Connect with us

कोरबा

सीईओ ने ग्राम पंचायत केराझरिया में आजीविका सेवा केंद्र का किया शुभारंभ

Published

on

ग्रामीण आजीविका सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

कोरबा। जिला पंचायत कोरबा के सीईओ दिनेश नाग ने विकासखंड पाली की ग्राम पंचायत केराझरिया में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के अंतर्गत एकीकृत कृषि संकुल योजना के तहत स्थापित आजीविका सेवा केंद्र का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर सीईओ श्री नाग ने कहा कि आजीविका सेवा केंद्र ग्रामीण महिलाओं एवं स्व-सहायता समूहों के लिए एक ही स्थान पर आजीविका से जुड़ी सभी आवश्यक सेवाएँ उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम बनेगा। इससे कृषि, पशुपालन, गैर-कृषि उद्यम एवं स्वरोजगार गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीण परिवारों की आय में सतत वृद्धि सुनिश्चित होगी।

उन्होंने बताया कि यह केंद्र किसानों और महिला समूहों को तकनीकी मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण इनपुट, प्रशिक्षण, उपकरण सुविधा एवं बाजार से जोड़ने में सहायक होगा। यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ लखपति दीदी लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में जिला मिशन प्रबंधक अनुराग जैन ने आजीविका सेवा केंद्र की अवधारणा स्पष्ट करते हुए बताया कि यह केंद्र खेती, पशुपालन, मत्स्य पालन, गैर-कृषि एवं सूक्ष्म उद्यमों से संबंधित सेवाएँ, जानकारी और संसाधन उपलब्ध कराएगा, जिससे ग्रामीण परिवार अपनी आजीविका को टिकाऊ बना सकें और आर्थिक रूप से सशक्त हों।

उन्होंने बताया कि केंद्र के प्रमुख उद्देश्यों में ग्रामीण गरीबों की आय बढ़ाना, तकनीकी सहायता उपलब्ध कराना, इनपुट, प्रशिक्षण एवं बाजार तक आसान पहुँच सुनिश्चित करना तथा स्थानीय उद्यमिता और रोजगार को बढ़ावा देना शामिल है।

जिला कार्यक्रम प्रबंधक चिराग ठक्कर ने जानकारी दी कि आजीविका सेवा केंद्र के माध्यम से स्व-सहायता समूहों के सदस्यों को कौशल विकास, उद्यम प्रबंधन, लेखा-जोखा, पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही उत्पादों के संग्रहण, ग्रेडिंग एवं बिक्री की सुविधा उपलब्ध कराते हुए उन्हें एफपीओ, सहकारी संस्थाओं, हाट बाजार एवं निजी खरीदारों से जोड़ा जाएगा।

आजीविका सेवा केंद्र का संचालन ब्लॉक स्तर पर स्व-सहायता समूहों, सीएलएफ एवं एफपीओ के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए एनआरएलएम के अंतर्गत कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड एवं अन्य योजनाओं का सहयोग लिया जाएगा। केंद्र के संचालन से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

कार्यक्रम में सरपंच,जनपद पंचायत प्रतिनिधि सत्यनारायण पैकरा,बिहान मिशन के अधिकारी-कर्मचारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएँ तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। बिहान के महिला कैडर ने इस पहल को ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।उन्होंने बताया कि आजीविका सेवा केंद्र के शुभारंभ से विकासखंड पाली में लखपति दीदी लक्ष्य को साकार करने एवं गरीब से गरीब परिवार को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत आधार बनेगा।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

कोरबा में मकान में घुसा कबाड़ से भरा ट्रक:घर में सो रहे लोग बाल-बाल बचे, 7 लाख का कबाड़ जब्त, चालक गिरफ्तार

