कोरबा
बालको की उन्नति परियोजना ने बदली ज़िंदगी, गंगोत्री से मशरूम दीदी बनने का सफर
बालकोनगर। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) अपनी सामुदायिक विकास परियोजना ‘उन्नति’ के अंतर्गत स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इन्हीं में से एक प्रेरक कहानी लालघाट क्षेत्र की निवासी गंगोत्री विश्वकर्मा की है, जिन्होंने रोज़ की मजदूरी से निकलकर मशरूम उत्पादन के ज़रिये आत्मनिर्भरता की नई पहचान बनाई। बालको के सामुदायिक विकास सहयोग और प्रशिक्षण से आज ‘मशरूम दीदी’ न सिर्फ अपने परिवार को संबल दे रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए भी आत्मनिर्भरता की राह खोल रही हैं।
गंगोत्री जी ने बताया कि कुछ साल पहले तक उनकी ज़िंदगी रोज़ की मजदूरी के सहारे चलती थी। सुबह काम मिले तो चूल्हा जले, नहीं मिले तो बच्चों के चेहरे देखकर मन भीतर ही भीतर टूट जाता था। भविष्य की चिंता हर रात नींद छीन लेती थी। लेकिन वर्ष 2019 उनकी ज़िंदगी का सबसे बड़ा मोड़ बनकर आया। इसी साल उन्नति परियोजना के माध्यम से जय मां हर्षिता स्व सहायता समूह से जुड़कर, मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण लिया। उस दिन मैंने महसूस किया कि शायद मेरी मेहनत भी किसी दिन अपनी पहचान बना सकती है।
बालको के सहयोग से मिले प्रशिक्षण के बाद मैंने उसी वर्ष मशरूम की खेती शुरू की। शुरुआत में 16 बैग लगाए थे। मन में बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन जब फसल आई तो सिर्फ 2 बैग में ही मशरूम उगे। वही दो बैग मेरे लिए हार नहीं, बल्कि नई शुरुआत की उम्मीद बन गए। मैंने अपनी गलतियों को समझा, तकनीक पर ध्यान दिया और हिम्मत जुटाकर दोबारा कोशिश की। धीरे-धीरे उत्पादन बढ़ता गया और आज मसरूम इकाई में लगभग 200 बैग तक मशरूम उत्पादन हो रहा है।
इसकी खेती में 20 से 25 दिनों के भीतर पैदावार की शुरुवात होती है, सप्ताह के अंतराल पर तीन बार फसल मिलती है। लगातार उत्पादन बना रहे, इसलिए मैं रोज़ाना लगभग दो नए बैग तैयार करती हूँ। अब मुझे इंतज़ार नहीं करना पड़ता, हर दिन मेरे सपनों की फसल तैयार होती है। मशरूम उत्पादन की विधि में पैरा-कुट्टी को भिगोकर उतना ही सुखाया जाता है जिससे हल्की नमी बरकरार रहे। पोषण के लिए बायो-स्टिमुलेंट पाउडर और रोग से बचाव के लिए फॉर्मूलिन पाउडर मिलाया जाता है। इसी वैज्ञानिक तरीके से तैयार किए गए बैग में अच्छी और सुरक्षित पैदावार होती है।
मैं अपनी पूरी उपज खुद बाज़ार में बेचती हूँ। शुरुआत के कठिन दौर में मुझे बालको सीएसआर से बहुत सहयोग मिला। उसी सहयोग से मेरा आत्मविश्वास भी बढ़ा। आज मैं खुद बीज मंगवाती हूँ और अपने समूह की दूसरी महिलाओं को भी बीज उपलब्ध कराती हूँ। आज मैं जय मां हर्षिता स्व सहायता समूह की सचिव के रूप में कार्य कर रही हूँ। लोग मुझे ‘मशरूम दीदी’ के नाम से जानते हैं यह मेरे लिए गर्व की बात है।
कोविड काल मेरे परिवार के लिए सबसे कठिन समय था। मेरे पति की आमदनी लगभग बंद हो गई थी। कई बार लगा कि फिर से मजदूरी की ज़िंदगी में लौटना पड़ेगा। लेकिन उसी समय मशरूम की खेती हमारे लिए सहारा बन गई। इसी फसल से घर के खर्च के साथ ही हमने थोड़ी बचत भी शुरू की। मशरूम की आमदनी और पति के सहयोग से हम एक ऑटो खरीद सके। आज मेरे पति वही ऑटो चलाते हैं। समय मिलने पर वो मेरे काम में हाथ भी बंटाते हैं। अब घर में सिर्फ संघर्ष की बातें नहीं होतीं, बल्कि आगे बढ़ने के सपने होते हैं।
आज मशरूम उत्पादन से मुझे औसतन प्रति माह लगभग 15 हजार का लाभ हो जाता है। सबसे बड़ा सुकून इस बात का है कि अब मैं अपने बच्चों की पढ़ाई को लेकर निश्चिंत हूँ। मेरा सपना है कि आने वाले समय में मैं 200 बैग से बढ़ाकर 5 हजार बैग तक मशरूम उत्पादन कर सकूँ, ताकि सिर्फ मेरा परिवार ही नहीं, बल्कि मेरे जैसी और भी महिलाएँ अपने पैरों पर खड़ी हो सकें।
आज जब मैं पीछे मुड़कर देखती हूँ, तो लगता है, मजदूरी से शुरू हुई मेरी ज़िंदगी ने आत्मनिर्भरता तक का सफर तय कर लिया है। सही प्रशिक्षण, संस्थागत सहयोग और मजबूत हौसलों से एक साधारण महिला भी अपने भविष्य की दिशा बदल सकती है।
कोरबा
हाथी ने मंडी प्रभारी को कुचला, मौके पर मौत:पत्नी ने भागकर बचाई जान, वन अमला ने हाथी को खदेड़ा
कोरबा। कोरबा जिले के कोरकोमा क्षेत्र स्थित कुदमुरा उपार्जन केंद्र में बुधवार देर रात एक जंगली हाथी ने मंडी प्रभारी को कुचल दिया। इस हमले में 42 वर्षीय राजेश कुमार सिंह राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी ने किसी तरह अपनी जान बचाई। राजेश रजगामार का निवासी था।
यह घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे हुई, जब राजेश अपनी पत्नी के साथ मंडी में सो रहे थे। अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंचा और राजेश पर हमला कर दिया। पत्नी की चीख-पुकार के बावजूद रात के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था।
बाद में ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी गई और वन विभाग को भी सूचित किया गया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। हालांकि, बताया जा रहा है कि हाथी अभी भी आसपास के क्षेत्र में विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

