रायपुर, एजेंसी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने री-NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। जगदलपुर में तीसरे अटेंप्ट में भी सफलता नहीं मिलने से परेशान एक 20 साल की छात्रा ने सुसाइड कर लिया है। बताया जा रहा है कि, इस बार भी चयन नहीं होने से वह मानसिक रूप से काफी परेशान थी। रिजल्ट देखने के बाद उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है।
वहीं परीक्षा में छत्तीसगढ़ के रायपुर के शिप्रक गोयल और चार्वी अग्रवाल ने 99.99 परसेंटाइल हासिल किए हैं। दोनों को प्रदेश का संयुक्त स्टेट टॉपर घोषित किया गया है। शिप्रक गोयल ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 117 हासिल की है। वहीं, चार्वी अग्रवाल की ऑल इंडिया रैंक 136 रही। दोनों अभ्यर्थी अनारक्षित (UR) श्रेणी से हैं। समान परसेंटाइल होने के बावजूद टाई-ब्रेकिंग नियमों के कारण दोनों की ऑल इंडिया रैंक अलग-अलग है।
अपने परिवार के साथ रायपुर के शिप्रक गोयल।
यह दूसरे नॉर्मल परीक्षा की तरह ही
शिप्रक गोयल ने बताया कि, मैंने छत्तीसगढ़ में AIR-117 और रैंक 1 हासिल की। मैं इस परीक्षा को किसी भी दूसरे नॉर्मल परीक्षा की तरह ही देखता हूं। अगर आप इसे कुछ बहुत खास समझते हैं, तो आप स्ट्रेस में आ जाएंगे और टेस्ट के दौरान गलतियां करेंगे।
8 से 10 घंटे पढ़ाई काफी
जहां तक मेरे पढ़ाई के घंटों की बात है, तो दिन में 16 घंटे पढ़ाई करने की जरूरत या खुद को थका देने तक काम करना पूरी तरह से घिसी-पिटी बातें हैं। मेरा मानना है कि दिन में 8 से 10 घंटे पढ़ाई करना काफी है, बशर्ते आप इसे दो साल तक लगातार करें। अगर आप ऐसा करते हैं तो आपको कोई दिक्कत नहीं होगी।
मुझे अपने परिवार और टीचरों से बहुत मोटिवेशन मिला
NEET री-एग्जाम और पेपर लीक पर कहा कि, NEET री-एग्जाम देना बुरा था, लेकिन असलियत को मानना पड़ता है और काम पर वापस जाना पड़ता है। मुझे अपने परिवार और टीचरों से बहुत मोटिवेशन मिला, जो बहुत सपोर्टिव थे।
हमारे रेगुलर टेस्ट फिर से शुरू हो गए और दोस्तों से मिलने से मुझे अपनी एनर्जी वापस पाने में मदद मिली। डर जरूर था, लेकिन चिंता करने से कुछ नहीं होता। एग्जाम देना ही मेरे हाथ में है, आखिरी नतीजा भगवान पर है।
छत्तीसगढ़ के 45 हजार कैंडिडेट्स ने दी थी परीक्षा
छत्तीसगढ़ में इस परीक्षा में करीब 45 हजार कैंडिडेट्स शामिल हुए थे। पूरे प्रदेश में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जबकि रायपुर में 25 केंद्रों में परीक्षा हुई। NTA की गाइडलाइन के अनुसार कड़ी जांच के बाद स्टूडेंट्स को एंट्री दी गई थी।
ऐसे चेक करें स्कोरकार्ड
21 जून को आयोजित री-NEET UG 2026 परीक्षा में शामिल उम्मीदवार NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए एप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड से लॉग इन करना होगा। लॉग इन के बाद स्कोरकार्ड डाउनलोड किया जा सकेगा।
परीक्षा शुल्क रिफंड की अंतिम तारीख बढ़ी
NTA ने 3 मई को आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शुल्क रिफंड की प्रक्रिया की अंतिम तारीख 31 जुलाई तक बढ़ा दी है। शुल्क वापसी के लिए उम्मीदवारों को ऑनलाइन पोर्टल पर बैंक खाते की जानकारी दर्ज करनी होगी।
11.46 लाख उम्मीदवारों ने दी बैंक डिटेल
NTA के मुताबिक, अब तक 11.46 लाख उम्मीदवार अपने बैंक खाते की जानकारी जमा कर चुके हैं। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक बैंक डिटेल नहीं दी है, वे 31 जुलाई तक यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
नहीं मिली सफलता, छात्रा ने किया सुसाइड
जानकारी के मुताबिक, जगदलपुर में आड़ावाल खासपारा निवासी सुरला हरिका राव नायडू (20) पिछले 3 सालों से मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। गुरुवार रात NEET परीक्षा का परिणाम जारी हुआ था। परिवार के लोगों के साथ भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में चली गई और लैपटॉप पर रिजल्ट देख रही थी। देर रात करीब साढ़े तीन बजे उसकी मां कमरे में पहुंची तो दरवाजा खुला मिला।
