Connect with us

छत्तीसगढ़

जांजगीर में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, ज्ञानज्योति विद्यालय में सामूहिक गायन

Published

on

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने के महाअभियान से जुड़ा आयोजन, छात्र-छात्राओं सहित शिक्षक और प्रबुद्ध नागरिक हुए शामिल

जांजगीर। अखिल भारतीय विद्या भारती शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में शुक्रवार को ज्ञानज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जांजगीर में ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 11 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, सरस्वती शिशु मंदिर के शिक्षकों और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सामूहिक गायन के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के स्वरों से गूंज उठा।

आयोजन को ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने के महाअभियान से जोड़ा गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन कर देशभक्ति और राष्ट्रभावना का संदेश देना था। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों की उपस्थिति दर्ज की गई और कार्यक्रम में सहभागिता की पुष्टि के लिए उपस्थिति प्रमाण-पत्र भी तैयार किया गया।

कार्यक्रम में योगेश्वर साहू (कोरबा), फूलसिंह यादव, डॉ. नीलसागर यादव और अरविंद तिवारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में ज्ञानज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल तिवारी की प्रमुख भूमिका रही। उनके संयोजन में विद्यालय के शाला परिवार ने आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अनुशासनबद्ध तरीके से सामूहिक गायन में हिस्सा लिया। शिक्षक-शिक्षिकाओं और उपस्थित नागरिकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रभावना से जुड़े संदेश दिए गए तथा ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला गया।

आयोजकों के अनुसार, देशभर में चल रहे सामूहिक गायन अभियान के तहत बड़ी संख्या में लोगों को जोड़ने और ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष को स्मरणीय बनाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने राष्ट्र के प्रति समर्पण और एकता की भावना के साथ आयोजन को सफल बनाने में सहभागिता की।

इस अवसर पर प्रबुद्धजन सुन्दर सुमन दुबे, संध्या लता पांडेय, हुमा पाण्डेय, विभा तिवारी, राधेश केंगरी, रौशनी शर्मा, पलकवी सूर्य, मीलूर सराफ, रिंकू शर्मा, राजेश तम्होली, श्रुति दुबे, आब्या दुबे, सुभी दुबे, योगेश्वरी, उमा महोबिया, ज्योति दुबे, संध्या पाण्डेय, दीपक बरेठ, लक्ष्मी नारायण, सुवण रामेश्वर, बी. प्रसाद, शालिनी त्रिपाठी, नीलू सराफ, अंकिता मिश्रा सहित बड़ी संख्या मे लोगों ने भागीदारी निभाई। 

Continue Reading

कोरबा

शिक्षा दान रथ के लिए शिक्षकों से 200 रुपये सहयोग राशि देने संबंधी कोई आदेश जारी नहीं

Published

on

व्हाट्सएप ग्रुप में भ्रामक सूचना प्रसारित करने पर संकुल शैक्षिक समन्वयक को कारण बताओ नोटिस जारी

कोरबा, 25 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम के तहत 24 सितंबर को जिले के सभी विकासखण्डों में शिक्षा दान रथ निकाला गया। शिक्षा दान रथ के माध्यम से समाज के आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता के लिए नागरिकों एवं इच्छुक दानदाताओं से स्वेच्छा से शैक्षणिक सामग्री दान करने की अपील की गई थी।
इस अभियान के अंतर्गत नागरिकों से कॉपी, पुस्तकें, पाठ्यपुस्तकें, नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा संबंधी उपयोगी पुस्तकें एवं गाइड के साथ ही नीट, जेईई, पीएससी एवं यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित पूर्व वर्षों की उपयोगी पुस्तकें एवं अध्ययन सामग्री स्वेच्छा से दान करने का आग्रह किया गया था। अभियान को समाज के विभिन्न वर्गों से अच्छा सहयोग प्राप्त हुआ है।
इसी बीच पाली विकासखण्ड अंतर्गत अशोक कुमार भारद्वाज, संकुल शैक्षिक समन्वयक द्वारा संकुल के व्हाट्सएप ग्रुप में शिक्षा दान रथ के लिए सभी शिक्षकों से 200 रुपये सहयोग राशि दिए जाने संबंधी सूचना प्रसारित किए जाने का मामला संज्ञान में आया है।
जिला शिक्षा अधिकारी, कोरबा ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा दान रथ अथवा “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम के लिए शिक्षकों से 200 रुपये अथवा किसी भी प्रकार की अनिवार्य सहयोग राशि लिए जाने संबंधी कोई आदेश जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी नहीं किया गया है। इस प्रकार प्रसारित सूचना का जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा खंडन किया गया है।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अशोक कुमार भारद्वाज को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।  प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading

कोरबा

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में लगेंगे विशेष शिविर

Published

on

नगरीय निकाय एवं जनपद पंचायत क्षेत्रों में 1 से 6 अक्टूबर तक होंगे आयोजन
शिविरों के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त

