Connect with us

छत्तीसगढ़

कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर समेत 9 नेताओं की पेशी:प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन का मामला, पुलिसकर्मी के झुलसने पर दर्ज हुआ था केस

Published

on

दुर्ग-भिलाई, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन किया गया था। इस दौरान एक पुलिसकर्मी झुलस गया था। इस मामले में गुरुवार को जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर समेत 9 कांग्रेस नेताओं की कोर्ट में पेश हुए।

दरअसल, उतई थाना पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान हुए घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ केस दर्ज किया था। मई में पुलिस ने राकेश ठाकुर समेत नौ कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार किया था। बाद में सभी को मुचलके पर रिहा कर दिया गया। मामला अप्रैल 2026 का है।

5 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या की कोशिश के बाद कांग्रेस ने मिनी माता चौक पर विरोध प्रदर्शन किया था। जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन किया गया।

जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर समेत 9 कांग्रेस नेताओं की कोर्ट में पेश हुए।

जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर समेत 9 कांग्रेस नेताओं की कोर्ट में पेश हुए।

पुतला दहन पर पुलिसकर्मी झुलसा था

पुतला दहन के दौरान आग बुझाने और पुतला हटाने की कोशिश में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच खींचतान हुई। इसी दौरान आरक्षक गिरधर मंडावी का हाथ आग की चपेट में आ गया और वह झुलस गए। उस समय सामने आई रिपोर्टों के मुताबिक, दो पुलिसकर्मी आग की चपेट में आए थे। इनमें से एक आरक्षक को उपचार के लिए सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया था।

पहले अज्ञात नेताओं के खिलाफ दर्ज हुआ था मामला

घटना के बाद उतई पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। शुरुआती कार्रवाई में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। बाद में जांच के आधार पर पुलिस ने राकेश ठाकुर समेत नौ कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार नेताओं में जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, पूर्व पार्षद प्रहलाद वर्मा, नेता प्रतिपक्ष द्वारिका साहू, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष डिकेंद्र हिरवानी, गुलशन शर्मा, जिला सचिव लोचन यादव, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र बंजारे, सत्यप्रकाश कौशिक और दिवाकर गायकवाड़ शामिल हैं।

पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद सभी नेताओं को मुचलके पर रिहा कर दिया था।

कोर्ट की प्रक्रिया पूरी करते कांग्रेस नेता।

कोर्ट की प्रक्रिया पूरी करते कांग्रेस नेता।

जिस मामले के विरोध में प्रदर्शन हुआ, उसमें आरोपी को उम्रकैद

जिस 5 साल की बच्ची से रेप के विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया था, उस मामले में आरोपी को अदालत से सजा सुनाई जा चुकी है। विशेष न्यायालय (POCSO), दुर्ग ने धनेंश्वर साहू उर्फ जनता को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

इसके अलावा अलग-अलग धाराओं में 7 साल, 10 साल और 7 साल ्के सश्रम कारावास की सजा भी दी गई है। अदालत ने आरोपी पर कुल 13 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया है। सजा का आदेश सितंबर 2026 में जारी किया गया था।

मई महीने में सभी नेताओं ने उतई थाने में दी थी गिरफ्तारी।

मई महीने में सभी नेताओं ने उतई थाने में दी थी गिरफ्तारी।

राकेश ठाकुर बोले- मामले को राजनीतिक रंग दिया जा रहा

गुरुवार को इस मामले में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर समेत नौ आरोपी कांग्रेस नेता दुर्ग कोर्ट में पेशी के लिए पहुंचे। इस दौरान मीडिया से चर्चा में राकेश ठाकुर ने कहा कि यह पूरा आंदोलन बच्ची से दुष्कर्म और इलाके में बढ़ रही अवैध शराब बिक्री के खिलाफ था।

उन्होंने आरोप लगाया कि दुष्कर्म का आरोपी भी अवैध शराब के कारोबार से जुड़ा हुआ है। इसे लेकर पहले भी कई शिकायतें की गई थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पुतला दहन कार्यक्रम की जानकारी पहले ही पुलिस को दी गई थी और मौके पर पुलिस बल भी तैनात था।

इसके बावजूद पुलिस ने पुतला छीनने की कोशिश की, जिससे यह घटना हुई। राकेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार के दबाव में इस मामले को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।

Continue Reading

कोरबा

सेवा संकल्प अभियान के तहत दीपका एवं छुरी कला में विशेष शिविर कल

Published

on

कोरबा, 01 अक्टूबर 2026। राज्य शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत आम नागरिकों तक विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से नगरीय निकाय एवं जनपद पंचायत क्षेत्रों में 01 अक्टूबर से विशेष शिविर आयोजित किए जा रहें।
इसी क्रम में 02 अक्टूबर को नगर पालिका परिषद दीपका कार्यालय एवं नगर पंचायत छुरीकला अंतर्गत बस स्टैंड छुरी के समीप शिविर आयोजित किए जाएंगे। आम नागरिकों से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठायें।

