रायपुर, एजेंसी । छत्तीसगढ़ के चर्चित सीडी कांड केस में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सभी आरोपों से बरी कर दिया गया है। CBI की विशेष कोर्ट ने सभी धाराएं हटाते हुए कहा कि, उनके खिलाफ मुकदमा चलाने का कोई आधार नहीं है। इसके बाद भूपेश ने X पर सत्यमेव जयते लिखा है।
दरअसल, मंगलवार को पूर्व CM भूपेश बघेल, विनोद वर्मा और कैलाश मुरारका रायपुर कोर्ट में पेश हुए। पिछली सुनवाई में CBI ने अपना पक्ष रखा था। यह दूसरी बार है, जब सभी आरोपियों ने कोर्ट में हाजिरी दी। फिलहाल भूपेश बघेल के अलावा बाकी 4 आरोपियों पर कोई फैसला नहीं आया है, अगली सुनवाई 4 अप्रैल को होगी।
कोर्ट के फैसले के बाद बाहर निकलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
बाकी 4 आरोपियों के नाम
कैलाश मुरारका
विनोद वर्मा
विजय भाटिया
विजय पांडया
इस केस के एक आरोपी रिंकू खनूजा की मौत हो चुकी है।
कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने क्या कहा-
बीजेपी की तत्कालीन केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए भूपेश बघेल के खिलाफ फर्जी सीडी वाले मामले में सीबीआई से मुकदमा दर्ज करवाया था। आज सीबीआई की विशेष अदालत ने सभी धाराओं को हटा दिया है। यह सभी धाराएं गलत थी। सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं हो सकता है। सत्यमेव जयते
CBI ने इलेक्ट्रॉनिक एविडेंस होने का दावा किया
भूपेश बघेल के बचाव में जबलपुर हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता मनीष दत्त ने कोर्ट में दलीलें रखीं। अधिवक्ता मनीष दत्त ने कहा कि बघेल को झूठे मामले में फंसाया गया है। भूपेश ने न तो सीडी बनवाई और न ही सीडी बांटी। उन्होंने किसी तरह का कोई ऑफेंस (अपराध) नहीं किया है।
पिछली सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के वकील फैजल रिजवी ने बताया था कि कोर्ट में CBI बनाम कैलाश मुरारका और अन्य के विरुद्ध जांच पर बहस थी। CBI ने बहस पूरी कर ली है। अब अभियुक्त के वकील बहस कर रहे हैं। लगभग सभी आरोपी कोर्ट में पेश हुए हैं। CBI ने इलेक्ट्रॉनिक एविडेंस होने का दावा किया है।
अब जानिए क्या है सीडी कांड केस ?
दरअसल, अक्टूबर 2017 में छत्तीसगढ़ में एक कथित सीडी सामने आई थी। इसे पूर्व मंत्री राजेश मूणत का बताया जा रहा था। रायपुर के सिविल लाइन थाने में इसका मुकदमा दर्ज हुआ। बाद में पुलिस दिल्ली से पत्रकार विनोद वर्मा को गिरफ्तार कर लाई थी।
कांग्रेस इसे तत्कालीन सरकार की साजिश बताती रही। सितंबर 2018 में कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल को भी गिरफ्तार किया गया था। उन पर साजिश रचने का आरोप था। भूपेश बघेल ने जमानत लेने से इनकार कर दिया।
इसके बाद कांग्रेस प्रदेश भर में भाजपा सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर गई। इस गिरफ्तारी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नया जोश दिया। नवंबर 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में जीतकर भूपेश बघेल मुख्यमंत्री बने थे। मामले में CBI ने 2018 में चार्जशीट पेश की थी, लेकिन इस पर आगे कोई सुनवाई नहीं हुई थी। अब रायपुर कोर्ट में CBI की चार्जशीट पर बहस चल रही है।
2017 में छत्तीसगढ़ में एक कथित सीडी सामने आई थी। इसे कथित रूप से पूर्व मंत्री राजेश मूणत का बताया गया था।
CBI ने रिंकू खनूजा को भी बनाया आरोपी
सीडी कांड को लेकर छत्तीसगढ़ में जमकर राजनीति हुई। इस मामले में सबसे अहम कड़ी श्याम नगर निवासी रिंकू खनूजा था। 6 जून 2018 को रिंकू ने खुदकुशी कर ली। उसकी मौत के बाद सीबीआई ने उसे आरोपी बनाया है।
सीबीआई का दावा है कि अगस्त में रिंकू खनूजा और विजय पांड्या ने सीडी बनवाई। 14 अगस्त 2017 को रिंकू और विजय के साथ कैलाश मुरारका खुद फ्लाइट से मुंबई गए। वहां दो दिनों तीनों होटल में ठहरे। इस बीच तीनों मुंबई में मानस साहू के स्टूडियो गए।
सीबीआई का दावा है कि मुंबई में सीडी देखी। सीडी कांड के सरकारी गवाह कारोबारी लवली खनूजा ने भी सीबीआई को बताया है कि 23 अगस्त को रिंकू ने इस संबंध में उनसे संपर्क किया था।
बिलासपुर/कोरबा। एसईसीएल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वसंत विहार खेल मैदान एसईसीएल बिलासपुर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर, परेड की सलामी ली। इस अवसर पर अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक ने परेड कमांडर व्ही. दक्षिणामूर्ति एवम वरिष्ठ सुरक्षा निरीक्षक डी.पी दिवाकर के नेतृत्व में आयोजित मुख्य परेड का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने अपने संदेश में कहा कि भारत की तेज आर्थिक प्रगति के साथ ऊर्जा की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हाल के वैश्विक एवं भू-राजनीतिक घटनाक्रमों ने एक बार फिर ऊर्जा सुरक्षा के महत्व को रेखांकित किया है। संकट की परिस्थितियों में घरेलू कोयला देश की ऊर्जा व्यवस्था के लिए एक भरोसेमंद स्रोत साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि एसईसीएल के खनिक श्रमवीरों का परिश्रम देश की ऊर्जा सुरक्षा और राष्ट्र की विकास यात्रा से सीधे जुड़ा है तथा कंपनी गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध कोयला आपूर्ति के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत एवं विकसित भारत 2047 के संकल्प में अपना योगदान दे रही है।
