Connect with us

कोरबा

पूजा विसर्जन के दौरान युवती का iPhone नहर में गिरा:सोनालिया पुल पर युवकों ने घंटों की तलाश की, थाने में दर्ज कराई गुमशुदगी

Published

on

कोरबा। कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सोनालिया पुल पर पूजा सामग्री विसर्जित करते समय एक युवती का iPhone मोबाइल नहर में गिर गया। मोबाइल गिरने के बाद नहर किनारे मौजूद 4 से 5 युवकों ने तुरंत पानी में उतरकर उसे ढूंढने का प्रयास किया। हालांकि, घंटों की मशक्कत के बाद भी मोबाइल का पता नहीं चल सका।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवती SECL क्षेत्र की निवासी है। वह सोनालिया पुल पर पूजा का सामान विसर्जित करने आई थी। पूजा की थैली में रखी सामग्री को नहर में डालते समय उसके हाथ में पकड़ा iPhone फिसलकर गहरे पानी में जा गिरा। यह घटना इतनी अचानक हुई कि युवती कुछ समझ पाती, उससे पहले ही मोबाइल पानी में डूब गया।

मोबाइल गिरने की आवाज सुनकर नहर किनारे मौजूद 4-5 युवक तुरंत मौके पर पहुंचे। युवती के निवेदन पर वे पानी में उतरकर मोबाइल की तलाश में जुट गए। हालांकि, नहर में पानी का बहाव तेज और गहराई अधिक होने के कारण युवकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई घंटों तक छानबीन के बावजूद मोबाइल नहीं मिल पाया।

इस घटना की जानकारी मिलते ही सोनालिया पुल पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोग पुल से नीचे झांककर मोबाइल तलाश रहे युवकों को देखते रहे। भीड़ के कारण कुछ देर के लिए पुल पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सोनालिया नहर पर अक्सर लोग पूजा सामग्री, दीप और फूल विसर्जित करते हैं। त्योहारों के दौरान यहां विसर्जन के लिए काफी भीड़ रहती है। ऐसे में कई बार मोबाइल, पर्स और गहने भी हाथ से छूटकर नहर में गिर जाते हैं।

युवती ने इस संबंध में थाने में मोबाइल गुमशुदगी की सूचना भी दर्ज कराई है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नहर किनारे चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।

Continue Reading

कोरबा

गुजराती समाज की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ:लखनलाल देवांगन ने भवन के लिए 20 लाख की घोषणा की, रामदेव पीर जयंती में हुए शामिल

Published

on

कोरबा। कोरबा के डीडीएम रोड स्थित गुजराती समाज भवन जलाराम मंदिर परिसर में गुजराती समाज और जलाराम सेवा समिति के संयुक्त आयोजन में रामदेव पीर जयंती समारोह श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ अतिथियों ने जलाराम बापा, राम दरबार और रामदेव पीर की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की समृद्धि की कामना की।

जयंती समारोह के दौरान गुजराती समाज की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण भी हुआ। समाज के संरक्षक धीरेन संघवी ने आगामी दो साल के कार्यकाल के लिए सर्वसम्मति से निर्वाचित अध्यक्ष मनोज शर्मा को मंच पर आमंत्रित किया।

अध्यक्ष मनोज शर्मा ने नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों के नामों की घोषणा की। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने सभी को पद और निष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने अध्यक्ष मनोज शर्मा और उनकी टीम को बधाई देते हुए समाज की एकता, सेवा और प्रगति के लिए काम करने की शुभकामनाएं दीं।

समाज भवन के लिए 20 लाख रुपए की घोषणा

समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने गुजराती समाज के सामाजिक और जनकल्याण के कामों की सराहना की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से प्रदेश सरकार की ओर से शुरू किए गए एक महीने के सेवा संकल्प अभियान की जानकारी भी दी।

