Connect with us

कोरबा

राज्योत्सव के सफल आयोजन हेतु आवश्यक सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

Published

on

हॉस्पिटल का निरीक्षण कर  नर्सिंग होम एक्ट के निर्धारित मानकों की जांच  करने सभी एसडीएम को किया निर्देशित

पीवीटीजी आवासों मे सोलर पैनल लगवाने की कार्यवाही शीघ्रता से करें पूर्णः- कलेक्टर

कलेक्टर ने ली समय सीमा की बैठक,  विभागीय कार्यो की हुई समीक्षा

कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत ने  समय सीमा की बैठक  लेकर विभागीय कामकाज एवं शासकीय कार्यो के क्रियान्वयन स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कार्य प्रगति हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए।  उन्होंने टीएल के विभागवार लम्बित प्रकरणों की भी जानकारी लेते हुए शीघ्र निराकरण हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने राज्योत्सव की तैयारियों के सम्बंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक सभी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। विभागों द्वारा लगाए जाने वाले विभागीय स्टॉल, हितग्राहियों को प्रदान की जाने वाली सामग्री, चेक , सर्टिफिकेट इत्यादि की व्यवस्था भी समय पर पूर्ण करने की समझाइश दी। उन्होंने सभी अधिकारियों को प्राप्त दायित्वों का जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया।

कलेक्टर श्री वसंत ने  सभी एसडीएम को अपने अनुविभाग स्तर के सभी हॉस्पिटल का निरीक्षण कर नर्सिंग होम एक्ट के सभी निर्धारित मानकों की संस्थान में जांच करने निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि  हॉस्पिटल में नर्सिंग होम एक्ट की सभी क्राइटेरिया पूरी होनी आवश्यक है। जिसका हॉस्पिटल प्रबंधन को व्यवस्था करना आवश्यक है। उन्होंने इस हेतु स्वास्थ्य विभाग को सम्मिलित कर एक टीम का गठन कर हॉस्पिटल का सघन जांच करने के निर्देश दिए।  साथ ही इन संस्थानों में विगत दिनों आयुष्मान कार्ड से हुए इलाजो के मरीजों से सम्पर्क कर  उपचार का सत्यापन भी कराने निर्देशित किया। जिससे जिले में फर्जी आयुष्मान कार्ड के क्लेम पर  नियंत्रण लगाया जा सके। उन्होंने बाल सम्प्रेक्षण गृह के निर्माण कार्य प्रगति की जानकारी लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही साथ ही संस्थान का  एसडीएम व डीपीओ को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने जिले में दो माह पूर्व  डीएमएफ से स्वीकृत व अप्रारम्भ कार्यो की जानकारी तैयार करने हेतु सभी सीईओ जनपदों को निर्देशित किया, जिससे इन कार्यो को प्राथमिकता से प्रारम्भ किया जा सके। उन्होंने बंद हो चुकी शासकीय योजनाओं की बैंक खातों को शीघ्र ही बंद कराकर  बचत राशि शासन के खाते में जमा कराने के निर्देश सभी विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने रेडक्रॉस समिति को ब्लड डोनेशन वाहन उपलब्ध कराने की कार्यवाही भी यथाशीघ्र पूर्ण कराने के लिए कहा।
कलेक्टर ने आत्मानंद विद्यालयों में अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति उपरांत जॉइनिंग नहीं करने वाले शिक्षकों के स्थान पर प्रतीक्षा सूची से मेरिट अभ्यर्थी को शीघ्रता से नियुक्ति प्रदान करने की बात कही। जिससे शेष शिक्षण सत्र में बच्चों की पढ़ाई बेहतर हो पाए।’साथ ही युकियुक्त करण के पश्चात वर्तमान में स्कूलों में जॉइनिंग करने वाले शिक्षकों की सर्विस बुक में अवकाश का समायोजन करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के पीवीटीजी बाहुल्य क्षेत्रों के पीवीटीजी आवासों में पीएम सूर्यघर योजना के तहत सोलर पैनल लगवाने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश कार्यपालन अभियंता विद्युत विभाग को दिए।


कलेक्टर ने ई -ऑफिस कार्य प्रणाली लागू करने हेतु शेष विभागीय अधिकारियों को  जल्दी से कार्यालय में ई- ऑफिस  लागू करने एवं ई ऑफिस के माध्यम से ही फाइल आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता अनुसार  कर्मचारियों को एनआईसी के माध्यम से  तकनीकी प्रशिक्षण दिलाने  के लिए कहा । उन्होंने जिले में उज्ज्वला योजना के  तहत प्राप्त  लक्ष्यों को पूर्ण करने हेतु एसडीएम एवं खाद्य अधिकारी को गम्भीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। आयुष विभाग को यथाशीघ्र पॉलिक्लिनिक में  ओपीडी के साथ साथ आईपीडी सेवा प्रारम्भ करने हेतु निर्देशित किया। इस हेतु आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने की बात कही।
बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों में समय सीमा के लंबित प्रकरणों का जांच कर  निराकरण करने हेतु  अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर  अनुविभागीय अधिकारी कटघोरा तन्मय खन्ना, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

