Connect with us

कोरबा

बच्चों की पढ़ाई न हो प्रभावित, जनदर्शन में शिक्षा एवं छात्रावास सुविधा सुनिश्चित करने की पहल

Published

on

पेट्रोल पंप संचालन में अनियमितता की शिकायत पर प्रशासन सख्त, जांच के बाद होगी कार्रवाई

कलेक्टर ने सुनी जनता की समस्याएं, समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश

149 आवेदन हुए प्राप्त, शिक्षा, जनहित व मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों पर त्वरित समाधान हेतु किया निर्देशित

कोरबा। जिले के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 149 आवेदन प्राप्त हुए।

जनदर्शन में ग्राम नवागांव, कटघोरा निवासी महेश्वर नाथ सहिस ने अपने बच्चों की शिक्षा एवं परिवार के भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता की मांग करते हुए आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी श्रीमती संतोषी बाई का गंभीर बीमारी के कारण निधन हो चुका है तथा दुर्घटना में पैर टूट जाने से वे शारीरिक श्रम करने में असमर्थ हैं। आर्थिक कठिनाइयों के कारण वे अपने पुत्र एवं पुत्री, जो क्रमशः कक्षा छठवीं और तीसरी में अध्ययनरत हैं, की शिक्षा एवं देखभाल का समुचित प्रबंध नहीं कर पा रहे हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री दुदावत ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास एवं जिला शिक्षा अधिकारी को बच्चों की शिक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावास में आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में सीट रिक्त होने पर बच्ची का संस्था में प्रवेश दिलाने की कार्यवाही करने को कहा। साथ ही समाज कल्याण विभाग को आवेदक को विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में हरदीबाजार निवासी विष्णु कुमार यादव ने किसानों की समस्या से जुड़ा आवेदन प्रस्तुत करते हुए शिकायत की कि सुपेतपारा, रेंकी एवं अण्डीकछार क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पम्प में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को ट्रैक्टरों के लिए पर्याप्त डीजल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। आवेदन में पेट्रोल पम्प संचालन संबंधी अन्य अनियमितताओं की भी जानकारी दी गई। किसानों की समस्या को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने ’खाद्य अधिकारी’ को तत्काल जांच कर वस्तुस्थिति का परीक्षण करने तथा शिकायत सही पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में प्राप्त अन्य आवेदनों में सीमांकन, मुआवजा भुगतान, रोजगार उपलब्ध कराने, दिव्यांगजन सहायता, बिजली आपूर्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित राशि, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, कृषक पंजीयन, वनाधिकार पट्टा, नक्शा सुधार, पेयजल व्यवस्था हेतु हैंडपंप स्थापना, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न जनहित के मुद्दे शामिल रहे।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी प्रकरणों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जनदर्शन शासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है तथा नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशील और त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Continue Reading

कोरबा

सावन में उत्पात मचाने वालों पर कोरबा पुलिस सख्त:बाइकर्स गिरोह, शराबियों पर रहेगी पैनी नजर, हिंदू नारायणी सेना ने सौंपा ज्ञापन

Published

on

कोरबा। कोरबा पुलिस ने सावन महीने में कांवड़ यात्रा के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष तैयारी की है। प्रत्येक सावन सोमवार को कनकीधाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस पेट्रोलिंग टीम गश्त करेगी। चौक-चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पिछले वर्षों में सावन सोमवार के दौरान कुछ बाइकर्स गिरोहों द्वारा फटे साइलेंसर, तेज आवाज में डीजे और तेज रफ्तार से वाहन चलाकर उत्पात मचाने की शिकायतें मिली थीं। ऐसे मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को जेल भेजा था।

उन्होंने कहा कि इस बार भी ऐसे तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने, मारपीट, छेड़छाड़ या शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदू नारायणी सेना ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

सावन सोमवार के दौरान श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानियों को लेकर हिंदू नारायणी सेना के प्रमुख अरविंद अग्रवाल और उनकी टीम ने कोरबा एसपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कनकीधाम जाने वाले रास्ते में श्रद्धालुओं के साथ कथित छेड़छाड़, मारपीट और अभद्रता की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की गई।

ज्ञापन में तेज आवाज में डीजे बजाने और फटे साइलेंसर वाली बाइकों से धार्मिक माहौल खराब होने की शिकायत भी की गई। सेना ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, ताकि कांवड़ियों की यात्रा सुरक्षित और निर्विघ्न हो सके।

रविवार शाम से शुरू हो जाती है कांवड़ यात्रा

सावन सोमवार से एक दिन पहले रविवार शाम से ही कांवड़िया भक्त कनकीधाम के लिए रवाना होना शुरू हो जाते हैं। श्रद्धालु पैदल, वाहनों से और समूहों में कांवड़ लेकर ‘बोल बम’ के जयकारे लगाते हुए कनकीधाम पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक आस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति या समूह को बख्शा नहीं जाएगा। सावन सोमवार के दौरान शांति भंग करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी और नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading

