Connect with us

विदेश

रूस में चुनाव के आखिरी दिन सैकड़ों ड्रोन से हमला:मॉस्को में 2 की मौत, ऑयल रिफाइनरी को भी नुकसान, रूस ने 1600 ड्रोन मार गिराए

Published

on

मॉस्को, एजेंसी। रूस में संसदीय चुनाव के आखिरी दिन रविवार को मॉस्को और आसपास के इलाकों में सैकड़ों ड्रोन से हमला किया गया। रूसी अधिकारियों के मुताबिक, हमले में कम से कम 2 लोगों की मौत हुई। इनमें एक 44 साल की महिला और एक बुजुर्ग व्यक्ति शामिल हैं।

मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन के मुताबिक राजधानी की एक बड़ी ऑयल रिफाइनरी को भी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल रिफाइनरी में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।

मेयर ने बताया कि शनिवार से रूस ने 1600 से ज्यादा ड्रोन को मार गिराया है। इनमें करीब 450 ड्रोन मॉस्को की तरफ बढ़ रहे थे।

एक ड्रोन के 21 मंजिला अपार्टमेंट से टकराने के बाद आग लग गई। इसके बाद करीब 400 लोगों को इमारत से बाहर निकाला गया। इनमें 70 बच्चे भी शामिल थे।

ड्रोन हमले के बाद राजधानी मॉस्को में धुएं का गुबार नजर आया।

ड्रोन हमले के बाद राजधानी मॉस्को में धुएं का गुबार नजर आया।

रूस में यूक्रेन जंग के बाद पहला संसदीय चुनाव

रूस में शुक्रवार से संसदीय चुनाव के लिए मतदान चल रहा है। यह फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के पूर्ण पैमाने के हमले के बाद पहला संसदीय चुनाव है।

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस चुनाव को यूक्रेन में लड़ रहे रूसी सैनिकों के लिए जनता के समर्थन की परीक्षा के तौर पर पेश किया है।

चुनाव के नतीजों को रूस पुतिन की नीतियों और यूक्रेन युद्ध के समर्थन के तौर पर पेश कर सकता है।

भारतीय समयानुसार रविवार रात 11:30 बजे से शुरुआती नतीजे आने की उम्मीद है। चुनाव के पूरे नतीजे सोमवार तक सामने आ सकते हैं।

रूस ने चुनाव में यूक्रेन के दखल का आरोप लगाया

रूसी अधिकारियों ने चुनाव प्रक्रिया में यूक्रेन के दखल का आरोप लगाया है। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, मॉस्को की ऑनलाइन वोटिंग सिस्टम पर साइबर हमला हुआ। हालांकि, हमले के पीछे यूक्रेन का हाथ होने की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी यूक्रेन पर चुनाव में बाधा डालने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने रूसी नियंत्रण वाले जपोरिज्जिया इलाके में एक चुनाव अधिकारी के घर पर हुए हमले का जिक्र किया।

पुतिन के मुताबिक, हमले में अधिकारी एलेना अस्तानिना की मौत हुई। हालांकि रॉयटर्स के मुताबिक इस दावे की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी।

रूस के कंट्रोल वाले यूक्रेन के मारियुपोल में संसदीय चुनाव के दूसरे दिन एक महिला मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंची।

रूस के कंट्रोल वाले यूक्रेन के मारियुपोल में संसदीय चुनाव के दूसरे दिन एक महिला मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंची।

ज्यादातर युद्ध विरोधी उम्मीदवार चुनाव नहीं लड़ पाए

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस में ज्यादातर ऐसे लोगों को चुनाव लड़ने नहीं दिया गया, जो यूक्रेन युद्ध के खिलाफ हैं।

याब्लोको पार्टी के कुछ उम्मीदवार ही चुनाव लड़ रहे हैं। पार्टी के नेताओं का कहना है कि युद्ध के खिलाफ बोलने पर उन्हें सरकार की कार्रवाई का डर है।

रूस में सेना के खिलाफ बोलने या सरकार की नजर में झूठी खबर फैलाने पर जेल हो सकती है। याब्लोको पार्टी के नेता निकोलाई रिबाकोव ने विरोध जताया। उन्होंने बैलेट पर अपनी पार्टी का नाम लिख दिया।

