देश
दावा- लॉरेंस गैंग भारत सरकार के लिए काम कर रहा:कनाडा पुलिस की सीक्रेट रिपोर्ट सामने आई, इसमें निज्जर हत्याकांड का भी जिक्र
चंडीगढ,एजेंसी। कनाडा की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) ने कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस को लेकर दावा किया है कि वह भारत सरकार के लिए काम कर रहा है। इस संबंध में कनाडा की ग्लोबल न्यूज ने RCMP की गोपनीय रिपोर्ट के 3 पन्ने जारी किए हैं।
इनमें कई जगह लॉरेंस गैंग के भारत सरकार से संबंधों का जिक्र किया गया है। RCMP की राष्ट्रीय सुरक्षा शाखा की तैयार की गई इस रिपोर्ट में लॉरेंस गैंग को हिंसक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन करार दिया है। जो कनाडा समेत कई देशों में बढ़ रहा है।
यह रिपोर्ट ऐसे वक्त पर सामने आई है, जब कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी भारत के साथ व्यापारिक संबंध मजबूत करने की दिशा में कदम उठा रहे हैं। वह खुद भी भारत आ सकते हैं। हालांकि, कनाडा के सिख संगठन इसका विरोध कर रहे हैं।

RCMP के कमिश्नर माइक डुहेम आरसीएमपी राष्ट्रीय मुख्यालय, ओटावा में 14 अक्टूबर, 2024 को एक संवाददाता सम्मेलन में बोलते हुए नजर आ रहे हैं।
RCMP की रिपोर्ट में क्या-क्या दावे…
- उगाही, ड्रग तस्करी और सुपारी किलिंग में शामिल: RCMP के अनुसार, लॉरेंस गैंग किसी राजनीतिक या धार्मिक विचारधारा से नहीं, बल्कि लालच से प्रेरित होकर काम करता है। यह गैंग उगाही, ड्रग तस्करी, मनी लॉन्ड्रिंग और कॉन्ट्रैक्ट किलिंग जैसे अपराधों में लिप्त है। रिपोर्ट में कहा गया है कि, यह गैंग अपने आपराधिक हितों को आगे बढ़ाने के लिए हिंसा का इस्तेमाल करता है और भारत सरकार की ओर से काम करता है।
- भारतीय एजेंट इनका इस्तेमाल कर रहे: RCMP की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत सरकार के एजेंट कनाडा में खालिस्तान समर्थक नेताओं को निशाना बनाने के लिए लॉरेंस गैंग जैसे संगठित अपराध गिरोहों का इस्तेमाल कर रहे हैं। सितंबर 2023 में मेनिटोबा के विनिपेग में मारे गए सुखदूल सिंह की हत्या का भी जिक्र रिपोर्ट में है। RCMP के अनुसार, इस हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी।
- जेल से गैंग चला रहा लॉरेंस: RCMP की रिपोर्ट के मुताबिक, लॉरेंस गैंग की शुरुआत भारत के पंजाब में छात्र राजनीति से हुई थी। इस गैंग का सरगना लॉरेंस 2015 से भारत में जेल में बंद है। इसके बावजूद वह जेल से ही गैंग को ऑपरेट कर वारदातें करवा रहा है।
- रिपोर्ट में ब्रिटिश कोलंबिया प्रीमियर का जिक्र: इस रिपोर्ट में कोई तारीख नहीं है। मगर, इसमें ब्रिटिश कोलंबिया के प्रीमियर डेविड एबे के 17 जून, 2025 के उस बयान का जिक्र है जिसमें उन्होंने सरकार से लॉरेंस गैंग को आतंकवादी संगठन के रूप में सूचीबद्ध करने का अनुरोध किया था। एबे ने 12-17 जनवरी को ट्रेड मिशन इंडिया की शुरुआत की थी, उसी दौरान यह रिपोर्ट भी इंटरनल तौर पर सर्कुलेट की गई है।
- निज्जर हत्याकांड का जिक्र: RCMP की रिपोर्ट में 18 जून 2023 को ब्रिटिश कोलंबिया के सरे शहर में मारे गए खालिस्तान समर्थक नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का भी जिक्र किया गया है। निज्जर को भारत सरकार ने आतंकी घोषित कर रखा था। निज्जर की हत्या के 3 महीने बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने संसद में कहा था कि कनाडा भारतीय सरकारी एजेंटों की संभावित भूमिका की जांच कर रहा है। मई 2024 में इस मामले में चार संदिग्ध शूटर गिरफ्तार किए गए थे।

