जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन ने कहा – डीएफओ की अनुपस्थिति से नहीं हो पा रही समीक्षा कोरबा। त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की लगातार उपेक्षा करना कोरबा के अधिकारियों का ट्रैंड बन गया है। जिला पंचायत के जनप्रतिनिधियों को अधिकारी तवज्जो तक नहीं देते, यहां तक कि जिला पंचायत सीईओ द्वारा खास निर्देश दिया गया है कि सभी विभाग प्रमुख जिला पंचायत की सामान्य सभा में उपस्थित हों, ताकि विभागों की समीक्षा हो सके। कटघोरा डीएफओ निशांत कुमार की हिटलरशाही यहां भी देखने को मिल रहा है। वे लगातार सामान्य सभा की बैठक से नदारद रहते हैं। इस बार की बैठक में सदस्यों ने इसे गंभीरता से लिया और कड़ी नराजगी जाहिर की। डीएफओ के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। सामान्य सभा ने कटघोरा डीएफओ को अल्टीमेटम भी दिया और अपनी कार्यशैली नहीं सुधारने पर शासन से शिकायत की भी बात कही। गुरुवार को जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में भी ऐसा ही हुआ। यहां कटघोरा वनमंडल के डीएफओ नहीं पहुंचे, जिससे जिला पंचायत के सदस्यों ने कड़ी नाराजगी जताई। अध्यक्ष की अगुवाई में डीएफओ के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया है, इसे शासन को भी प्रेषित किया जाएगा। सदस्यों ने कहा-आने वाले दिनों में डीएफओ कटघोरा नहीं आएंगे तो हम उनके कार्यालय में जाकर ही जिला पंचायत की बैठक करेंगे। सदस्यों ने सामने रखी अपनी समस्या जिला पंचायत के अलग-अलग सदस्यों ने अपनी समस्याएं सामने रखी। बैठक में यह भी बात उठी कि जैसा निर्देश दिया जाता है, वैसा काम नहीं किया जाता, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोग काफी नाराज रहते हैं। खास तौर पर हाथियों से परेशानी होने के कारण ग्रामीण क्षेत्र की जनता नाराज है। हाथी फसल को नुकसान पहुंचाते हैं, इसका मुआवजा काफी कम है, वह भी समय पर नहीं मिलता। कटघोरा डीएफओ निशांत के खिलाफ शिकायत शासन को जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह ने कहा कि कटघोरा डीएफओ निशांत कुमार निर्देश के बाद भी सामान्य सभा की बैठक में नहीं आते। वे लगातार तीन बार से बैठक में नहीं आ रहे हैं। सदस्यों ने जिला पंचायत सीईओ के सामने कड़ी नाराजगी जाहीर की और निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव शासन को भी भेजा जाएगा। 