Connect with us

छत्तीसगढ़

दीपक बैज बोले-पीएम मोदी के दौरे का विरोध करेगी कांग्रेस:BJYM ने कार्यकर्ताओं पर हमला किया, अगर सरकार कार्रवाई नहीं करती, तो आंदोलन करेंगे

Published

on

रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का कांग्रेस विरोध करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 1 नवंबर को रायपुर में होने वाले कार्यक्रम के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस ने इसे शांतिपूर्ण विरोध बताया है।

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ता जब विरोध की तैयारी कर रहे थे, तब भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया। यह घटना गृहमंत्री के गृह ज़िले में हुई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए कहा कि अगर सरकार कार्रवाई नहीं करती, तो पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी।

BJYM नेताओं ने काफिले से उतरते ही जो सामने आया उसे मारा।

BJYM नेताओं ने काफिले से उतरते ही जो सामने आया उसे मारा।

1 नवंबर को रायपुर आएंगे मोदी

दरअसल, छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 साल पूरे होने पर राज्य सरकार रजत जयंती वर्ष का भव्य आयोजन कर रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को रायपुर पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर केंद्र और राज्य सरकार दोनों ही बड़े स्तर पर तैयारियों में जुटी हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, यह छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा और पीएम मोदी राज्य को कई बड़ी योजनाओं की सौगात देंगे।

कवर्धा में भाजयुमो और युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता भिड़े

कवर्धा में गुरुवार देर शाम बीजेपी और कांग्रेस के युवा मोर्चा आमने-सामने आ गए। मौके पर इतना बवाल हुआ कि सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। गालियां भी चलीं, लात-घूंसे भी। पूरा मामला वायरल वीडियो में कैद हो गया है।

गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष राहुल टिकरिया का कवर्धा आगमन हुआ। उनका स्वागत करने भाजयुमो कार्यकर्ता जुटे थे। इसी दौरान युवक कांग्रेस कार्यकर्ता काले झंडे दिखाकर विरोध करने पहुंचे। विरोध देख भाजयुमो कार्यकर्ता भड़क गए।

देखते ही देखते दोनों गुट भिड़ गए। मारपीट इतनी जबरदस्त हुई कि कई युवक वहां से जान बचाकर भागते नजर आए। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को खदेड़ा जा रहा है और गालियां दी जा रही हैं।

पुलिस मौके पर पहुंची जरूर, लेकिन हालात काबू में नहीं आ सके। युवक कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष के समर्थकों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर मारा। उन्होंने इसे खुली गुंडागर्दी बताया और कहा कि पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उल्टा, युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ही पुलिस को जमकर खरी-खोटी सुनाई।

फिलहाल मामला शांत जरूर हो गया है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद इस विवाद ने सियासी तूल पकड़ लिया है। युवक कांग्रेस ने कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

नए विधानसभा भवन का शिलान्यास करेंगे मोदी

प्रधानमंत्री नवा रायपुर में बनने वाले नए विधानसभा भवन का शिलान्यास करेंगे। यह भवन छत्तीसगढ़ की संस्कृति और आधुनिक तकनीक का मेल होगा। साथ ही रायपुर में नए पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री करेंगे। पीएम मोदी के दौरे में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं की भी घोषणाएं होंगी।

राज्य सरकार ने पीएम मोदी के दौरे को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। वहीं कांग्रेस के विरोध और हालिया झड़पों के चलते सुरक्षा एजेंसियों की चुनौतियां भी बढ़ गई हैं।

पिछली बार प्रधानमंत्री मोदी अप्रैल 2024 में चुनावी दौरे पर छत्तीसगढ़ आए थे। उन्होंने जांजगीर-चांपा, धमतरी और अंबिकापुर में जनसभाएं की थीं। इसके बाद मार्च 2025 में उनका बिलासपुर दौरा हुआ था। लेकिन इस बार उनका आगमन गैर-चुनावी कार्यक्रम के तहत हो रहा है, जो कि राज्य के लिए विकास से जुड़ी कई घोषणाओं का मंच बन सकता है।

अब देखना होगा कि एक तरफ जहां राज्य सरकार इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में जुटी है, वहीं कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन इस दौरे की तस्वीर को कितना प्रभावित करता है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

