Connect with us

छत्तीसगढ़

कांग्रेस बोली-2014 से अब तक 152 पेपर लीक,7.5 करोड़ प्रभावित:चरणदास महंत बोले- पेपर लीक का संकट अब राष्ट्रीय महामारी का रूप ले चुका है

Published

on

रायपुर, एजेंसी। ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत कांग्रेस ने आज देशभर में एक साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की। रायपुर में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि साल 2014 के बाद देश में 150 से अधिक पेपर लीक हुए हैं, जिससे करीब 7.5 करोड़ छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक का संकट अब राष्ट्रीय महामारी का रूप ले चुका है।

डॉ. महंत ने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देशभर में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की शुरुआत की है। अभियान की शुरुआत कोटा से हुई, जिसके बाद देहरादून में आयोजित महारैली के माध्यम से पेपर लीक के खिलाफ आवाज बुलंद की गई।

उन्होंने कहा कि एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और कांग्रेस की प्रदेश इकाइयां इस मुद्दे को सड़क से लेकर संसद तक लगातार उठा रही हैं और छात्रों के हित में सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग कर रही हैं।

वहीं, भाजपा प्रवक्ता दीपक उज्जवल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान PSC घोटाला हुआ। 2019 से लेकर 2023 तक जितनी परीक्षा आयोजित हुई हैं, इसमें तमाम रिश्तेदारों, पूर्व सीएम के ओएसडी, मंत्री और टामनसिंह सेनवानी के बच्चों का असंवैधानिक रूप से चयन हुआ, उस विषय पर जरूरी चर्चा करनी चाहिए।

'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

चरणदास महंत बोले- 7.5 करोड़ छात्र प्रभावित

चरणदास महंत ने दावा किया कि साल 2014 में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद से देशभर में 150 से अधिक पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं, जिनसे करीब 7.5 करोड़ छात्र और उनके परिवार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक किसी भी बड़े आरोपी को सजा नहीं मिली है।

उन्होंने कहा कि लाखों युवा सरकारी नौकरी पाने के लिए औसतन पांच सालों तक प्रतिदिन करीब 10 घंटे पढ़ाई कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। इस दौरान उनके परिवार भी आर्थिक और मानसिक रूप से उनका साथ देते हैं।

इसके बावजूद हर साल करीब 9 करोड़ अभ्यर्थी केवल 6 लाख सरकारी नौकरियों के लिए प्रतिस्पर्धा करते हैं। यानी लगभग 150 अभ्यर्थियों में से सिर्फ एक को ही सरकारी नौकरी मिल पाती है।

‘परीक्षा पत्र लाखों रुपए में बिकने का दावा’

डॉ. महंत ने दावा किया कि छात्रों और जनचर्चा के अनुसार विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लाखों रुपए में बेचे गए। उन्होंने आरोप लगाया कि NEET UG-2026 का पेपर 40 लाख रुपए, IIT-JEE 2021 का 15 लाख रुपए, उत्तराखंड पटवारी भर्ती 2025 का 15 लाख रुपए, बिहार शिक्षक भर्ती 2024 का 10 लाख रुपए और ओडिशा पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती 2025 का प्रश्नपत्र 25 लाख रुपए में बेचा गया।

जगदलपुर की छात्रा की आत्महत्या का भी किया जिक्र

नेता प्रतिपक्ष ने जगदलपुर के अड़ावल की छात्रा सुरला हारिका राव की आत्महत्या का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि छात्रा ने NEET-2 के परिणाम से निराश होकर आत्महत्या की। महंत ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और बार-बार परीक्षाएं रद्द होने से छात्रों में निराशा बढ़ रही है, जिसके लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है।

उन्होंने कहा कि साल 2024 में भी NEET पेपर लीक मामले से लाखों छात्रों की मेहनत प्रभावित हुई थी। उनका आरोप है कि इस मामले में सरकार ने न तो किसी की जवाबदेही तय की और न ही कोई ठोस कार्रवाई की।

‘शिक्षा माफिया को सत्ता का संरक्षण’