कोरबा

टाटा-गल्फ के नाम पर नकली उत्पादों का कारोबार:कोरबा में पेट्रोल पंप के गोदाम से 192 DEF बकेट जब्त, संचालक गिरफ्तार

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले में नामी ऑटोमोबाइल और लुब्रिकेंट कंपनियों के नाम पर नकली उत्पादों का कारोबार चल रहा था। पुलिस और बौद्धिक संपदा संरक्षण संस्था EIPR (India) की संयुक्त टीम ने दीपका थाना क्षेत्र के ग्राम तिवरता स्थित श्रद्धा फ्यूल्स पर छापा मारकर इसका भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान टाटा मोटर्स और गल्फ ऑयल के नाम से पैक नकली उत्पाद बरामद किए गए हैं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि श्रद्धा फ्यूल्स का संचालक चैतन्य मनहर टाटा मोटर्स और गल्फ ऑयल जैसी कंपनियों के नाम से जाली उत्पाद बेच रहा है। कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर दीपका थाना के उपनिरीक्षक प्रेमचंद साहू और उपनिरीक्षक ललित कुमार गावड़े के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।

गोदाम से 192 DEF बकेट बरामद

पेट्रोल पंप के पीछे बने स्टोर रूम की तलाशी के दौरान गोदाम से टाटा मोटर्स के नाम से पैक 20-20 लीटर के 192 सीलबंद DEF बकेट बरामद किए गए। इनकी अनुमानित बाजार कीमत 2.67 लाख रुपए से अधिक बताई गई है। इसके अलावा गल्फ ऑयल के नाम से पैक अन्य लुब्रिकेंट उत्पाद भी मिले। पुलिस ने सभी संदिग्ध उत्पादों को जब्त कर उनकी वास्तविकता की पुष्टि के लिए जांच शुरू कर दी है।

19 वर्षीय संचालक गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान श्रद्धा फ्यूल्स के संचालक चैतन्य मनहर (19) को गिरफ्तार किया गया। वह ग्राम तिवरता निवासी कुशल मनहर का पुत्र है। पूछताछ में आरोपी ने इस कारोबार के कथित मास्टरमाइंड के रूप में अनूप गोयल का नाम बताया है। पुलिस अब अनूप गोयल की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

धोखाधड़ी और कॉपीराइट एक्ट के तहत FIR

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दीपका थाने में FIR क्रमांक 0356/2026, दिनांक 8 अगस्त 2026 को मामला दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 318(4), 347 और 349, कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 के तहत कार्रवाई की गई है।

नकली DEF से वाहन को हो सकता है नुकसान

डीईएफ (Diesel Exhaust Fluid) का इस्तेमाल डीजल वाहनों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए किया जाता है। नकली DEF और लुब्रिकेंट के इस्तेमाल से वाहनों के इंजन और अन्य सिस्टम में गंभीर खराबी आ सकती है। इससे ग्राहकों को आर्थिक नुकसान होने के साथ प्रतिष्ठित कंपनियों की साख भी प्रभावित होती है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में युवा कांग्रेस ने मनाया स्थापना दिवस:पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने युवाओं को समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ

Published

on

कोरबा। कोरबा में भारतीय युवा कांग्रेस ने शनिवार को अपना स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर जिला युवा कांग्रेस कार्यालय, एसईसीएल मुड़ापार में वृक्षारोपण और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और कार्यकर्ताओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल थे। उन्होंने कार्यालय परिसर में पौधा लगाकर वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के मद्देनजर वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

उन्होंने जोर दिया कि लगाए गए प्रत्येक पौधे से आने वाली पीढ़ी को जीवन मिलेगा। अग्रवाल ने उपस्थित युवा कार्यकर्ताओं को समाज सेवा, संगठन की मजबूती और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित रहने की शपथ भी दिलाई।

जयसिंह अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की आधारशिला होती है और उनमें बदलाव लाने की क्षमता होती है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक और पर्यावरणीय मुद्दों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया, जिससे देश की दिशा और दशा बदली जा सके।

उन्होंने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से केवल राजनीति तक सीमित न रहकर गांव-गांव में स्वच्छता, नशा मुक्ति और हरियाली के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाने का आग्रह किया।

इस कार्यक्रम में पीसीसी सचिव विकास सिंह, डीसीसी उपाध्यक्ष अशोक लोढ़ा, पवन विश्वकर्मा, बृजभूषण, सुनील निर्मलकर, अजित बर्मन, विवेक श्रीवास, अमित सिंह सहित निकिता खलखो, ईशा, मुस्कान, नितेश, कुलदीप, नारायण, सुजीत बर्मन, मनीष, बाबिल, आकाश प्रजापति, मिनकेतन, वीरेन्द्र, लगन, हेमंत और निखिल समेत बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

सभी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने यह भी प्रण किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सहयोग करेंगे।

जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि स्थापना दिवस को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाते हुए पूरे जिले में सप्ताहभर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ तथा देशभक्ति के नारों के साथ हुआ।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677