बांस शिल्प के लिए बिरहोर परिवारों को दिया जा रहा कौशल उन्नयन प्रशिक्षण

Published

on

परंपरागत हुनर के साथ आधुनिक उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण,आजीविका के नए अवसर सृजित करने की पहल

कोरबा, 13 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को आजीविका से जोड़ने और उनकी पारंपरिक कला एवं कौशल को रोजगार के बेहतर अवसरों में परिवर्तित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कोनकोना के आश्रित ग्राम समेलीभाटा में निवासरत बिरहोर परिवारों को बांस कला का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 10 से 19 सितंबर तक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान(आरसेटी)कोरबा के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है।

समेलीभाटा के बिरहोर परिवार लंबे समय से पारंपरिक रूप से बांस शिल्प निर्माण का कार्य करते आ रहे हैं। इनके द्वारा बांस से टोकनी, सूपा, झापी सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार कर स्थानीय हाट-बाजारों में विक्रय की जाती हैं। हालांकि पारंपरिक उत्पादों तक सीमित बाजार और उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण कारीगरों को अपनी मेहनत के अनुरूप पर्याप्त आमदनी प्राप्त नहीं हो पाती। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा इन परिवारों के पारंपरिक हुनर को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करने की पहल की गई है।

प्रशिक्षण के दौरान बांस शिल्पकारों को पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ आधुनिक एवं आकर्षक सजावटी वस्तुएं तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें आकर्षक गुलदस्ते, सीनरी, झालर तथा अन्य उपयोगी एवं सजावटी बांस उत्पाद शामिल हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य बांस शिल्पकारों के कौशल में निखार लाते हुए उनके उत्पादों में विविधता, गुणवत्ता और आकर्षण बढ़ाना है, ताकि वे स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर व्यापक बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार कर सकें।

जिला प्रशासन की इस पहल से बिरहोर परिवारों की पारंपरिक कला को संरक्षित करने के साथ ही उसे आय के स्थायी एवं बेहतर माध्यम के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षण के पश्चात राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से इन परिवारों द्वारा तैयार उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे बांस शिल्पकारों को अपने उत्पादों के बेहतर मूल्य प्राप्त करने, बाजार से सीधे जुड़ने तथा अपनी आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।

Continue Reading

कोरबा

पाली के राजा का भव्य आगमन कल

Published

on

शांति नगर में गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी मनाने तैयारी पूरी
कोरबा/पाली। कल 14 सितम्बर को पूरे भारत वर्ष में गणेश चतुर्थी की धूम रहेगी। जिले में विभिन्न गणेशोत्सव समितियों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में कल गणेश चतुर्थी पर पाली के राजा का भी भव्य और दिव्य आगमन होगा।

गणेशोत्सव समिति शांति नगर पाली के आयोजकों ने बताया कि कल 14 सितम्बर सोमवार को लालबाग के राजा की प्रतिमा बड़े धूमधाम से मंत्रोच्चार के साथ विराजित की जाएगी। भगवान श्रीगणेश की भव्य प्रतिमा पाली के राजा का शुभ आगमन संध्या 7.00 बजे होगा और पाली मुख्य बाजार से कार्यक्रम स्थल तक रैली की शक्ल में आकर्षक आतिशबाजी, आकर्षक एसएफएक्स एवं धूमाल के साथ लाई जाएगी और पंडित जी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ विघ्रहर्ता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
आयोजन समिति ने इस भव्य आयोजन में सभी क्षेत्र वासियों को सादर आमंत्रित किया है और पाली के राजा की आगमन रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।

Continue Reading

कोरबा

शराब पीने के लिए पैसे मांगे, मना करने पर युवक से मारपीट एवं जान से मारने की धमकी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Published

on

कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित

कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पैसे देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने तथा बाद में उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

शराब के लिए पैसे मांगे, मना करने पर की मारपीट

दिनांक 10.09.2026 की रात्रि लगभग 09:00 बजे प्रार्थी संतोष राठौर निवासी फरसवानी अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपीगण द्वारा उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपीगण द्वारा उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की गई।घटना के कुछ समय बाद आरोपीगण पुनः रात्रि लगभग 12:30 बजे प्रार्थी के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना में प्रार्थी के हाथ में चोट आई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। लगातार पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी के अपने सकुनत पर मौजूद होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 को विधिवत जब्त किया गया।

आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार आरोपी ज्ञान राठौर पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण में संलिप्त रहा है तथा हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था और उसके विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।वर्तमान घटना में पुनः आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने तथा उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की पूर्व आपराधिक गतिविधियों एवं वर्तमान प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।

आरोपी न्यायिक रिमांड पर

गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर दिनांक 12.09.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।प्रकरण में विवेचना जारी है तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

कोरबा पुलिस की स्पष्ट नीति — अपराध एवं आपराधिक प्रवृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई
कोरबा पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सजग कोरबा, सतर्क कोरबा

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677