सीएम हेल्पलाइन 1076 से मिली त्वरित राहत, अधूरी पुलिया बनी तो ग्रामीणों का आवागमन हुआ सुगम

Published

on

कुल्हरिया में शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन बहाल

कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन की सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का भरोसेमंद माध्यम बनकर उभर रही है।
जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तायुक्त,समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है इसका एक प्रेरक उदाहरण जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत कुल्हरिया में देखने को मिला, जहां सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत के बाद अधूरी पाइप पुलिया का निर्माण पूर्ण कर क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत कर दी गई, जिससे ग्रामीणों का आवागमन पुनः सुचारु और सुरक्षित हो गया।

ग्राम पंचायत कुल्हरिया निवासी राजकुमार शांडिल्य ने 27 जून 2026 को सीएम हेल्पलाइन में टोकन क्रमांक CC260600052681 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि मनरेगा योजना के तहत गुलाब घर से प्रधानपारा तक मिट्टी-मुरूम सड़क का निर्माण तो पूर्ण हो चुका है, लेकिन पाइप पुलिया अधूरी होने के कारण बरसात के दौरान ग्रामीणों को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायत प्राप्त होते ही सीएम हेल्पलाइन केंद्र द्वारा प्रकरण संबंधित एल-1 अधिकारी को तत्काल भेजा गया। जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की टीम ने बिना विलंब ग्राम पंचायत एवं निर्माण एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित कर स्थल का निरीक्षण कराया।

जांच में पाया गया कि वर्ष 2022-23 में मनरेगा के अंतर्गत स्वीकृत इस सड़क निर्माण कार्य की कुल लागत 15.52 लाख रुपये थी, जिसमें 10.43 लाख रुपये मजदूरी मद तथा 5.09 लाख रुपये सामग्री मद के लिए स्वीकृत थे। अत्यधिक वर्षा के कारण निर्मित पाइप पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी तथा मिट्टी के कटाव से मार्ग अवरुद्ध हो गया था।

शिकायत के बाद जनपद पंचायत की सक्रिय पहल एवं निर्माण एजेंसी के समन्वित प्रयासों से पाइप पुलिया का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराया गया। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कर आवागमन को पुनः सुरक्षित एवं सुचारु बनाया गया। शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निराकरण निर्धारित समय-सीमा में किया गया।

कार्य पूर्ण होने पर ग्रामवासियों ने संतोष व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ शासन की सीएम हेल्पलाइन व्यवस्था की सराहना की।
शिकायतकर्ता राजकुमार शांडिल्य सहित ग्रामीणों ने कहा कि उनकी समस्या का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान होने से शासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।

Continue Reading

कोरबा

गौधाम में पशुओं को नियमित दाना-पानी उपलब्ध कराएं, स्वच्छता और स्वास्थ्य देखभाल में न हो कोई कमी – सीईओ जिला पंचायत

Published

on

सीईओ प्रतीक जैन ने गौधाम योजना की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

कोरबा। जिले की ग्राम पंचायतों में संचालित गौधामों में निराश्रित गौवंश के समुचित संरक्षण, बेहतर रखरखाव एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला पंचायत सभागार में गौधाम योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन ने की।

बैठक में सीईओ श्री जैन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी गौधामों में संधारित पशुओं को नियमित रूप से पर्याप्त दाना-पानी उपलब्ध कराया जाए तथा पशु शेड एवं पूरे परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि गौधाम का मूल उद्देश्य निराश्रित पशुओं को सुरक्षित आश्रय, समुचित देखभाल और बेहतर प्रबंधन उपलब्ध कराना है, इसलिए संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

समीक्षा के दौरान गौधाम संचालन के लिए चयनित संस्थाओं के दायित्वों की विस्तार से जानकारी देते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई भूमि पर आवश्यकतानुसार बाउंड्रीवाल, पेयजल, विद्युत, पशु शेड, चारा विकास तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाए। साथ ही सभी पशुओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी, समय पर टीकाकरण, कृमिनाशक दवाओं का सेवन, कृत्रिम गर्भाधान, बधियाकरण तथा आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जाए।

