कोरबा
निर्माणाधीन मकान पर ब्लास्ट, 2 मजदूर घायल:हाई टेंशन तार की चपेट में आया घर, गैस सिलेंडर फटा, उपकरण जले
कोरबा। कोरबा जिले के खपराभठा क्षेत्र में गुरुवार को एक निर्माणाधीन मकान में हुए ब्लास्ट में दो मजदूर घायल हो गए। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र में अधिवक्ता अंजू मिस्त्री के निवास के पास हुई। हादसे का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, मकान में निर्माण कार्य चल रहा था। मजदूर छत्रपाल सिंह मरकाम और सुबोध राठिया छत पर निर्माण सामग्री चढ़ा रहे थे। इसी दौरान छत के नजदीक से गुजर रही 33 केवी हाई टेंशन लाइन से तार छू गया, जिससे अचानक आग लग गई।
किचन में रखे गैस सिलेंडर में हुआ विस्फोट
यह आग घर के नीचे स्थित किचन तक पहुंच गई और वहां रखे घरेलू गैस सिलेंडर में तेज विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। हादसे के बाद पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई।

घायल मजदूरों का अस्पताल में इलाज जारी
हाई टेंशन लाइन में स्पार्किंग के कारण वोल्टेज बढ़ने से बुधवारी क्षेत्र के कई घरों के विद्युत उपकरण भी जल गए। घायल दोनों मजदूरों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घायल मजदूर ने सुनाई आपबीती
घायल मजदूर छत्रपाल सिंह मरकाम ने बताया कि वह रेत चढ़ा रहा था और दूसरा मजदूर छत पर काम कर रहा था, तभी अचानक जोरदार ब्लास्ट हुआ। उन्हें भी घटना कैसे हुई, यह स्पष्ट रूप से समझ नहीं आया।

पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है।
घायलों के इलाज पर भी नजर रखी जा रही है। आग पर काबू पाने के लिए दो दमकल वाहनों को बुलाया गया था, लेकिन संकरी गली होने के कारण वे घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाए। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
कोरबा
हाथी ने मंडी प्रभारी को कुचला, मौके पर मौत:पत्नी ने भागकर बचाई जान, वन अमला ने हाथी को खदेड़ा
कोरबा। कोरबा जिले के कोरकोमा क्षेत्र स्थित कुदमुरा उपार्जन केंद्र में बुधवार देर रात एक जंगली हाथी ने मंडी प्रभारी को कुचल दिया। इस हमले में 42 वर्षीय राजेश कुमार सिंह राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी ने किसी तरह अपनी जान बचाई। राजेश रजगामार का निवासी था।
यह घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे हुई, जब राजेश अपनी पत्नी के साथ मंडी में सो रहे थे। अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंचा और राजेश पर हमला कर दिया। पत्नी की चीख-पुकार के बावजूद रात के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था।
बाद में ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी गई और वन विभाग को भी सूचित किया गया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। हालांकि, बताया जा रहा है कि हाथी अभी भी आसपास के क्षेत्र में विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

चोरी होने के कारण झोपड़ी बनाकर रह रहे थे
वन विभाग की टीम ने घटना स्थल का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कुदमुरा उपार्जन केंद्र में धान चोरी की लगातार घटनाओं के कारण राजेश और उनकी पत्नी अस्थायी रूप से एक झोपड़ी बनाकर केंद्र की देखरेख कर रहे थे।
बता दें कि कि हाथी अक्सर धान मंडियों में धान खाने के लिए पहुंच जाते हैं। वन अमला और ग्रामीण इन हाथियों को खदेड़ने के लिए लगातार मशक्कत करते रहते हैं।
कोरबा
कोरबा में सर्जिकल ब्लेड से हमला…4 घायल:2 की हालत गंभीर, 7 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
कोरबा। कोरबा के इमलीडुग्गू इलाके में चाकू और सर्जिकल ब्लेड से हमला हुआ। इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि 4 से 5 नशेड़ी युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

घायलों में परवीन कुमार बरेठ और मुकेश कुमार यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। धन सिंह और मोहन ठाकुर को भी चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार, हमला करने वाले युवकों में मोती सागरपारा निवासी लक्की श्रीवास, नानू सागर, लव शुक्ला, गिरिराज शर्मा और राकेश शामिल हैं। सभी आदतन अपराधी और नशेड़ी प्रवृत्ति के बताए जा रहे हैं।
सुमन यादव ने बताया कि उनके पति और उनके दोस्त घर के पास बैठे थे, तभी कुछ युवक आए और पीछे से धारदार हथियार से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि हमलावर गांजे का नशा करते हैं। क्षेत्र में गांजे की बिक्री बढ़ने से माहौल खराब हो रहा है, जिससे बहू-बेटियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।

नशेड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
एक घायल युवक की मां ने बताया कि उनका बेटा होली मनाने के बाद बस्ती में घूम रहा था, तभी हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने नशेड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
घायल युवक की मां कविता ने कहा कि इतनी कार्रवाई के बावजूद नशे का सामान कहां से आ रहा है और कौन बेच रहा है। ऐसे लोगों पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

पुलिस बोली- आरोपियों की तलाश जारी
नागेश कुमार ने कहा कि बस्ती में मारपीट और चाकूबाजी की घटनाएं आम हो गई हैं। आरोप है कि नशे के सामान खुलेआम बिक रहे हैं और कोतवाली पुलिस कार्रवाई से बच रही है, जिसके कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हो रही है।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
कोरबा
कोरबा में नशे में धुत शख्स ने एम्बुलेंस चुराई:दोस्त के पास शराब पीने जा रहा था, मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा
कोरबा। कोरबा में शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर से 108 एम्बुलेंस चुरा ली। वह अपने दोस्त के पास शराब पीने के लिए मड़वारानी जा रहा था, तभी सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। यह घटना गुरुवार सुबह की है।
जानकारी के मुताबिक, मड़वारानी का रहने वाला बाबूलाल मिंजवार (42) जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचा था। नशे में चूर बाबूलाल अपने दोस्त के साथ शराब पार्टी करने मड़वारानी जाना चाहता था, लेकिन उसके पास कोई साधन या पैसे नहीं थे।
इसी दौरान उसकी नजर कैंपस में खड़ी 108 एम्बुलेंस पर पड़ी। एम्बुलेंस के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण गाड़ी में चाबी लगी हुई थी। बाबूलाल ने तुरंत गाड़ी स्टार्ट की और उसे लेकर फरार होने लगा।

कैंपस में बंद हुई एम्बुलेंस
बाबूलाल को गाड़ी चलाना पूरी तरह नहीं आता था। उसने जो थोड़ा-बहुत सीखा था, उसी के भरोसे एम्बुलेंस दौड़ानी शुरू की। गनीमत रही कि कैंपस के भीतर ही गाड़ी अचानक बंद हो गई। गाड़ी के अजीब तरीके से चलने पर वहां तैनात गार्डों को शक हुआ। उन्होंने तुरंत वाहन को घेरा और युवक को पकड़ लिया।
दोस्त के पास शराब पीने जाने के लिए चुराया
सूचना मिलने पर 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी बाबूलाल मिंजवार को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसे अपने दोस्त के पास शराब पीने जाना था और कोई गाड़ी नहीं मिल रही थी, इसलिए उसने यह हरकत की। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

-
कोरबा2 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized5 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
-
कोरबा2 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
