Connect with us

कोरबा

डीएलआरसी व डीएलसीसी की बैठक 25 अगस्त को

Published

on

कोरबा 21 अगस्त 2026। मार्गदर्शी बैंक योजना अंतर्गत जिला स्तरीय सलाहकार समिति, जिला पुनरीक्षा समिति की बैठक कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में 25 अगस्त को शाम 04 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष कोरबा में आयोजित की गई है।
प्रबंधक मार्गदर्शी बैंक कोरबा ने बताया कि बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं हेतु वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रगति पर चर्चा, एनआरएलएम, केव्हीआईबी, पीएमएफएमई, सीएमईजीपी, अन्त्योदय स्वरोजगार योजना, आदिवासी स्वरोजगार योजना पर चर्चा, पीएम स्वनिधि योजना, पीएम सूर्यघर योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएम विश्वकर्मा पर भी चर्चा की जाएगी। सभी बैंकों द्वारा वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने एवं ग्राहकों को धोखाधड़ी से बचाव हेतु जागरूकता बढ़ाये जाने पर चर्चा, 12 सितंबर को आयोजित लोक अदालत, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा आयोजित प्रशिक्षण और पशुपालकों, मत्स्य पालकों एवं उद्यानिकी हेतु किसान क्रेडिट कार्ड पर भी चर्चा की जाएगी।

Continue Reading

कोरबा

बिहान उत्पादों को मिली नई पहचान, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया ‘हसदेव नेचुरल्स’ ब्रांड का अनावरण

Published

on

स्व सहायता समूह की दीदियों के उत्पाद अब ‘हसदेव नेचुरल्स’ ब्रांड से होंगे बाजार में पहचान स्थापित करने की ओर अग्रसर

ब्रांडिंग से स्थानीय उत्पादों के विपणन को मिलेगा बढ़ावा, ग्रामीण महिलाओं की आजीविका और आत्मनिर्भरता होगी मजबूत

कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 में बिहान स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को एक विशिष्ट पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। राज्य शासन के वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री तथा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लखन लाल देवांगन ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल में बिहान की दीदियों द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों के लिए *‘हसदेव नेचुरल्स’ ब्रांड का अनावरण किया। इस ब्रांड परियोजना के लिए के लिए जिला खनिज न्यास मद से वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। इस ब्रांड के अंतर्गत महिला स्व सहायता समूह के द्वारा जिले में पिछले तीन महीने से उत्पादों का निर्माण किया जा रहा है।

इस पहल से स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों को एक साझा ब्रांड के माध्यम से बाजार में नई पहचान मिलेगी। साथ ही उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग, विपणन एवं बिक्री के अवसर बढ़ेंगे। इससे ग्रामीण महिलाओं के स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिलने के साथ उनकी आय में वृद्धि और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में भी नई संभावनाएं विकसित होंगी।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत जिले में कराए जा रहे विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत संचालित गतिविधियों तथा बिहान स्व सहायता समूह की दीदियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने की इस पहल को महत्वपूर्ण बताया।

हसदेव नेचुरल्स’ ब्रांड का शुभारंभ ग्रामीण महिलाओं के हुनर को बाजार से जोड़ने, स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने और महिला स्वावलंबन को नई गति देने की दिशा में कोरबा जिले की एक महत्वपूर्ण पहल है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर नगर निगम श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, आयुक्त नगर निगम आशुतोष पांडे सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Continue Reading

कोरबा

कोयला खनन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 50 खदानों को स्टार रेटिंग पुरस्कारों से किया गया सम्मानित

Published

on

रायपुर में आयोजित स्टार रेटिंग पुरस्कार समारोह 2026 में सुरक्षित, कुशल एवं पर्यावरण अनुकूल खनन की उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों को मिला सम्मान

केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने पुरस्कार वितरित करने के बाद अपने संबोधन में जिम्मेदार एवं सतत खनन पर दिया जोर

रायपुर, 2 नवंबर 2026। भारत सरकार के कोयला मंत्रालय द्वारा आज रायपुर, छत्तीसगढ़ स्थित मेफेयर लेक रिसॉर्ट में स्टार रेटिंग पुरस्कार समारोह 2026 का आयोजन किया गया। समारोह में वित्त वर्ष 2024-25 के मूल्यांकन के आधार पर कोयला एवं लिग्नाइट खनन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली देश की कुल 50 पांच सितारा खदानों को सम्मानित किया गया। इनमें 15 भूमिगत (अंडरग्राउंड) तथा 35 ओपनकास्ट खदानें शामिल हैं। इन पुरस्कारों के माध्यम से सुरक्षित, कुशल, वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल खनन की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली खदानों के योगदान को मान्यता दी गई।

समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने पुरस्कार वितरित किए। पुरस्कार वितरण के पश्चात अपने संबोधन में उन्होंने कोयला क्षेत्र में उत्कृष्टता, सुरक्षित खनन, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जिम्मेदार एवं सतत खनन पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में कोयला मंत्रालय के अपर सचिव सानोज कुमार झा, कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष बी. साईराम, कोयला नियंत्रक संगठन (CCO), नई दिल्ली के कोयला नियंत्रक सतीश कुमार सहित कोयला मंत्रालय एवं विभिन्न कोयला कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह में देश की विभिन्न कोयला कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

छत्तीसगढ़ के लिए भी यह समारोह विशेष उपलब्धि का अवसर रहा। पांच सितारा रेटिंग प्राप्त खदानों की सूची में दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की तीन भूमिगत खदानें—बंगवार अंडरग्राउंड माइन, खैराहा UG माइन और बहेराबांध UG माइन—शामिल हैं। इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड की गेरे पेलमा सेक्टर-III कोल माइन तथा पारसा केंटे कोलियरीज लिमिटेड की पारसा ईस्ट एंड कांटा बासन ओपनकास्ट कोल माइन को भी पांच सितारा रेटिंग प्राप्त हुई है।

कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग नीति के अंतर्गत कोयला एवं लिग्नाइट खदानों के प्रदर्शन का विभिन्न निर्धारित मानकों पर व्यापक मूल्यांकन किया जाता है। इनमें परिचालन दक्षता, उत्पादन एवं उत्पादकता, तकनीकी नवाचार, व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, पर्यावरण प्रबंधन, सतत विकास तथा स्थानीय समुदायों के कल्याण से जुड़े पहलू शामिल हैं। मूल्यांकन एवं सत्यापन की प्रक्रिया कोयला नियंत्रक संगठन द्वारा नियुक्त समीक्षकों के माध्यम से की जाती है।

स्टार रेटिंग प्रणाली का उद्देश्य खदानों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना तथा उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों को व्यापक रूप से अपनाने के लिए प्रेरित करना है। यह पहल देश के कोयला क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रदर्शन आधारित कार्यसंस्कृति को सुदृढ़ करने के साथ-साथ वैज्ञानिक, सुरक्षित एवं सतत खनन को प्रोत्साहित करती है।

कोयला मंत्रालय की यह पहल देश की ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक विकास में कोयला क्षेत्र के योगदान को मजबूत करने के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

Continue Reading

कोरबा

राज्योत्सव में जनसम्पर्क विभाग के स्टॉल में लोगों को मिली शासकीय योजनाओं की जानकारी

Published

on

जनमन, सहित अन्य प्रचार सामग्री का किया गया वितरण

कोरबा 02 नवम्बर 2026। कोरबा शहर के घन्टाघर चौक स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर ओपन आडिटोरियम परिसर में तीन दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। यहाँ विभिन्न विभागों द्वारा शासन की कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी और योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

इसी कड़ी में जनसंपर्क विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई।  जिले के विकास प्रगति तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी प्रदर्शित की गई। जिले के हितग्राहियों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना,  युक्तियुक्त करण एवं अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति से विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार,  जल जीवन मिशन अंतर्गत लगे नल, पहाड़ी कोरवाओं के युवा बेरोजगारों को मिली नौकरी के बाद जीवन में सकारात्मक परिवर्तन, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास एवं अन्य योजनाओं के लाभ से जीवन में आए बदलाव को बताया गया।

स्टॉल में जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित  मासिक पत्रिका जनमन सहित अन्य ब्रोसर,पाम्पलेट व पत्रिकाओं का वितरण भी आमनागरिको को किया गया। यहाँ से शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर युवाओं द्वारा बताया गया कि जनमन जैसी पत्रिका उनके लिए बहुत उपयोगी है। पत्रिका में शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं की जानकारी होती है। जो कि  प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी में  काम आती है। साथ ही आमजनों को स्टॉल में लगी फोटो प्रदर्शनी के माध्यम अनेक विभागीय योजनाओं की भी जानकारी प्राप्त हुई। जिससे वे उन योजनाओं से जुड़कर निश्चित ही लाभांवित होंगे। राज्योस्थल पर महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, आदिम जाति विकास, वन, कृषि, मछली पालन, क्रेडा स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, उद्योग, रेशम, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित अन्य विभागों द्वारा अपने स्टॉल के माध्यम से विभागीय योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी जा रही है। नागरिक इन स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677