Connect with us

कोरबा

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पीएम श्री सेजस विद्यालय तिलकेजा का किया निरीक्षण

Published

on

विद्यार्थियों से किया संवाद, शैक्षणिक गुणवत्ता, सुविधाओं एवं निर्माण कार्यों का लिया जायजा

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज करतला विकासखंड के ग्राम तिलकेजा स्थित पीएम श्री सेजस विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अधोसंरचना, प्रयोगशालाओं एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री दुदावत ने सर्वप्रथम विद्यालय की कंप्यूटर लैब का अवलोकन किया तथा वहां उपलब्ध संसाधनों और अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था की जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के साथ सहज एवं आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, विषयों में रुचि, परीक्षा की तैयारी, पिछले वर्ष के परीक्षा परिणाम तथा विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। साथ ही विद्यार्थियों से यह भी जाना कि विद्यालय में किन-किन सुविधाओं की आवश्यकता महसूस होती है तथा विद्यालय को और अधिक बेहतर एवं आधुनिक बनाने के लिए उनके क्या सुझाव हैं।

संवाद के दौरान कलेक्टर श्री दुदावत ने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्य एवं करियर विकल्पों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन एवं अनुशासन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता का आधार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और निरंतर मेहनत है। उन्होंने विशेष रूप से कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से कहा कि बोर्ड परीक्षा का परिणाम उनके उच्च शिक्षा एवं करियर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इसलिए समय का सदुपयोग करते हुए पूरी एकाग्रता और समर्पण के साथ अध्ययन करें तथा उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने का प्रयास करें।
कलेक्टर श्री दुदावत ने विद्यार्थियों को जिला प्रशासन द्वारा संचालित आईआईटी एवं जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क कोचिंग सुविधा की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इच्छुक विद्यार्थी इस सुविधा का लाभ लेकर अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री दुदावत ने विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों से भी चर्चा कर शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षकों की उपलब्धता तथा विद्यालय संचालन से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी ली। उन्होंने कंप्यूटर लैब के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक शिक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अतिथि शिक्षक की भर्ती की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उन्हें नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके।
कलेक्टर श्री दुदावत ने विद्यालय परिसर के समीप निर्माणाधीन पीसीबी लैब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का अवलोकन करते हुए संबंधित इंजीनियर को कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर श्री दुदावत ने विद्यालय परिसर में रातरानी का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर सहायक कलेक्टर ईशांत जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे, सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

रायपुर के जमीन कारोबारी पर ठगी का आरोप:जमीन दिलाने और नौकरी लगाने के नाम पर 7.55 लाख ठगे, पुलिस ने दर्ज किया केस

Published

on

कोरबा /रायपुर। कोरबा जिले के करतला निवासी भुवनदास मानिकपुरी ने रायपुर के खम्हारडीह निवासी अमितेश सतपथी पर जमीन दिलाने और बाद में सरकारी नौकरी लगाने का झांसा देकर 7.55 लाख रुपए की ठगी करने का आरोप लगाया है।

इस मामले की जांच में शिकायतकर्ता के आरोपों की पुष्टि होने के बाद आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सिविल लाइन पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार, शिकायकर्ता ने बताया कि, अक्टूबर 2024 में दोस्त अनिल साहू के माध्यम से अमितेश सतपथी से संपर्क हुआ था। आरोपी ने जमीन उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया और अलग-अलग तारीखों में फोन-पे, एनईएफटी और बैंक ट्रांसफर के जरिए शिकायतकर्ता, उसके पिता और दोस्तों से कुल 7 लाख 55 हजार रुपए ले लिए।

काफी इंतजार के बाद भी जमीन नहीं दिलाई गई। इसके बाद आरोपी ने सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया, लेकिन वह भी पूरा नहीं हुआ। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने अब तक केवल 1500 रुपए लौटाए। बाद में 24 दिसंबर 2025 की तारीख का एक नोटरी शपथ पत्र तैयार कर 4 लाख रुपए वापस करने का दावा किया गया।

शिकायतकर्ता का कहना है कि, शपथ पत्र पर उसके फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं। उसने जांच अधिकारियों को जनपद पंचायत करतला की उपस्थिति पंजी भी सौंपी, जिसमें उक्त तारीख को उसके ड्यूटी पर मौजूद होने का रिकॉर्ड है।

सिविल लाइन पुलिस केस दर्ज करके आगे की जांच कर रही है।

सिविल लाइन पुलिस केस दर्ज करके आगे की जांच कर रही है।

जांच में ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और रकम दिए जाने की पुष्टि

जांच के दौरान गवाह अनिल साहू ने भी ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और रकम दिए जाने की पुष्टि की। जांच में बैंक लेनदेन के दस्तावेज, गवाहों के बयान और अन्य रिकॉर्ड का परीक्षण किया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि शिकायतकर्ता पहले भी 1 मई 2026 को इसी मामले में शिकायत कर चुका था। उस समय आरोपी ने जमीन दिलाने के नाम पर रकम लेने की बात स्वीकार की थी और पैसा लौटाने का आश्वासन दिया था। मामलें में पुलिस ने केस दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है।

