Connect with us

कोरबा

कृषि आदान सामग्री की सुगम उपलब्धता से बढ़ा किसानों का आत्मविश्वास

Published

on

किसान शीशपाल सिंह कंवर को बिना किसी परेशानी के मिला खाद और बीज

कोरबा। खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ किसानों के लिए सबसे बड़ी आवश्यकता समय पर खाद और बीज की उपलब्धता होती है। जब कृषि आदान सामग्री बिना किसी परेशानी के सही समय पर मिल जाए, तो किसानों का आत्मविश्वास बढ़ता है और खेती की तैयारियां भी गति पकड़ लेती हैं। कोरबा जिले के ग्राम सराईश्रृंगार, ग्राम पंचायत अजगरबहार निवासी कृषक शीशपाल सिंह कंवर का अनुभव भी कुछ ऐसा ही रहा।
लगभग दो एकड़ भूमि में धान की खेती करने वाले श्री कंवर खेती की तैयारियों के लिए सहकारी समिति जामबहार-सोनपुरी पहुंचे। यहां उन्हें उनकी आवश्यकता के अनुरूप खाद एवं बीज आसानी से उपलब्ध हो गया। उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया सरल, सुव्यवस्थित और किसान हितैषी रही। समिति में किसी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अनावश्यक प्रतीक्षा का सामना नहीं करना पड़ा।

श्री कंवर ने बताया कि समिति के कर्मचारियों ने उन्हें आवश्यक जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ सभी औपचारिकताओं में पूरा सहयोग किया। इससे खाद-बीज प्राप्त करने की प्रक्रिया और भी आसान हो गई। उन्होंने कहा कि किसानों को जब समय पर आदान सामग्री मिलती है, तब वे बिना किसी चिंता के खेती के कार्यों की योजना बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन को देखते हुए शासन द्वारा खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, जिसका सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है। इससे किसानों को खेती के प्रति नया उत्साह और भरोसा मिलता है। उन्होंने बताया कि समिति में उपलब्ध व्यवस्थाएं संतोषजनक थीं और उन्हें कहीं भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
श्री कंवर ने किसानों की सुविधा के लिए किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कृषि आदान सामग्री की उपलब्धता खेती को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने इस व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

Continue Reading

कोरबा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मिली कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी, मिला आत्मीय स्वागत और मार्गदर्शन

Published

on

शपथ ग्रहण समारोह के लिए मुख्य अतिथि का आमंत्रण सहर्ष स्वीकार, जल्द तय होगी तिथि

रायपुर और बिलासपुर प्रेस क्लब ने किया स्वागत, प्रदेश स्तरीय भव्य पत्रकार आयोजन की बनी रूपरेखा

रायपुर/कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने सोमवार 22 जून को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास (सीएम हाउस) में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। प्रेस क्लब के अध्यक्ष नौशाद खान के नेतृत्व में हुई इस गरिमामय भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों का अत्यंत आत्मीयता से स्वागत किया तथा नई टीम को सफल कार्यकाल के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुलाकात के दौरान कार्यकारिणी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को कोरबा प्रेस क्लब के आगामी शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने इस स्नेहपूर्ण आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही इस कार्यक्रम के लिए तिथि निर्धारित करेंगे। इस दौरान
कोरबा प्रेस क्लब की ओर से अध्यक्ष नौशाद खान, पूर्व अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, संरक्षक कमलेश यादव, सचिव दिनेश राज, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य द्वय आकाश शर्मा एवं राजेश कुमार मिश्रा (मिट्टू) उपस्थित थे। इस महत्वपूर्ण और आत्मीय मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री के विशेष सलाहकार श्री कृष्णा दास विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनका इस भेंट को सफल बनाने में सराहनीय सहयोग रहा।