Published

on

कोरबा। कोरबा के राताखार में देर रात तेज रफ्तार कबाड़ से भरा ट्रक सड़क किनारे बने मकान में घुस गया। हादसे के समय घर में लोग सो रहे थे, लेकिन सभी सुरक्षित बच गए। टक्कर से मकान के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक मनोज सिंह को हिरासत में लिया है।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बजरंग चौक मुख्य मार्ग की है। ट्रक तेज रफ्तार में था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और ट्रक सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए।

ट्रक छोड़कर भागा चालक, पुलिस ने पकड़ा

हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से चला गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची। पुलिस ने आसपास तलाश कर चालक मनोज सिंह को हिरासत में ले लिया। दूसरे चालक की मदद से ट्रक को मकान से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर थाने पहुंचाया।

ट्रक में 20 हजार 860 किलो कबाड़ मिला

पुलिस के मुताबिक, ट्रक में 20 हजार 860 किलो कबाड़ भरा था। इसकी कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है। कबाड़ कहां से लाया गया था और कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि राताखार में ट्रक के मकान में घुसने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन जब्त किया और चालक को पकड़ लिया। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

Continue Reading

कोरबा

8 फीट का अजगर महिंद्रा वर्कशॉप में घुसा:कोरबा में RCRS टीम ने 20 मिनट में रेस्क्यू किया, सुरक्षित जंगल में छोड़ा

Published

on

कोरबा। कोरबा के महिंद्रा वर्कशॉप में सोमवार सुबह करीब 8 फीट लंबा अजगर घुस गया। उसे देखकर कर्मचारी बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर RCRS की टीम मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में वन विभाग ने उसे जंगल में छोड़ दिया गया।

वर्कशॉप खुलने के बाद सोमवार सुबह कर्मचारी काम पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक कर्मचारी ने कोने में अजगर को देखा। इसके बाद कुछ कर्मचारी बाहर निकल गए, जबकि कुछ ने दूर से उस पर नजर रखी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

इसके बाद वन विभाग और RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) को सूचना दी गई। RCRS सदस्य उमेश यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने पहले लोगों को अजगर से दूर किया और फिर रेस्क्यू शुरू किया।

बिना नुकसान पहुंचाए पकड़ा अजगर

उमेश यादव ने बिना किसी उपकरण को नुकसान पहुंचाए और अजगर को चोट पहुंचाए बिना उसे काबू कर लिया। करीब 20 मिनट में रेस्क्यू पूरा हुआ। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में अजगर को जंगल में छोड़ दिया गया।

सांप दिखने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करें

RCRS टीम के मुताबिक, मौसम में बदलाव, गर्मी और नमी के कारण सांप और अजगर भोजन या ठंडी जगह की तलाश में रिहायशी इलाकों, वर्कशॉप और घरों में पहुंच सकते हैं।

टीम ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीव दिखने पर उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। उससे दूरी बनाए रखें और वन विभाग या RCRS हेल्पलाइन पर सूचना दें।

Continue Reading

कोरबा

हाथी ने युवक को दौड़ाकर कुचला, ट्रैक्टर तोड़ा:जंगल की ओर खदेड़ने पहुंचे थे ग्रामीण, भागकर बचाई जान, सरगुजा-कोरबा के जंगल में उत्पात जारी

Published

on

कोरबा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा और कोरबा जिले में हाथियों का आतंक जारी है। सरगुजा के जंगल में एक हाथी ने ग्रामीणों को दौड़ाया और एक युवक को बुरी तरह कुचल दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। घायल युवक का इलाज जारी है।

वहीं, कोरबा के कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव में 11 हाथियों के झुंड को भगाने पहुंचे ग्रामीणों पर एक हाथी ने हमला कर दिया। ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भागे तो हाथी ने सूंड से उसे उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर तोड़ दिया। दोनों घटनाएं सोमवार (23 नवंबर) सुबह की हैं।

घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल नहीं जाने और हाथियों को खुद भगाने की कोशिश नहीं करने की हिदायत दी है।