कनाडा की ग्लोबल न्यूज ने सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत मिली इस रिपोर्ट के पन्ने जारी किए हैं।
सिख संगठन बोला- कनाडा सरकार मुद्दे को दबा रही
वर्ल्ड सिख ऑर्गेनाइजेशन ऑफ कनाडा के प्रवक्ता बलप्रीत सिंह ने कहा, RCMP और कनाडा सरकार को यह पूरी तरह से पता है कि लॉरेंस गैंग कनाडा में व्यक्तियों को निशाना बनाने के लिए भारत सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि राजनीतिक फायदे के लिए इस वास्तविकता को नजरअंदाज किया जा रहा है और छिपाया जा रहा है।
लॉरेंस को आतंकी घोषित कर चुकी कनाडा सरकार
करीब 3 महीने पहले कनाडा सरकार ने भारत में एक्टिव लॉरेंस गैंग को आतंकी संगठन घोषित कर दिया था। जिसमें कहा गया कि यह गैंग सिर्फ भारत में ही नहीं, कनाडा में भी क्राइम कर रहा है। कनाडा के पब्लिक सिक्योरिटी मिनिस्टर गैरी अनंदसंगरी ने कहा था कि हिंसा और आतंक का कनाडा में कोई स्थान नहीं है, विशेष रूप से वे जो किसी विशेष समुदाय को डर के माहौल में रखने के उद्देश्य से किए जाते हैं। इसके चलते लॉरेंस गैंग को कनाडा के क्रिमिनल कोड के तहत आतंकवादी संगठन करार दिया जाता है।
देश
मिडिल ईस्ट में उबाल, दुनियाभर के बाजारों में भूचाल, कमजोर खुल सकते हैं सेंसेक्स-निफ्टी
मुंबई, एजेंसी। मिडिल ईस्ट में संकट गहराने व होर्मुज स्ट्रेड के रास्ते कच्चे तेल की आपूर्ति बाधित होने तथा डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दिए गए बयान के बाद दुनियाभर के बाजार 3 मार्च को क्रैश हो गए। एशियाई बाजार 11 महीनों के अपने सबसे खराब दौर के ट्रेक पर नजर आ रहे हैं। साउथ कोरिया के बाजार में सबसे ज्यादा कमजोरी दिख रही है। छुट्टी से लौटने के बाद यह 5 फीसदी गिर गया और प्रोग्राम ट्रेडिंग के लिए कुछ समय के लिए सेल ऑर्डर रोक दिए गए। होली की छुट्टी के बाद बुधवार को घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर रहने के संकेत हैं। फ्यूचर्स से जुड़े संकेतक GIFT Nifty में करीब 600 अंकों से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई और यह 24,355 के आसपास लगभग 2.55% नीचे ट्रेड करता दिखा। इससे संकेत मिल रहे हैं कि BSE Sensex और NIFTY 50 दबाव में खुल सकते हैं।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान से जुड़े घटनाक्रमों ने निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता को प्रभावित किया है। ऊर्जा आपूर्ति को लेकर आशंकाओं के चलते बाजार में सतर्कता बढ़ गई है। उल्लेखनिय है कि ट्रंप ने कहा कि यह वॉर करीब 1 महीने तक चल सकती है।
एशियाई बाजारों में भारी गिरावट
वैश्विक बाजारों में भी बिकवाली हावी रही। दक्षिण कोरिया का KOSPI 7% से ज्यादा टूट गया, जो 2024 के बाद की बड़ी गिरावट मानी जा रही है। टेक दिग्गज Samsung Electronics और SK Hynix में करीब 10% तक की कमजोरी आई।
जापान का Nikkei 225 3% से अधिक फिसला, जबकि हांगकांग का Hang Seng Index और चीन का SSE Composite Index भी 1% से ज्यादा नीचे रहे। यूरोप में Stoxx Europe 600 लगभग 2.5% गिरा, वहीं अमेरिकी फ्यूचर्स में भी 2% तक की कमजोरी दिखी।
कच्चे तेल में तेजी से बढ़ी चिंता
तनाव के बीच Brent Crude 85 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। आज इसमें 7% से अधिक की तेजी दर्ज हुई थी। Strait of Hormuz को लेकर बढ़ते जोखिम ने तेल और गैस आपूर्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
तेल की बढ़ती कीमतें एशियाई कंपनियों की लागत बढ़ा सकती हैं, जिससे मुनाफे पर दबाव और महंगाई में तेजी की आशंका है। भारत जैसे आयात-निर्भर देश पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।