Continue Reading

कोरबा

कीचड़ भरे रास्ते से मिली राहत, डोंगानाला के बिरहोर परिवारों तक पहुँची पक्की सड़क

Published

on

पीएम जनमन के अंतर्गत लगभग 167.20 लाख रुपये की लागत से अटल चौक से जंगल पारा तक बना 2.38 किलोमीटर मार्ग
कोरबा, 01 अक्टूबर 2026। विकासखंड पाली के दूरस्थ ग्राम डोंगानाला के जंगल पारा में रहने वाले बिरहोर परिवारों के लिए बारिश का मौसम बड़ी परेशानी लेकर आता था। अटल चौक से बस्ती तक जाने वाला कच्चा रास्ता कीचड़ से भर जाता था। पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता था और बच्चे स्कूल जाने से कतराते थे। अब प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के अंतर्गत बनी पक्की सड़क ने उनकी रोजमर्रा की यात्रा आसान कर दी है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अटल चौक से जंगल पारा तक लगभग 2.38 किलोमीटर सड़क का निर्माण लगभग 167.20 लाख रुपये की लागत से किया गया है। मार्ग में सीसी सड़क के साथ डामर सड़क भी बनाई गई है। इससे बस्ती में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति बिरहोर समुदाय के लगभग 40 परिवारों को आवागमन में सुविधा मिल रही है।
बस्ती के सुनहर सिंह बिरहोर बताते हैं कि पक्की सड़क बनने से अब आने-जाने में आसानी होती है। गीता बाई के अनुसार उन्हें रास्ते में पहले जैसी परेशानी नहीं होती और बच्चे भी आसानी से स्कूल आ-जा सकते हैं। गाँव के किसान पुनो राम पटेल पुराने दिनों को याद करते हुए बताते हैं कि बारिश में रास्ते पर घुटनों तक कीचड़ हो जाता था। अब पक्की सड़क बनने से उस परेशानी से राहत मिली है।
जंगल पारा के परिवारों के लिए यह सड़क स्कूल और आवश्यक सेवाओं तक पहुँचने का सुगम रास्ता बन गई है। बारिश के दिनों में जिस मार्ग से गुजरना कठिन था, उसी पर अब ग्रामीण अधिक आसानी से आ-जा रहे हैं।

Continue Reading

कोरबा

धान की एक फसल से आगे बढ़कर वर्ष में दो से तीन फसलें ले रहे गुरुचरण मरार

Published

on

उद्यानिकी विभाग की सहायता से अपनाई ड्रिप सिंचाई, प्लास्टिक मल्चिंग और उन्नत खेती
कोरबा, 01 अक्टूबर 2026। पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम नगौई बछेरा निवासी किसान गुरुचरण मरार पहले परंपरागत तरीके से धान की खेती करते थे। वर्ष में एक ही फसल लेने के कारण खेती से होने वाली आय सीमित थी। सिंचाई का साधन नहीं था और कृषि कार्य के लिए ट्रैक्टर व अन्य मशीनें किराये पर लानी पड़ती थीं। ऐसे में छह सदस्यीय परिवार की जरूरतें पूरी करना कठिन होता था।
गांव के भ्रमण के दौरान उद्यानिकी विभाग के कर्मचारियों ने श्री मरार को विभागीय योजनाओं और आधुनिक खेती की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने शासकीय उद्यान रोपणी, नगौई में आवेदन किया। राष्ट्रीय बागवानी मिशन और राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत उन्हें ड्रिप सिंचाई प्रणाली, प्लास्टिक मल्चिंग तथा ग्राफ्टेड बैंगन रोपण के लिए कुल 46 हजार रुपये का विभागीय अनुदान मिला।
इन संसाधनों और विभागीय मार्गदर्शन की मदद से श्री मरार ने खेती के तरीके में बदलाव किया। अब वे वर्ष में दो से तीन फसलें लेते हैं और वर्तमान में भिंडी की खेती से भी आय अर्जित कर रहे हैं। विभाग को दी गई जानकारी के अनुसार, उनकी अनुमानित वार्षिक आय पहले लगभग 45 हजार रुपये थी, जो अब लगभग ढाई से तीन लाख रुपये तक पहुंच गई है। बढ़ी हुई आय से परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरी है। वे गांव के अन्य किसानों को भी खेती से जुड़ी जानकारी देते हैं।
श्री मरार कहते हैं कि उद्यानिकी विभाग से योजनाओं की जानकारी मिलने पर उनका आधुनिक खेती के प्रति उत्साह बढ़ा। वे आगे भी विभागीय मार्गदर्शन लेकर खेती करना चाहते हैं और मिली सहायता के लिए आभार व्यक्त करते हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677