छत्तीसगढ़
बैटरी कारोबारी ने पत्नी-3 बच्चों को जहर देकर फांसी लगाई:बदबू आने पर पता चला, कमरे में कीटनाशक मिला, कर्ज-EMI के दबाव में था
रायपुर, एजेंसी। रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर में शुक्रवार रात बैटरी कारोबारी सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू (45) ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों को खाने में जहर दे दिया। इसके बाद उसने खुद फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली।
घटना में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में मृतकों के मुंह से झाग निकलता मिला है। कमरे से खाने-पीने का सामान और एक कीटनाशक का डिब्बा भी बरामद हुआ है। पुलिस ने देर रात तक घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए और इसके बाद मकान को सील कर दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच और परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि बैटरी कारोबारी साजिद पर करीब 20 लाख रुपए का कर्ज था। वह मौदहापारा इलाके में बैटरी रिपेयरिंग का काम करता था और लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। शनिवार को फोरेंसिक टीम की दोबारा घर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं।

कारोबारी का शव किचन में लटका हुआ मिला।

कारोबारी की पत्नी-बच्चों का शव जमीन में पड़ा हुआ मिला।

कारोबारी की पत्नी-बच्चों का शव जमीन में पड़ा हुआ मिला।

सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू (45) ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों को खाने में जहर दे दिया। खुद भी फांसी लगा ली।
उधारी और EMI के दबाव में था कारोबारी
साजिद मौदहापारा इलाके में बैटरी रिपेयरिंग का काम करता था और लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। बैंक की ईएमआई के साथ निजी उधारी का दबाव भी लगातार बढ़ता जा रहा था।
परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, कर्ज की वसूली के लिए लोग अक्सर उसके घर पहुंचते थे, जिससे परिवार में तनाव और विवाद की स्थिति बनी रहती थी। पुलिस इस आर्थिक दबाव को घटना की एक प्रमुख वजह मानकर जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, संजय नगर निवासी सय्यद उमेर अली के मकान में सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू (45) पिछले आठ महीने से किराए पर रह रहा था। उसके साथ पत्नी राबिया, बेटा इरशाद अली (19), बेटी शाहिदा (17) और इरशाबा बेगम (16) भी रहती थीं।
शाहिद पुरानी बैटरियों की खरीद-बिक्री का कारोबार करता था, जबकि उसका बेटा एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर जांच करते हुए।
घर के अंदर से सड़न की बदबू आ रही थी
गुरुवार शाम के बाद परिवार के किसी सदस्य को किसी ने नहीं देखा। शुक्रवार को पूरे दिन घर का दरवाजा बंद रहा। घर में रहने वाले दूसरे किराएदारों के यहां भी परिवार का कोई सदस्य नहीं गया। शाहिद के घर का गेट नहीं खुलने पर पड़ोसियों ने आवाज लगाई, तो कोई हलचल नहीं मिली।
पड़ोसी घर के बाहर पहुंचे, तो अंदर से सड़न की बदबू आ रही थी। पड़ोसियों ने रात करीब 10 बजे पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर घर के भीतर दाखिल हुई।

परिवार 8 महीने पहले किराए के मकान में रहने आया था।
पत्नी, बेटा-बेटी के शव जमीन पर पड़े थे
अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। कारोबारी शाहिद का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ था, जबकि उसकी पत्नी, बेटा और दोनों बेटियों के शव जमीन पर पड़े थे। उनके मुंह से झाग निकला हुआ था। पुलिस का अनुमान है कि यह घटना गुरुवार देर रात हुई है। पांचों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
खाने में जहर देने की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतकों के मुंह से झाग निकल रहा था। कमरे में खाने-पीने का सामान और एक कीटनाशक का डिब्बा भी मिला है। इससे आशंका जताई जा रही है कि शाहिद ने पहले खाने में जहर मिलाकर पत्नी और बच्चों को खिलाया, जिससे उनकी मौत हो गई।
इसके बाद उसने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

घटना की जानकारी होने पर मोहल्ले के लोग बडी संख्या में इकट्ठा हो गए।
भाई ने की शवों की पहचान
शाहिद के भाई जहीर अली रायपुर के कुकरीपारा इलाके में रहता है। उसी ने पांचों शवों की पहचान की। पुलिस मकान मालिक सय्यद उमेर अली से भी पूछताछ कर रही है। उमेर पूर्व महापौर एजाज ढेबर के निजी सचिव रह चुके हैं।