अंदर जाकर देखा तो बेटी फंदे से लटकी हुई थी। परिजन तत्काल उसे नीचे उतारकर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन साल से कर रही थी तैयारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा डॉक्टर बनने का सपना लेकर लगातार NEET की तैयारी कर रही थी। उसने तीन बार परीक्षा दी, लेकिन हर बार सफलता नहीं मिली। इस साल भी परिणाम उम्मीद के अनुरूप नहीं आने से वह तनाव में थी। परीक्षा परिणाम और मानसिक दबाव को आत्महत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।
पुलिस कर रही जांच, परिजनों के बयान दर्ज
प्रशिक्षु DSP सुमित चंद्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का है। छात्रा NEET एग्जाम में पास नहीं हो पाई इसलिए तनाव में थी। परिजनों और करीबी लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने एक वर्ष के लिए जिला बदर के दिए आदेश कोरबा, 10 सितम्बर 2026। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने पुल चोरी के आरोपी मुकेश कुमार साहू उर्फ बरबट्टी के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई करते हुए उसे एक वर्ष की अवधि के लिए जिला बदर करने का आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार, मुकेश कुमार साहू उर्फ बरबट्टी को जिला कोरबा सहित बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़, सरगुजा, सूरजपुर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर तथा गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिलों की राजस्व सीमाओं से एक वर्ष की अवधि के लिए बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
कोरबा। भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशन में 8 अक्टूबर 2026 को राजधानी रायपुर में इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब के अंतर्गत रीजनल कॉन्फ्रेस ऑन ईएलसी एंड ईसीआईनेट ECINET का आयोजन किया जा रहा है।
भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार आयोजित उक्त कार्यक्रम के पूर्व तैयारी हेतु दिनांक 10.09.2026 को कार्यालय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के उच्च अधिकारियों द्वारा वीडियो कांफ्रेंस (VC) के माध्यम से आयोजित की गई। उक्त वीडियो कांफ्रेंस (VC) में श्रीमती माधुरी सोम ठाकुर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सतीश प्रकाश सिंह सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी एवं विधानसभा स्तरीय ईएलसी नोडल अधिकारी सहायक प्राध्यापकगण,स्वीप नोडल अधिकारी, सामान्य निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित हुए।
उक्ताशय की जानकारी देते हुए सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि राज्य स्तरीय वीडियो कांफ्रेंस में 8 अक्टूबर 2026 के रीजनल कॉन्फ्रेस की समुचित तैयारी तथा समस्त जिलों के स्कूलों, कॉलेजों एवं यूनिवर्सिटी में गठित इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ELC) के गठन एवं ईसीआई नेट ECINET पर ऑनबोर्डिंग की स्थिति की समीक्षा की गई। सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी श्री सिंह ने बताया कि राजधानी रायपुर में आयोजित किए जा रहे रीजनल कॉन्फ्रेस ऑन ईएलसी के कार्यक्रम में कोरबा जिले से प्रत्येक विधानसभा से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चिन्हांकित शासकीय-अशासकीय महाविद्यालयों, हाई स्कूल हायर सेकेंडरी, उच्च शिक्षण संस्थानों से चयनित किए जाने वाले युवा छात्र-छात्राये, ईएलसी के प्रभारी नोडल अधिकारी, विधान सभा इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब ELC के प्रभारी नोडल अधिकारी कोऑर्डिनेटर आदि सम्मिलित होंगे। उन्होंने बताया कि इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब ELC के गठन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और युवा नागरिकों को लोकतांत्रिक मूल्यों, चुनावी प्रक्रियाओं तथा भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका व कार्यप्रणाली से परिचित कराना हैं। इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब के गठन का उद्देश्य हर युवा भारतीय नागरिक को भारत की चुनावी प्रणाली प्रक्रिया की पारदर्शिता तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में भागीदार बनाना हैं।
बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने की विभागीय काम-काज की समीक्षा
रायपुर, 10 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम मुख्यालय, रायपुर में आज बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रबंध संचालक अजय अग्रवाल सहित मुख्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं समस्त बीज प्रबंधक उपस्थित थे।
बैठक में आत्मनिर्भर दलहन योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। श्री चन्द्राकर ने समयबद्ध कार्यप्रणाली, वित्तीय अनुशासन एवं बीज उत्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए। श्री चन्द्राकर ने बैठक में सभी बीज प्रबंधकों से योजना की वर्तमान प्रगति की जानकारी ली तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही साथी पोर्टल पर किसानों एवं सहकारी समितियों के पंजीयन की भी विस्तृत समीक्षा की। बीज प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि पंजीयन का कार्य समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक किसानों को बीज उत्पादन कार्यक्रम से जोड़ा जाए, ताकि आगामी बीज उत्पादन कार्यक्रम सुचारू रूप से संचालित हो सके। किसानों को बीज उत्पादन की प्रक्रिया एवं संबंधित तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रबंध संचालक अजय अग्रवाल ने सभी बीज प्रबंधकों को शासकीय कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने, ई-ऑफिस के माध्यम से कार्यों का संचालन, जीएसटी एवं टीडीएस संबंधी कार्यों का समय पर निष्पादन, ऑडिट आपत्तियों की पुनरावृत्ति रोकने, गूगल शीट को प्रतिदिन अद्यतन रखने तथा मुख्यालय को भेजी जाने वाली जानकारी एवं आंकड़ों को पूर्ण सावधानी से जांचकर प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीफ एवं रबी फसलों की ग्रेडिंग एवं पैकिंग समय पर पूर्ण करने तथा कार्यालयीन पंजियों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया।
अध्यक्ष श्री चंद्राकर ने कहा कि समयबद्ध कार्यप्रणाली एवं वसूली पर विशेष ध्यान देने से बीज निगम की वित्तीय स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने पुराने बीज राशि की वसूली, कृषक अंश की प्राप्ति तथा मुख्यालय को भेजे जाने वाले आंकड़ों के सत्यापन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने मैदानी स्तर पर आने वाली समस्याओं के समाधान हेतु कलेक्टर की टी.एल. बैठक एवं संबंधित अधिकारियों से समन्वय करने तथा समस्या का समाधान न होने पर मुख्यालय को लिखित रूप से अवगत कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बीज की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने पर भी जोर दिया गया। अमानक बीज पाए जाने की स्थिति में संबंधित संस्था की टेस्ट रिपोर्ट एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने बीज बचत की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कहा कि कृषि विभाग की मांग के आधार पर बीज का भंडारण करते समय पूर्व वर्षों के आंकड़ों को बेंचमार्क मानते हुए आवश्यकता के अनुरूप ही भंडारण किया जाए, ताकि अनावश्यक बीज बचत से निगम को होने वाली वित्तीय क्षति को रोका जा सके।
अध्यक्ष श्री चंद्राकर ने कहा कि बीज निगम द्वारा वसूली, वित्तीय अनुशासन एवं कार्यप्रणाली में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से इसी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य करते हुए बीज निगम को और अधिक सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया।