Connect with us

छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में 1 करोड़ लोन का झांसा देकर ठगी:यूको बैंक के फर्जी दस्तावेज बनाकर 10.87 लाख ठगे, आरोपी इंदौर से गिरफ्तार

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक करोड़ रुपए का बैंक लोन दिलाने का झांसा देकर 10 लाख 87 हजार रुपए से अधिक की ठगी करने वाले आरोपी को मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी यूको बैंक लोन स्वीकृति पत्र और नकली दस्तावेजों का उपयोग कर लोगों को ठगी का शिकार बनाता था। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

यह मामला चांपा के शिवनगर निवासी आशुतोष अग्रवाल की शिकायत से संबंधित है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2022 में एक अखबार के विज्ञापन के माध्यम से उसकी पहचान कुलदीप वशिष्ठ से हुई थी। आरोपी ने खुद को बैंकिंग कार्यों से जुड़ा बताकर यूको बैंक से एक करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया था।

आरोपी ने आशुतोष अग्रवाल से पहले पांच लाख रुपये फिक्स डिपॉजिट और अन्य खर्चों के नाम पर अतिरिक्त राशि की मांग की। उसने पीड़ित का विश्वास जीतने के लिए फर्जी लोन स्वीकृति पत्र, नकली मोहर और फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल किया।

झांसे में आकर पीड़ित ने आरोपी को एक लाख रुपये नकद, 25 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से, सात लाख रुपये आरटीजीएस द्वारा और अन्य किश्तों में कुल 10 लाख 87 हजार 285 रुपये का भुगतान कर दिया।

जब पीड़ित को लोन नहीं मिला और उसे ठगी का एहसास हुआ, तो उसने चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद चांपा पुलिस ने साइबर तकनीकी की सहायता से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। मध्यप्रदेश के इंदौर में दबिश देकर कुलदीप वशिष्ठ को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने ठगी करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर चांपा लाई और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

दुर्ग में कांग्रेस नेता की चाकू मारकर हत्या:4 बदमाशों ने बीच सड़क रोका, विरोध करने पर किया हमला, मोबाइल-कैश लूटकर भागे

Published

on

दुर्ग-भिलाई, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में रविवार रात सरेराह कांग्रेस नेता की हत्या कर दी गई। लूट की नीयत से बाइक सवार 4 बदमाशों ने उन्हें रोका। विरोध करने पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद 4 हजार कैश और मोबाइल लेकर भाग निकले। कांग्रेस नेता के साथ बाइक पर बैठे 2 युवकों ने किसी तरह भाग अपनी जान बचाई।

मामला जेवरा सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, प्रकाश सिंह कश्यप ग्राम तुमाकला के रहने वाले थे और वह पंच थे। जबकि उनकी पत्नी सरपंच है। इसके अलावा प्रकाश कांग्रेस के धमधा मंडल कोषाध्यक्ष भी थे। फिलहाल, पुलिस मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के सामने हंगामा किया। उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए और कहा कि सरकार अपराध पर लगाम लगाने नाकाम रही है। साथ ही उन्होंने एसपी को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शंकराचार्य अस्पताल गए थे कांग्रेस नेता

जानकारी के मुताबिक कांग्रेस मंडल कोषाध्यक्ष प्रकाश सिंह कश्यप (45) अपने 2 साथियों के साथ रविवार रात भिलाई के शंकराचार्य अस्पताल किसी रिश्तेदार से मिलने पहुंचे थे। खाना खाने के बाद करीब 2 बजे रात को वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। करहीडीह और चिखली चौक के बीच 4 बाइक सवारों ने उन्हें डंडा अड़ाकर रोका।

बदमाशों ने प्रकाश सिंह कश्यप से मोबाइल और कैश छीनने की कोशिश की, जब उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। जिससे प्रकाश सिंह कश्यपर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी मोबाइल और करीब 4 हजार कैश लूटकर मौके से फरार हो गए।

कांग्रेस नेता ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

वहीं, प्रकाश सिंह कश्यप के पीछे बैठा शख्स मौके से भाग निकला और मामले की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को फौरन जिला अस्पताल पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।

