सरगुजा,एजेंसी। छत्तीसगढ़ में बिजली करंट लगने की चार अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। जशपुर में एक थाना प्रभारी (टीआई) की करंट लगने से जान चली गई। कोरबा में एक डॉक्टर और उनकी पत्नी करंट की चपेट में आ गए, जिसमें डॉक्टर ने दम तोड़ दिया, जबकि पत्नी की हालत गंभीर है। वहीं बिलासपुर में CSEB का एक ठेका कर्मचारी और एक अन्य व्यक्ति करंट लगने से अपनी जान गंवा बैठे।
पहली घटना: जशपुर में थाना प्रभारी की करंट से मौत
पहली घटना जशपुर जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र की है। यहां थाना प्रभारी राम साय (55 वर्ष) पैकरा की करंट से मौत हो गई। राम साय पैकरा की पोस्टिंग नारायणपुर थाने में थी। वो छुट्टी पर अपने गांव सूर आए थे। वे रविवार 27 जुलाई को घर में सीपेज ठीक कराने के लिए अपने पुराने मकान में जरूरत का सामान ढूंढ रहे थे, तभी खुले बिजली के तार के संपर्क में आ गए। घर में रोशनी कम होने के कारण उन्हें तार नजर नहीं आया और वे चिपक गए।
पत्नी ने छुड़ाया, हो गई मौत बिजली के तार से चिपककर राम साय पैकरा जमीन पर गिर गए। पत्नी जब उन्हें ढूंढते हुए वहां पहुंची तो उन्होंने देखा कि राम साय जमीन पर गिरे हुए हैं और उनका हाथ तार से चिपका है। पत्नी ने झाड़ू से तार को हटाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पड़ोसियों की मदद से उन्हें सीतापुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीतापुर पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है।
निरीक्षक राम साय पैकरा इससे पहले कोरिया सहित कई जिलों में सेवाएं दे चुके थे। उनके निधन पर जशपुर एसपी शशि मोहन सिंह ने शोक जताया है।
कोरबा में छत की सफाई के दौरान करंट की चपेट में आए डॉक्टर दंपती
दूसरी घटना: कोरबा में छत की सफाई करते डॉक्टर की मौत, पत्नी घायल
दूसरी घटना कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र की है। डॉक्टर कलीम रिजवी (45) और पत्नी डॉक्टर फिरदोस रिजवी (39) अपने घर पर ही क्लीनिक चलाते थे। दोनों रविवार को घर की छत पर साफ-सफाई कर रहे थे। डॉ. कलीम एक लोहे का पाइप उठा रहे थे, जो अचानक 11 हजार केवी बिजली के तार से टकरा गया और वे करंट की चपेट में आ गए।
पत्नी की हालत गंभीर
पति को बचाने की कोशिश में फिरदोस भी करंट की चपेट में आ गईं। परिवार के अन्य सदस्य आवाज सुनकर छत पर पहुंचे और दोनों को फौरन जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद कलीम रिजवी को मृत घोषित कर दिया। फिरदोस की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
बिजली विभाग और प्रशासन की लापरवाही
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह घटना बिजली विभाग और प्रशासन की लापरवाही के कारण हुई। उन्होंने पहले ही गिरी हुई हाई वोल्टेज लाइन की सूचना दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
जिला अस्पताल चौकी प्रभारी दाऊद कुजुर ने बताया कि जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर परिजनों का बयान दर्ज किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई जारी है।
बिलासपुर में बिजली के खंभे पर काम करते वक्त सीएसईबी के ठेका कर्मचारी की मौत
तीसरी घटना: सीएसईबी के ठेका कर्मचारी की मौत
तीसरी घटना बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला बस्ती की है। 25 जुलाई की शाम मंगला बस्ती में सीएसईबी का ठेका कर्मचारी ईश्वर पटेल (43) बिजली के खंभे पर काम कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और खंभे से नीचे गिर गया। आसपास मौजूद लोग उसे तुरंत अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
चौथी घटना: लोहे की सीढ़ी पकड़ा शख्स आया करंट की चपेट में
चौथी घटना बिलासपुर के तिफरा इलाके की है। यहां एक दिन पहले बंदरों की छलांग से छत पर बिजली का केबल टूट गया था। केबल की मरम्मत के लिए इलेक्ट्रिशियन बुलाया गया था। यदुनंदन नगर निवासी श्यामू डाहिरे (30) नीचे लोहे की सीढ़ी पकड़े हुए थे।
अचानक सीढ़ी में करंट दौड़ गया और श्यामू उसकी चपेट में आ गए। साथी कर्मचारी उन्हें निजी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
संबंधित संचालक के खिलाफ कार्रवाई
जीएस मोटर्स एजेंसी के संचालक पर काम के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद संबंधित संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
