Connect with us

छत्तीसगढ़

स्वच्छता ही सेवा: राज्य सलाहकार श्रीमती मोनिका सिंह ने किया ग्राम पंचायत लछनपुर, बसंतपुर, मड़वा, मदनपुर एवं नवागांव का निरीक्षण

Published

on

जांजगीर-चांपा। राज्य सलाहकार (रा.स्व.भा.मि.ग्रा.) एवं संभाग प्रभारी (बिलासपुर) श्रीमती मोनिका सिंह ने जिले मे जनपद पंचायत बलौदा के ग्राम पंचायत लछनपुर, बसंतपुर, मड़वा, मदनपुर (रैनपुर) एवं नवागांव का निरीक्षण किया। राज्य सलाहकार श्रीमती सिंह ने सभी स्वच्छाग्राही से गांव में हो रहे कचरा कलेक्शन के गीले और सूखे कचरे के पृथकीकरण के विषय में विस्तार से चर्चा किया। साथ ही ग्रामीणों द्वारा घर से देने वाले कचरे को अलग अलग करने हेतु आग्रह एवं सभी लोगो को प्रेरित किया। उन्होंने यूज़र चार्जेस एवं प्रोत्साहन राशि के विषय में चर्चा कर स्वच्छग्राहियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान गांव में निर्मित सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण कर उनके निरंतर उपयोग व रखरखाव के बारे में बताया गया। इस अवसर पर स्वच्छाग्राही के अध्यक्ष, सचिव, समूह की दीदियां व गांव के सरपंच, सचिव, ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

छत्तीसगढ़

रायपुर : इंडिया स्किल 2025-26 में छत्तीसगढ़ को मिली ऐतिहासिक सफलता

Published

on

छत्तीसगढ़ के प्रतिभागियों ने ईस्ट ज़ोन प्रतियोगिता में जीते 12 पदक

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई

छत्तीसगढ़ के प्रतिभागियों ने ईस्ट ज़ोन प्रतियोगिता में जीते 12 पदक

रायपुर। युवाओं की प्रतिभा, तकनीकी दक्षता एवं नवाचार क्षमता को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से भारत सरकार का कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय द्वारा आयोजित इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 में छत्तीसगढ़ राज्य के युवाओं ने ईस्ट ज़ोन रीजनल प्रतियोगिता में 12 पदक और 04 मेडल ऑफ एक्सीलेंस अर्जित कर उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है। यह प्रतियोगिता क्रमशः चार चरणों में जिला, राज्य, रीजनल एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जा रही है। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को वर्ल्ड स्किल्स इंटरनेशनल के अंतर्गत भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा। 

छत्तीसगढ़ के प्रतिभागियों ने ईस्ट ज़ोन प्रतियोगिता में जीते 12 पदक

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि वे राष्ट्रीय ही नहीं, वैश्विक स्तर पर भी प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम हैं। राज्य सरकार कौशल विकास को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक प्रशिक्षण, नवाचार और उद्योगोन्मुख पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है। यह सफलता सशक्त युवा, समृद्ध छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

छत्तीसगढ़ के प्रतिभागियों ने ईस्ट ज़ोन प्रतियोगिता में जीते 12 पदक

ईस्ट जोन की रीजनल प्रतियोगिता का समापन 02 मार्च 2026 को भुवनेश्वर में हुआ, जिसमें ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ एवं अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह के 200 से अधिक प्रतिभागियों ने 59 कौशल श्रेणियों में भाग लिया। छत्तीसगढ़ के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 12 पदक एवं 04 मेडल ऑफ एक्सीलेंस सम्मान अर्जित किए, जिनमें 01 स्वर्ण, 02 रजत, 05 कांस्य पदक तथा 04 मेडल ऑफ एक्सीलेंस शामिल हैं। 

डिजिटल इंटरैक्टिव मीडिया में सुनील कुमार पैतल ने स्वर्ण पदक, 3डी डिजिटल गेम आर्ट में खुशांक नायक, सीएनसी मिलिंग में पुष्कर सोनबर एवं सीएनसी टर्निंग में आत्माराम ने रजत पदक अर्जित कर राज्य को गौरवान्वित किया। इसी तरह सीएनसी मिलिंग में निखिल, इलेक्ट्रॉनिक्स में अभिषेक कुमार, प्लंबिंग एवं हीटिंग में रेशमान, वेब टेक्नोलॉजी में सतेंद्र कुमार ने कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया। इसी तरह रेन्यूबल एनर्जी में नोहर लाल पटेल, मेकेनिकल इंजीनियरिंग में ओम बंजारे, हेल्थ एंड सोशल केयर में अंतरा मुखर्जी ने मेडल ऑफ एक्सीलेंस प्राप्त किया। 