डॉ. महंत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता लगातार प्रभावित हो रही है। उनका कहना था कि शिक्षा माफियाओं को सत्ता का संरक्षण मिलने के कारण पेपर लीक जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली, पारदर्शिता, विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस ने शिक्षा के राजनीतिकरण पर रोक लगाने, विश्वविद्यालयों में आरएसएस पृष्ठभूमि के कुलपतियों को हटाने, पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, प्रभावित छात्रों और उनके परिजनों को मुआवजा देने तथा सभी प्रतियोगी परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित कराने की मांग दोहराई।

री-नीट का रिजल्ट आ चुका, छात्र व्यवस्था से संतुष्ट

कांग्रेस के आरोपों का पलटवार करते हुए भाजपा प्रवक्ता दीपक उज्जवल ने कहा कि जब राहुल गांधी विदेश से छुट्टी मना कर वापस आए हैं, तो शायद उन्हें पता नहीं है कि री-नीट का एग्जाम का रिजल्ट आ चुका है। बच्चे इस व्यवस्था से खुश हैं।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

दोहे – नंदिता की कलम से..

Published

on

नदिता माजी शर्मा
मुंबई, महाराष्ट्र

औरों की सुनकर कभी, लोगों को मत तोल।
हर पहलू को जाँच ले, तब जाकर कुछ बोल।।१।।

सच्ची मैत्री बोलती, सुख-दुख मिलकर बांट।
सही कर्म पर साथ दे, गलत कर्म पर डांट।।२।।

देखे हैं संसार ने, कितने नाना रोग।
सबसे दुष्कर आज भी, क्या बोलेंगे लोग।।३।।

क्षणभंगुर हैं आप, मैं, क्षणभंगुर सब लोग।
क्षणभंगुर हर कामना, क्षणभंगुर सब भोग।‌।४।।

खोजो अपने आप में, जीवन का अभिप्रेत।
दिन-प्रतिदिन जीवन सदा, फिसले बनकर रेत।।५।।

अहंकार से है भरा, जिनके मन का कोष।
औरों पर वे थोपते, निज करनी के दोष।।६।।

मन में हो सद्भावना, बसे मनन में बुद्ध।
प्रथम चयन बस शांति हो, अंतिम विकल्प युद्ध।।७।।

गगरी भरती पाप की, संचित हों जब पाप।
चरम बिन्दु को जब छुए, फूटे अपने आप।।८।।

घातक दुनिया रील की, बाँध रही निज खूँट।
सही रहे तो है सुधा, गलत विषैले घूँट।।९।।

Continue Reading

कोरबा

साइबर जागृति अभियान जिले में लगातार जारी : द्वितीय सप्ताह में विभिन्न वित्तीय संस्थाओं में हो रहे है जागृति कार्यक्रम

Published

on

कलेक्टोरेट सभागार में विभिन्न बैंकों की जिलास्तरीय बैठक संपन्न

विभिन्न साइबर फ्रॉड, UPI फ्रॉड, बैंक फ्रॉड सहित विभिन्न विषयों पर दी जा रही है महत्वपूर्ण जानकारी

कोरबा। पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 25.08.2026 को थाना कोतवाली, बालको, दर्री, दीपका, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन, पाली, बांगो , रजगामार, चैतमा द्वारा विभिन्न बैंकिंग संस्थानों, औद्योगिक तथा सार्वजनिक क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

दीपका के यूको बैंक, कटघोरा के SBI बैंक , बांगो के लमना उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महिला थाना के छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक दर्री एवं शासकीय विद्यालय गोपालपुर, हरदीबाजार के छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, बालको के ग्रामीण बैंक तथा ICICI बैंक, उरगा के SBI बैंक तथा ग्रामीण बैंक , टी पी नगर के PNB बैंक, कोतवाली के SBI पुराना बस स्टैंड, करतला के SBI बैंक, पसान के SBI कियोस्क सेंटर में पुलिस टीम द्वारा नागरिकों को UPI फ्रॉड, साइबर अपराध के संबंध में जानकारी दी गई।

सभी को OTP, UPI PIN, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने तथा अनजान लिंक, फर्जी कॉल, संदिग्ध APK फाइल एवं फर्जी वेबसाइट से सावधान रहने की समझाइश दी गई।

कोरबा पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन रिपोर्ट करें। समय पर की गई शिकायत साइबर ठगी की राशि को रोकने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

साइबर अपराध से बचने के लिए सतर्क रहें, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाएं, जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

