रायपुर,एजेंसी। आज 27 अगस्त को गणेश चतुर्थी है। छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देशभर में गणपति बप्पा विराजमान हो रहे हैं। घरों के साथ-साथ समितियां भी जोर-शोर से तैयारियों में जुटी हैं। शहरभर में पंडाल बन चुके हैं। सोमवार से ही गणेश पंडालों में मूर्तियां आनी शुरू हो गई थी।
पिछले साल की तरह इस साल भी रायपुर शहर में AI आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से फोटो तैयार कर बप्पा की मूर्ति बनाई गई है। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में थीम आधारित पंडाल बनाए गए हैं। वहीं रायपुर सेंट्रल जेल में भी बंदियों ने भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की है।
रायपुर सेंट्रल जेल में कैदियों ने मनाया गणेश उत्सव। भगवान की प्रतिमा उन्होंने खुद बनाई है।
इसके अलावा रायपुर के गोलबाजार में श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति गणपति का स्वर्ण श्रृंगार करेगी। बप्पा को सोने का मुकुट पहनाएंगे। 2018 से ये अनूठी रस्म अदा की जा रही है। भगवान को 750 ग्राम के सोने का मुकुट पहनाया जाता है, जिसकी बाजार में वर्तमान कीमत करीब 70 लाख से अधिक है।
पिछले साल CM साय ने बप्पा को नौ रत्नों से जड़ा 750 ग्राम सोने का मुकुट पहनाकर रस्म अदा की थी।
गोल बाजार स्थित श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति का आयोजन का यह 116वां साल है। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल, सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत कई विधायक और नेता मौजूद रहेंगे।
जेल परिसर में विराजे भगवान गणेश, बंदियों ने बनाई मूर्ति
रायपुर सेंट्रल जेल में गणेश उत्सव का आयोजन किया गया, जहां जेल परिसर में भगवान गणेश की मूर्ति की स्थापना की गई है। खास बात यह रही कि बंदियों ने खुद मिट्टी से भगवान गणेश की सुंदर प्रतिमा तैयार की।
आजीवन कारावास की सजा काट रहे 6 बंदियों ने मुख्य मूर्ति का निर्माण किया। इसके अलावा जेल में बंदियों ने 250 से अधिक गणेश मूर्तियां बनाई। इनमें से सभी मूर्तियां बिक चुकी हैं, जिससे बंदियों की कला और मेहनत को सराहा जा रहा है।
जेल परिसर में बंदियों ने भगवान गणेश की मूर्ति की स्थापना की है।
जेल में बंदियों ने 250 से अधिक गणेश मूर्तियां बनाई। इनमें से सभी मूर्तियां बिक चुकी हैं।
AI से बनी अनोखी गणेश प्रतिमा, बप्पा की आंखों की पलकें भी झपकेंगी
रायपुर के लाखे नगर में इस बार गणपति बप्पा की अनोखी प्रतिमा स्थापित की गई है। इस प्रतिमा की खासियत यह है कि इसे तैयार करने से पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से डिजाइन जनरेट किया गया। यही नहीं, पहली बार गणेश प्रतिमा में ऐसी तकनीक जोड़ी गई है, जिसमें बप्पा की आंखों की पलकें खुलती और बंद होती हैं। इसके लिए प्रतिमा के अंदर मोटर फिट की गई है।
प्रतिमा की खासियत यह है कि इसे तैयार करने से पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से डिजाइन जनरेट किया है।
श्रद्धालुओं को बेसब्री से इंतजार
लाखे नगर में आज शाम को बप्पा का फेस रिवील किया जाएगा, जिसका श्रद्धालुओं को बेसब्री से इंतजार है। पिछले साल भी लाखे नगर की गणेश प्रतिमा छत्तीसगढ़ में चर्चा का विषय बनी थी। दूर-दराज़ से लोग बप्पा के दर्शन करने पहुंचे थे। इस बार की प्रतिमा भी आकर्षण का केंद्र बनने जा रही है।
शिव महिमा की थीम पर पंडाल
रायपुर के गुढियारी गणेशोत्सव समिति की ओर से हर साल थीम बेस पंडाल तैयार किया जाता है। इस बार भगवान शिव की जीवंत लीलाओं में पंडाल को सजाया गया है। 15 हजार वर्गफीट में लगे पंडाल में तरह-तरह की चलित झांकियां होंगी।
इसमें आप अर्धनारीश्वर, सावन की पूजा ,गंगा अवतरण, मार्कंडेय ऋषि का उद्धार, सागर मंथन, भोले की बारात ,शंकर-पार्वती के फेरे ,रावण का कैलाश पर्वत उठाना, कैलाश मानसरोवर की झांकी खास रहेगी।
इसी गलियारे से होते हुए लोग आखिरी में गणपति दर्शन कर पाएंगे। ब्रह्मांड की तरह पंडाल बना है, जिनमें सौर मंडल के ग्रहों के बीच बप्पा दिखाई देंगे। करीब 25 लाख रुपए की लागत से पंडाल तैयार किया गया है। समिति के आयोजन का यह 105वां साल है।
गुढियारी में शिव महिमा की थीम पर पंडाल तैयार किया गया है।
धूमकेतु अवतार में बप्पा
38 साल से गणेश प्रतिमा स्थापित कर रहे श्री भारतीय समाज समिति तात्यापारा में इस बार धूमकेतु अवतार में बप्पा को विराजित करेंगे। राजवाड़ा किला के थीम पर पंजाल को सजाया गया है। वहीं गणेश आगमन भी बड़े भव्य तरीके से किया गया। आज विधिविधान से गणेश जी की पूजा की शुरुआत होगी।
तात्यापारा में धूमकेतु अवतार में बप्पा को विराजित होंगे।
आधी सदी से गूंज रही है हिन्दू-मुस्लिम एकता की मिसाल
वहीं रायपुर के छोटापारा में गणेशोत्सव पिछले 50 साल से सामाजिक सौहार्द और एकता की अनूठी मिसाल पेश कर रहा है। छोटापारा नवयुवक संघ गणेशोत्सव समिति की ओर से स्थापित यह परंपरा अब आधी सदी पार कर चुकी है। यहां गणेशोत्सव की तैयारियों में हिन्दू और मुस्लिम दोनों समुदाय के लोग मिलकर हिस्सा लेते हैं।
छोटापारा में पंडाल की सजावट से लेकर प्रसाद वितरण और झांकियों की तैयारी तक सभी काम मिल जुलकर किए जाते हैं। छोटापारा का यह आयोजन न सिर्फ भक्ति का केंद्र है, बल्कि धार्मिक सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक भी बन गया है।
ये तस्वीरें देखिए…
नवयुवक संघ गणेशोत्सव समिति का गणेश प्रतिमा।
भिलाई में डकैतों से भरे थीम पर पंडाल तैयार किया गया है।
परंपरागत हुनर के साथ आधुनिक उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण,आजीविका के नए अवसर सृजित करने की पहल
