Connect with us

छत्तीसगढ़

अंबिकापुर में नशे में बेसुध मिले दुर्ग के ASI-कॉन्स्टेबल:ठेले में लावारिस पड़ी थी सर्विस राइफल, कैदी को शिफ्ट करने गए थे, दोनों सस्पेंड

Published

on

अंबिकापुर/दुर्ग-भिलाई, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में दुर्ग के ASI और कॉन्स्टेबल शराब के नशे में बेसुध होकर जमीन पर पड़े मिले। ASI की सर्विस राइफल (इंसास) उनके पास लावारिस पड़ी थी। बताया जा रहा है कि एक बंदी को अंबिकापुर सेंट्रल जेल में शिफ्ट करने के लिए दोनों को भेजा गया था।

बंदी को सेंट्रल जेल में शिफ्ट करने के बाद दोनों पुलिसकर्मी दुर्ग लौटने के लिए प्रतीक्षा बस स्टैंड पहुंचे। सोमवार सुबह दोनों बस स्टैंड के बाहर एक ठेले के पास नशे की हालत में पड़े हुए थे। लोगों की सूचना पर अंबिकापुर पुलिस मौके पर पहुंची और राइफल को अपने कब्जे में लिया।

इसके बाद मामले की जानकारी सरगुजा SSP राजेश अग्रवाल ने दुर्ग SSP विजय अग्रवाल को दी। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने नशे में धुत पुलिसकर्मियों का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो में ASI वर्दी में नजर आ रहा है। वहीं कॉन्स्टेबल सिविल ड्रेस में दिखाई दे रहा है। हालांकि, इस मामले में दुर्ग SSP ने दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। मामला अंबिकापुर कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

ASI वर्दी में जमीन पर बेसुध होकर पड़ा रहा।

ASI वर्दी में जमीन पर बेसुध होकर पड़ा रहा।

ASI की सर्विस राइफल बेंच पर पड़ी हुई थी।

ASI की सर्विस राइफल बेंच पर पड़ी हुई थी।

बेंच के नीचे डिस्पोजल गिलास मिला, जिसमें शराब पी गई थी।

बेंच के नीचे डिस्पोजल गिलास मिला, जिसमें शराब पी गई थी।

बंदी को अंबिकापुर सेंट्रल जेल शिफ्ट करने गए थे

ASI का नाम जीवन प्रकाश एक्का और कॉन्स्टेबल का नाम ऋषिकांत त्रिपाठी है। जानकारी के मुताबिक 17 अक्टूबर को दुर्ग से एक बंदी को अंबिकापुर सेंट्रल जेल शिफ्ट करने की जिम्मेदारी ASI प्रकाश एक्का और कांस्टेबल ऋषिकांत त्रिपाठी को दी गई थी। दोनों अपना काम पूरा करने के बाद दुर्ग लौटने के लिए निकले थे, लेकिन नशे की हालत में मिले।

कॉन्स्टेबल भी नशे में पड़ा हुआ मिला।

कॉन्स्टेबल भी नशे में पड़ा हुआ मिला।

मौके पर मौजूद लोगों ने बनाया वीडियो

मामले की जानकारी मिलने पर अंबिकापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राइफल को अपने कब्जे लिया। इसके बाद सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल को घटना की जानकारी दी गई। उन्होंने दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल को इसकी सूचना दी।

मौके पर मौजूद लोगों ने नशे की हालत में दिख रहे पुलिसकर्मियों का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दुर्ग SSP ने दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।

दुर्ग SSP ने दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।

दुर्ग SSP ने दोनों पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग SSP विजय अग्रवाल ने ASI जीवन प्रकाश एक्का और कॉस्टेबल ऋषिकांत त्रिपाठी को सस्पेंड कर दिया है। दोनों पुलिसकर्मियों को रक्षित केंद्र अटैच किया गया है। वहीं, रक्षित निरीक्षक को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें 5 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपनी होगी।

Continue Reading

कोरबा

जवारा कलश विसर्जन के साथ माँ सर्वमंगला देवी मंदिर में शारदीय नवरात्रि सम्पन्न

Published

on

जब एक साथ 181 नारीशक्ति के सिर पर जवारा कलश रखकर जवारा कलश यात्रा नदी की ओर प्रस्थान किया तब दिखा अद्भूत नजारा
देश-दुनिया में पहुंचे शुभता का संदेश: सभी का शुभ हो, कल्याण हो और सुख-शांति का वास हो
प्रबंधक एवं राजपुरोहित नन्हा महराज की अगुवाई में स्थापित जवारा कलशों की पूजा-अर्चना के बाद किया गया हसदेव घाट में विसर्जन
पाण्डेय परिवार ने की जवारा कलश में शामिल नारी शक्ति की पूजा, मांगा कोरबा के लिए शुभ आशीर्वाद