सिविल लाइन पुलिस के आरोपी पीड़ित भुवनदास मानिकपुरी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में विवेचना की जा रही है।

Continue Reading

कोरबा

बर्थडे पार्टी के दौरान गाड़ी से कुचलकर ट्रांसपोर्टर की हत्या:कोरबा में जन्मदिन मनाने आए थे 20-25 दोस्त, नशे में विवाद के बाद वारदात

Published

on

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के मीरा रिसोर्ट में ट्रांसपोर्ट कारोबारियों की बर्थडे पार्टी के दौरान नशे में विवाद और मारपीट हुई। चेकआउट के समय एक ट्रांसपोर्टर ने दूसरे ट्रांसपोर्टर की कैंपर वाहन से कुचलकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी गाड़ी लेकर फरार हो गया।

मृतक की पहचान दीपका के गरुणनगर निवासी युवक उज्जवल सिंह (35) के रूप में हुई है, वो शादीशुदा था। उसके बच्चे भी हैं। वहीं, आरोपी की पहचान तुषार ढांढा (24) के रूप में हुई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामला उरगा थाना क्षेत्र का है।

मृतक उज्जवल सिंह।

मृतक उज्जवल सिंह।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात दीपका क्षेत्र के ट्रांसपोर्टर विकास कुमार हुडा का जन्मदिन था। पार्टी करने के लिए 20 से 25 युवक रात को मीरा रिसोर्ट पहुंचे थे। इनमें से अधिकतर लोग कोयला ट्रांसपोर्टर का काम करते हैं। उनकी गाड़ियां चलती हैं।

इस दौरान देर रात तक पार्टी हुई। रात करीब 11:30 बजे किसी मामूली बात पर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। तुषार ढांढा शराब के नशे में सामान तोड़ने लगा। रिसॉर्ट में भी लोगों से झगड़ा किया। ट्रांसपोर्टर्स के बीच आपस में विवाद काफी बढ़ गया।

ट्रांसपोर्टर उज्जवल की कैंपर वाहन से कुचलकर हत्या कर दी गई।

ट्रांसपोर्टर उज्जवल की कैंपर वाहन से कुचलकर हत्या कर दी गई।

तुषार ने उज्जवल पर चढ़ाई गाड़ी

देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गई। इसी अफरातफरी के बीच आरोपी तुषार ढांढा ने कैंपर वाहन को उज्जवल सिंह पर चढ़ा दिया। वाहन की चपेट में आने से उज्जवल को गंभीर चोटें आईं और उसने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद तुषार कैंपर वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

फरार आरोपी तुषार ढांढा।

फरार आरोपी तुषार ढांढा।

दोस्तों से पूछताछ, केस दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। दोस्तों से पूछताछ कर उनके बयान लिए गए है। जिसके बाद पुलिस ने तुषार ढांढा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले का कहना है कि, आरोपी की तलाश के लिए एक टीम गठित की गई है। पुलिस रिसोर्ट के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पार्टी में शामिल बाकी युवकों से पूछताछ चल रही है।

Continue Reading

कोरबा

पुरानी रंजिश में मोबाइल दुकानदार को रातभर बंधक बनाकर पीटा:कोरबा में लेनदेन विवाद, महिला ने भी दर्ज कराई छेड़छाड़ की शिकायत,पुलिस जांच में जुटी

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के कोहड़िया क्षेत्र में मोबाइल और पैसों के पुराने लेनदेन का विवाद हिंसक हो गया। मोबाइल दुकान संचालक विकास दुबे को कथित तौर पर एक नाबालिग और उसके परिजनों ने बंधक बनाकर पूरी रात बेरहमी से पीटा।

हमले में उसके सिर, पैर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जबकि एक हाथ की हड्डी भी टूट गई। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुराने विवाद के बाद फिर हुआ हमला

पुलिस के अनुसार, विकास दुबे और एक नाबालिग के बीच मोबाइल और पैसों के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पिछले महीने भी इसी विवाद में नाबालिग ने विकास पर चाकू से हमला किया था, जिसकी रिपोर्ट सीएसईबी चौकी में दर्ज है।

कमरे में बंद कर रातभर की पिटाई

बताया जा रहा है कि बीती रात विकास दुबे किसी काम से पीपरपारा गया था। वहां नाबालिग और उसके परिजनों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि उसे एक कमरे में बंधक बनाकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से रातभर पीटा गया।

दोस्त ने पहुंचाया अस्पताल

सुबह विकास के दोस्त आकर्षण तिवारी ने उसे गंभीर हालत में देखा और तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस की मदद से विकास को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसके सिर और पैर में गहरी चोटें हैं तथा एक हाथ की हड्डी टूट गई है।

महिला ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप

इसी बीच एक महिला ने सीएसईबी पुलिस चौकी में विकास दुबे के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि रात करीब 10 बजे विकास जबरन उसके घर में घुस आया और उसके साथ अभद्रता की। महिला ने यह भी स्वीकार किया कि गुस्से में उसने लोहे के डंडे से विकास की पिटाई की थी।

मेडिकल रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि महिला की शिकायत पर विकास दुबे के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, विकास की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद उसे बंधक बनाकर मारपीट करने वाले नाबालिग और उसके परिजनों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677