कोरबा, 13 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को आजीविका से जोड़ने और उनकी पारंपरिक कला एवं कौशल को रोजगार के बेहतर अवसरों में परिवर्तित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कोनकोना के आश्रित ग्राम समेलीभाटा में निवासरत बिरहोर परिवारों को बांस कला का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 10 से 19 सितंबर तक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान(आरसेटी)कोरबा के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है।
समेलीभाटा के बिरहोर परिवार लंबे समय से पारंपरिक रूप से बांस शिल्प निर्माण का कार्य करते आ रहे हैं। इनके द्वारा बांस से टोकनी, सूपा, झापी सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार कर स्थानीय हाट-बाजारों में विक्रय की जाती हैं। हालांकि पारंपरिक उत्पादों तक सीमित बाजार और उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण कारीगरों को अपनी मेहनत के अनुरूप पर्याप्त आमदनी प्राप्त नहीं हो पाती। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा इन परिवारों के पारंपरिक हुनर को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करने की पहल की गई है।
प्रशिक्षण के दौरान बांस शिल्पकारों को पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ आधुनिक एवं आकर्षक सजावटी वस्तुएं तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें आकर्षक गुलदस्ते, सीनरी, झालर तथा अन्य उपयोगी एवं सजावटी बांस उत्पाद शामिल हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य बांस शिल्पकारों के कौशल में निखार लाते हुए उनके उत्पादों में विविधता, गुणवत्ता और आकर्षण बढ़ाना है, ताकि वे स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर व्यापक बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार कर सकें।
जिला प्रशासन की इस पहल से बिरहोर परिवारों की पारंपरिक कला को संरक्षित करने के साथ ही उसे आय के स्थायी एवं बेहतर माध्यम के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षण के पश्चात राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से इन परिवारों द्वारा तैयार उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे बांस शिल्पकारों को अपने उत्पादों के बेहतर मूल्य प्राप्त करने, बाजार से सीधे जुड़ने तथा अपनी आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।
शांति नगर में गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी मनाने तैयारी पूरी कोरबा/पाली। कल 14 सितम्बर को पूरे भारत वर्ष में गणेश चतुर्थी की धूम रहेगी। जिले में विभिन्न गणेशोत्सव समितियों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में कल गणेश चतुर्थी पर पाली के राजा का भी भव्य और दिव्य आगमन होगा।
गणेशोत्सव समिति शांति नगर पाली के आयोजकों ने बताया कि कल 14 सितम्बर सोमवार को लालबाग के राजा की प्रतिमा बड़े धूमधाम से मंत्रोच्चार के साथ विराजित की जाएगी। भगवान श्रीगणेश की भव्य प्रतिमा पाली के राजा का शुभ आगमन संध्या 7.00 बजे होगा और पाली मुख्य बाजार से कार्यक्रम स्थल तक रैली की शक्ल में आकर्षक आतिशबाजी, आकर्षक एसएफएक्स एवं धूमाल के साथ लाई जाएगी और पंडित जी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ विघ्रहर्ता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आयोजन समिति ने इस भव्य आयोजन में सभी क्षेत्र वासियों को सादर आमंत्रित किया है और पाली के राजा की आगमन रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।
कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित
कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पैसे देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने तथा बाद में उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
शराब के लिए पैसे मांगे, मना करने पर की मारपीट
दिनांक 10.09.2026 की रात्रि लगभग 09:00 बजे प्रार्थी संतोष राठौर निवासी फरसवानी अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपीगण द्वारा उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपीगण द्वारा उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की गई।घटना के कुछ समय बाद आरोपीगण पुनः रात्रि लगभग 12:30 बजे प्रार्थी के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना में प्रार्थी के हाथ में चोट आई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। लगातार पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी के अपने सकुनत पर मौजूद होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 को विधिवत जब्त किया गया।
आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार आरोपी ज्ञान राठौर पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण में संलिप्त रहा है तथा हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था और उसके विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।वर्तमान घटना में पुनः आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने तथा उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की पूर्व आपराधिक गतिविधियों एवं वर्तमान प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर दिनांक 12.09.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।प्रकरण में विवेचना जारी है तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
कोरबा पुलिस की स्पष्ट नीति — अपराध एवं आपराधिक प्रवृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई कोरबा पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।