उन्होंने एसईसीएल परिवार के सभी कर्मचारियों, श्रमिकों, परिवारों एवं हितधारकों के सामूहिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इसी एकजुटता और प्रतिबद्धता के साथ एसईसीएल राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निरंतर मजबूत करता रहेगा।
वसंत विहार खेल मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में निदेशक (तकनीकी-संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी-योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र, एसईसीएल परिवार की प्रथम महिला एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन, उपाध्यक्षागण – श्रीमती अनिता फ्रैंकलिन, श्रीमती इप्सिता दास, श्रीमती हसीना कुमार, श्रीमती विनिता जैन एवं श्रीमती शुभश्री महापात्र सहित मुख्यालय के विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों, विभिन्न विभागाध्यक्ष, श्रमसंध प्रतिनिधिगण, एवं स्कूली बच्चे उपस्थित थे।
इससे पूर्व मुख्यालय प्रशासनिक भवन प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने ध्वज फहराया एवं सुरक्षा टुकड़ी की सलामी ली।
मुख्य समारोह में अतिथियों द्वारा सामूहिक रूप से कबूतर एवं गुब्बारे आकाश में छोड़कर शांति का संदेश दिया। समारोह में डीएव्ही पब्लिक स्कूल, लोयला स्कूल, होली नर्सरी स्कूल, ड्रीमलैंड एवं कृष्णा पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा विविध देशभक्ति गीत-नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गयी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के करकमलों से उत्कृष्ठ कवायद दल, सर्वोत्कृष्ठ कवायद दल एवं उत्तम पोशाक के लिए परेड में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एसईसीएल कर्मियों व् उनके बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
मुख्य कार्यक्रम के पश्चात सीएमडी हरीश दुहन ने निदेशकगण, सीवीओ, श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन एवं उपाध्यक्षगण की उपस्थिति में वसंत विहार कॉलोनी में नवनिर्मित ‘सृजन’ (जी+4) सीनियर एग्जीक्यूटिव हॉस्टल का लोकार्पण किया।
समारोह में उद्घोषणा का दायित्व पाणी पंकज पांडे, वरिष्ठ प्रबंधक (एचआर) एवं सुरक्षा निरीक्षक एम.पी. जांगड़े ने निभाया।
तिरंगे की आन, देश की शान, भाजपा जिला कार्यालय में जोश-उत्साह के साथ मना स्वतंत्रता दिवस
कोरबा। देशभक्ति, राष्ट्रगौरव और उत्साह से ओतप्रोत वातावरण में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा के जिला कार्यालय, ट्रांसपोर्ट नगर में भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के मुख्य आतिथ्य में राष्ट्रध्वज फहराया गया और उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर पर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर वीरों एवं राष्ट्रनिर्माताओं को नमन करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महापौर संजूदेवी राजपूत, सह संभाग प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, योगेश जैन, नवीन अरोड़ा, अर्जुन गुप्ता, शैलेन्द्र यादव, नीरज ठाकुर, कुल सिंह कंवर, प्रीति स्वर्णकार, अखिलेश पांडेय, राकेश नागरमल अग्रवाल, अजय चन्द्रा एवं प्रदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन राष्ट्रभक्ति, संगठनात्मक एकजुटता और देशसेवा के संकल्प का प्रेरणादायी अवसर बना।
’साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी, विधायक अमर अग्रवाल ने किया सतर्क रहने का आह्वान’
कोरबा 15 अगस्त 2026। डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध भी एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है। ऐसे में साइबर अपराधों से बचाव के लिए स्वयं जागरूक रहना और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल ने साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज साइबर अपराध एक गंभीर अपराध की श्रेणी में है और तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ अलग-अलग तरीकों से लोग साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं। ऐसे में जागरूकता और सतर्कता ही इससे बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए अभियान के माध्यम से आम नागरिकों तक जागरूकता का संदेश पहुंचा रही है। जनप्रतिनिधियों के माध्यम से नगरीय निकायों एवं पंचायत स्तर तक साइबर सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी मिल सके। विधायक श्री अग्रवाल ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अनजान नंबरों से आने वाली कॉल पर सावधानी बरतें, किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तुरंत सतर्क होकर उचित माध्यम से इसकी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक जागरूकता का विषय है। यदि हम स्वयं सतर्क रहें और दूसरों को भी सावधान करें, तो साइबर अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। आइए, साइबर जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं। इस अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, पार्षदगण, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में शहरवासी, पत्रकारगण उपस्थित थे। ’आप भी “साइबर जागृति अभियान” से जुड़ें’ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। साइबर जागरूकता से जुड़ी अपनी Selfie अपलोड करें और / cgpolicedept को टैग करें।