Connect with us

कोरबा

कलेक्टर  ने ली समय-सीमा बैठक, विभागीय कार्यों की प्रगति की हुई विस्तृत समीक्षा

Published

on

कमजोर छात्रों के लिए रिमेडियल क्लास की शुरुआत, कलेक्टर ने सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

समिति स्तर पर सतत निगरानी के साथ धान उठाव प्राथमिकता से करने हेतु किया निर्देशित

एसआईआर कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने कलेक्टर के सख्त निर्देश

शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कर आमजनों को दिलाए लाभः- कलेक्टर

कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में  विभागीय कामकाज एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने टीएल के विभागवार लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर वसंत ने जिले में एसआईआर की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि एसआईआर से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए फील्ड स्तर पर कार्यों की सतत समीक्षा की जाए साथ ही समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्य समय पर और प्रभावी ढंग से पूर्ण हो सके।


समर्थन मूल्य पर हो रही धान खरीदी कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को समिति स्तर पर सतत एवं प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी पर नियमित मॉनीटिरिंग करने एवं सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या समस्या की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों को धान विक्रय में  किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएं। सभी समितियों में उपार्जन प्रक्रिया पारदर्शी एवं समयबद्ध होनी चाहिए। धान की तौल, भंडारण एवं उठाव की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जाए तथा खरीदे गए धान का समय पर उठाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि समितियों में अव्यवस्था की स्थिति न बने। कलेक्टर ने विशेष रूप से हाथी प्रभावित क्षेत्रों में धान का उठाव प्राथमिकता से सुनिश्चित करने निर्देशित किया। जिससे भंडारित धान को नुकसान से बचाया जा सके। इस हेतु संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा नियमित मॉनिटरिंग करते रहने के निर्देश दिए।


जिले के  दूरस्थ, वनांचल एवं पहाड़ी क्षेत्रों के अविद्युतीकृत गांवो में विद्युत आपूर्ति की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान विद्युत विभाग कटघोरा ग्रामीण संभाग के अधिकारी ने जानकारी दी कि डिवीजन अंतर्गत दूरस्थ विद्युतविहीन क्षेत्रों में डीएमएफ से विद्युत आपूर्ति पहुँचाई गई है, वहीं शेष ऐसे क्षेत्रों में शीघ्र विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किए जा रहे हैं।
कलेक्टर ने जिले में अर्धवार्षिक परीक्षा उपरांत कमजोर छात्रों के लिए 22 दिसंबर से रिमेडियल क्लास प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विकासखंडों में कक्षा संचालन हेतु सभी आवश्यक तैयारी पूर्ण रखने को कहा। उन्होंने छात्र-छात्राओं के लिए पृथक-पृथक आवास की व्यवस्था, वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए एवं रेमिडियल क्लास के लिए छात्रों के पालकों की सहमति सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने रिमेडियल क्लास हेतु योग्य विषय विशेषज्ञ व्याख्याताओं का चयन कर कक्षा संचालन कराने की बात कही। साथ ही नियुक्त व्याख्याता की मूल शाला की पढ़ाई प्रभावित न हो। इस बात का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने स्कूली छात्रों का आपार आईडी बनाने का कार्य भी प्राथमिकता से पूर्ण करने के लिए कहा। उन्होंने विद्यालयों में पेयजल आपूर्ति हेतु हैंडपंप की आवश्यकता वाले स्कूलों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने निर्देशित किया।  
पीएम सूर्यघर योजना की क्रियान्वयन स्थिति की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने योजना का व्यापक प्रचार प्रसार करते हुए अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए तथा प्रगतिरत कार्यो को शीघ्र पूर्ण कर निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के लिए कहा। कलेक्टर वसंत ने आंगनबाड़ी के बच्चों के जाति प्रमाण पत्र जारी करने कार्य प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी एसडीएम को 15 दिनों के भीतर आवश्यक  दस्तावेज अहर्ता वाले प्रकरण को दर्ज कर प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। बाल संप्रेक्षण गृह की कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके  ब्लॉक का शीघ्रता से विभाग को हैंडओवर करने एवं लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में डीएमएफ से की जाने वाली विशेषज्ञों की नियुक्ति एवं चिकित्सकीय उपकरण खरीदी कार्य को पारदर्शिता के साथ जल्दी पूरा करने कहा। पंचायतो में  डीएमएफ की राशि वसूली कार्य को भी गम्भीरता से पूर्ण करने की बात कही।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कर आमजन को योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी कटघोरा तन्मय खन्ना, वनमण्डलाधिकारी कोरबा श्रीमती प्रेमलता यादव, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित सभी एसडीएम एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

फसल बीमा कराने का अंतिम अवसर: 31 जुलाई तक करें आवेदन

Published

on

कोरबा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत जिले के किसानों के लिए अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। उप संचालक कृषि, कोरबा ने जिले के सभी किसानों से निर्धारित समयावधि के भीतर फसल बीमा कराने की अपील की है, ताकि प्राकृतिक आपदाओं से होने वाली संभावित फसल क्षति की स्थिति में उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत धान (सिंचित एवं असिंचित), मक्का, उड़द, तुअर, मूंग, कोदो, कुटकी, मूंगफली एवं रागी फसलें अधिसूचित हैं। योजना का लाभ ऋणी, अऋणी, भू-धारक, बटाईदार तथा वनपट्टाधारी किसान प्राप्त कर सकते हैं।
कृषि विभाग ने बताया है कि प्राकृतिक आपदा से फसल को नुकसान होने की स्थिति में किसान 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना देकर दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। समय पर सूचना देने से दावा प्रक्रिया सुगमता से पूर्ण की जा सकेगी।
अऋणी किसान आवश्यक दस्तावेजों के साथ कॉमन सर्विस सेंटर, संबंधित बैंक, लोक सेवा केन्द्र अथवा प्रधानमंत्री फसल बीमा पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में शुरू होगा शासकीय अनुसूचित जनजाति बालक क्रीड़ा परिसर, 10 अगस्त को होगी प्रवेश चयन परीक्षा