कोरबा, 25 सितंबर 2026। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत आम नागरिकों तक विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से नगरीय निकाय एवं जनपद पंचायत क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत द्वारा नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करते हुए संशोधित आदेश जारी किया गया है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार नगर पंचायत पाली एवं जनपद पंचायत कोरबा, पाली तथा पोड़ी उपरोड़ा में 1 अक्टूबर, नगर पालिका परिषद दीपका एवं नगर पंचायत छुरीकला में 2 अक्टूबर, नगर पालिक निगम कोरबा एवं जनपद पंचायत करतला में 3 अक्टूबर, नगर पालिका परिषद कटघोरा एवं बांकीमोंगरा में 5 अक्टूबर तथा जनपद पंचायत कटघोरा में 6 अक्टूबर 2026 को शिविर आयोजित किए जाएंगे।
नगर पालिक निगम कोरबा का शिविर टी.पी. नगर स्थित निगम कार्यालय, नगर पालिका परिषद कटघोरा का शिविर वार्ड क्रमांक-02 कार्यालय भवन, नगर पालिका परिषद दीपका का शिविर नगर पालिका कार्यालय, नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा का शिविर वार्ड क्रमांक-03 कार्यालय, नगर पंचायत पाली का शिविर नगर पंचायत कार्यालय भवन वार्ड क्रमांक-15 तथा नगर पंचायत छुरीकला का शिविर बस स्टैंड के समीप आयोजित किया जाएगा।
इसी प्रकार जनपद पंचायत कोरबा का शिविर ग्राम पंचायत अजगरबहार, जनपद पंचायत कटघोरा का ग्राम पंचायत अरदा के पंचायत भवन के पास, जनपद पंचायत पाली का माध्यमिक शाला ग्राम पंचायत सैला, जनपद पंचायत करतला का हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राम पंचायत फरसवानी तथा जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा का शिविर ग्राम पंचायत सिंघिया में आयोजित किया जाएगा। इन सभी शिविरों के लिए संबंधित अधिकारियों को नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कलेक्टर श्री दुदावत ने संबंधित अधिकारियों को शिविरों के सुचारू आयोजन एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संशोधित आदेश तत्काल प्रभावशील किया गया है।

Continue Reading

कोरबा

“साक्षर कोरबा-समृद्ध कोरबा” की ओर बढ़े कदम, 27 सितंबर को होगी उल्लास महापरीक्षा

Published

on

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने की अपील-परीक्षा से कोई शिक्षार्थी न रहे वंचित, सहभागिता सुनिश्चित करने सभी निभाएं अपनी जिम्मेदारी
7,817 शिक्षार्थी होंगे शामिल, जिले में बनाए गए 383 उल्लास केंद्र
कोरबा जेल एवं कटघोरा उपजेल में भी 50 से अधिक बंदी देंगे परीक्षा
कोरबा, 25 सितंबर 2026।
जिले को पूर्ण साक्षर बनाने और शिक्षा की रोशनी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने की दिशा में कोरबा जिला एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाने जा रहा है। उल्लास-नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 27 सितंबर 2026 को जिले में उल्लास नवभारत साक्षरता महापरीक्षा का आयोजन किया जाएगा। जिले के 383 उल्लास केंद्रों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में 7,817 शिक्षार्थी शामिल होकर अपनी सीखने की उपलब्धियों का मूल्यांकन करेंगे।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, शिक्षकों, स्वयंसेवी शिक्षकों, सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों से इस साक्षरता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि अपने आसपास एवं क्षेत्र के चिन्हांकित शिक्षार्थियों को 27 सितंबर की परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित करें और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में भी सहयोग प्रदान करें, ताकि कोई भी पात्र शिक्षार्थी परीक्षा में शामिल होने से वंचित न रहे।

साक्षरता से खुलते हैं आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के द्वार

कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि साक्षरता का अर्थ केवल अक्षरों को पहचानना अथवा पढ़ना-लिखना सीखना नहीं है। साक्षरता व्यक्ति में आत्मविश्वास पैदा करने के साथ उसे दैनिक जीवन में बेहतर निर्णय लेने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने में सक्षम बनाती है। एक साक्षर व्यक्ति अपने परिवार और समाज को भी आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य के साथ उल्लास कार्यक्रम के माध्यम से ऐसे नागरिकों को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिन्हें पूर्व में पढ़ने-लिखने का अवसर नहीं मिल पाया।

जेल की चारदीवारी के भीतर भी पहुंचेगी शिक्षा की रोशनी

उल्लास अभियान को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से कोरबा जेल एवं कटघोरा उपजेल में भी महापरीक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है। दोनों स्थानों पर 50 से अधिक बंदी परीक्षा में शामिल होकर अपने अर्जित ज्ञान एवं सीखने की उपलब्धियों का मूल्यांकन करेंगे। यह पहल साक्षरता के साथ शिक्षा के माध्यम से सकारात्मक बदलाव और नई शुरुआत का अवसर प्रदान करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है।

कलेक्टर श्री दुदावत ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि “पूर्ण साक्षर कोरबा का लक्ष्य केवल प्रशासन का अभियान नहीं, बल्कि पूरे जिले का साझा संकल्प है। सामूहिक सहभागिता और सहयोग से ही ‘साक्षर कोरबादृसमृद्ध कोरबा’ की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।”
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों से भी कहा है कि 27 सितंबर को प्रत्येक चिन्हांकित शिक्षार्थी की परीक्षा में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए समन्वय के साथ कार्य करें और उल्लास महापरीक्षा को जिले में साक्षरता के जनअभियान के रूप में सफल बनाएं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677