मंत्री ने समाज भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की। इस पर अध्यक्ष मनोज शर्मा ने गुजराती समाज की ओर से मंत्री का आभार जताया।

अतिथियों ने समाज के कामों की सराहना की

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि रामदेव पीर जयंती पर नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समाज को नई दिशा और ऊर्जा देगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक काम में सभी को साथ लेकर चलना होता है। इसलिए नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को प्रशंसा के साथ टिप्पणी और आलोचना के लिए भी तैयार रहना चाहिए।

नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि गुजराती समाज व्यापारिक कुशलता के साथ स्थानीय संस्कृति से जुड़कर सामाजिक सेवा में भी आगे रहता है। इसी वजह से देशभर में गुजरात और गुजरातियों की अलग पहचान है।

भजन गायक सुमित और पंडित उमाशंकर का सम्मान

कार्यक्रम में नागपुर के युवा भजन गायक सुमित शर्मा ने भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं पंडित उमाशंकर शास्त्री के नेतृत्व में आचार्यों ने पूजा-अभिषेक कराया। मुख्य अतिथि मंत्री लखनलाल देवांगन ने सुमित शर्मा और उमाशंकर शास्त्री को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने अतिथियों का सम्मान किया

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों के साथ गुजराती समाज के संरक्षक शांतिलाल चौहान, धीरेन संघवी और जलाराम सेवा समिति के अध्यक्ष संजय चौहान मंच पर मौजूद रहे। समाज और समिति के वरिष्ठ सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत कर स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया।

कार्यक्रम का संचालन सुरेश चौहान ने किया। आभार पीयूष राठौड़ ने जताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह अतिथियों का सहयोग अध्यक्ष मनोज शर्मा को मिलता रहा है, उसी तरह आगे समाज की नई पीढ़ी को भी सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा। महिला मंडल की अध्यक्ष बिंदु मकवाना और सदस्यों ने आयोजन की व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाई।

ये लोग भी रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, राकेश नागरमल अग्रवाल, नरेंद्र पाटनवार, आकाश श्रीवास्तव और अभिषेक पालीवाल भी शामिल हुए।

समाज के सचिव अतुल चौहान, कोषाध्यक्ष पियूष राठौड़, उपाध्यक्ष रोहित शाह, विशाल चावड़ा, भरत मकवाना, कल्पेश राठौड़, नंदलाल जेठवा, प्रदीप चौहान, तुषार चौहान, उमेश मकवाना, तन्मय टांक, चिराग चौहान, राजेश चौहान, वैभव भट्ट, मनन उपाध्याय, गौरव चौहान, कान्हा मकवाना, अमन टांक सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन की सफलता में योगदान दिया।

Continue Reading

कोरबा

मोरगा में NH-130 पर 24 घंटे में दूसरा हादसा:पहले से क्षतिग्रस्त ट्रेलर से फिर भिड़ा दूसरा ट्रेलर, हाईवे पर दोबारा लगा जाम,चार वाहन क्षतिग्रस्त

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र में नेशनल हाईवे-130 पर लगातार दूसरे दिन सड़क हादसा हो गया। सोमवार रात दुर्घटना में क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर खड़े ट्रेलर से मंगलवार (22 सितम्बर) को एक और ट्रेलर टकरा गया।

24 घंटे के भीतर यह हाईवे पर दूसरी दुर्घटना है। हादसे के बाद एक बार फिर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ।

घाट सेक्शन में निगरानी बढ़ाने की मांग

घाट सेक्शन में निगरानी बढ़ाने की मांग

पहले हादसे के बाद सड़क पर खड़ा था क्षतिग्रस्त ट्रेलर

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात सड़क पर खड़े सरिया लोड ट्रेलर से एक अन्य ट्रेलर टकराया था। इसके कुछ देर बाद एक तीसरा वाहन भी क्षतिग्रस्त ट्रेलर से जा भिड़ा था। इस तरह तीन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुए थे और एक चालक घायल हुआ था। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया था। कई घंटे की मशक्कत के बाद वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया था।