उल्लेखनीय है कि राज्य में प्रतियोगिता का सफल आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण द्वारा किया गया। 19 कौशल ट्रेड्स में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 3327 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें से 381 प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु चयनित हुए। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 03 एवं 04 फरवरी 2026 को रायपुर, दुर्ग एवं रायगढ़ जिलों के प्रतिष्ठित संस्थानों में संपन्न हुई। व्यावहारिक मूल्यांकन के पश्चात 38 प्रतिभागियों का चयन रीजनल स्तर के लिए किया गया। रीजनल स्तर पर सफल प्रतिभागी अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य में पहली बार कौशल तिहार 2025 एवं मोबाइल आधारित एमसीक्यू परीक्षा जैसे नवाचारों के माध्यम से प्रतियोगिता का व्यापक एवं पारदर्शी संचालन किया गया।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

रायपुर : प्रेम और सद्भाव के रंगों से सराबोर हो होली : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएँ

Published

on

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कामना की है कि यह उल्लास, उमंग और आत्मीयता का महापर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि यह आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को सशक्त बनाने का अवसर है। यह पर्व समाज में समरसता, सद्भाव और एकता की भावना को प्रगाढ़ करता है तथा हमें सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में होली का विशेष महत्व है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय, अहंकार पर विनम्रता की जीत और वैमनस्य पर प्रेम की प्रधानता का संदेश देता है। होली के रंग हमें स्मरण कराते हैं कि विविधताओं से परिपूर्ण हमारे समाज की वास्तविक शक्ति परस्पर विश्वास, अपनत्व और सामूहिक सहयोग में निहित है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस पर्व को हर्षोल्लास, संयम और पारंपरिक मर्यादाओं के साथ मनाएँ। प्राकृतिक रंगों का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दें तथा समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के साथ भी इस उत्सव की खुशियाँ साझा करें। 

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के रंगों से सजी यह होली छत्तीसगढ़ की एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव को और अधिक सुदृढ़ करेगी।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

19 मार्च से डोंगरगढ़ चैत्र नवरात्रि मेला:श्रद्धालुओं के लिए इलाज, खाने-पाने समेत कई व्यवस्थाएं, भारी पुलिस बल रहेंगे तैनात, कलेक्टर ने ली मीटिंग

Published

on

राजनांदगांव,एजेंसी। डोंगरगढ़ स्थित विश्व प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी मंदिर में 19 मार्च से चैत्र नवरात्रि मेला शुरू होगा। इसकी तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्टर जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें श्रद्धालुओं और पदयात्रियों की सुविधा, कानून व्यवस्था पर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता बघेल और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा भी मौजूद थीं।

कलेक्टर यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि माँ बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। स्वास्थ्य और चिकित्सा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

श्रद्धालुओं के लिए कई व्यवस्थाएं

गर्मी को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में ओआरएस घोल और जीवन रक्षक दवाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। पदयात्रियों के पैरों के छालों के इलाज के लिए मरहम-पट्टी की भी विशेष व्यवस्था रहेगी। अंजोरा से अछोली तक सेवा पंडाल लगाए जाएंगे। इन पंडालों में श्रद्धालुओं के लिए विश्राम, पेयजल, चाय-नाश्ता और भोजन की सुगम व्यवस्था होगी।

डोंगरगढ़ को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है। मंदिर परिसर, सीढ़ियों और मेला स्थल पर निरंतर साफ-सफाई के कड़े निर्देश दिए गए हैं। पेयजल और विद्युत की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग को मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करने को भी कहा गया है।

मंदिर परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहेगा

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि, सुरक्षा के मद्देनजर मेला स्थल और मंदिर परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। मेले की सतत निगरानी के लिए एक आधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। यातायात प्रबंधन के लिए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रेडियम संकेतक, रिफ्लेक्टर और अस्थायी गति अवरोधक लगाए जाएंगे।

रोपवे की तकनीकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्रस्ट से फिटनेस सर्टिफिकेट और मेंटेनेंस की जानकारी ली गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीमें (QRT) मेले में मुस्तैद रहेंगी।

​प्लास्टिक मुक्त होगा डोंगरगढ़

​कलेक्टर ने विशेष रूप से डोंगरगढ़ को प्लास्टिक मुक्त रखने पर जोर दिया है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और ट्रस्ट के सदस्यों से अपील की कि वे मंदिर की मर्यादा और पर्यावरण की शुद्धता को बनाए रखने में सहयोग करें। ​इस बैठक में अपर कलेक्टर, एसडीएम, एसडीओपी, माँ बम्लेश्वरी ट्रस्ट समिति अध्यक्ष मनोज अग्रवाल एवं ट्रस्ट के पदाधिकारी और विभिन्न सेवा पंडालों के संचालक उपस्थित थे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677