सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता महा अभियान के चैंपियन, मेधावी छात्रों, समाजसेवियों और प्रेरक संस्थाओं का भव्य सम्मान समारोह 16 अक्टूबर को होटल ड्रीम पॉइंट जांजगीर में
जांजगीर। हरि लीला ट्रस्ट, बनारी (जांजगीर-नैला) द्वारा आयोजित “सफलता संकल्प उत्सव 2025” का भव्य आयोजन 16 अक्टूबर (गुरुवार) को होटल ड्रीम पॉइंट जांजगीर में अपराह्न 4 बजे से किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे छत्तीसगढ़ शासन के वित्त एवं वाणिज्यिक कर मंत्री ओ.पी. चौधरी, जिन्हें यूथ आइकॉन और प्रेरक नेतृत्व के रूप में जाना जाता है। मंत्री चौधरी कार्यक्रम में मंच से विद्यार्थियों को प्रेरक संबोधन देंगे और उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारण, परिश्रम और सकारात्मक सोच की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े करेंगी। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप, अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष छत्तीसगढ़ विधानसभा नारायण चंदेल, कलेक्टर जन्मेजय महोबे तथा पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इसके साथ ही अन्य गरमानी अतिथि एवं स्थानीय जन मौजूद रहेंगे।
ट्रस्ट अध्यक्ष के जन्मदिन पर परंपरा बनी प्रेरणा और सम्मान का आयोजन
हरिलीला ट्रस्ट के अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया के जन्मदिवस 16 अक्टूबर के अवसर पर जरूरतमंदो के विशेष सहयोग के लिए हर साल विशेष आयोजन कराये जाते है जिसमें गत वर्षों में विश्वविख्यात मोटिवेटर और स्पीकर सोनू शर्मा, अवध ओझा, पूर्व आई.ए.एस. ओ.पी. चौधरी, शंकर गोयनका दिल्ली, डॉ. संतोष राय भिलाई शिरकत कर चुकें हैं। इस बार भी इसी तारतम्य में यह आयोजन किया जा रहा है।
ज्ञान, प्रेरणा और सम्मान का संगम
इस आयोजन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों, संस्थाओं और मेधावी छात्रों का सम्मान किया जाएगा। ट्रस्ट द्वारा आयोजित “सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता – महापरीक्षा अभियान” के विद्यालय स्तर के विजेताओं को मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा तथा विधानसभा स्तर (मुख्य परीक्षा) के विजेताओं को प्रथम रू. 21,000, द्वितीय रू.11,000 तृतीय पुरस्कार रू. 5,100 तथा मोमेंटो + प्रमाण पत्र व सांत्वना पुरस्कार 07 प्रतिभागियों को रू. 2,100 + मोमेंटो + प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को “मेधावी छात्र सम्मान” प्रदान किया जाएगा।
प्रविण्य सूची में आने वाले होंगे सम्मानित
हरि लीला ट्रस्ट प्रतिवर्ष बोर्ड परीक्षाओं की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को रू.21,000 नगद पुरस्कार, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित करता है। यह सम्मान न केवल उनकी उपलब्धि का गौरव है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है कि परिश्रम और संकल्प से सफलता अवश्य मिलती है।
प्रेरणा सम्मान से समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवाजे जाएंगे
इस वर्ष “प्रेरणा सम्मान” की श्रेणी में राज्यपाल/राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षक, समाजसेवी संस्थाएँ, मेडिकल/इंजिनियरिंग, पीएससी, व्यापाम, सब इंस्पेक्टर में चयनित प्रतिभागी, राष्ट्रीय खिलाड़ी, भूतपूर्व सैनिक, कवि-रचनाकार, रक्तदान संगठन, धार्मिक समितियाँ, खेल संघ पदाधिकारी तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित अभ्यर्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
कैरियर गाइडेंस मेला – भविष्य की दिशा
कार्यक्रम के अंतर्गत “कैरियर गाइडेंस मेला” का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों, कॉलेजों एवं प्रोफेशनल संस्थानों द्वारा सूचना व मार्गदर्शन स्टॉल लगाए जाएँगे। इस मेले में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, तकनीकी कोर्स, स्कॉलरशिप, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा करियर विकल्पों की जानकारी दी जाएगी।
समाज में सकारात्मक सोच, सेवा भावना का संचार ट्रस्ट का उद्देश्य
हरि लीला ट्रस्ट के सचिव अमर सुल्तानिया ने बताया कि यह आयोजन केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच, सेवा भावना और सफलता की प्रेरणा जगाने का अभियान है। उन्होंने यह भी कहा कि यह मंच न केवल विद्यार्थियों को सम्मानित करेगा, बल्कि उन्हें ‘सीखने से सफलता तक’ की प्रेरणा भी देगा।”
परंपरागत हुनर के साथ आधुनिक उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण,आजीविका के नए अवसर सृजित करने की पहल
कोरबा, 13 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को आजीविका से जोड़ने और उनकी पारंपरिक कला एवं कौशल को रोजगार के बेहतर अवसरों में परिवर्तित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कोनकोना के आश्रित ग्राम समेलीभाटा में निवासरत बिरहोर परिवारों को बांस कला का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 10 से 19 सितंबर तक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान(आरसेटी)कोरबा के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है।