चुनाव का नतीजा राष्ट्रपति पुतिन के लिए अहम

रॉयटर्स के मुताबिक, रूस की सत्तारूढ़ यूनाइटेड रशिया पार्टी के संसद में अपना दबदबा बनाए रखने की उम्मीद है। हालांकि, यूक्रेन युद्ध की वजह से बढ़ती महंगाई और आर्थिक दबाव का असर कुछ विपक्षी पार्टियों को मिल सकता है।

बर्लिन के NEST थिंक टैंक के मुताबिक, कम्युनिस्ट पार्टी और न्यू पीपल्स पार्टी को सत्ता पक्ष के खिलाफ जाने वाले कुछ वोट मिल सकते हैं। हालांकि, दोनों पार्टियों ने कई बड़े मुद्दों पर यूनाइटेड रशिया का साथ दिया है।

पुतिन ने चुनाव से पहले टीवी पर देश को संबोधित करते हुए कहा था कि लोगों का वोट यूक्रेन में लड़ रहे रूसी सैनिकों के समर्थन को दिखाएगा।

Continue Reading

खेल

एशियन गेम्स के पहले दिन भारत को 2 सिल्वर:दोनों राइफल शूटिंग में आए, मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में भी मेडल पक्का

Published

on

आइची- नागोया/ नई दिल्ली, एजेंसी। भारत ने 20वें एशियन गेम्स के पहले दिन 2 सिल्वर मेडल जीत लिए हैं। दोनों मेडल 10 मीटर राइफल शूटिंग में आए। जबकि स्विमिंग और वुशु के मेडल गंवाए हैं।

रविवार को एलावेनिल वलारिवन ने 10 मीटर राइफल इंडिविजुअल्स इवेंट में 252.4 अंक के साथ सिल्वर जीता। वे 0.6 अंक से गोल्ड मेडल चूक गईं। जापान की हिनाता ताइची ने 253.0 पॉइंट्स लेकर गोल्ड जीता।

इससे पहले भारतीय महिला टीम ने 1898.0 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। इस टीम में एलावेनिल, सोनम मस्कर और विदारसा विनोद शामिल रहीं।

सिल्वर मेडल के साथ भारतीय महिला टीम।

सिल्वर मेडल के साथ भारतीय महिला टीम।

सुचिका ने पहला मेडल पक्का किया

सुचिका तरियाल ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स की ट्रेडिशनल कैटेगरी (-60 kg) के सेमीफाइनल में पहुंचकर मेडल पक्का किया। उन्होंने मंगोलिया की अल्तनचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराया।

क्वार्टर फाइनल मैच जीतने के बाद सुचिका तरियाल।

क्वार्टर फाइनल मैच जीतने के बाद सुचिका तरियाल।

चीन 11 गोल्ड के साथ नंबर-1, भारत 10वें स्थान पर आया

भारत मेडल टैली में 10वें स्थान पर है। चीन 11 गोल्ड समेत 20 मेडल जीतकर पहले स्थान पर है। वहीं, मेजबान जापान 6 गोल्ड के साथ नंबर-2 पर है।

टेबल टेनिस- मेंस टीम को ईरान ने हराया

टेबल टेनिस के मेंस टीम ग्रुप-F मुकाबले में भारत को ईरान के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। मानुष शाह को नोशाद अलामियान ने 3-0 से हराया, जबकि मानव ठक्कर भी बेन्यामिन फराजी के खिलाफ 0-3 से हार गए।

इसके बाद हरमीत देसाई ने नीमा अलामियान के खिलाफ कड़ा मुकाबला खेला, लेकिन 2-3 से हार गए। इस जीत के साथ ईरान ने मुकाबला 3-0 से अपने नाम किया।

फाइनल हारने पर कहा- ‘मेडल पक्का होने के बाद मैं थोड़ी रिलैक्स हो गई थीं-वलारिवन

एशियन गेम्स में 10 मीटर एयर राइफल में सिल्वर मेडल जीतने वाली एलावेनिल वलारिवन ने कहा- ‘यह पूरी टीम की मेहनत का नतीजा है। यह पूरी टीम का कॉन्फिडेंस बढ़ाएगा।’

