Connect with us

कोरबा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कोरबा में श्री राम कथा महोत्सव में हुए शामिल’, भवानी मंदिर स्थल का नामकरण कौशल्या धाम करने की घोषणा

Published

on

जगद्गुरू श्री रामभद्राचार्य के दर्शन कर लिया आशीर्वाद, प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की

कोरबा। कोरबा के एकदिवसीय प्रवास पर आए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कोरबा नगरीय क्षेत्र स्थित भवानी मंदिर परिसर में आयोजित श्री राम कथा महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने परिसर में राम कथा वाचन के लिए आए  श्री श्री 1008 जगद्गुरू रामभद्राचार्य के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया एवं प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने महोत्सव में आए श्रद्धालुओं को सम्बोधित करते हुए सभी को नवरात्रि एवं दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जगद्गुरु के कोरबा आगमन से ऊर्जाधानी की धरती धन्य हो गयी है। उनका आशीर्वाद प्रदेशवासियों पर सदैव बनी रहे।


उन्होंने कार्यक्रम की आयोजन कर्ता ज्योति पांडे को भव्य आयोजन के लिए बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की माटी माता कौशिल्या का मायके एवं हमारे आराध्य भगवान श्री राम का नौनिहाल है। यहां प्रभु श्री राम ने माता सीता एवं भाई लक्ष्मण के साथ अपने वनवास के दौरान अधिकांश समय यहां व्यतीत किया है। राजिम में भगवान श्री राम व माता सीता द्वारा कुलेश्वर महादेव मंदिर की स्थापना की गई है। जहां प्रतिवर्ष कुंभ मेला का आयोजन किया जाता है। हजारों श्रद्धालु स्नान कर पुण्य प्राप्त करते है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में मोदी की गारंटी को पूरा करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। आने वाले दिनों में हमारा राज्य विकसित छत्तीसगढ़ के रूप में स्थापित होगा। देश के गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद खत्म करने का ध्येय रखा गया है । प्रदेश में नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।  हमारे जवान बड़े साहस से नक्सलियों का सामना कर रहे है एवं हमें लगातर सफलता मिल रही है।  उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में विकास की गंगा बहेगी।   उन्होंने कहा कि धर्मांतरण के खिलाफ भी राज्य में कड़े नियम बनाकर कड़ाई के साथ लागू किया जाएगा।उन्होंने बताया  कि श्री राम लला दर्शन योजना के माध्यम से राज्य से प्रतिमाह हजारों भक्तों को सरकारी खर्च से अयोध्या धाम में श्री राम के दर्शन का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री श्री साय ने जगद्गुरू के  अपील पर भवानी मंदिर स्थल का नामकरण कौशल्या धाम करने की घोषणा की।

’मुख्यमंत्री ने भवानी मंदिर एवं नव-निर्मित कौशल्या धाम मंदिर में की पूजा-अर्चना’

इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंदिर परिसर में माता भवानी एवं कौशल्या धाम मंदिर पहुँचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा-पाठ करते हुए  माता की प्रतिमा पर नारियल, पुष्प, चंदन एवं फल अर्पित कर आरती की। मुख्यमंत्री श्री साय ने नव-निर्मित कौशल्या धाम मंदिर में माता कौशल्या की मूर्ति का नमन किया। मंदिर में माता कौशल्या की गोद में बाल रूप में भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। जो कि मंदिर के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का अवलोकन कर निर्माण कार्य की सराहना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उनकी कुशलक्षेम जाना। स्थानीय श्रद्धालु एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री श्री साय का आत्मीय स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ओपन थियेटर मैदान में राम लीला महोत्सव में हुए शामिल
भव्य रामलीला आयोजन के लिए आयोजन समिति की सराहना की
नगरवासियों को नवरात्रि की दी शुभकामनाएं


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कोरबा प्रवास के दौरान शहर के  घंटाघर ओपन थिएटर मैदान में नगर निगम द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने सभी को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। साथ ही सभी के जीवन मे सुख शांति समृद्धि की कामना की।  उन्होंने कहा कि नवरात्रि पर्व हमें शक्ति, भक्ति और सद्भाव का संदेश देता है। इन 9 दिनों में हम माता के 9 रूपों की भक्ति भाव से पूजा करते है, ऐसे अवसर पर इस प्रकार के भव्य रामलीला का आयोजन बड़े ही गर्व की बात है।  