सीईओ ने गौवंशीय नर पशुओं का बधियाकरण कर बैल जोड़ी तैयार करने, मादा पशुओं के नस्ल सुधार, सघन चारा विकास, आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता एवं लेखा-संधारण को भी अनिवार्य बताया। उन्होंने भारत सरकार एवं राज्य शासन द्वारा पशु कल्याण, पशु क्रूरता निवारण तथा पशुओं के रखरखाव संबंधी जारी सभी नियमों, अधिनियमों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने गौधामों में गोबर एवं गौमूत्र आधारित जैविक खाद, जैविक कीटनाशक तथा अन्य उपयोगी उत्पादों के निर्माण, प्रशिक्षण एवं प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही परिसर एवं आसपास स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।

बैठक में गौधामों में आवश्यक अभिलेखों का नियमित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इनमें पशु संख्या पंजी, पोषण आहार पंजी, रोकड़ बही, औषधि पंजी, टीकाकरण एवं पशु उपचार पंजी, गौधाम कार्यकारिणी बैठक पंजी, दुग्ध उत्पादन पंजी, भंडार पंजी तथा निरीक्षण पंजी का अद्यतन संधारण शामिल है।

उप संचालक, पशुधन विकास विभाग डॉ. सचिदानंद मिश्रा ने बताया कि जिले की ग्राम पंचायत अमरपुर, कपोंट, केराझरिया एवं लेपरा में गौधामों का सुचारु संचालन किया जा रहा है। बैठक में वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, संबंधित गौधामों के अध्यक्ष तथा विभागीय मैदानी अमला उपस्थित रहा।

Continue Reading

कोरबा

गोपाल मोदी का बड़ा हमला: कटघोरा नगर पालिका में कथित ₹13.60 लाख घोटाले की निष्पक्ष जांच और सीएमओ की बर्खास्तगी की मांग

Published

on

कटघोरा नगर पालिका में रू.13.60 लाख घोटाले का मामला, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कलेक्टर से निष्पक्ष जांच और सीएमओ की तत्काल बर्खास्तगी की मांग की

कटघोरा नगर पालिका में रू.13.60 लाख घोटाले पर भाजपा का हल्ला बोल, सीएमओ की बर्खास्तगी और उच्चस्तरीय जांच की मांग

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कटघोरा नगर पालिका परिषद में अटल परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण एवं ‘ब्रॉन्ज’ सामग्री की खरीदी में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कलेक्टर को शिकायत सौंपते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही उन्होंने नगर पालिका परिषद कटघोरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को तत्काल बर्खास्त कर कठोर कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई है।

यह केवल सरकारी धन का दुरुपयोग नहीं, जनता के विश्वास के साथ भी गंभीर छल – गोपाल मोदी

गोपाल मोदी ने अपने शिकायत पत्र में कहा है कि विभिन्न समाचार माध्यमों एवं जनसामान्य से प्राप्त जानकारी के अनुसार अटल परिसर में ब्रॉन्ज सामग्री के नाम पर किए गए निर्माण कार्य में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की आशंका है। आरोप है कि ब्रॉन्ज के स्थान पर निम्न गुणवत्ता की सामग्री अथवा कंक्रीट का उपयोग किया गया, जबकि भुगतान ब्रॉन्ज सामग्री के नाम पर किया गया। इस पूरे मामले में लगभग रू.13.60 लाख की वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सत्य सिद्ध होते हैं, तो यह केवल सरकारी धन का दुरुपयोग नहीं बल्कि जनता के विश्वास के साथ भी गंभीर छल है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी या ठेकेदार सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का साहस न कर सके।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे प्रकरण की किसी स्वतंत्र एजेंसी अथवा वरिष्ठ अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराई जाए, निर्माण कार्य की तकनीकी गुणवत्ता एवं उपयोग की गई सामग्री की विशेषज्ञों से जांच कराई जाए, भुगतान, निविदा प्रक्रिया, मापन पुस्तिका (एम.बी.), बिल, वाउचर एवं अन्य अभिलेखों की विस्तृत वित्तीय जांच हो तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध विभागीय एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। गोपाल मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव भ्रष्टाचार मुक्त एवं पारदर्शी प्रशासन की पक्षधर रही है। जनहित और शासन की साख बनाए रखने के लिए इस गंभीर मामले में शीघ्र, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677