दलहन-तिलहन, कोदो-कुटकी जैसे फसलों को बढ़ावा देने किसानों को जागरूक करने के निर्देश
जल संरक्षण, सूक्ष्म सिंचाई, पीडीएस भंडारण-वितरण, पशुओं के लिए चारा प्रबंधन, पेयजल उपलब्धता के संबंध में दिए निर्देश
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने की विभागीय कामकाज की समीक्षा कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज समय-सीमा की बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित अन्य महत्वपूर्ण लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के तहत मानसून काल में कम बारिश होने की स्थिति में जिले में फसल, पेयजल की उपलब्धता, राशन भंडारण और वितरण, जल संरक्षण एवं बीजीरामजी अंतर्गत तालाब गहरीकरण सहित अन्य कार्य, सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा देने, पशुओं के चारा व्यवस्था तथा बिगड़े हैंडपंपों के सुधार कार्य के संबंध में चर्चा करते हुए विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने शासन द्वारा सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के तहत विभागों की चिन्हित योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिकारियों को योजनाओं के पात्रता मापदंड निर्धारित कर ग्राम पंचायत स्तर पर डेटा तैयार करने और हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री दुदावत ने मानसून की स्थिति की समीक्षा करते हुए कम बारिश होने की स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट रहने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्राम सभाओं के माध्यम से किसानों को कम पानी लगने वाली फसलों जैसे दलहन, तिलहन, कोदो-कुटकी एवं रागी के संबंध में जानकारी देते हुए कृषि विभाग के अधिकारियों के माध्यम से जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी गांवों में कृषि चौपाल आयोजित करने तथा जनपद सीईओ के माध्यम से कृषि चौपाल के लिए ग्राम स्तर का शेड्यूल जारी करते हुए ग्रामीणों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इसमें पटवारी एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में पलायन की स्थिति न बने, इसके लिए बीजीरामजी अंतर्गत मजदूरी के कार्यों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संरक्षण के लिए तालाब गहरीकरण सहित अन्य कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग को सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा देने तथा जल स्तर बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण इलाकों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बंद बोर एवं बिगड़े हैंडपंपों का तत्काल सुधार करने, पीएचई को हेल्पलाइन नंबर जारी करने तथा शिकायतों पर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि पेयजल की कमी जैसी स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए प्लान बनाकर वैकल्पिक व्यवस्था की दिशा में अभी से योजना बनाकर कार्य प्रारंभ किए जाएं। उन्होंने जिले में खाद्यान्न भंडारण और वितरण व्यवस्था भी सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश एसडीएम एवं खाद्य अधिकारी को दिए। कलेक्टर ने आबंटन के आधार पर प्रतिदिन इसकी समीक्षा करने के निर्देश एसडीएम को दिए। उन्होंने पशुओं के लिए चारा प्रबंधन हेतु आवश्यक तैयारी के निर्देश पशुधन विकास विभाग को दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को कम बारिश की स्थिति में सजग रहते हुए लोकहित में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन अंतर्गत शिकायतों के समय सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।
सुघ्घर छत्तीसगढ़ योजना का मिशन मोड में क्रियान्वयन के निर्देश
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शासन द्वारा प्रारंभ की गई सुघ्घर छत्तीसगढ़ योजना की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने सुघ्घर छत्तीसगढ़ अंतर्गत चिन्हित लोककल्याणकारी योजनाओं का ग्राम पंचायत स्तर पर डेटा संकलित करते हुए निर्धारित पात्रता के आधार पर हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुघ्घर छत्तीसगढ़ अंतर्गत चिन्हित 35 योजनाओं को ग्राम स्तर पर सैचुरेटेड करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्रम, खाद्य, कृषि, शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों को जनपद सीईओ के माध्यम से समन्वय बनाकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से शत-प्रतिशत लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इसके लिए सीईओ जिला पंचायत को नोडल भी बनाया गया है। इसके साथ ही पीएम जनमन अंतर्गत ग्रामों में योजनाओं के क्रियान्वयन को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बचे हुए किसानों के एक सप्ताह में एग्रिस्टेक में पंजीयन के निर्देश
कलेक्टर ने एग्रिस्टेक पोर्टल में किसानों के पंजीयन की समीक्षा की। उन्होंने तहसीलवार समीक्षा करते हुए तहसीलदारों को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के भीतर बचे हुए किसानों का एग्रिस्टेक में पंजीयन कराएं। उन्होंने संयुक्त खाताधारकों का बकेट क्लेम करने तथा लंबित खसरों को जोड़ने के निर्देश भी दिए।
राजस्व निरीक्षक को निलंबित करने और भैसमा तहसीलदार को नोटिस जारी करने के निर्देश
कलेक्टर ने तहसीलवार समय-सीमा के लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की। तहसील स्तर पर प्राप्त आवेदनों का निराकरण नहीं होने तथा समय-सीमा में उचित कार्रवाई नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। कलेक्टर ने भैसमा तहसील अंतर्गत सीमांकन के एक प्रकरण का एक वर्ष तक निराकरण नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए राजस्व निरीक्षक करुणा मैत्री को निलंबित करने तथा तहसीलदार के. के. लहरे को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि राजस्व प्रकरणों का लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर सह जिला खनिज न्यास अध्यक्ष कुणाल दुदावत ने दी राशि की स्वीकृति