Published

on

कोरबा। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, रायपुर द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 से जिला मुख्यालय कोरबा में शासकीय अनुसूचित जनजाति बालक क्रीड़ा परिसर की शुरुआत की जा रही है। परिसर में चयनित बालक खिलाड़ियों को एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो एवं तैराकी खेलों का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। छात्रावास एवं खेल मैदान की उपलब्धता के आधार पर इस वर्ष 40 खिलाड़ियों को प्रवेश दिया जाएगा।
प्रवेश के लिए ऐसे बालक पात्र होंगे, जिनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2009 अथवा उसके बाद की हो तथा वे कक्षा 6वीं से 12वीं तक अध्ययनरत हों। खिलाड़ियों का अंतिम चयन विभाग द्वारा आयोजित “10 बैटरी टेस्ट” में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। इस परीक्षण में 50 मीटर दौड़, उछाल परीक्षण, 4×10 मीटर शटल रेस, स्टैंडिंग ब्रॉड जंप, गतिशील स्फूर्ति परीक्षण, अपर बॉडी बेंडिंग, पुश-अप, लेग रेसिंग, सिट-अप तथा 400 मीटर दौड़ सहित कुल 10 शारीरिक दक्षता परीक्षण शामिल रहेंगे।
प्रवेश चयन परीक्षा 10 अगस्त 2026 को प्रातः 8 बजे से प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी स्टेडियम, टी.पी. नगर, कोरबा में आयोजित की जाएगी। चयनित खिलाड़ियों की सूची 13 अगस्त 2026 को जारी की जाएगी। इसके उपरांत अभ्यर्थियों का चिकित्सकीय परीक्षण कर उन्हें क्रीड़ा परिसर में प्रवेश प्रदान किया जाएगा।
क्रीड़ा परिसर में प्रवेशित विद्यार्थियों की पढ़ाई निकटवर्ती शासकीय विद्यालयों में कराई जाएगी। साथ ही उन्हें छात्रावास में निःशुल्क आवास, पलंग, गद्दा, तकिया, चादर, कंबल एवं मच्छरदानी, पौष्टिक भोजन, शालेय गणवेश तथा ट्रैकसूट, टी-शर्ट, निकर, जूते और मोजों सहित संपूर्ण खेल किट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, कोरबा ने पात्र एवं इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि पर चयन परीक्षा में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

Continue Reading

कोरबा

गृह निर्माण मंडल की कॉलोनियों में बकाया मेंटेनेंस शुल्क शीघ्र जमा करें हितग्राही

Published

on

बकाया एलएमसी, सीएमसी एवं जल प्रभार के भुगतान की गृह निर्माण मंडल ने की अपील

कॉलोनियों के बेहतर रखरखाव के लिए समय पर मेंटेनेंस शुल्क जमा करना आवश्यक
कोरबा। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने कोरबा स्थित अपनी विभिन्न आवासीय कॉलोनियों के बकायादार हितग्राहियों से लैंड मेंटेनेंस चार्ज (एलएमसी), कॉमन मेंटेनेंस चार्ज (सीएमसी) एवं जल प्रभार की बकाया राशि शीघ्र जमा करने की अपील की है। मंडल ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित शुल्क का नियमित भुगतान नहीं होने से कॉलोनियों के रखरखाव एवं आवश्यक नागरिक सुविधाओं के संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
मंडल द्वारा वर्तमान में अटल विहार कॉलोनी झगरहा, अटल विहार कॉलोनी उरगा तथा अटल आवास जेंजरा का संधारण किया जा रहा है। इन कॉलोनियों में सड़क, नाली, उद्यान, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य रखरखाव कार्यों पर नियमित व्यय किया जाता है। इन कार्यों के संचालन के लिए आवश्यक राशि एलएमसी, सीएमसी एवं जल प्रभार के माध्यम से प्राप्त होती है। वर्तमान में इन मदों में लाखों रुपये की राशि बकाया है।
मंडल ने बताया कि निर्धारित शुल्क समय पर जमा नहीं होने से विद्युत देयकों के भुगतान, साफ-सफाई, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक रखरखाव कार्यों के संचालन में वित्तीय कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही हैं। इससे कॉलोनियों में उपलब्ध कराई जाने वाली नागरिक सुविधाओं की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।
बकाया राशि की वसूली के लिए गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के प्रक्षेत्र कोरबा के संबंधित संभाग कार्यालय द्वारा सभी बकायादार हितग्राहियों को नोटिस जारी किए गए हैं। हितग्राहियों से अनुरोध किया गया है कि वे बकाया एलएमसी, सीएमसी एवं जल प्रभार की राशि निर्धारित समयावधि में जमा कर कॉलोनियों के सुचारु रखरखाव एवं बेहतर नागरिक सुविधाओं के संचालन में सहयोग प्रदान करें।
कार्यपालन अभियंता, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल कोरबा ने सभी बकायादार हितग्राहियों से समय पर बकाया राशि जमा करने की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं किए जाने पर मंडल के प्रचलित नियमों के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677