सोमवार को भी दिखा भारी उतार-चढ़ाव
सोमवार को भी बाजार में तेज गिरावट देखी गई थी। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 2,700 अंकों से ज्यादा टूटा, हालांकि बाद में कुछ रिकवरी के साथ करीब 1,048 अंकों की गिरावट पर बंद हुआ। निफ्टी भी दिन में 575 अंक फिसलकर अंत में 312 अंक नीचे बंद हुआ।
विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक पश्चिम एशिया में तनाव कम नहीं होता, बाजार में अस्थिरता बनी रह सकती है। ऊंची ऊर्जा कीमतों से रुपये पर दबाव और विदेशी निवेशकों की बिकवाली बढ़ सकती है। ऐसे में निवेशकों को घबराहट में फैसले लेने के बजाय संतुलित और लंबी अवधि की रणनीति अपनाने की सलाह दी जा रही है।
देश
गैस की कीमतों में जबरदस्त उछाल, तीन साल के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे दाम
मुंबई, एजेंसी। गैस की कीमतों में एक बार फिर भारी बढ़ोतरी देखी गई है, जिससे यह तीन साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। आज थोक गैस की कीमतों में 32% की सीधी वृद्धि दर्ज की गई, जिससे दाम थोड़े समय के लिए 151 पेंस प्रति थर्म तक जा पहुंचे। यह फरवरी 2023 के बाद का सबसे उच्च स्तर है।
एक हफ्ते में करीब 93% की वृद्धि
बाजार में गैस की कीमतों का बढ़ना जारी है। कल कीमतों में हुई 50% की वृद्धि के बाद, इस सप्ताह अब तक गैस के दाम 93% तक बढ़ चुके हैं। हालांकि, शुरुआती उछाल के बाद कीमतों में मामूली राहत देखी गई और यह 148 पेंस प्रति थर्म पर आकर रुकी।
आम आदमी पर क्या होगा असर?
गैस की कीमतों में इस उछाल का सीधा असर उपभोक्ताओं पर पड़ने की संभावना है। बिजली की कीमतें अभी भी थोक गैस की लागत से जुड़ी हुई हैं, इसलिए गैस महंगी होने से बिजली भी महंगी हो सकती है। दूसरी ओर ‘एनर्जी प्राइस कैप’ (जो ऊर्जा की प्रति यूनिट अधिकतम शुल्क को सीमित करती है) काफी हद तक थोक लागतों के आधार पर ही तय की जाती है।
यदि थोक कीमतें इसी उच्च स्तर पर बनी रहती हैं, तो आने वाले समय में घरेलू बिलों (Household bills) में भारी बढ़ोतरी हो सकती है।
देश
Gold-Silver Drop: औंधे मुंह गिरे सोने-चांदी के भाव, कीमतों में आई बड़ी गिरावट
मुंबई, एजेंसी। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और ईरान युद्ध के कारण सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। MCX पर शाम के कारोबार में दोनों कीमती धातुएं औंधे मुंह गिरी है। MCX पर खबर लिख जाने के समय सोने का वायदा भाव 2.45% यानि 3760 रुपए की गिरावट के साथ 1,62,314 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था। वहीं चांदी में 16653 रुपए (6.21%) टूटकर 2,61,828 रुपए प्रति किलोग्राम पर था। आपको बता दें कि आज MCX पर होली के कारण सुबह का कारोबार बंद था। इंटरनैशनल मार्केट में भी सोने-चांदी में बड़ी गिरावट आई है।
इंटरनेशनल मार्केट में सोने-चांदी की कीमत
इंटरनेशनल मार्केट में सोने की कीमतें $5400 के पार चली गईं, जिसके बाद देर शाम के ट्रेडिंग में गिरावट देखी गई। शाम के कारोबार में Comex पर सोना 159 डॉलर की गिरावट के साथ 5,159.10 डॉलर प्रति औंस के भाव पर कारोबार कर रहा था। सोने के भाव ने इस साल 5,586.20 डॉलर के भाव पर सर्वोच्च स्तर छू लिया। Comex पर चांदी के वायदा भाव 7.44 डॉलर की गिरावट के साथ 81.50 डॉलर प्रति औंस के भाव पर कारोबार कर रहा था। इसके भाव ने इस साल 121.79 डॉलर का उच्चतम स्तर छू लिया।
-
कोरबा2 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized5 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
कोरबा2 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