  • फाइनल हारने पर कहा- ‘मेडल पक्का होने के बाद मैं थोड़ी रिलैक्स हो गई थीं। मुझे फाइनल में अपने प्रदर्शन पर और काम करने की जरूरत है।
  • अपने प्रदर्शन पर कहा, ‘मुझे लगा कि मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया। मेरे लिए यह सीखने की प्रोसेस है। मैं अब आराम और रिकवरी पर ध्यान दूंगी।
  • मजाक में कहा कि उन्हें अपना बिस्तर बहुत याद आ रहा है। वे कोच व टीम साथियों के साथ मेडल सेलिब्रेट करना चाहती हैं।

टेबल टेनिस- भारत ने सिंगापुर को 3-2 से हराया

भारत ने सिंगापुर को 3-2 से हराकर रोमांचक मैच अपने नाम किया। यशस्विनी घोरपड़े ने लोय मिंग को रोमांचक मुकाबले में 5-11, 11-8, 12-10, 4-11, 11-9 से हराकर भारत की जीत पक्की की।

इससे पहले यशस्विनी ने अपने दोनों मैच जीते, जबकि श्रीजा अकुला ने अपना दूसरा मैच जीतकर भारत की वापसी की उम्मीद बनाए रखी।

तैराकी- ऋषभ दास 100 मीटर बैकस्ट्रोक में छठे स्थान पर रहे

भारतीय तैराक ऋषभ दास 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्विमिंग के फाइनल में छठे स्थान पर रहे। वे हीट्स में 54.85 सेकंड के साथ पांचवें स्थान पर रहकर फाइनल में पहुंचे थे। इस इवेंट का गोल्ड चीन के जियायु शू ने जीता। जापान के हिदेकाजु ताकेहारा को सिल्वर और साउथ कोरिया के जुहो ली को ब्रॉन्ज मिला।

हॉकी- भारतीय पुरुष टीम ने इंडोनेशिया को 13-1 से हराया

भारतीय पुरुष टीम ने इंडोनेशिया को 13-1 से हराकर हॉकी टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की। भारत ने 13 गोल किए, जबकि इंडोनेशिया सिर्फ एक गोल कर सका। क्रेग फुल्टन की टीम का अगला मुकाबला मंगलवार को श्रीलंका से होगा।

वजन कम करने सौना बाथ लेने गया भारतीय खिलाड़ी बेहोश, एशियाड से बाहर

एशियाड में हिस्सा लेने गया भारतीय खिलाड़ी सौना बाथ के दौरान बेहोश हो गया। इसके बाद उसे मेडिकल अनफिट घोषित कर दिया गया।

MMA फाइटर वरुण सान्याल 77 KG वेट कैटेगरी का क्वार्टर फाइनल खेलने वाले थे। वरुण शनिवार रात को वजन कम करने के लिए सौना बाथ लेने गए थे। एक नेपाली खिलाड़ी ने उन्हें देखा और मेडिकल टीम तक पहुंचाने में मदद की।

भारत महिला क्रिकेट के फाइनल में, श्रीलंका से मुकाबला 22 सितंबर को

भारतीय टीम महिला क्रिकेट के फाइनल में पहुंच गई है। उसने रविवार को बांग्लदेश को 114 रन के बड़े अंतर से हराया। टीम इंडिया का फाइनल मैच 22 सितंबर को श्रीलंका से होगा।

बैडमिंटन: भारत ने कजाकिस्तान को 3-0 से हराया

भारतीय महिला टीम ने बैडमिंटन के पहले राउंड में कजाकिस्तान को 3-0 से हराया। भारतीय टीम ने तीनों मुकाबलों में जीतकर क्लीन स्वीप किया।

तन्वी शर्मा ने आखिरी मुकाबले में डायना नामेनोवा को 21-5, 21-10 से हराया। इससे पहले उन्नति हुड्‌डा ने अलीसा कुलेशोवा को 21-7, 21-10 से और पीवी सिंधु ने कामीला स्मागुलोवा को 21-7, 21-9 से हराया।

भारत अब महिला टीम इवेंट में पदक पक्का करने के लिए 22 सितंबर को जापान से भिड़ेगा।

पहले मैच के दौरान भारतीय स्टार पीवी सिंधु।

पहले मैच के दौरान भारतीय स्टार पीवी सिंधु।

हॉकी- भारतीय महिला टीम ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया

भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में जीत से शुरुआत की है। उसने रविवार को अपने पहले मैच में उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया।

