महापौर संजू देवी राजपूत और भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी की गरिमामयी उपस्थिति”
माई जी फाउंडेशन का आयोजन
कोरबा। माई जी फाउंडेशन सोसायटी (NGO) के तत्वावधान में महिलाओं के सशक्तिकरण को समर्पित “स्व-सहायता समूह सम्मान समारोह” का आयोजन भव्य और ऐतिहासिक रूप से संपन्न हुआ। इस आयोजन में मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या साय ने शिरकत की और स्व-सहायता समूह की सक्रिय व प्रेरणादायी महिलाओं को उनके सामाजिक, आर्थिक और सामुदायिक योगदान के लिए सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मंच पर इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या साय रहीं। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, वरिष्ठ पत्रकार कमलेश यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, पार्षद नरेंद्र देवांगन, वरिष्ठ अधिवक्ता मधु पांडे, छत्तीसगढ़ शक्ति स्वरूपा भारत विकास परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सुषमा दानी और समाजसेवी नीतू अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या साय का प्रेरक संदेश श्रीमती कौशल्या साय ने अपने भावुक संबोधन में कहा: “माई जी फाउंडेशन द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। स्व-सहायता समूह न केवल आर्थिक रूप से बल्कि मानसिक और सामाजिक रूप से भी महिलाओं को मजबूत बना रहे हैं। महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का प्रमाण दे रही हैं। इस तरह के आयोजनों से उनके आत्मविश्वास को और अधिक बल मिलेगा। आने वाले समय में ये महिलाएं नारी सशक्तिकरण की सशक्त मिसाल बनेंगी।”
कार्यक्रम का आकर्षण – अतिथियों का सम्मान और प्रेरक संदेश कार्यक्रम की अध्यक्षता माई जी फाउंडेशन सोसायटी की अध्यक्ष श्रीमती निधि तिवारी ने की। नगर निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा: “आज कोरबा की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं। स्व-सहायता समूह का यह सम्मान समारोह महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर है। ऐसे आयोजन न केवल महिलाओं का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा भी तय करते हैं।”
भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा : “माई जी फाउंडेशन का यह प्रयास अत्यंत प्रेरणादायी है। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सक्षम बनाना वास्तव में एक बड़ा कार्य है। भाजपा हमेशा समाज के ऐसे बदलावकारी प्रयासों में सहयोग करता रहा है और आगे भी करता रहेगा।”
पार्षद नरेंद्र देवांगन ने कहा: “यह समारोह महिलाओं के अदम्य साहस और परिश्रम का सम्मान है। माई जी फाउंडेशन ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जो कार्य किया है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। ऐसे आयोजनों से महिलाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास होता है और वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनती हैं।”
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां इशिता कश्यप की अद्भुत कत्थक नृत्य प्रस्तुति ने उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूजा दीवान ने छत्तीसगढ़ की लोककला पंडवानी की जीवंत प्रस्तुति देकर दर्शकों को रोमांचित किया। नम्रता, पायल और कोमल साहू की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में जीवंतता का संचार किया और दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
फाउंडेशन की सचिव श्रीमती हेमा शर्मा, उपाध्यक्ष श्रीमती श्रद्धा बुंदेला और सहायक जयपाल साहू ने कार्यक्रम की रूपरेखा और संचालन को कुशलता से संभाला। स्वागत उद्बोधन फाउंडेशन की सचिव हेमा शर्मा ने दिया। अध्यक्ष श्रीमती निधि तिवारी ने कहा: “माई जी फाउंडेशन का उद्देश्य महिलाओं को न केवल आर्थिक रूप से सशक्त करना है, बल्कि उन्हें समाज में नेतृत्व की भूमिका के लिए भी तैयार करना है। यह आयोजन उन सभी महिलाओं को समर्पित है जिन्होंने चुनौतियों का सामना कर आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम की है।”
समारोह में भाजपा और सामाजिक संगठनों के कई प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे: सोशल मीडिया प्रभारी लकी नंद, भाजपा जिला मीडिया सह प्रभारी पवन सिन्हा, मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, राजेश राठौर, बृजेश यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष अजय विश्वकर्मा, पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, अजय चंद्रा, मंडल महामंत्री पुनीराम साहू, मिलाप राम बरेट, उपाध्यक्ष श्रीधर द्विवेदी, महेश गुप्ता, गुलजार सिंह, अर्जुन गुप्ता, श्याम साहू, ज्योति वर्मा, अंजना सिंह, स्मिता सिंह, रितु चौरसिया, दिलीप दास और सोनू राठौर की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया।
सम्मान और स्मृति चिन्ह वितरण के साथ समापन कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। सभी अतिथियों और प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह आयोजन न केवल महिलाओं के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत बन गया, जिसमें नारी शक्ति के योगदान और उनके आत्मनिर्भर बनने के संकल्प को खुलकर सराहा गया।
परंपरागत हुनर के साथ आधुनिक उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण,आजीविका के नए अवसर सृजित करने की पहल