कोरबा, 10 अगस्त 2026। कलेक्टर सह जिला खनिज न्यास अध्यक्ष कुणाल दुदावत द्वारा जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के आर्थिक सशक्तिकरण एवं आजीविका के स्थायी साधन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला खनिज संस्थान न्यास मद एवं प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अभिसरण से पहाड़ी कोरवा समुदाय के लिए मत्स्य पालन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। हसदेव बांगो जलाशय में केज कल्चर स्थापना के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास से 2 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अंतर्गत जिले की एकमात्र विशेष पिछड़ी जनजाति कोरवा समुदाय के लालपुर स्थित पंजीकृत मत्स्य सहकारी समिति के 25 सदस्यों के लिए 125 केज स्थापित किए जाएंगे। केज कल्चर के माध्यम से प्रत्येक सदस्य को कम से कम 1 लाख रुपये की शुद्ध वार्षिक आय प्राप्त होने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय एवं फुटकर मछली विक्रेताओं को आजीविका का साधन उपलब्ध होने के साथ जलाशय के मत्स्य उत्पादन में लगभग 250 मीट्रिक टन की वृद्धि होगी। आधुनिक तकनीक से बायोफ्लॉक तालाबों का निर्माण इसी क्रम में आधुनिक तकनीक से मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए 0.10 हेक्टेयर क्षेत्र में बायोफ्लॉक तालाब निर्माण हेतु जिला खनिज संस्थान न्यास से 70 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके तहत जिले में 5 इकाई बायोफ्लॉक तालाब निर्मित किए जाएंगे। इससे हितग्राहियों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक पद्धति से मछली पालन का अवसर मिलेगा तथा प्रत्येक इकाई से हितग्राही को लगभग 3 से 4 लाख रुपये वार्षिक आय प्राप्त होने की संभावना है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति समुदायों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने तथा मत्स्य उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
17 अगस्त को साक्षात्कार, निर्धारित समय पर उपस्थित होने के निर्देश
कोरबा, 10 अगस्त 2026। कार्यालय कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक, समग्र शिक्षा कोरबा द्वारा जिले में संचालित 16 पीएम श्री विद्यालयों में सत्र 2026-27 के लिए अंशकालिक योग/खेल प्रशिक्षक एवं अंशकालिक संगीत प्रशिक्षक की सेवाएं लिए जाने हेतु पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। चयन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों का वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 अगस्त 2026 को प्रातः 10 बजे से 11ः30 बजे तक वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित होगा। अभ्यर्थियों को सेजेस कन्या साडा, कोरबा, टीपी नगर, कोरबा में निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा। इन पदों के लिए होगी चयन प्रक्रिया अंशकालिक योग/खेल प्रशिक्षक के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से योग/खेल शिक्षा में स्नातक की डिग्री अथवा समकक्ष डिग्री होना आवश्यक है। वहीं अंशकालिक संगीत प्रशिक्षक के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से संगीत में स्नातक की डिग्री अथवा समकक्ष डिग्री निर्धारित की गई है। साक्षात्कार के समय लाने होंगे ये दस्तावेज
अभ्यर्थियों को विज्ञापन में संलग्न निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता के प्रमाण पत्र, आधार कार्ड/अन्य फोटो पहचान पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र तथा पासपोर्ट आकार का नवीनतम फोटो प्रस्तुत करना होगा। सभी दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित प्रतियों के साथ मूल प्रमाण पत्र सत्यापन के लिए लाना अनिवार्य होगा। 31 मार्च 2027 तक होगी नियुक्ति विज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि अभ्यर्थियों की नियुक्ति पूर्णतः अस्थायी आधार पर अधिकतम 31 मार्च 2027 तक के लिए होगी। इससे नियमित नियुक्ति का कोई दावा मान्य नहीं होगा। जिला स्तरीय समिति का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होना अनिवार्य है। निर्धारित समय के बाद आने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में शामिल नहीं किया जाएगा। साथ ही पंजीयन के लिए निर्धारित समय में उपस्थित नहीं होने पर भी अभ्यर्थी को साक्षात्कार हेतु शामिल नहीं किया जाएगा।
कोरबा 10 अगस्त 2026। ऑनलाईन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (कॉलेज स्तर) में छात्रवृत्ति भुगतान आधार सीडेड बैंक खाता तें किया जा रहा है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक के ऐ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थी जिनका आधार सीडिंग इनएक्टिव होने के कारण अथवा अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थी जिनका बैंक खाता क्रमांक गलत होन/बैंक खाता बंद होने के कारण छात्रवृत्ति भुगतान असफल हुआ हो, ऐसे विद्यार्थियों को अपने छात्रवृत्ति आईडी से बैंक खाता में त्रुटि सुधार करते हुए सही बैंक खाता की इंट्री 07 दिवस के अंदर करना सुनिष्चित करने निर्देषित किया गया है। निर्धारित समयावधि में त्रुटि सुधार नहीं किये जाने पर छात्रवृत्ति नहीं मिलने की स्थिति में समस्त जवाबदारी संबंधित विद्यार्थी की होगी किसी प्रकार की तकनीकी समस्या होने पर संबंधित विद्यार्थी अपनी अध्ययनरत संस्था के छात्रवृत्ति प्रभारी अथवा कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा छात्रवृत्ति शाखा से कार्यालयीन समयावधि में संपर्क कर सकते हैं।