नागोया में खेले गए पूल बी के विमेंस मैच में दीपिका ने सबसे ज्यादा 8 गोल दागे। उन्होंने 8वें, 22वें, 25वें, 33वें, 36वें, 38वें, 41वें और 54वें मिनट में गोल किए। वे महिला हॉकी के किसी एक मैच में सबसे ज्यादा गोल करने वाली खिलाड़ी बनीं।

एलावेनिल ने सिल्वर दिलाया, आखिरी शॉट में गोल्ड छूटा

भारतीय शूटर एलावेनिल वलारिवन ने विमेंस 10 मीटर एयर राइफल फाइनल में फाइनल की शुरुआत से बढ़त बनाई। वे 21 शॉट तक गोल्ड मेडल की दावेदार थीं।

22 शॉट के बाद एलावेनिल 231.9 अंक के साथ दूसरे स्थान पर आ गईं। हिनाता 232.2 अंक के साथ पहले स्थान पर थीं।

अंतिम शॉट में एलावेनिल ने 10.1 अंक बनाए। हिनाता ने 10.2 अंक हासिल कर गोल्ड मेडल जीता। मजबूत प्रदर्शन के बाद एलावेनिल को सिल्वर मेडल मिला। भारतीय शूटर सोनम मस्कर ने 167.0 अंक के साथ छठे स्थान पर रहीं।

टेबल टेनिस- भारतीय पुरुष टीम भी जीती

टेनिस टेनिस में भारतीय पुरुष टीम ने जीत से शुरुआत की है। ग्रुप-F में भारत ने इंडोनेशिया को 3-0 से हराया।

  • पहला मैच: जी. साथियान ने एम. नेगारा को 3-0 से हराया।
  • दूसरा मैच: मानव ठक्कर ने एम. जुनिंद्रा को 3-2 से हराया।
  • तीसरा मैच: मनुष शाह ने ए. प्रतामा को 3-0 से हराया।

भारत का अगला मुकाबला 20 सितंबर को ईरान के खिलाफ दोपहर 3 बजे से होगा।

शूटिंग- 2 भारतीय 10 मीटर राइफल के फाइनल में

  • सोनम मस्कर ने तीसरे स्थान पर रहकर फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने 634.1 अंक हासिल किए।
  • एलावेनिल वलारिवन ने 633.5 अंक के साथ 7वें स्थान पर रहीं। वे भी फाइनल में पहुंची।

शूटिंग- महिला 10 मी. राइफल टीम इवेंट में सिल्वर आया, चीन को गोल्ड

भारत ने 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर जीता। एलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदारसा विनोद की टीम ने 1898.0 अंक हासिल किए।

चीन ने 1904.2 अंकों के वर्ल्ड रिकॉर्ड स्कोर के साथ गोल्ड जीता। मेजबान जापान 1897.1 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। यह एची-नागोया 20वें एशियन गेम्स में भारत का पहला पक्का मेडल है।

फाइनल मैच के दौरान भारतीय महिला टीम की एलावेनिल वलारिवन।

फाइनल मैच के दौरान भारतीय महिला टीम की एलावेनिल वलारिवन।

सुचिका के बारे में जानिए

  • 36 साल की सुचिका लंबे समय से कई मुकाबला खेलों में हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने जूडो, कुराश, जिउ-जित्सु और अब MMA में अपना करियर बनाया है।
  • सुचिका ने 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने 2023 एशियन गेम्स में कुराश में भी हिस्सा लिया।
  • 2024 में सुचिका जिउ-जित्सु की वर्ल्ड चैंपियन बनी थीं। खेल से दूर होने के बाद दोस्तों के प्रोत्साहन पर उन्होंने दोबारा प्रतियोगिताओं में वापसी की।
  • सुचिका ने MMA को नई चुनौती के तौर पर चुना। घुटने की चोट और कई मुश्किलों के बावजूद उन्होंने इस खेल में एशियन गेम्स डेब्यू किया।
मेडल पक्का करने के बाद सुचिका।