एयरपोर्ट टेकओवर में AAI की सुस्ती…हाईकोर्ट नाराज:एयरपोर्ट अथॉरिटी से पूछा- सरकारी पत्रों पर क्या कार्रवाई हुई, 20 अक्टूबर तक काम पूरा करने के निर्देश

Published

on

बिलासपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रवींद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने बिलासपुर के चकरभाठा स्थित बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के टेकओवर में हो रही देरी पर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) पर सख्त नाराजगी जताई है।

एयरपोर्ट के संचालन और विकास को लेकर राज्य सरकार ने AAI को पत्र भेजे थे। इस पर कोर्ट ने AAI से पूछा है कि इन पत्रों के बाद अब तक क्या ठोस कदम उठाए गए हैं। कोर्ट ने इसकी जानकारी शपथ पत्र के साथ पेश करने के निर्देश दिए हैं।

कोर्ट ने AAI को अगली सुनवाई से पहले स्टेटस रिपोर्ट भी दाखिल करने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 29 सितंबर को होगी।

बिलासपुर एयरपोर्ट से उड़ानें घटाने का आरोप

बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट को अपग्रेड करने और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर वर्ष 2017 में जनहित याचिकाएं दायर की गई थीं। तब से इस मामले की हाईकोर्ट में लगातार सुनवाई हो रही है।

सोमवार को सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से सीनियर एडवोकेट आशीष श्रीवास्तव ने कोर्ट को बताया कि बिलासपुर एयरपोर्ट शुरू होने के बाद भी अलग-अलग शहरों के लिए उड़ानों की संख्या और फेरे बिना किसी स्पष्ट कारण के काफी कम कर दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि उड़ानों में कमी होने से बिलासपुर और आसपास के यात्रियों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। इससे आम लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

टेकओवर करने पर एएआई की सुस्ती पर जताई नाराजगी

राज्य सरकार ने बिलासपुर एयरपोर्ट के पूरे संचालन, प्रबंधन और विकास की जिम्मेदारी एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) को टेकओवर करने का अनुरोध किया था। इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय और एविएशन विभाग ने 12 दिसंबर 2025, 11 फरवरी 2026 और 14 जुलाई 2026 को AAI को पत्र भेजे थे।

AAI ने 21 अगस्त 2026 को हाईकोर्ट में शपथ पत्र पेश कर बताया कि ड्राफ्ट एमओयू 10 अगस्त 2026 को प्लानिंग डायरेक्टरेट को भेज दिया गया है। फिलहाल यह मामला AAI के मुख्यालय में विचाराधीन है।

कई महीने बीतने के बाद भी काम में कोई ठोस प्रगति नहीं होने पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई है।

यात्री सुविधा भवन का निर्माण 60% पूरा, 20 अक्टूबर डेडलाइन

राज्य सरकार के विमानन संचालनालय ने बताया कि एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग के बाहर बनाए जा रहे पब्लिक यूटिलिटी भवन का काम तेजी से चल रहा है। भवन का करीब 60 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। इसमें ढांचा, दीवारें और प्लास्टर का काम पूरा हो गया है, जबकि छत का काम अभी चल रहा है।

विभाग ने बताया कि हाईकोर्ट की तय की गई समय-सीमा के अनुसार भवन का पूरा काम 20 अक्टूबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।

एप्रन का सिविल वर्क पूरा, इलेक्ट्रिकल कार्य 90 फीसदी हो चुका

इसके अलावा बताया गया कि एयरपोर्ट के एप्रन का सिविल काम पूरा हो चुका है, जबकि करीब 90 प्रतिशत इलेक्ट्रिकल काम भी पूरा हो गया है। एयरपोर्ट की बाउंड्री वॉल और पेरीमीटर रोड के डामरीकरण के लिए वर्क ऑर्डर जारी कर दिए गए हैं।

एयरपोर्ट के मुख्य सुरक्षा अधिकारी और सहायक कार्यकारी ने अपना काम संभाल लिया है। वहीं चीफ एयरोड्रम सिक्योरिटी ऑफिसर की निगरानी में करीब 85 पुलिसकर्मी एयरपोर्ट के अलग-अलग प्रमुख स्थानों पर तैनात हैं।

फिलहाल एलायंस एयर की ओर से बिलासपुर से दिल्ली, कोलकाता, प्रयागराज और अंबिकापुर के लिए नियमित उड़ानें संचालित की जा रही हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677