कोरबा, 13 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को आजीविका से जोड़ने और उनकी पारंपरिक कला एवं कौशल को रोजगार के बेहतर अवसरों में परिवर्तित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कोनकोना के आश्रित ग्राम समेलीभाटा में निवासरत बिरहोर परिवारों को बांस कला का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 10 से 19 सितंबर तक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान(आरसेटी)कोरबा के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है।
समेलीभाटा के बिरहोर परिवार लंबे समय से पारंपरिक रूप से बांस शिल्प निर्माण का कार्य करते आ रहे हैं। इनके द्वारा बांस से टोकनी, सूपा, झापी सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार कर स्थानीय हाट-बाजारों में विक्रय की जाती हैं। हालांकि पारंपरिक उत्पादों तक सीमित बाजार और उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण कारीगरों को अपनी मेहनत के अनुरूप पर्याप्त आमदनी प्राप्त नहीं हो पाती। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा इन परिवारों के पारंपरिक हुनर को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करने की पहल की गई है।
प्रशिक्षण के दौरान बांस शिल्पकारों को पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ आधुनिक एवं आकर्षक सजावटी वस्तुएं तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें आकर्षक गुलदस्ते, सीनरी, झालर तथा अन्य उपयोगी एवं सजावटी बांस उत्पाद शामिल हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य बांस शिल्पकारों के कौशल में निखार लाते हुए उनके उत्पादों में विविधता, गुणवत्ता और आकर्षण बढ़ाना है, ताकि वे स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर व्यापक बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार कर सकें।
जिला प्रशासन की इस पहल से बिरहोर परिवारों की पारंपरिक कला को संरक्षित करने के साथ ही उसे आय के स्थायी एवं बेहतर माध्यम के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षण के पश्चात राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से इन परिवारों द्वारा तैयार उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे बांस शिल्पकारों को अपने उत्पादों के बेहतर मूल्य प्राप्त करने, बाजार से सीधे जुड़ने तथा अपनी आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।
शांति नगर में गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी मनाने तैयारी पूरी कोरबा/पाली। कल 14 सितम्बर को पूरे भारत वर्ष में गणेश चतुर्थी की धूम रहेगी। जिले में विभिन्न गणेशोत्सव समितियों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में कल गणेश चतुर्थी पर पाली के राजा का भी भव्य और दिव्य आगमन होगा।
गणेशोत्सव समिति शांति नगर पाली के आयोजकों ने बताया कि कल 14 सितम्बर सोमवार को लालबाग के राजा की प्रतिमा बड़े धूमधाम से मंत्रोच्चार के साथ विराजित की जाएगी। भगवान श्रीगणेश की भव्य प्रतिमा पाली के राजा का शुभ आगमन संध्या 7.00 बजे होगा और पाली मुख्य बाजार से कार्यक्रम स्थल तक रैली की शक्ल में आकर्षक आतिशबाजी, आकर्षक एसएफएक्स एवं धूमाल के साथ लाई जाएगी और पंडित जी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ विघ्रहर्ता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आयोजन समिति ने इस भव्य आयोजन में सभी क्षेत्र वासियों को सादर आमंत्रित किया है और पाली के राजा की आगमन रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।
कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित
कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पैसे देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने तथा बाद में उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
शराब के लिए पैसे मांगे, मना करने पर की मारपीट
दिनांक 10.09.2026 की रात्रि लगभग 09:00 बजे प्रार्थी संतोष राठौर निवासी फरसवानी अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपीगण द्वारा उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपीगण द्वारा उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की गई।घटना के कुछ समय बाद आरोपीगण पुनः रात्रि लगभग 12:30 बजे प्रार्थी के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना में प्रार्थी के हाथ में चोट आई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। लगातार पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी के अपने सकुनत पर मौजूद होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 को विधिवत जब्त किया गया।
आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार आरोपी ज्ञान राठौर पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण में संलिप्त रहा है तथा हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था और उसके विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।वर्तमान घटना में पुनः आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने तथा उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की पूर्व आपराधिक गतिविधियों एवं वर्तमान प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर दिनांक 12.09.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।प्रकरण में विवेचना जारी है तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
कोरबा पुलिस की स्पष्ट नीति — अपराध एवं आपराधिक प्रवृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई कोरबा पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।