उन्होंने आयोजन समिति को रामलीला महोत्सव के भव्य आयोजन के लिए सराहा।   मुख्यमंत्री ने  कहा कि रामलीला हमारे जीवन मूल्यों और आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।  रामलीला को देखकर बचपन  की स्मृति ताजा हो गई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय एवं अन्य अतिथियों को राम दरबार, शॉल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, लोक स्वास्थ्य  परिवार कल्याण , चिकित्सा शिक्षा व बीस सूत्रीय कार्यक्रम मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल , गोपाल मोदी, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, प्रभारी कलेक्टर आशुतोष पांडेय, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, वनमण्डलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत,  अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, सीईओ जिला पंचायत दिनेश नाग, डॉ. राजीव सिंह, अशोक चावलानी स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना से बेटी की पढ़ाई को मिला सहारा

Published

on

कोरबा 30 सितंबर 2026। ग्राम दोन्दरो निवासी श्रीमती सावित्री यादव निर्माण श्रमिक के रूप में काम करती हैं। उनका पंजीयन छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में मजदूर रेजा-कुली के रूप में 11 जुलाई 2019 से है। तलाक के बाद बेटी की परवरिश और उसकी पढ़ाई की जिम्मेदारी निभाते हुए उन्हें शासन की योजनाओं से आर्थिक सहारा मिला है।
श्रीमती सावित्री यादव ने बताया कि श्रम विभाग से उन्हें मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत उनकी पहली बेटी के लिए 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई, जिसका उपयोग उन्होंने बेटी की आगे की पढ़ाई में किया। उन्हें महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है।
सावित्री कहती हैं कि इन योजनाओं से बेटी की शिक्षा जारी रखने में मदद मिली है। उन्होंने सहायता के लिए श्रम विभाग, कोरबा और छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

Continue Reading

कोरबा

नकाबपोश चोर ने आंगन से हीरो स्प्लेंडर चुराई:CCTV में कैद हुई वारदात, साइकिल-चप्पल छोड़ भागा, लगातार चोरी से लोग परेशान

Published

on

कोरबा। कोरबा के सिंचाई कॉलोनी में बीती रात करीब 3:35 बजे एक नकाबपोश चोर घर के आंगन में खड़ी बाइक चोरी कर ले गया। चोर अपनी साइकिल और चप्पल घर के पास ही छोड़ गया और बाइक लेकर फरार हो गया। चोरी की पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। यह घटना रामपुर थाना क्षेत्र की है।

घर के आंगन से बाइक हुई चोरी

सिंचाई विभाग में मानचित्रकार के पद पर कार्यरत गिरधारी लाल खरिया सिंचाई कॉलोनी के क्वार्टर नंबर A1-3 में रहते हैं। उन्होंने बताया कि रोज की तरह उन्होंने अपनी हीरो स्प्लेंडर बाइक (CG 12 AQ 7329) घर के आंगन में खड़ी की थी। सुबह उठने पर बाइक वहां नहीं मिली।

इसके बाद उन्होंने CCTV फुटेज देखा। इसमें एक युवक चेहरे पर कपड़ा बांधे बाइक ले जाते हुए दिखाई दिया। खास बात यह है कि चोर अपनी साइकिल और चप्पल घर के पास ही छोड़ गया और बाइक लेकर निकल गया।

पीड़ित ने मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना रामपुर में की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

कॉलोनी में लगातार हो रही चोरी से दहशत

चोरी की लगातार घटनाओं से कॉलोनी के लोगों में डर का माहौल है। पूर्व पार्षद पालू राम साहू ने बताया कि रामपुर क्षेत्र में लगातार चोरी हो रही है। कुछ दिन पहले इसी कॉलोनी के एक सूने मकान में भी चोरी हुई थी, लेकिन उसका आरोपी अभी तक पकड़ा नहीं गया है। इसके अलावा बाइक और घरों में चोरी की कई घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं।