मंगलवार को फिर उसी ट्रेलर से टकराया वाहन

मंगलवार को पहले हादसे में क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर खड़े ट्रेलर से एक और ट्रेलर टकरा गया। इसके बाद हाईवे पर फिर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही मोरगा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क के किनारे कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

घाट सेक्शन में न्यूट्रल में वाहन चलाने का आरोप

स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों की एक वजह ट्रेलर चालकों की लापरवाही है। उनका आरोप है कि घाट सेक्शन में कुछ चालक डीजल बचाने के लिए वाहन को न्यूट्रल में चलाते हैं। इससे ढलान पर वाहन की गति नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है और ब्रेक फेल होने जैसी स्थिति में हादसे का खतरा बढ़ जाता है। हालांकि, इस हादसे के वास्तविक कारण की पुलिस जांच कर रही है।

स्पीड कैमरे और ऑनलाइन चालान की मांग

स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने हादसों पर रोक लगाने के लिए घाट के शुरुआत और अंत में स्पीड ट्रैकर कैमरे लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि ऑनलाइन चालान की व्यवस्था से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वाले ट्रेलर चालकों तथा मालिकों पर नियंत्रण किया जा सकता है।

लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग भी उठ रही है। पुलिस ने घायल चालकों को इलाज के लिए भेजा है और मामले की जांच कर रही है।

Continue Reading

करतला

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय में स्वच्छता, श्रमदान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम

Published

on

कोरबा/करतला।अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर से संबद्ध शासकीय महाविद्यालय करतला की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा भारत सरकार के सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान, श्रमदान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अभ्यागत के रूप में एनएसएस जिला संगठक प्रो. वाई. के. तिवारी, महाविद्यालय प्राचार्य मृगेश कुमार यादव, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. विजय शर्मा, डॉ. संजय कुमार यादव एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. प्रभा शंकर यादव उपस्थित रहे।

श्रमदान से चमका महाविद्यालय परिसर

अभियान के तहत स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर, खेल मैदान, पुस्तकालय भवन एवं प्रवेश द्वार के आसपास श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया। स्वयंसेवकों ने झाड़ू, फावड़ा एवं तगारी के माध्यम से कचरा, घास-फूस एवं प्लास्टिक कचरे को हटाया तथा कचरे को उचित स्थान पर निपटान किया। लगभग 2 घंटे तक चले इस श्रमदान से पूरा परिसर स्वच्छ एवं सुंदर हो गया।

श्रमदान के पश्चात परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” के संकल्प के साथ फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। प्रत्येक स्वयंसेवक ने एक पौधे की देखभाल की जिम्मेदारी ली।

जिला संगठक प्रो. वाई. के. तिवारी ने कहा कि – “17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान ‘स्वच्छता ही सेवा’ और ‘श्रम ही पूजा’ के मंत्र को चरितार्थ करता है। श्रमदान से न केवल परिसर स्वच्छ होता है, बल्कि युवाओं में परिश्रम, एकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित होती है।”

प्राचार्य मृगेश कुमार यादव ने कहा कि एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थी किताबी ज्ञान के साथ-साथ श्रम का महत्व भी सीखते हैं। यह पूरे माह चलने वाला अभियान आगे भी रक्तदान, नशा मुक्ति एवं डिजिटल साक्षरता जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जारी रहेगा।

इस श्रमदान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम में वरिष्ठ स्वयंसेवक रूपेश कुमार राठिया, सुनीता राठिया, गीतांजलि राठिया सहित पुष्पेंद्र यादव, भूपेंद्र कुमार, मंगलेश कुमार, नागेश्वर, गंगोत्री, तुलेश्वरी, टिकेश्वरी, संगीता, लक्ष्मी, ग्रेसी, श्रेया, नंदिनी, भूमि सहित लगभग 90 स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677