सकारात्मकता के साथ एकजुट होकर करें कार्य : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रेस क्लब की नई टीम से विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा: सभी साथी एकजुट होकर सकारात्मकता के साथ कार्य करें और कोरबा में प्रेस क्लब को एक मजबूत व नई पहचान दिलाएं। पत्रकारिता के क्षेत्र में समाजहित और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हुए बेहतर कार्य करें। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूरी कार्यकारिणी को भरोसा दिलाया कि कोरबा के पत्रकारों के कल्याण और पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए राज्य सरकार तथा उनका व्यक्तिगत सहयोग सदैव बना रहेगा। मुख्यमंत्री से मिले इस सकारात्मक आश्वासन के बाद कोरबा जिले के पत्रकार साथियों में हर्ष की लहर है।

रायपुर और बिलासपुर प्रेस क्लब ने किया सम्मान, प्रदेश स्तरीय आयोजन पर चर्चा

राजधानी प्रवास के दौरान कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की मुलाकात रायपुर प्रेस क्लब और बिलासपुर प्रेस क्लब की टीमों से भी हुई। बिलासपुर के प्रेस क्लब में अध्यक्ष अजीत मिश्रा व उनकी टीम ने स्वागत सम्मान किया। वहीं रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी समेत सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने कोरबा की नवीन कार्यकारिणी का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए प्रतीक चिन्ह गमझा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ में पत्रकारों के हितों, उनकी सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। तीनों प्रेस क्लबों ने पत्रकारों के व्यापक हित में एक मंच पर आकर एकजुटता के साथ कार्य करने का दृढ़ भरोसा दिया।

साथ ही आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के पत्रकारों को एक सूत्र में पिरोने और पत्रकारिता के स्तर को और ऊंचा उठाने के उद्देश्य से एक भव्य प्रदेश स्तरीय आयोजन को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई, जिसकी रूपरेखा जल्द ही तैयार की जाएगी।

Continue Reading

कोरबा

फर्नीचर दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख:शॉर्ट सर्किट की आशंका, दमकल की देरी पर लोगों में नाराजगी

Published

on

कोरबा/बांकी मोंगरा। कोरबा के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के सोमवारी बाजार में सोमवार को एक फर्नीचर दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दुकान की छत की सीटें टूटकर बाहर निकलने लगीं। घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। दुकान के भीतर बड़ी मात्रा में लकड़ी, सोफा, कुर्सियां, टेबल और अन्य महंगा फर्नीचर रखा हुआ था। आग लगते ही लकड़ी के सामान ने तेजी से आग पकड़ ली और कुछ ही देर में पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई।

आग की लपटों से आसपास की दुकानों पर भी मंडराया खतरा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। लोगों को आशंका थी कि आग यदि आगे बढ़ती तो आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद करवाई और आग को फैलने से रोकने के प्रयास शुरू किए।

दमकल के इंतजार में लोगों ने संभाला मोर्चा

स्थानीय लोगों ने डायल-112 और दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि काफी देर तक फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची। ऐसे में लोगों ने बाल्टी, ड्रम और पाइप के जरिए पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

रहवासियों और व्यापारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका, लेकिन तब तक दुकान के भीतर रखा अधिकांश फर्नीचर और लकड़ी का सामान पूरी तरह जल चुका था।

लाखों के नुकसान का दावा

दुकानदार ने बताया कि आग से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उनका कहना है कि यदि दमकल वाहन समय पर पहुंच जाता तो नुकसान काफी हद तक कम किया जा सकता था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी दमकल विभाग की देरी पर नाराजगी जताई।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Continue Reading

कोरबा

मकान मालिक की घोर लापरवाही का शिकार हुआ 22 वर्षीय टाइल्स मिस्त्री, 33 KV हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 40% झुलसा

Published

on

थाने से नहीं मिला सहयोग, अब न्याय की गुहार लेकर जिला पुलिस कप्तान (SP) के पास जाएगा पीड़ित परिवार