शव को पीएम के लिए लेकर जाते हुए पुलिसकर्मी-मेडिकल स्टॉफ।
बेटियों के नहीं दिखने पर बढ़ा शक
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि मकान की पहली मंजिल पर रहने वाले दूसरे किरायेदार के घर शाहिद की दोनों बेटियां अक्सर आती-जाती थीं। गुरुवार रात के बाद वे दिखाई नहीं दीं। शुक्रवार को भी जब बच्चियां नजर नहीं आईं तो पड़ोसियों को संदेह हुआ।
उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद मकान मालिक को बुलाया गया और पुलिस को सूचना दी गई।
छत्तीसगढ़
हाथी ने ग्रामीण को दौड़ाकर कुचला, मौत:बलरामपुर में महुआ खाने के लिए घर की दीवार तोड़ रहा था, 4 हाथी गांव के पास डटे
बलरामपुर, एजेंसी। बलरामपुर जिले के रेवतीपुर में शुक्रवार रात हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत हो गई। घर के बाकी सदस्यों ने भाग कर जान बचाई। दल से अलग होकर पहुंचा हाथी ग्रामीण का घर तोड़ रहा था, भागने के दौरान हाथी ने उसे कुचल दिया। मामला राजपुर वन परिक्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 9 बजे 4 हाथी विचरण करते हुए रेवतपुर पहुंचे। इसमें से एक हाथी ने नावापारा निवासी बालम साय के घर को पीछे से तोड़ना शुरू कर दिया। आवाज़ आने पर बालम साय देखने के लिए गया। हाथी को देखकर उसने शोर मचाया और निकलकर भागने की कोशिश की।

महुआ खाने के लिए घर की दीवार तोड़ रहा था हाथी
भागने के दौरान हाथी ने दौड़ाकर कुचला
घर से निकलकर भागने के दौरान हाथी ने उसे दौड़ाकर सूंढ़ से पकड़ लिया और पटककर कुचल दिया। बालम साय की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार बालम साय को कुछ कम दिखाई देता था। घर के अन्य सदस्य हाथी को देखकर भाग निकले और अपनी जान बचाई।
घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर वनविभाग के अधिकारी और हाथी मित्र दल के सदस्य गांव में पहुंचे और लोगों को सतर्क किया। 4 हाथियों का दल अभी भी रेवतपुर के पास ही मौजूद है, जिससे ग्रामीण सहमे हुए हैं।
महुआ व कटहल के कारण गांव में आ रहे हाथी
वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार 4 हाथी कई दिनों से रेवतपुर के आसपास विचरण कर रहे हैं। हाथी पके कटहल, आम और महुआ के कारण गांवों में आ रहे हैं। बालम साय के घर में भी महुआ रखा हुआ था, जिसकी महक आने के बाद हाथी उसके घर को तोड़ रहा था।
छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में यूनिफॉर्म सिविल कोड की तैयारी शुरू:ड्राफ्ट तैयार करने के लिए हाई लेवल कमेटी बनी, रिटायर्ड जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई होंगी अध्यक्ष
रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने यूसीसी का मसौदा तैयार करने और इससे जुड़े सभी पहलुओं का अध्ययन करने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। समिति की अध्यक्ष रिटायर्ड जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई होंगी।
समिति में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी शत्रुघन सिंह और एम.के. राऊत, वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन पवार तथा रिटायर्ड प्राचार्य ज्योति रानी सिंह को सदस्य बनाया गया है। यह समिति राज्य में यूसीसी लागू करने से जुड़े मौजूदा कानूनों और कानूनी व्यवस्था का अध्ययन करेगी।
संबंधित पक्षों से लिया जायेगा सुझाव
समिति विवाह, तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार और दत्तक ग्रहण जैसे विषयों पर समान नागरिक संहिता के लिए सुझाव तैयार करेगी। इसके अलावा नागरिकों, सामाजिक संगठनों, कानून के जानकारों और अन्य संबंधित पक्षों से भी सुझाव लेकर उनका अध्ययन किया जाएगा।

