजगी है। कांग्रेस इन मुद्दों को गांव-गांव तक लेकर जाएगी।

पीसीसी चीफ दीपक बैज ने शिविर को लेकर जानकारी दी।
बैज ने कहा, ‘10 दिन के मंथन से अमृत जरूर निकलेगा। भाजपा इंतजार करे, दो साल बाद सरकार को गांवों में जाने से पहले सोचना पड़ेगा।’
वहीं पवन खेड़ा ने कहा कि कहा कि प्रदेश में रेत माफिया सक्रिय हैं, स्मार्ट बिजली मीटर को लेकर लोगों में असंतोष है और युवाओं की आवाज दबाई जा रही है। कांग्रेस इन सभी मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।
अयोध्या ट्रस्ट मामले पर केंद्र सरकार को घेरा
अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले पर भी पवन खेड़ा ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बैंक की ओर से अकाउंटिंग स्टाफ को हटाने की सिफारिश किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि गलत लोगों को बचाने की कोशिश की गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी हमला बोलते हुए खेड़ा ने कहा कि भाजपा और संघ आलोचना से घबराते हैं और सवालों से बचते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मुद्दों पर पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है।
छत्तीसगढ़
सक्ती के शबरी घाट में युवक डूबा, मौत:पुणे में सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था, शव बरामद
सक्ती। सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम देवरीमठ निवासी 26 वर्षीय आशीष कुर्रे की चंद्रपुर स्थित महानदी के शबरी घाट में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। यह घटना चंद्रपुर थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलने पर पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 1 बजे आशीष अपने दोस्तों के साथ चंद्रपुर के नाथलदाई-प्रभात पिकनिक स्पॉट के पास स्थित शबरी घाट घूमने गया था। महानदी में नहाते समय आशीष गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह लापता हो गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक का शव नदी से बरामद
घटना की सूचना मिलते ही चंद्रपुर पुलिस, स्थानीय प्रशासन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस और बचाव दल ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक का शव नदी से बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस जांच में जुटी
आशीष कुर्रे नवोदय विद्यालय का पूर्व छात्र था और वर्तमान में पुणे में सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। वह छुट्टियों में अपने पैतृक गांव देवरीमठ आया हुआ था। इसी दौरान वह अपने पुराने दोस्तों के साथ चंद्रपुर घूमने गया था। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोरबा
नवाडीह के जंगल में युवती का शव मिला:20 दिन से लापता थी, शव के पास जहर की शीशी भी मिली, पुलिस जांच में जुटी
कोरबा। कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र के नवाडीह जंगल में एक युवती का शव संदिग्ध अवस्था में मिला है। शव मिलने की सूचना के बाद बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस को शव मिलने की जानकारी सरपंच पति राय सिंह कंवर ने दी थी। घटनास्थल घने जंगल के भीतर और दुर्गम रास्ते पर होने के कारण पुलिस टीम को वहां तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

20 दिन पहले दर्ज हुई गुमशुदगी रिपोर्ट
मृतका की पहचान 20 वर्षीय सपना धनुवार, पिता हरिराम धनुवार के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि सपना की गुमशुदगी की रिपोर्ट कुसमुंडा थाना क्षेत्र में लगभग 20 दिन पहले दर्ज कराई गई थी। पुलिस और परिजन तब से उसकी तलाश कर रहे थे।
घटनास्थल से पुलिस को मृतका के पास से जहर की एक शीशी भी मिली है। इससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

आत्महत्या है या हत्या, पुलिस कर रही जांच
पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है, जिसमें यह आत्महत्या है या हत्या, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगा। जंगल के आसपास के क्षेत्र में भी तलाशी अभियान जारी है।

ग्रामीणों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की तह तक जाया जाएगा।
-
Uncategorized9 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
