कोरबा। सर्ववर्गीय जायसवाल समाज पाली का सामाजिक अधिवेशन डड़सेना कलार समाज भवन केराझरिया पाली आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल थे। कलार समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष रामगोपाल डिक्सेना ने अध्यक्षता की।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन, अजय जायसवाल नगर पंचायत अध्यक्ष पाली, प्रशांत मिश्रा सांसद प्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान सहस्रार्जुन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। मुख्य अतिथि मंत्री जायसवाल ने कहा कि कलार समाज ने छत्तीसगढ़ के वैभव को संवारा है। राज्य व देश के विकास में इस समाज का योगदान सर्वोपरि है।
पाली परिक्षेत्र डड़सेना समाज के अध्यक्ष बृजमोहन डिक्सेना ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। रामगोपाल डिक्सेना ने पूर्व में मुख्यमंत्री द्वारा कटघोरा के जडगा मोड़ कसनिया में सहस्रार्जुन चौक के निर्माण की घोषणा के बावजूद अब तक कार्य प्रारंभ नहीं होने पर मुख्य अतिथि का ध्यान आकर्षित कराया। अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार रखे। मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कलचुरी शासकों के महेश्वर से तुमान, रतनपुर, रायपुर प्रवास, शिवनाथ नदी के दोनों छोर के 18-18 गढ़ से छत्तीसगढ़ नामकरण की प्रामाणिकता को बताया। अंग्रेजों द्वारा वैभवशाली कलचुरी संस्कृतियों के विनाश को लार्ड मैकाले की शिक्षा प्रणाली से जोड़ते हुए नालंदा और तक्षशिला के विघटन से समाज को अवगत कराया। उन्होंने समाज भवन के विकास के लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा की और 5 लाख रुपए देने की घोषणा जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह ने की। समाज उत्थान के विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए नंदलाल जायसवाल, कीर्ति जायसवाल, दिनेश गुरुजी, देवलाल सहित अन्य सामाजिक बंधुओं को मंत्री ने शॉल-श्रीफल व प्रतीक चिन्ह से सम्मानित किया। पाली परिक्षेत्र की 13 इकाई अध्यक्षों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रमेश डिक्सेना, विनोद जायसवाल, डॉ. शकुंतला जायसवाल, मोनिका जायसवाल, राजेन्द्र जायसवाल, रामगोपाल जायसवाल, ओमप्रकाश डिक्सेना, लक्ष्मण डिक्सेना, तिरिथ जायसवाल, सुनील जायसवाल, बेदराम डिक्सेना, कमल जायसवाल, दीपक जायसवाल, अशोक जायसवाल, छेदीलाल जायसवाल, टकेश्वर जायसवाल, मायाराम जायसवाल, कामता डिक्सेना सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों के सामाजिक बंधु उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सुनील जायसवाल और आभार दिनेश जायसवाल ने किया।
कोरबा। आरजीआई पोर्टल से आनलाईन जन्म-मृत्यु पंजीयन हेतु 16 फरवरी को जनपद पंचायत कोरबा के सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे से अपरांह 01 बजे तक तथा दोपहर 02 बजे से 04 बजे तक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है। प्रशिक्षण जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारियों द्वारा दिया जायेगा। जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी ने बताया कि जिला चिकित्सालय कोरबा, शहरी प्राथमिक केन्द्र ढोढ़ीपारा, एसईसीएल कोरबा (मुड़ापार), सीएसईबी पूर्व, ईएसआईसी अस्पताल कोरबा, समस्त सामुदायिक, प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केन्द्र विकासखंड कोरबा के लिए प्रशिक्षण का आयोजन प्रातः 11 बजे से दोपहर 01 बजे तक किया जायेगा। इसी तरह नगर पालिका कोरबा एवं जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत समस्त ग्राम पंचायत सचिवों के लिए प्रशिक्षण का आयोजन दोपहर 02 बजे से 04 बजे तक किया जायेगा।
डॉ भीमराव अंबेडकर घंटाघर मैदान में छक्का-चौकों की होगी बरसात रोज हजारों की संख्या में पहुंचेंगे दर्शक, कोरबा प्रेस क्लब ने पूरी की तैयारी 22वें वर्ष में प्रवेश करेगा स्व. केएल मेहता स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट कोरबा। जिले में क्रिक्रेट का सबसे बड़ा टूर्नामेंट कहे जाने वाला स्व. केशव लाल मेहता स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज 16 फरवरी की शाम 7 बजे किया जाएगा इसके लिए कोरबा प्रेस क्लब के द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। रंगारंग कार्यक्रम व आतिशबाजियों के बीच इस स्पर्धा का शुभारंभ होगा। इसके लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम घंटाघर को पूरी तरह से तैयार कर लिया गया है। सभी मैच धूधिया रौशन में खेला जाएगा। विगत 22 वर्षों से अंचल के वरिष्ठ पत्रकार स्व केशवलाल मेहता स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी इस प्रतियोगिता को आकर्षक बनाने के लिए कोरबा प्रेस क्लब ने तैयारी पूरी की है। कार्यक्रम का उद्घाटन समारोह 16 फरवरी शाम 7 बजे से डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम निहारिका क्षेत्र घंटाघर चौक में आयोजित किया गया है। इस प्रतियोगिता में अंचल की 16 टीम हिस्सा ले रही हैं। ऊर्जाधानी कोरबा के साथ ही पूरे छत्तीसगढ़ में टेनिस बॉल क्रिकेट के सबसे बड़े आयोजनों में शामिल स्व. केएल मेहता स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का मंच सज चुका है। कोरबा प्रेस क्लब द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट इस बार अपने 22वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। सभी मैच धुधिया रौशनी में खेले जाएंगे। इस टूर्नामेंट हर वर्ष कॉर्पोरेट घरानों के साथ ही समस्त शासकीय विभागों की टीम को एक मंच पर लेकर आता है। स्व. केएल मेहता स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट में इस बार भी कलेक्ट्रेट 11, एसपी 11, बालको 11, मेयर 11, कमिश्नर 11, एनटीपीसी, सीएसईबी और अडानी पावर, एसईसीएल कोरबा, एसईसीएल कुसमुंडा, सीएसपीडीसीएल, फॉरेस्ट 11, मेडिकल कॉलेज 11, एजुकेशन 11, अधिवक्ता 11 और प्रेस क्लब कोरबा की टीम शिरकत करेगी।
कोरबा। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तरदा मोहल्ला जंगलपारा में रविवार दोपहर एक 9 वर्षीय बालक की नहर में डूबने से मौत हो गई। बालक का नाम रोशन कंवर था। घटना की सूचना मिलने पर उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
रोशन कंवर कोथारी कचोरा का निवासी था। उसके पिता विष्णु कंवर मजदूरी और खेती का काम करते हैं। रोशन कुछ दिनों पहले तरदा आया हुआ था। रविवार दोपहर वह अपनी मामी और नानी के साथ नहाने गया था। नहाते समय रोशन ने कथित तौर पर कहा कि उसे तैरना आता है और वह अचानक तेज बहाव वाली नहर में कूद गया।
तेज बहाव में बहा रोशन, बचाने की कोशिश नाकाम
मौजूद लोग उसे बहते हुए देखते रह गए। पानी का बहाव इतना तेज था कि रोशन तुरंत आगे बह गया। लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए।
घटना के बाद पुलिस ने बालक के शव की तलाश शुरू की। लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद जांजगीर जिले के पंतोरा के पास उसका शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की।
उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि इस मामले में मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटनास्थल पर मृतक के माता-पिता और ग्रामीण भी पहुंचे। इस दुखद घटना से परिवार में शोक का माहौल है।