मेडल पक्का करने के बाद सुचिका।

Continue Reading

विदेश

अमेरिका ने मिडिल-ईस्ट में दूतावासों को अलर्ट भेजा:ट्रम्प छुट्टी खत्म होने से पहले व्हाइट हाउस लौटे, दावा- अमेरिकी विमान ब्रिटिश एयरबेस से रवाना हुए

Published

on

वॉशिंगटन/तेहरान, एजेंसी। मिडिल-ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिका ने इलाके में मौजूद अपने दूतावासों और नागरिकों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने लोगों से ज्यादा सतर्क रहने को कहा है।

इसी बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अपना कैंप डेविड दौरा एक दिन पहले खत्म कर शनिवार शाम व्हाइट हाउस लौट आए। ट्रम्प की जल्दी वापसी की वजह व्हाइट हाउस ने नहीं बताई है।

वहीं, रशिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी B-1B लांसर बॉम्बर ने ब्रिटेन के RAF फेयरफोर्ड एयरबेस से फुल आफ्टरबर्नर के साथ उड़ान भरते हुए मिडिल-ईस्ट की तरफ रवाना हुआ है।

ईरान के प्रेस TV ने भी उत्तर-पूर्वी सीरिया के अल-हसकाह में खाराब अल-जिर एयरबेस के पास एयर डिफेंस एक्टिविटी की जानकारी दी है।

9 देशों में अमेरिकी नागरिकों को सावधानी की सलाह

अमेरिका ने इराक, बहरीन, ओमान, सऊदी अरब, ईरान, कतर, लेबनान, कुवैत और जॉर्डन में रह रहे अपने नागरिकों को सावधान रहने को कहा है।

अमेरिका ने कहा कि मिडिल-ईस्ट में जारी संघर्ष तेजी से बढ़ सकता है। इसलिए इन देशों की यात्रा करने वाले अमेरिकियों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

अमेरिकी नागरिकों से कहा गया है कि वे फ्लाइट और एयरपोर्ट से जुड़ी ताजा जानकारी देखते रहें।

ईरान ने जंग खत्म करने के लिए 7 शर्तें रखीं

ईरान ने चल रही जंग खत्म करने के लिए अमेरिका के सामने 7 शर्तें रखी हैं। ईरान ने कहा है कि अगर अमेरिका ने उसकी मांगें नहीं मानीं तो वह जंग जारी रखने के लिए तैयार है।

ईरान के सुरक्षा प्रमुख मोहसिन रेजाई ने अल जजीरा से कहा कि कतर ने मध्यस्थ के तौर पर ईरान की शर्तें अमेरिका तक पहुंचा दी हैं। अब ईरान ट्रम्प के जवाब का इंतजार कर रहा है।

रेजाई के मुताबिक, ईरान की मांगों में सभी मोर्चों पर युद्ध रोकना, विदेशों में फ्रीज किए गए ईरानी फंड जारी करना और नौसैनिक नाकाबंदी खत्म करना शामिल है।

सऊदी बोला- हूतियों ने रियाद पर मिसाइल हमले की कोशिश की

सऊदी अरब ने कहा कि हूतियों ने उसकी राजधानी रियाद पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला करने की कोशिश की। सऊदी सेना के मुताबिक, उसने मिसाइलों को रास्ते में ही रोक दिया।

हूती प्रवक्ता याह्या सरी ने कहा कि संगठन ने सऊदी अरब पर कई बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ ड्रोन भी भेजे। उनके मुताबिक, रियाद और सऊदी तेल कंपनी अरामको की यानबू स्थित सुविधाओं को निशाना बनाया गया।

इस हमले के बाद सऊदी अरब और हूतियों के बीच तनाव और बढ़ गया है।

ईरान की नोबेल विजेता बोलीं- जंग और दमन की कीमत लोग चुका रहे

ईरान की नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नर्गिस मोहम्मदी ने कहा है कि देश में चल रही जंग, आर्थिक संकट और सरकारी दमन का सबसे ज्यादा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने AP से बातचीत में कहा कि हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों के लिए सांस लेना भी मुश्किल हो गया है।

मोहम्मदी ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में समाज में सरकारी दमन और बढ़ा है। आर्थिक दबाव के साथ लोगों पर बढ़ती पाबंदियों ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