कोरबा। आज क्वांर शुक्ल नवमी विक्रम संवत् 2083 सोमवार 19 अक्टूबर की गोधूली बेला आते ही माँ श्री सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय (नन्हा महराज) माँ श्री सर्वमंगला के श्रीचरणों में नतमस्तक हुए और 09 दिन तक सेवा में जो भी कमी हो, अज्ञानी समझकर माफ करना और कोरबा की समृद्धि, खुशहाली एवं सुख-शांति बनाए रखना, का आशीर्वाद लिया और जवारा कलश विसर्जन के लिए माँ से अनुमति मांगी और पूजा-अर्चना के बाद जवारा कलश स्थापना कक्ष पहुंचकर स्थापित 181 जवारा कलशों की पूजा-अर्चना की और उसके बाद नारी शक्तियों के सिर पर जवारा कलश रखा गया और सभी नारी शक्ति पाण्डेय परिवार के निज निवास के सामने पहुंचीं, जहां पाण्डेय परिवार की मुखिया एवं नमन पाण्डेय की माताश्री श्रीमती गीता देवी पाण्डेय के सानिध्य में नारी शक्ति की पूजा की और बैगाओं को शांत किया।
चुनरी की सुरक्षा दीवार के बीच मांदर की थाप, कर्मा नृत्य संग आतिशबाजी के बीच नारी शक्ति का समूह गंगा जैसी पवित्र हसदेव नदी की ओर प्रस्थान किया। जब एक साथ 181 नारी शक्ति सर पर जवारा कलश रखकर कतारबद्ध नदी की ओर प्रस्थान किया तो अंधेरे में ज्योति कलशों का प्रकाशपूंज शुभता का संदेश दे रहे थे- असतो मा सद्गमय… तमसो मा ज्योतिर्गमय…।
दिव्य मंत्रोच्चार के साथ नदी में कलश विसर्जित

हसदेव घाट पहुंचने पर पुन: सभी जवारा ज्योति कलशों की पूजा-अर्चना नमन पाण्डेय ने की और बैगाओं ने विधि विधान पूरा किया और नारी शक्ति के सर से एक-एक कलश उतारा गया और नदी में विसर्जित कर आशीर्वाद मांगा-हे माँ! सभी का कल्याण करना, विश्व में शांति का वास हो, ऐसा आशीर्वाद देना, घर-घर समृद्धि बनकर वास करना और समाज में सत्व का प्रकाश फैलाना।
काली माँ को देखकर जब बैगा चिल्लाने लगा

माँ श्री सर्वमंगला देवी मंदिर में जवारा कलश विसर्जन के दौरान कई रोमांचकारी दृश्य भी देखने को मिला। खप्पर रखे बैगा को देवी माँ चढ़ी थी और जवारा कलश विसर्जन यात्रा जब परिसर में स्थित काली मंदिर पहुंची तो बैगा काली माँ को देखकर जोर-जोर से चिल्लाने लगा और माँ के शरण में पहुंच गया। यहां के पुजारी ने बैगा को शांत किया और फिर विसर्जन यात्रा आगे बढ़ी। जसगीत के बीच विसर्जन यात्रा आगे बढ़ी। सड़क पर आतिशबाजी की गई और आकाश सतरंगी छटाओं से निखर गया। कलश यात्रा विसर्जन के दौरान कोई हनुमान के रूप में माँ का स्वागत कर रहे थे तो कोई शेर-भालू बीच में आकर दर्शकों के मन में उल्लास भर रहे थे। कई नारी शक्ति को देवी माँ चढ़ी थीं और वे माँ की भक्ति में ऐसे डूब गए थे जैसे वे आदिशक्ति की उपासना में आत्मसात हो गए हों।
जवारा कलश विसर्जन यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल

जवारा कलश विसर्जन यात्रा के दौरान मंदिर परिसर में माँ सिद्धिदात्रि की पूजा करने पहुंचे हजारों श्रद्धालु भी ज्योति कलशों का प्रकाशपूंजों को निहार रहे थे और अद्भूत आनंद का एहसास कर रहे थे।
शुभता का संदेश- सार्वभौम में शांति का वास हो, सभी का कल्याण हो-नमन पाण्डेय

क्वांर शुक्ल में आयोजित 09 दिन तक शारदीय नवरात्रि के सफलता पूर्वक सम्पन्न होने के बाद मंदिर के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय ने माँ के दरबार में मत्था टेका और कहा- हे माता रानी! हम सभी पर आपका उपकार सदा बना रहे, कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़, देश-दुनिया में सभी जीवों का कल्याण करना, सभी का जीवन सरल और सुलभ हो। विश्व में शांति की स्थापना हो और सभी का कल्याण हो।