कोरबा/हरदीबाजार। ग्राम हरदीबाजार में एक बेहद दर्दनाक और आक्रोशित करने वाला मामला सामने आया है। जहाँ एक गरीब 22 वर्षीय टाइल्स मिस्त्री युवक अनुज रोहिदास जोकि ग्राम बिटकुला थाना व तहसील सीपत जिला बिलासपुर छत्तीसगढ़ का निवासी है। हरदीबाजार के मकान मालिक की जिद और घोर लापरवाही के कारण बिजली की करंट की चपेट में आ गया। दूसरी मंजिल पर काम करने के दौरान युवक 33 KV की हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया जिससे उसका शरीर 40% तक गंभीर रूप से झुलस गया है ।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित अनुज रोहिदास ने ग्राम हरदीबाजार स्थित रूद्र प्रिंटर्स एंड रेडियम पॉइंट के दुकान व मकान मालिक भास्कर तिवारी के यहाँ टाइल्स लगाने का काम लिया था। घटना बीते सोमवार 15 जून 2026 की दोपहर लगभग 2:00 से 2:30 बजे के बीच की है, जब अनुज मकान की दूसरी मंजिल पर टाइल्स लगा रहा था, तब उसने देखा कि बालकनी के बेहद पास से 33 KV की केवल तार है, हाईटेंशन लाइन गुजरी हुई है, खतरे को भांपते हुए अनुज ने वहाँ काम करने से साफ मना कर दिया था, परंतु मकान मालिक भास्कर तिवारी ने उस पर जबरन दबाव बनाया और कुछ नहीं होगा का झूठा भरोसा देकर उसे काम पर लगा दिया, मालिक के इसी दबाव और लापरवाही के कारण अनुज काम करते वक्त तार की चपेट में आ गया ।

इलाज के बीच में मुकरा मकान मालिक

करंट लगने के तुरंत बाद अनुज को आनन-फानन में हरदीबाजार के रामप्रसाद मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया, शुरुआत में बदनामी के डर से मकान मालिक भास्कर तिवारी ने इलाज का थोड़ा-बहुत खर्च उठाया लेकिन बाद में वह पीड़ित को बेसहारा छोड़कर मुकर गया। वर्तमान में अनुज के बड़े भाई संदीप रोहिदास तंगी के बावजूद अपने खर्च पर छोटे भाई का इलाज करा रहे हैं और हफ्ते में दो दिन अस्पताल ले जाकर उसकी मरहम-पट्टी करवा रहे हैं ।

पुलिस की निष्क्रियता से परिवार परेशान, अब SP से आस

घटना को 9 दिन बीत चुके हैं लेकिन पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है। बड़े भाई संदीप रोहिदास जब मामले की शिकायत लेकर हरदीबाजार थाने पहुँचे, लेकिन वहां की पुलिस की ओर से उन्हें कोई सहयोग व मदद नहीं मिला और मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। स्थानीय पुलिस के इस उदासीन रवैये से तंग आकर अब पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लेकर जिले के पुलिस कप्तान (SP) की चौखट पर जाने की तैयारी कर रहा है ।

पीड़ित परिवार की मांगें

पीड़ित के बड़े भाई संदीप रोहिदास ने कहना है कि लापरवाही बरतने वाले मकान मालिक भास्कर तिवारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और एफआईआर (FIR) दर्ज हो। पीड़ित युवक के इलाज का पूरा खर्च मकान मालिक से दिलाया जाए, 40% शरीर झुलसने और भविष्य में दिव्यांगता की आशंका को देखते हुए बिजली विभाग और शासन-प्रशासन उचित मुआवजे का प्रबंध करे ।

संदीप ने बताया कि मेरे भाई ने खतरे को देखते हुए काम करने से मना किया था लेकिन भास्कर तिवारी ने जबरदस्ती उसे काम पर लगाया, खर्चे के अभाव में उसका इलाज ठीक से करवा नहीं पा रहा हूं, मकान मालिक हाथ खींच चुका है, हरदीबाजार पुलिस ने हमारी कोई मदद नहीं की इसलिए अब हम न्याय के लिए सीधे जिला पुलिस कप्तान (SP) साहब के पास जा रहे हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677