मोहम्मदी ने कहा कि इसके बावजूद कई ईरानी अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने खास तौर पर युवा पीढ़ी का जिक्र किया, जो अपने अधिकारों को समझती है और विरोध करने से पीछे नहीं हट रही।

नर्गिस मोहम्मदी खुद भी लंबे समय तक जेल में रहीं

नर्गिस मोहम्मदी कई सालों से मानवाधिकारों के लिए आवाज उठाती रही हैं और कई बार जेल जा चुकी हैं। उन्हें 2023 में नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया था।

दिसंबर में हिरासत के दौरान उन्होंने सुरक्षा बलों पर मारपीट का आरोप लगाया था। बाद में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जमानत पर रिहा कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि अब उनकी सेहत में सुधार हो रहा है।

Continue Reading

विदेश

रिपोर्ट- ट्रम्प सरकार ने हूती विद्रोहियों से सीक्रेट डील की:अमेरिकी जहाजों पर हमला नहीं करेंगे हूती लड़ाके, बदले में सऊदी की मदद नहीं करेगा अमेरिका

Published

on

वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिका ने यमन के हूती विद्रोहियों के साथ सीक्रेट डील की है। एक्सिओस की रिपोर्ट के मुताबिक इस डील के तहत हूतियों ने अमेरिका को भरोसा दिया है कि वे लाल सागर में अमेरिकी और अंतरराष्ट्रीय जहाजों को निशाना नहीं बनाएंगे।

इसके बदले में अमेरिका यमन में हूतियों के खिलाफ सऊदी अरब की सैन्य मदद नहीं करेगा।

अमेरिकी अधिकारियों और हूती नेताओं के बीच यह बातचीत पिछले हफ्ते ओमान की राजधानी मस्कट के अमेरिकी दूतावास में हुई थी। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सोमवार को पुष्टि की कि अमेरिका हूतियों के सीधे संपर्क में है।

सऊदी के जहाजों को अब भी निशाना बनाएंगे हूती

हूतियों ने कहा है कि लाल सागर में सऊदी के जहाजों और सऊदी का तेल ले जाने वाले जहाजों को वे अब भी टारगेट करेंगे।

हूतियों की दलील है कि यमन पर सऊदी अरब की नाकेबंदी और सैन्य कार्रवाई के चलते उसके जहाजों को निशाना बनाना उनका अधिकार है। मामले से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, 2025 में अमेरिका और हूतियों के बीच हुआ सीजफायर कायम है।

हूतियों से सऊदी को अकेले लड़ना पड़ सकता है

पिछले हफ्ते हूतियों ने यमन के पश्चिमी हिस्से में लाल सागर के किनारे का बड़ा इलाका अपने कब्जे में ले लिया।

सऊदी अरब को उम्मीद थी कि अमेरिका उसके साथ खड़ा होगा। लेकिन अमेरिका ने अब तक हूतियों के खिलाफ सऊदी के समर्थन में कोई सीधी सैन्य कार्रवाई नहीं की है।

अमेरिका ने जरूर कहा है कि हूतियों की गतिविधियां बाब अल-मंदब स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही के लिए खतरा हैं।

अमेरिका पहले से ईरान के साथ संघर्ष में उलझा हुआ है। ईरान हूतियों का समर्थन करता है। ऐसे में अगर अमेरिका यमन में सीधे उतरता है तो उस पर एक और सैन्य मोर्चे का दबाव बढ़ सकता है।

सऊदी का आरोप- हूतियों ने मक्का पर ड्रोन से हमला किया

सऊदी अरब ने आरोप लगाया है कि हूतियों ने मक्का की तरफ ड्रोन भेजकर हमला करने की कोशिश की। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह उसके लिए ‘रेड लाइन’ है। सऊदी डिफेंस फोर्सेस ने ड्रोन नष्ट करने का दावा किया है।

सऊदी गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्किये अल-मलिकी के मुताबिक, ड्रोन को स्थानीय समयानुसार मंगलवार शाम करीब 6:50 बजे मक्का के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र के पास रोका गया।

यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार और 57 देशों के संगठन ऑर्गनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन (OIC) ने भी कथित हमले की निंदा की है।