5-5 विभागों की समीक्षा हम सामान्य सभा में रखते हैं। आज भी पांच विभागों की समीक्षा थी। कटघोरा डीएफओ लगातार तीसरी बार बैठक से गायब थे। सदस्यों ने नाराजगी जाहिर की है। हम ग्रामीण क्षेत्र के जनप्रतिनिधि हैं, इसलिए हमारा ज्यादातर काम वन मंडल पर ही आश्रित रहता है। अधिकारी अपने अधीनस्थ एसडीओ को भेज देते हैं, जिन्हें कुछ जानकारी नहीं रहती है। हर महीने हमारी एक बैठक होती है। पहले भी हमने इसकी जानकारी दी है। त्रिस्तरीय पंचायती राज का सर्वोच्च सदन सामान्य सभा होता है। इसके बाद भी अधिकारी अनुपस्थित रहते हैं। अधिकारियों का यहां आना अनिवार्य होता है। पानी हमारा, लाभ दूसरे जिले को अध्यक्ष ने यह भी बताया कि बांगो बांध जरूर हमारे जिले में है, लेकिन कोरबा जिले का सिंचित रकबा काफी कम है। ज्यादातर खेती बारिश के पानी पर ही आश्रित है। आज प्रधानमंत्री नल जल योजना के तहत पाइपलाइन के जरिए पानी घर-घर पहुंच रहा है, लेकिन खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। नहर और अन्य निर्माण के जरिए हम ग्रामीण क्षेत्र का सिंचित रकबा बढ़ाने का प्रयास करेंगे, आने वाली बैठकों में अधिकारियों के साथ मिलकर इस दिशा में भी योजना बनाई जाएगी। पानी हमारे जिले का है, लेकिन इसका फायदा जांजगीर, सक्ती, रायगढ़ को मिलता है। बैठक व्यवस्था नहीं होने से नाराजगी
सदस्यों ने जिला पंचायत सीईओ पर भी नाराजगी जताई। आगंतुकों के लिए कक्ष न होने के कारण सदस्यों ने इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन सीईओ ने ध्यान नहीं दिया और सदस्य भड़क उठे। अध्यक्ष, सदस्यों की अनुपस्थिति में उनके कक्षों में ताला बंद कर दिया जाता है, आगंतुक कक्ष को हमेशा बंद रखा जाता है। सदस्यों ने इस ्समस्या से कलेक्टर अजीत बसंत को भी अवगत कराया। शिक्षा विभाग में अटैचमेंट का खेल डीईओ को घेरा सामान्य सभा की बैठक में शिक्षा विभाग की भी समीक्षा हुई। युक्तियुक्तकरण के संबंध में सवाल पूछे जाने पर विभाग की ओर से सभा को लिस्ट दी गई। इसमें जिले के 26 शिक्षक ऐसे हैं, जिन्होंने युक्तियुक्तकरण के बाद कार्यभार अब तक नहीं लिया है। इसके अलावा शिक्षकों के अटैचमेंट का भी मुद्दा उठा। शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की सूची और संलग्न संस्था की जानकारी दी है। वर्तमान में 36 शिक्षक किसी न किसी संस्था में संलग्न हंै। इसके अलावा शिक्षा विभाग के 82 प्राथमिक शाला ऐसे हैं, जो अब भी एकल शिक्षकीय हैं। जबकि तीन माध्यमिक शाला ऐसे हैं, जो एकल शिक्षकीय हैं। सदस्यों ने डीईओ टी पी उपाध्याय को घेरा, सदस्यों के प्रश्न पर उपाध्याय ने मामले को देखने की बात कही। शासन के निर्देशों की धज्जियां उड़ा रहे हैं डीईओ शासन का सख्त निर्देश है कि शिक्षकों का अटैचमेंट कहीं भी न हों, इसका ध्यान रखा जाए। सचिव ने सभी कलेक्टरों को पत्र भी लिखा है, लेकिन कोरबा डीईओ साहब को शासन के निर्देशों से कोई मतलब नहीं। अटैचमेंट का खेल पोड़ी-उपरोड़ा में जमकर खेला जा रहा है, लेकिन डीईओ ने अब तक कोई कार्यवाही नहीं की। अटैचमेंट के खेल में कहीं डीईओ साहब का संरक्षण तो नहीं!