बताया गया कि गणेश उत्सव के दौरान तीजा के दिन रामपुर जंगल बस्ती निवासी कौशल्या बरेठ के सूने घर का ताला तोड़कर चोर नकदी और जेवर ले गए थे। इस मामले में भी अब तक आरोपियों का पता नहीं चल सका है।

लगातार हो रही चोरियों को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने रात में गश्त बढ़ाने और चोरियों के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

Continue Reading

कोरबा

अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र हरदीबाजार में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का गंभीर आरोप

Published

on

ब्लड बीपी समेत सभी जांच रिपोर्ट सामान्य आने के बाद भी महिला ने तोड़ा दम

अस्पताल प्रबंधन व बीएमओ के खिलाफ ग्रामीणों में भारी आक्रोश, मुआवजा व जांच की मांग पर अड़े

क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल व जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल समेत कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे

कोरबा/हरदीबाजार। ग्राम पंचायत रेकी की निवासी 60 वर्षीया भगा बाई पति गौठिया पटेल की हरदीबाजार स्थित अस्थाई सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद स्वास्थ्य केंद्र में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने डॉक्टरों पर इलाज में घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है ।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर लगभग 1:00 बजे भगा बाई गांव के ही तालाब में स्नान कर घर लौट रही थीं, इसी दौरान उनके शरीर में अचानक तेज दर्द व पीड़ा महसूस हुई, महिला के पोते व परिजन तत्काल उन्हें हरदीबाजार स्थित अस्थाई शासकीय स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे ।

स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों द्वारा महिला का ब्लड, बीपी व अन्य आवश्यक जांच कराने की सलाह दी गई। परिजनों ने बाहर से सभी जांचें करवाईं, जिनकी रिपोर्ट पूरी तरह सामान्य आई। जांच कराने के पश्चात महिला स्वयं पैदल चलकर अस्पताल के भीतर पहुंची थी, इसके बाद प्रभारी डॉक्टर द्वारा महिला का उपचार शुरू किया गया, लेकिन इलाज के कुछ ही घंटों के भीतर भगा बाई की मृत्यु हो गई ।

प्रशासनिक वादों और स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

महिला की मृत्यु की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हरदीबाजार के मूल अस्पताल भवन के ध्वस्तीकरण के बाद पाली ब्लॉक के अनुविभागीय अधिकारी (SDM) ने पुराने तहसील भवन में अस्थाई अस्पताल शिफ्ट करते समय यह आश्वासन दिया था कि मरीजों को कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

इसके विपरीत आलम यह है कि अस्पताल में न तो सही ढंग से इलाज की सुविधा है और न ही आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं। मामूली जांचों के लिए भी मरीजों को बाहर जाना पड़ रहा है ।ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण इस अस्थाई अस्पताल में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं ।

मुआवजे की मांग, पोस्टमार्टम कराने से परिजनों का इनकार

घटना के बाद बीएमओ और हरदीबाजार स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर के प्रति ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला, स्थिति को संभालने पहुंचे तहसीलदार ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराने का सुझाव दिया, जिसे परिजनों और ग्रामीणों ने सिरे से खारिज कर दिया। ग्रामीण पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे और दोषी डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे ।

महिला के शव को पाली ब्लॉक सरकारी स्वास्थ्य केंद्र के फ्रीजर में रखकर रातभर हरदीबाजार के स्वास्थ्य केंद्र में ही सुरक्षित रखा गया है। शांति व्यवस्था और सुरक्षा के दृष्टिकोण से दीपका, कुसमुंडा और हरदीबाजार पुलिस बल मौके पर तैनात रहा ।

जनप्रतिनिधि व ग्रामीण रहे मौजूद

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा क्षेत्र के क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल, नरेश टंडन, अनिल टंडन, हरदीबाजार सरपंच लोकेश्वर कंवर, अनुसुईया राठौर, मनमोहन खांडे, श्याम रात्रे, कृष्णा पटेल, रमेश अहीर, इंद्र भूषण ओढे (पंच) और उत्तम पटेल सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर उपस्थित रहे और परिजनों को ढांढस बंधाया ।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677