समेलीभाटा के बिरहोर परिवार लंबे समय से पारंपरिक रूप से बांस शिल्प निर्माण का कार्य करते आ रहे हैं। इनके द्वारा बांस से टोकनी, सूपा, झापी सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार कर स्थानीय हाट-बाजारों में विक्रय की जाती हैं। हालांकि पारंपरिक उत्पादों तक सीमित बाजार और उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण कारीगरों को अपनी मेहनत के अनुरूप पर्याप्त आमदनी प्राप्त नहीं हो पाती। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा इन परिवारों के पारंपरिक हुनर को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करने की पहल की गई है।
प्रशिक्षण के दौरान बांस शिल्पकारों को पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ आधुनिक एवं आकर्षक सजावटी वस्तुएं तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें आकर्षक गुलदस्ते, सीनरी, झालर तथा अन्य उपयोगी एवं सजावटी बांस उत्पाद शामिल हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य बांस शिल्पकारों के कौशल में निखार लाते हुए उनके उत्पादों में विविधता, गुणवत्ता और आकर्षण बढ़ाना है, ताकि वे स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर व्यापक बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार कर सकें।
जिला प्रशासन की इस पहल से बिरहोर परिवारों की पारंपरिक कला को संरक्षित करने के साथ ही उसे आय के स्थायी एवं बेहतर माध्यम के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षण के पश्चात राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से इन परिवारों द्वारा तैयार उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे बांस शिल्पकारों को अपने उत्पादों के बेहतर मूल्य प्राप्त करने, बाजार से सीधे जुड़ने तथा अपनी आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।
शांति नगर में गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी मनाने तैयारी पूरी कोरबा/पाली। कल 14 सितम्बर को पूरे भारत वर्ष में गणेश चतुर्थी की धूम रहेगी। जिले में विभिन्न गणेशोत्सव समितियों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में कल गणेश चतुर्थी पर पाली के राजा का भी भव्य और दिव्य आगमन होगा।
गणेशोत्सव समिति शांति नगर पाली के आयोजकों ने बताया कि कल 14 सितम्बर सोमवार को लालबाग के राजा की प्रतिमा बड़े धूमधाम से मंत्रोच्चार के साथ विराजित की जाएगी। भगवान श्रीगणेश की भव्य प्रतिमा पाली के राजा का शुभ आगमन संध्या 7.00 बजे होगा और पाली मुख्य बाजार से कार्यक्रम स्थल तक रैली की शक्ल में आकर्षक आतिशबाजी, आकर्षक एसएफएक्स एवं धूमाल के साथ लाई जाएगी और पंडित जी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ विघ्रहर्ता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आयोजन समिति ने इस भव्य आयोजन में सभी क्षेत्र वासियों को सादर आमंत्रित किया है और पाली के राजा की आगमन रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।
कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित
कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पैसे देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने तथा बाद में उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
शराब के लिए पैसे मांगे, मना करने पर की मारपीट
दिनांक 10.09.2026 की रात्रि लगभग 09:00 बजे प्रार्थी संतोष राठौर निवासी फरसवानी अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपीगण द्वारा उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपीगण द्वारा उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की गई।घटना के कुछ समय बाद आरोपीगण पुनः रात्रि लगभग 12:30 बजे प्रार्थी के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना में प्रार्थी के हाथ में चोट आई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। लगातार पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी के अपने सकुनत पर मौजूद होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 को विधिवत जब्त किया गया।
आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार आरोपी ज्ञान राठौर पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण में संलिप्त रहा है तथा हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था और उसके विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।वर्तमान घटना में पुनः आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने तथा उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की पूर्व आपराधिक गतिविधियों एवं वर्तमान प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर दिनांक 12.09.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।प्रकरण में विवेचना जारी है तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
कोरबा पुलिस की स्पष्ट नीति — अपराध एवं आपराधिक प्रवृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई कोरबा पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।