जेद्दा पर हूती हमले के बाद मिसाइलों को मार गिराने की कोशिश करती सऊदी एयर डिफेंस सिस्टम। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

जेद्दा पर हूती हमले के बाद मिसाइलों को मार गिराने की कोशिश करती सऊदी एयर डिफेंस सिस्टम। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

हूतियों ने सऊदी के आरोप को ‘सदी का सबसे बड़ा झूठ’ बताया

हूतियों ने मक्का पर ड्रोन हमले के आरोप को खारिज किया है। हूती लीडरशिप ने इसे ‘सदी का सबसे बड़ा झूठ’ बताया और कहा कि सऊदी अरब पहले भी ऐसे दावे करता रहा है।

हूती उप विदेश मंत्री अब्दुल वहीद अबू रास ने पलटवार करते हुए सऊदी अरब पर ही मक्का और मदीना जैसे पवित्र स्थलों की गरिमा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।

हूतियों ने सऊदी F-15 गिराने का भी दावा किया

हूतियों ने दावा किया कि उन्होंने मारिब के पास सऊदी अरब का F-15 लड़ाकू विमान गिराया है। साथ ही लाल सागर के बंदरगाह शहर यानबू में सऊदी तेल कंपनी अरामको के एक संयंत्र पर हमला करने का दावा किया।

हूती वार्ता टीम के प्रमुख मोहम्मद अब्दुल सलाम ने कहा कि F-15 गिराने की बात इसलिए बताई गई है, ताकि पश्चिमी देश सऊदी की बातों में न आएं।

हूतियों ने यह फुटेज जारी करते हुए सऊदी के F-15 को निशाना बनाने का दावा किया।

हूतियों ने यह फुटेज जारी करते हुए सऊदी के F-15 को निशाना बनाने का दावा किया।

हूती नेता बोले- पाकिस्तान-तुर्किये से मदद मांग रहा सऊदी

हूती पॉलिटिकल ब्यूरो के सदस्य मोहम्मद अल-फराह ने कहा कि सऊदी अरब यमन में मुश्किल स्थिति में फंस गया है। उनके मुताबिक, युद्ध और नाकेबंदी के बावजूद सऊदी अरब अपना लक्ष्य हासिल नहीं कर पाया।

अल-फराह ने कहा कि अब सऊदी अरब पाकिस्तान, तुर्किये, अमेरिका, इजराइल और मिस्र से मदद मांग रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मक्का पर हमले का मुद्दा उठाकर सऊदी अरब मुस्लिम देशों को अपने साथ लाने की कोशिश कर रहा है

अमेरिका-इजराइल और अरब देशों ने भी सीक्रेट बैठक की

इजराइली अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिका, इजराइल और कई अरब देशों के सैन्य प्रमुखों ने पिछले हफ्ते जर्मनी में सीक्रेट बैठक की। यह बैठक अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर ने बुलाई थी।

एक्सियोस के पत्रकार बराक रैविड के मुताबिक, बैठक में इजराइल, सऊदी अरब, UAE, बहरीन, कुवैत, कतर, जॉर्डन और मिस्र के सैन्य प्रमुख शामिल हुए। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद यह इस तरह की पहली बैठक थी।

इजराइल पहले हूती हमलों का निशाना रहा है। अब वह सऊदी अरब की मदद के लिए यमन में हूतियों के खिलाफ कार्रवाई करने की पेशकश कर रहा है।

यमन में 500 से ज्यादा सरकारी लड़ाके मारे गए

यमन में हूतियों के खिलाफ लड़ाई में पिछले चार हफ्तों में सरकार समर्थित 500 से ज्यादा लड़ाके मारे गए हैं। सरकार के समर्थन में लड़ने वाली नेशनल रेजिस्टेंस फोर्स ने यह दावा किया है।

संगठन के मुताबिक, इसी दौरान होदेदा और ताइज प्रांतों में 1,000 से ज्यादा हूती लड़ाके भी मारे गए। हूतियों ने इस पर प्रतिक्रिया नहीं दी है।

इस बीच यमन सरकार ने लाल सागर के तट पर और सैनिक भेजने का फैसला किया है। सरकार के एक अधिकारी ने पिछले हफ्ते की हार को स्वीकार करते हुए कहा कि सरकारी बल फिर से इलाके में लौटेंगे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677