समिति की अध्यक्ष रिटायर्ड जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई होंगी।
अन्य राज्यों की भी करेगी स्टडी
समिति अन्य राज्यों में लागू यूसीसी से जुड़े प्रावधानों का भी अध्ययन करेगी। इसके आधार पर समान नागरिक संहिता का प्रारूप तैयार कर राज्य सरकार को सौंपेगी। साथ ही इसे लागू करने के लिए जरूरी कानूनी और प्रशासनिक सुझाव भी देगी।
छत्तीसगढ़
अविश्वास प्रस्ताव पर सीएम साय का पलटवार:बोले- यह सरकार नहीं, जनता के जनादेश के खिलाफ, विधानसभा में ढाई साल की उपलब्धियां गिनाईं
रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ विधानसभा में विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आक्रामक अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रदेश की तीन करोड़ जनता के विश्वास और जनादेश का अपमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव और नगरीय निकाय चुनावों में जनता ने भाजपा और विकास की राजनीति पर भरोसा जताया है।

विपक्ष जनता के फैसले पर सवाल उठा रहा: सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पहले यह बताए कि उसका अविश्वास आखिर किस पर है 25 लाख किसानों पर, जिन्हें 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ मिला, 70 लाख महिलाओं पर जिन्हें महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने एक हजार रुपये मिल रहे हैं, या उन प्रदेशवासियों पर जिन्होंने भाजपा को स्पष्ट जनादेश दिया।
किसानों और महिलाओं के लिए योजनाएं गिनाईं
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, दो साल का बकाया बोनस और शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण जैसी सुविधाएं दी हैं। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं को 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी गई है। उन्होंने बताया कि 10.40 लाख से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया गया है।
आदिवासी और गरीबों के लिए कई फैसले
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज के लिए तेंदूपत्ता पारिश्रमिक में वृद्धि, चरणपादुका योजना, वनाधिकार लाभ, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और प्रधानमंत्री जनमन योजना के जरिए विकास कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कानून व्यवस्था और नक्सल मोर्चे पर उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की गई है। रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू की गई है और साइबर अपराध रोकने के लिए नए साइबर थाने खोले जा रहे हैं।
निवेश और रोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति के तहत राज्य को 8.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इससे लाखों रोजगार सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है।
ऊर्जा, डिजिटल सेवाएं और सुशासन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत 76 हजार से अधिक घरों में सोलर प्लांट लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना से 12 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को राहत मिली है। उन्होंने बताया कि सेवा सेतु के माध्यम से 36 विभागों की 528 सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं और 435 प्रशासनिक सुधार लागू किए गए हैं।
विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प दोहराया
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जनता का विश्वास सरकार के साथ है और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी।
-
Uncategorized10 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
Uncategorized11 months agoबाँकी कॉलोनी के दुर्गा भवन क्लब का होगा नवनिर्माण, नपा अध्यक्षा ने दिया आश्वाशन….देखे पूरी खबर
-
बाँकी मोगरा10 months agoथाना बाँकी–दर्री के सीमा सुमेधा पुल पर हुई लूट कांड, प्रार्थी तीन दिनों से भटक रहा, अब तक नहीं हुई शिकायत दर्ज…..।
-
कोरबा6 months agoकोरबा बांकीमोंगरा क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म – मुख्य आरोपी तरुण व एक सहयोगी हिरासत में। अन्य की तलाश जारी…..देखे पूरी खबर…।
-
कोरबा2 years agoमहतारी वंदन योजना से महिलाएं परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने सहित समाज की प्रगति में दे रही योगदान’
-
कोरबा12 months agoबांकीमोंगरा सड़क निर्माण गुणवत्ताहीन की शिकायत पर पहुंची न.प्रशा. विकास विभाग परीक्षण टीम, नवनिर्माण सीसी सड़क का किया कोर कटिंग परीक्षण…देखे पूरी खबर
-
कोरबा11 months agoअंकित सिंह बने श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला उपाध्यक्ष
-
Uncategorized1 year agoबाकी मोगरा में गूंजी या अली या हुसैन की सदाएं, मुहर्रम ताजिया जुलूस व झांकी निकाल इमाम हुसैन को याद कर मनाया मुहर्रम पर्व…..।