चोरी होने के कारण झोपड़ी बनाकर रह रहे थे
वन विभाग की टीम ने घटना स्थल का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कुदमुरा उपार्जन केंद्र में धान चोरी की लगातार घटनाओं के कारण राजेश और उनकी पत्नी अस्थायी रूप से एक झोपड़ी बनाकर केंद्र की देखरेख कर रहे थे।
बता दें कि कि हाथी अक्सर धान मंडियों में धान खाने के लिए पहुंच जाते हैं। वन अमला और ग्रामीण इन हाथियों को खदेड़ने के लिए लगातार मशक्कत करते रहते हैं।
कोरबा
कोरबा में सर्जिकल ब्लेड से हमला…4 घायल:2 की हालत गंभीर, 7 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
कोरबा। कोरबा के इमलीडुग्गू इलाके में चाकू और सर्जिकल ब्लेड से हमला हुआ। इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि 4 से 5 नशेड़ी युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

घायलों में परवीन कुमार बरेठ और मुकेश कुमार यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। धन सिंह और मोहन ठाकुर को भी चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार, हमला करने वाले युवकों में मोती सागरपारा निवासी लक्की श्रीवास, नानू सागर, लव शुक्ला, गिरिराज शर्मा और राकेश शामिल हैं। सभी आदतन अपराधी और नशेड़ी प्रवृत्ति के बताए जा रहे हैं।
सुमन यादव ने बताया कि उनके पति और उनके दोस्त घर के पास बैठे थे, तभी कुछ युवक आए और पीछे से धारदार हथियार से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि हमलावर गांजे का नशा करते हैं। क्षेत्र में गांजे की बिक्री बढ़ने से माहौल खराब हो रहा है, जिससे बहू-बेटियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।

नशेड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
एक घायल युवक की मां ने बताया कि उनका बेटा होली मनाने के बाद बस्ती में घूम रहा था, तभी हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने नशेड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
घायल युवक की मां कविता ने कहा कि इतनी कार्रवाई के बावजूद नशे का सामान कहां से आ रहा है और कौन बेच रहा है। ऐसे लोगों पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

पुलिस बोली- आरोपियों की तलाश जारी
नागेश कुमार ने कहा कि बस्ती में मारपीट और चाकूबाजी की घटनाएं आम हो गई हैं। आरोप है कि नशे के सामान खुलेआम बिक रहे हैं और कोतवाली पुलिस कार्रवाई से बच रही है, जिसके कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हो रही है।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
कोरबा
कोरबा में नशे में धुत शख्स ने एम्बुलेंस चुराई:दोस्त के पास शराब पीने जा रहा था, मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा
कोरबा। कोरबा में शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर से 108 एम्बुलेंस चुरा ली। वह अपने दोस्त के पास शराब पीने के लिए मड़वारानी जा रहा था, तभी सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। यह घटना गुरुवार सुबह की है।
जानकारी के मुताबिक, मड़वारानी का रहने वाला बाबूलाल मिंजवार (42) जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचा था। नशे में चूर बाबूलाल अपने दोस्त के साथ शराब पार्टी करने मड़वारानी जाना चाहता था, लेकिन उसके पास कोई साधन या पैसे नहीं थे।
इसी दौरान उसकी नजर कैंपस में खड़ी 108 एम्बुलेंस पर पड़ी। एम्बुलेंस के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण गाड़ी में चाबी लगी हुई थी। बाबूलाल ने तुरंत गाड़ी स्टार्ट की और उसे लेकर फरार होने लगा।

कैंपस में बंद हुई एम्बुलेंस
बाबूलाल को गाड़ी चलाना पूरी तरह नहीं आता था। उसने जो थोड़ा-बहुत सीखा था, उसी के भरोसे एम्बुलेंस दौड़ानी शुरू की। गनीमत रही कि कैंपस के भीतर ही गाड़ी अचानक बंद हो गई। गाड़ी के अजीब तरीके से चलने पर वहां तैनात गार्डों को शक हुआ। उन्होंने तुरंत वाहन को घेरा और युवक को पकड़ लिया।
दोस्त के पास शराब पीने जाने के लिए चुराया
सूचना मिलने पर 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी बाबूलाल मिंजवार को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसे अपने दोस्त के पास शराब पीने जाना था और कोई गाड़ी नहीं मिल रही थी, इसलिए उसने यह हरकत की। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

-
कोरबा2 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized5 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
-
कोरबा2 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