प्रकाश सिंह कश्यप की फाइल फोटो।

प्रकाश सिंह कश्यप की फाइल फोटो।

मॉर्चुरी हाउस के बाहर कांग्रेसियों का प्रदर्शन

इधर, पुलिस ने केस दर्ज कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। सोमवार दोपहर मॉर्चुरी हाउस के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि धमधा रोड पर नियमित पेट्रोलिंग नहीं हो रही है।

उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

पत्नी है गांव की सरपंच

बता दें कि प्रकाश सिंह कश्यप ग्राम तुमाकला के पंच थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं

जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समित मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का सामने आया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। आरोपियों की पहचान होते ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

वायरल वीडियो पर संस्कार पब्लिक स्कूल प्रबंधन ने दी सफाई:हेल्पर बस में था, तबीयत बिगड़ने से पीछे बैठा, छात्रों की सुरक्षा प्राथमिकता

Published

on

सक्ती। सक्ती जिले में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक स्कूल बस वीडियो को लेकर संस्कार पब्लिक स्कूल प्रबंधन ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है। इस वीडियो में एक छात्र को बस के गेट के पास खड़ा दिखाया गया था, जिसके बाद छात्रों की सुरक्षा और हेल्पर की अनुपस्थिति पर सवाल उठे थे। स्कूल के डायरेक्टर प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

दरअसल, सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में एक छात्र स्कूल बस के गेट के पास खड़ा दिख रहा था। इस वीडियो के सामने आने के बाद कुछ लोगों ने बस में हेल्पर की मौजूदगी और छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए थे।

वायरल वीडियो पर स्कूल प्रबंधन की सफाई

स्कूल प्रबंधन ने इन आरोपों पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि वायरल वीडियो में दी गई जानकारी अधूरी है। डायरेक्टर प्रकाश अग्रवाल के अनुसार, संबंधित बस में हेल्पर मौजूद था, लेकिन यात्रा के दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। अस्वस्थ होने के कारण वह बस के पिछले हिस्से में आराम कर रहा था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने बस का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

प्रबंधन ने यह भी बताया कि विद्यालय की सभी बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता है। विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं हमेशा लागू रहती हैं। स्कूल ने दोहराया कि छात्रों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इस विषय में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाती है।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में चौकीदार की चाकू मारकर हत्या:लिफ्ट देने के बाद लूट के इरादे से किया हमला, पुलिस ने दो नाबालिगों को हिरासत में लिया

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के चांपा रोड पर रविवार रात करीब 10:24 बजे दो नाबालिगों ने लिफ्ट मांगकर 52 वर्षीय चौकीदार की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है। मृतक की पहचान खोखरा गांव निवासी राधेश्याम सूर्यवंशी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, राधेश्याम सूर्यवंशी कुलीपोटा स्थित एक कबाड़ी की दुकान में चौकीदार थे। रविवार रात करीब 9:30 बजे वे मोटरसाइकिल से अपने काम पर जा रहे थे। कचहरी चौक के पास दो नाबालिगों ने उनसे आगे जाने के लिए लिफ्ट मांगी।

चलती गाड़ी में नाबालिगों ने किया हमला

जब वे मेगा मार्ट के पास पहुंचे, तो मोटरसाइकिल पर बैठे दोनों नाबालिगों ने राधेश्याम से पैसे मांगे। इसके बाद चलती गाड़ी में ही उन पर चाकू जैसे हथियार से हमला कर दिया। विरोध करने पर उन्होंने कई बार वार किए, जिससे राधेश्याम सूर्यवंशी लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।

सीसीटीवी से हुई हमलावर नाबालिगों की पहचान

हमले के बाद दोनों नाबालिग मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने राधेश्याम को सड़क पर पड़ा देखा और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और सीएसपी योगिता बाली खापर्डे सहित थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की मदद से दोनों नाबालिगों की पहचान की गई और उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

लूटने की नीयत से किया हमला

पुलिस के अनुसार, नाबालिगों ने नशे के लिए पैसे लूटने की नीयत से चाकू से हमला किया था। पुलिस ने हथियार बरामद कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है। मृतक राधेश्याम सूर्यवंशी के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677