हाथी ने युवक को सूंड और पैरों से कुचलने की कोशश की।

हाथी ने युवक को सूंड और पैरों से कुचलने की कोशश की।

हाथी के हमले से युवक घायल हो गया था, वह बाल-बाल बच गया।

हाथी के हमले से युवक घायल हो गया था, वह बाल-बाल बच गया।

ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भागे तो हाथी ने सूंड से उसे उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर तोड़ दिया।

ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भागे तो हाथी ने सूंड से उसे उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर तोड़ दिया।

केस 1 – हाथी ने युवक को दौड़ाकर कुचला

सरगुजा के टीरंग गांव में सोमवार को हाथी ने एक युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया। हाथी के हमले में युवक बाल-बाल बचा। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

युवक को बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। तीन हाथियों का दल जशपुर से सरगुजा वन क्षेत्र में पहुंचा है। इनमें से दो हाथी लुंड्रा पहुंच गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, जशपुर वन परिक्षेत्र से सरगुजा वन परिक्षेत्र में घुसे तीन हाथी सोमवार को टीरंग गांव पहुंचे। हाथियों के दल में एक नर, एक मादा और एक बच्चा शामिल है। टीरंग में फसल बचाने की कोशिश में ग्रामीण हाथियों को खदेड़ रहे थे। इसी दौरान नर हाथी ने ग्रामीण जागेश्वर उर्फ मंत्री पर हमला कर दिया।

हाथी के हमले में ट्रैक्टर बुरी तरह डैमेज हो गया है।

हाथी के हमले में ट्रैक्टर बुरी तरह डैमेज हो गया है।

केस 2 – कोरबा में हाथी ने ट्रैक्टर तोड़ा

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 11 हाथियों के झुंड को भगाने पहुंचे ग्रामीणों पर एक हाथी ने हमला कर दिया। ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भागे तो हाथी ने सूंड से उसे उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर तोड़ दिया। मामला कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव की है।

धरमजयगढ़ की सीमा पार कर जिल्गा पहुंचा झुंड

जानकारी के मुताबिक, धरमजयगढ़ की सीमा पार कर 11 हाथियों का झुंड जिल्गा के जंगल में पहुंचा है। हाथियों के आबादी वाले इलाके में आने और धान की फसल को नुकसान पहुंचाने की आशंका थी। इसी वजह से ग्रामीण उन्हें जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश कर रहे थे।

ट्रैक्टर की आवाज सुनकर झाड़ियों से निकला हाथी

सोमवार सुबह जिल्गा के कुछ ग्रामीण सुखनंदन सिंह राठिया के ट्रैक्टर में सवार होकर जंगल पहुंचे थे। वे ट्रैक्टर की आवाज से हाथियों को भगाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से एक हाथी निकला और ट्रैक्टर की ओर दौड़ पड़ा।

हाथी को अपनी ओर आते देख ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में भाग गए। इसके बाद हाथी ने सूंड से ट्रैक्टर को उठाकर पटका और पैरों से कुचलकर क्षतिग्रस्त कर दिया।

दूसरे ट्रैक्टर से खींचकर गांव लाए

घटना के बाद ग्रामीण गांव पहुंचे और ट्रैक्टर मालिक को इसकी जानकारी दी। बाद में वे दूसरे किसान का ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को खींचकर गांव लाए। कुछ ग्रामीणों ने घटना का वीडियो मोबाइल से बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कुदमुरा और करतला में भी हाथियों की मौजूदगी

वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने देर शाम टीम को जिल्गा के जंगल में भेजा। बताया गया कि जिल्गा के अलावा कुदमुरा के जंगल में एक और हाथी घूम रहा है। वहीं, करतला वन परिक्षेत्र में 6 हाथियों का झुंड मौजूद है।

वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। ग्रामीणों को मुनादी कर जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों को खुद खदेड़ने की कोशिश नहीं करने की समझाइश दी गई है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677