शांति नगर में गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी मनाने तैयारी पूरी कोरबा/पाली। कल 14 सितम्बर को पूरे भारत वर्ष में गणेश चतुर्थी की धूम रहेगी। जिले में विभिन्न गणेशोत्सव समितियों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में कल गणेश चतुर्थी पर पाली के राजा का भी भव्य और दिव्य आगमन होगा।
गणेशोत्सव समिति शांति नगर पाली के आयोजकों ने बताया कि कल 14 सितम्बर सोमवार को लालबाग के राजा की प्रतिमा बड़े धूमधाम से मंत्रोच्चार के साथ विराजित की जाएगी। भगवान श्रीगणेश की भव्य प्रतिमा पाली के राजा का शुभ आगमन संध्या 7.00 बजे होगा और पाली मुख्य बाजार से कार्यक्रम स्थल तक रैली की शक्ल में आकर्षक आतिशबाजी, आकर्षक एसएफएक्स एवं धूमाल के साथ लाई जाएगी और पंडित जी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ विघ्रहर्ता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आयोजन समिति ने इस भव्य आयोजन में सभी क्षेत्र वासियों को सादर आमंत्रित किया है और पाली के राजा की आगमन रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।
कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित
कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पैसे देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने तथा बाद में उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
शराब के लिए पैसे मांगे, मना करने पर की मारपीट
दिनांक 10.09.2026 की रात्रि लगभग 09:00 बजे प्रार्थी संतोष राठौर निवासी फरसवानी अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपीगण द्वारा उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपीगण द्वारा उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की गई।घटना के कुछ समय बाद आरोपीगण पुनः रात्रि लगभग 12:30 बजे प्रार्थी के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना में प्रार्थी के हाथ में चोट आई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। लगातार पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी के अपने सकुनत पर मौजूद होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 को विधिवत जब्त किया गया।
आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार आरोपी ज्ञान राठौर पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण में संलिप्त रहा है तथा हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था और उसके विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।वर्तमान घटना में पुनः आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने तथा उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की पूर्व आपराधिक गतिविधियों एवं वर्तमान प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर दिनांक 12.09.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।प्रकरण में विवेचना जारी है तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
कोरबा पुलिस की स्पष्ट नीति — अपराध एवं आपराधिक प्रवृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई कोरबा पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी संगठन ने सूचना का अधिकार प्रकोष्ठ में महत्वपूर्ण नियुक्ति करते हुए मनोज राठौर को जिला संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव की सहमति एवं भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी की अनुशंसा से मनोज राठौर को यह महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान किया गया है।
मनोज राठौर की नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। संगठन ने विश्वास जताया है कि वे सूचना के अधिकार अधिनियम के माध्यम से पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनहित से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
भाजपा जिला संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मनोज राठौर को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में सूचना का अधिकार प्रकोष्ठ संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य करेगा।
मनोज राठौर ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का वे पूरी निष्ठा, सक्रियता एवं समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा जनहित और संगठन के उद्देश्यों को प्राथमिकता देते हुए कार्य करेंगे।