Connect with us

कोरबा

शॉर्ट सर्किट से फाइनेंस कंपनी दफ्तर में लगी आग:कोरबा में तीन दमकल टीम ने 3 घंटे में बुझाई आग, दस्तावेज और फर्नीचर जलकर राख

Published

on

कोरबा/दीपका। कोरबा के दीपका स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी के शाखा दफ्तर में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण बताया जा रहा है। इस घटना में दफ्तर के फर्नीचर, दराज और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो गए। आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को लगभग तीन घंटे का समय लगा।

यह घटना कटघोरा रोड, दीपका स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में गुरुवार रात करीब 12:30 बजे हुई। आग लगने के बाद दफ्तर में लगा सायरन बजने लगा, जिससे आसपास के लोग सतर्क हो गए और अपने घरों से बाहर निकल आए। उन्होंने देखा कि दफ्तर से आग की तेज लपटें उठ रही थीं।

तीन दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचे

कंपनी में तैनात सुरक्षाकर्मी ने तत्काल आग लगने की सूचना अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही एक के बाद एक तीन दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचे।

फर्नीचर, दराज और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख

दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग तीन घंटे में आग पर पूरी तरह से काबू पाया। हालांकि, तब तक आग से दफ्तर के अंदर रखा फर्नीचर, दराज और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।

स्थानीय लोगों ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास की दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं। दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिली थी और टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदान गेवरा में मानव शृंखला से गूँजा ‘सतर्कता ही समृद्धि है’ का संदेश

Published

on

एसईसीएल गेवरा क्षेत्र में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत संकल्प दिवस का आयोजन, सीएमडी हरीश दुहन ने दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ

कोरबा/गेवरा। एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदान गेवरा के व्यू प्वाइंट पर मानव शृंखला बनाकर एसईसीएल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सतर्कता, पारदर्शिता और सत्यनिष्ठा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत गेवरा क्षेत्र में आयोजित संकल्प दिवस का यह विशेष आकर्षण रहा, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों ने “सतर्कता ही समृद्धि है” का संदेश दिया।

केंद्रीय सतर्कता आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मनाए जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह के क्रम में आयोजित संकल्प दिवस कार्यक्रम में साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन मुख्य अतिथि रहे।

इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, गेवरा क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक अशोक कुमार सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

सीएमडी हरीश दुहन ने सभी उपस्थितों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। अपने सम्बोधन में उन्होने कहा कि, “इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए एसईसीएल में विभिन्न जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि तकनीक के माध्यम से हम अपनी कार्यप्रणाली में और अधिक पारदर्शिता एवं दक्षता लाएँ।”

कार्यक्रम के अंतर्गत “एक पेड़ सतर्कता के नाम” पहल के तहत पौधारोपण किया गया।

एसईसीएल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान स्कूली बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएँ, जनजागरूकता अभियान एवं अन्य गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इन पहलों का उद्देश्य कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आमजन की सहभागिता से पारदर्शी कार्यसंस्कृति को सुदृढ़ करना तथा भ्रष्टाचारमुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

Continue Reading

कोरबा

बाल अधिकारों के संरक्षण एवं सुरक्षित बचपन के संदेश के साथ डी0ए0वी0 उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालको नगर कोरबा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन

Published

on

कोरबा 28 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशन में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो अधिनियम) के संबंध में अखिल भारतीय विद्यालय जागरूकता अभियान “सुरक्षित बचपन अभियान” के प्रथम चरण का आयोजन दिनांक 26 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। उक्त अभियान की थीम “जागरूकता, सुरक्षा और संरक्षण हर बच्चे का अधिकार” तथा मूल संदेश “हर बच्चे का बचपन, हम सबकी जिम्मेदारी है” निर्धारित किया गया है।

इसी तारतम्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोरबा के बैनर तले अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर डी0ए0वी0 उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालको नगर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सुश्री प्रिया सोनवार, व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी, कोरबा, सुश्री तृप्ति अग्रवाल, व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी, कोरबा तथा विद्यालय के प्राचार्य श्रीमती संध्या सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 के प्रमुख प्रावधानों, बाल अधिकारों, बच्चों के विरुद्ध होने वाले लैंगिक अपराधों की रोकथाम तथा बालकों की सुरक्षा एवं संरक्षण के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। न्यायिक अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में रहने, सम्मानपूर्वक जीवन जीने तथा भयमुक्त होकर शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है। बच्चों के साथ किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार अथवा शोषण की स्थिति में चुप न रहकर अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
“हर बच्चे का बचपन, हम सबकी जिम्मेदारी है।” यही संदेश “सुरक्षित बचपन अभियान” के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Continue Reading

कोरबा

संभाग स्तरीय रोजगार मेला 27 नवंबर को लाईवलीहुड कॉलेज कोरबा में होगा आयोजित

Published

on

रिक्त पदों की जानकारी 6 नवंबर तक उपलब्ध कराने नियोजकों से अपील

कोरबा, 28 अक्टूबर 2026। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोरबा के माध्यम से आगामी 27 नवंबर 2026 को लाईवलीहुड कॉलेज, कोरबा में संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले के माध्यम से विभिन्न संस्थानों में उपलब्ध रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।
जिला रोजगार अधिकारी दीपेश भारती ने बताया कि जो नियोजक अपने संस्थानों में रिक्त पदों की पूर्ति रोजगार मेले के माध्यम से करना चाहते हैं, वे अपने संस्थान में उपलब्ध रिक्त पदों की जानकारी निर्धारित प्रारूप में 6 नवंबर 2026 तक जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोरबा के ई-मेल  empexchangekorba@gmail.com  पर भेज सकते हैं। नियोजक इस संबंध में जिला रोजगार कार्यालय, कोरबा से भी संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने नियोजकों से निर्धारित समय-सीमा में रिक्त पदों की जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि उन्हें संभाग स्तरीय रोजगार मेले में शामिल किया जा सके।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677