नमन पाण्डेय ने नौ दिवसीय शारदीय नवरात्रि सम्पन्न होने पर सभी भक्तों की अनुशासनप्रियता के लिए आभार जताया। 12 हजार ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कराने वाले भक्तों सहित जिला प्रशासन, नगर निगम प्रशासन एवं शांति व्यवस्था के लिए 24 घंटें उपलब्ध रहने वाले पुलिस जवानों का भी आभार जताया और कहा कि पुलिस सुरक्षा के बीच 09 दिवसीय शारदीय नवरात्रि सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। उन्होंने धार्मिक आयोजनों को सम्पन्न कराने वाले विद्वान आचार्यों, पंडितों का भी आभार जताया। व्यवस्था में लगे सेवकों, मंदिर के सेवादारों एवं प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से सेवा करने वाले सभी भक्तों का भी आभार जताया और कहा कि सभी के सहयोग से शारदीय नवरात्रि सम्पन्न हुई। माँ! सभी का कल्याण करे।

Continue Reading

कोरबा

दशहरा पर्व के मद्देनजर कोरबा पुलिस की व्यापक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

Published

on

जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में गुण्डा-बदमाशों एवं निगरानी बदमाशों को बुलाकर दी गई सख्त समझाइश

आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की दी गई हिदायत

शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका वाले व्यक्तियों के विरुद्ध की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

कोरबा। आगामी दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में कोरबा पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में कोरबा जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में गुण्डा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों तथा पूर्व में मारपीट एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे व्यक्तियों को थाना/चौकी तलब कर सख्त समझाइश दी गई। उन्हें आगामी त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, विवाद, हुड़दंग अथवा शांति व्यवस्था भंग करने वाले कृत्य से दूर रहने तथा अपने आचरण में सुधार लाने की स्पष्ट हिदायत दी गई।

पुलिस द्वारा ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधि अनुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है तथा उन्हें पाबंद किया गया है, ताकि दशहरा पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

कोरबा पुलिस की स्पष्ट चेतावनी

त्यौहार के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने, सार्वजनिक स्थान पर विवाद करने, हुड़दंग मचाने अथवा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे व्यक्तियों को विशेष रूप से चेतावनी दी गई है कि वे पुलिस की निगरानी में हैं और किसी भी प्रकार की कानून-विरोधी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कोरबा पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि दशहरा पर्व को शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाएं तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद अथवा असामाजिक तत्व की सूचना तत्काल नजदीकी थाना/चौकी अथवा डायल-112 पर दें।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

राशन दुकान से 3.22 लाख के खाद्यान्न की कमी:72 क्विंटल चावल समेत शक्कर-नमक कम मिला, महिला-समूह के 10 पदाधिकारियों और विक्रेता पर केस दर्ज

Published

on

रायगढ़, एजेंसी। रायगढ़ जिले में शासकीय उचित मूल्य दुकान पचेड़ा में 3 लाख 22 हजार 193 रुपए के खाद्यान्न की कमी मिली है। खाद्य निरीक्षक की जांच में ई-पॉस मशीन में दर्ज स्टॉक और दुकान में उपलब्ध खाद्यान्न की मात्रा में अंतर मिला। इसके बाद पुलिस ने जय मां दुर्गा महिला समूह के पदाधिकारियों और दुकान के विक्रेता के खिलाफ केस दर्ज किया है।

मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, खाद्य निरीक्षक ने 21 तारीख को शासकीय उचित मूल्य दुकान पचेड़ा में जांच कर खाद्यान्न के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान दुकान में 48 क्विंटल चावल, 1.50 क्विंटल शक्कर और 4.50 क्विंटल नमक मिला।

जबकि ई-पॉस मशीन में दर्ज स्टॉक के मुताबिक, दुकान में 120.03 क्विंटल चावल, 5.44 क्विंटल शक्कर और 5.99 क्विंटल नमक होना चाहिए था। दोनों का मिलान करने पर 72.03 क्विंटल चावल, 3.94 क्विंटल शक्कर और 1.49 क्विंटल नमक कम मिला। इसकी कुल कीमत 3 लाख 22 हजार 193 रुपए बताई गई है।

महिला समूह के 10 पदाधिकारियों समेत 11 पर केस

खाद्य निरीक्षक ने मामले की सूचना कोतरा रोड थाने में देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जय मां दुर्गा महिला समूह की अध्यक्ष सेवतीन चौहान, सचिव जमुना सिदार और सदस्य जानकी पटेल, कमला सिदार, प्यारीमती सिदार, भानुमति सिदार, शगुन चौहान, सजन मांझी, पद्मेश्वरी मांझी और मंगरा के साथ दुकान के विक्रेता पदमन चौहान के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 और 7 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677