मतदान केन्द्रों में इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब ELC के गठन एवं मतदाता जागरूकता अभियान के सुचारू क्रियान्वयन हेतु 28 सितम्बर से बूथ लेवल अधिकारियों बीएलओ का प्रशिक्षण आयोजित
कोरबा। भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने तथा मतदाता जागरूकता को बढ़ाने के लिए जिले के सभी मतदान केंद्रों में इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब ELC के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान के सुचारू क्रियान्वयन हेतु बूथ लेवल अधिकारियों बीएलओ का दिनांक 28 सितम्बर 2026 से विधानसभावार ईएलसी प्रशिक्षण आयोजित किया गया हैं। इस सम्बन्ध में सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि जिले के मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने तथा स्वीप कार्ययोजना के तहत् युवा मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने एवं उनके मध्य मतदाता जागरूकता को बढ़ाने के उद्देश्य से समस्त शासकीय- अशासकीय महाविद्यालयों, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूलों,उच्च शिक्षण संस्थानों, समस्त मतदान केन्द्रों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, औद्योगिक इकाइयों में इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब ELC का गठन कर मतदाता जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा हैं।
सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि इस कड़ी में इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब ELC के सुचारू क्रियान्वयन हेतु सभी मतदान केंद्रों के बूथ लेवल अधिकारियों BLO का विधानसभावार प्रशिक्षण दिनांक 28 सितम्बर 2026 से 01अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया गया हैं। जिसके तहत् 28 सितम्बर को 22-कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ का प्रशिक्षण शासकीय मुकुटधर पाण्डेय महाविद्यालय कटघोरा में प्रातः 10:30 बजे से आयोजित हैं। दिनांक 30 सितम्बर को 23 पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पाली ब्लॉक के बीएलओ का प्रशिक्षण प्रातः 10:30 बजे से जनपद पंचायत पाली के सभाकक्ष में एवं पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के बीएलओ का प्रशिक्षण दोपहर 2 बजे से स्वामी आत्मानंद स्कूल सेजेस पोड़ीउपरोड़ा में आयोजित किया गया हैं। इसी प्रकार दिनांक 01 अक्टूबर को 20-रामपुर विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ का प्रशिक्षण प्रातः 10:30 बजे से 1:30 बजे तक कलेक्टोरेट सभाकक्ष कोरबा में आयोजित किया गया है। इसी प्रकार 21-कोरबा विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ का प्रशिक्षण दिनांक 01 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से कलेक्टोरेट सभाकक्ष कोरबा में आयोजित किया गया हैं। सभी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित बीएलओ के ईएलसी प्रशिक्षण में समस्त बूथ लेवल अधिकारियों बीएलओ एवं मास्टर ट्रेनर्स को समय पर उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया गया हैं।
कोरबा। डीएव्ही स्कूल का होनहार छात्र शास्वत सिंह ने स्टेट लेबल डीएव्ही वुशु(काम्बेट) खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन ने शास्वत सिंह को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की है। शास्वत सिंह कोरबा की जानमानी पंचकर्म चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. मनीषा सिंह एवं एसईसीएल से सेवानिवृत्त अधिकारी कन्हैया सिंह के पौत्र हैं। नेशनल के लिए चयन शास्वत सिंह का चयन नेशनल लेबल डीएव्ही वुशु (काम्बेट) के लिए हुआ है और शुभचिंतकों, परिजनों एवं विद्यालय प्रबंधन ने बेहतर प्रदर्शन के लिए शास्वत सिंह को शुभकामनाएं प्रेषित की है।
कोरबा। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष पवन शर्मा एवं छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रांताध्यक्ष पी आर यादव के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ के कर्मचारी एवं पेंशनर अपनी 8 सूत्रीय लम्बित मांग को लेकर आगामी 30सितम्बर को प्रदेश के सभी संभाग मुख्यालय में धरना प्रदर्शन कर मुख्य मंत्री के नाम संभागायुक्त को ज्ञापन सौपेंगे।इस धरना प्रदर्शन की तैयारी पुरे प्रदेश स्तर पर किया जा रहा है।इसी परिपेक्ष में आज राजधानी रायपुर स्थित कर्मचारी भवन में छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष पवन शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।इस बैठक में प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के समन्वयक जी आर चंद्रा, प्रदेश महामंत्री हिमांचल साहू, छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रांतीय महामंत्री उमेश मुदलियार,प्रदेश सचिव सी एल दुबे, संजय शर्मा,रामचंद्र तांडी,नरेश वाढेर,विमल कुंडू,बेनीराम गायकवाड़,शाहिल मुदलियार,शुभम भट्ट, बी पी कुरील सहित कर्मचारी एवं पेंशनर भारी संख्या में उपस्थित रहे ।सभी ने धरना प्रदर्शन को सफल बनाने का संकल्प लिया ।
अपील
छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष प्रभात शर्मा एवं विनय सोनवानी छत्तीसगढ़ प्रदेश ट वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जिला शाखा कोरबा के द्वारा अपील की गई है कि उक्त कार्यक्रम में कोरबा जिले के समस्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स अधिक से अधिक संख्या में संभाग स्तरीय धरना प्रदर्शन में पहुंचे एवं अपनी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने हेतु ज्ञापन सौंपें।