Connect with us

देश

मर्सिडीज-बेंज इंडिया हाइब्रिड वाहन लाना रखेगी जारी, नीतिगत समर्थन का अभाव बाधा नहीं: सीईओ

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। जर्मनी की लक्जरी कार विनिर्माता कंपनी मर्सिडीज-बेंज भारतीय बाजार में हाइब्रिड वाहनों की अपनी पेशकश जारी रखेगी। कंपनी का कहना है कि भले ही इस प्रौद्योगिकी के लिए नीतिगत प्रोत्साहन का अभाव हो, फिर भी वह ग्राहकों की अंतर्निहित मांग को पूरा करने के लिए हाइब्रिड गाड़ियां लाती रहेगी। मर्सिडीज-बेंज इंडिया ने अपने एएमजी ई 53 प्लग-इन हाइब्रिड इलेक्ट्रिक वाहन (पीएचईवी) के दो संस्करण क्रमशः 1.45 करोड़ रुपए और 1.48 करोड़ रुपए (भारत में शोरूम कीमत) की कीमत पर पेश किए हैं। 

कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संतोष अय्यर ने कहा कि हाइब्रिड वाहन उन ग्राहकों के लिए एक माध्यम का काम करते हैं, जो अभी पूरी तरह से इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा, “दीर्घकालिक रूप से देखा जाए तो विद्युतीकरण ही अंतिम लक्ष्य है। लेकिन तस्वीर का दूसरा पहलू यह भी है कि लगभग 75 प्रतिशत ग्राहक अब भी कुछ व्यावहारिक कारणों से पूरी तरह ईवी को प्राथमिकता नहीं दे रहे हैं।” अय्यर ने कहा कि चार्जिंग बुनियादी ढांचा और सीमित दूरी को लेकर चिंता जैसे कारक अब भी इलेक्ट्रिक वाहनों की स्वीकार्यता की गति को प्रभावित कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा, “हमारे लिए प्लग-इन हाइब्रिड (ऐसा वाहन जिसमें पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर भी होती है और जिसकी बैटरी को बाहरी बिजली स्रोत से चार्ज किया जा सकता है) प्रौद्योगिकी उन ग्राहकों के लिए एक सेतु का काम करती है, जो अभी पूरी तरह इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने के लिए तैयार नहीं हैं। इससे ग्राहकों को पेट्रोल इंजन की सुविधा के साथ इलेक्ट्रिक वाहन चलाने का अनुभव भी मिलता है।”

दिल्ली की इलेक्ट्रिक वाहन नीति में ऐसे वाहनों के लिए प्रोत्साहन नहीं मिलने जैसे नीतिगत समर्थन के अभाव के बावजूद हाइब्रिड मॉडल पेश करने के सवाल पर अय्यर ने कहा, “जहां भी अवसर और संभावनाएं होंगी, हम ‘प्लग-इन हाइब्रिड मॉडल’ पेश करना जारी रखेंगे।” अय्यर ने कहा कि कंपनी नीति-निर्माताओं के इलेक्ट्रिक वाहनों पर विशेष ध्यान को समझती है और उसका सम्मान करती है लेकिन वह ग्राहकों को विकल्प उपलब्ध कराना चाहती है ताकि वे पूरी तरह इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने से पहले हाइब्रिड प्रौद्योगिकी का अनुभव प्राप्त कर सकें।  

Continue Reading

देश

कार्बन उत्सर्जन घटाने के लिए ग्रीनलाइन, डाबर इंडिया ने की साझेदारी

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। एस्सार समूह की इकाई ग्रीनलाइन मोबिलिटी सॉल्यूशंस लि. ने बृहस्पतिवार को दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली डाबर इंडिया लि. के साथ साझेदारी की घोषणा की। इस साझेदारी के तहत देश में एलएनजी (तरलीकृत प्राकृतिक गैस) तथा इलेक्ट्रिक ईंधन से संचालित भारी वाणिज्यिक ट्रकों के माध्यम से हरित लॉजिस्टिक सेवाएं प्रदान करने वाली कंपनी ग्रीनलाइन मोबिलिटी, डाबर इंडिया के सड़क परिवहन परिचालन को कम उत्सर्जन वाले एलएनजी चालित ट्रक के माध्यम से अधिक पर्यावरण अनुकूल बनाने में मदद करेगी। 

ग्रीनलाइन ने बयान में कहा कि इस साझेदारी के तहत वह डाबर इंडिया की लॉजिस्टिक गतिविधियों में एलएनजी से चलने वाले भारी वाणिज्यिक वाहनों को तैनात करेगी। इससे लंबी दूरी के माल परिवहन से होने वाले कार्बन उत्सर्जन को कम करने में मदद मिलेगी। ग्रीनलाइन मोबिलिटी सॉल्यूशंस के उपाध्यक्ष (बिक्री) चार्ल्स डेवलिन डी’कोस्टा ने कहा, ”डाबर इंडिया जैसी प्रतिष्ठित उपभोक्ता सामान बनाने वाली कंपनी के साथ साझेदारी कर हमें खुशी है। यह देखना उत्साहजनक है कि अधिक से अधिक भारतीय कंपनियां कम उत्सर्जन वाले लॉजिस्टिक समाधान को अपनी कारोबारी रणनीति का हिस्सा बना रही हैं।” 

डाबर इंडिया के वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला निदेशक सम्राट सहगल ने कहा कि कंपनी की सतत विकास रणनीति में आपूर्ति श्रृंखला के पर्यावरणीय प्रभाव को कम करना महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा, ”ग्रीनलाइन के साथ साझेदारी से हमें अपनी लॉजिस्टिक गतिविधियों में कम उत्सर्जन वाले परिवहन समाधान को शामिल करने में मदद मिलेगी, जबकि दक्षता और विश्वसनीयता भी बनी रहेगी।” ग्रीनलाइन वर्तमान में भारत के प्रमुख माल परिवहन मार्गों पर 1,000 से अधिक एलएनजी और बिजलीचालित भारी वाणिज्यिक वाहनों का संचालन कर रही है। ये वाहन इस्पात, सीमेंट, खनन, रोजमर्रा के सामान और रसायन समेत विभिन्न क्षेत्रों के लिए सेवाएं दे रहे हैं। 

Continue Reading

देश

कच्चे तेल के दाम में उछाल से शेयर बाजार में चौथे दिन गिरावट, सेंसेक्स 364 अंक टूटा

Published

on

मुंबई, एजेंसी। स्थानीय शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला बृहस्पतिवार को चौथे दिन भी जारी रहा। पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण कच्चे तेल के दाम में उछाल से मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 364 अंक टूटा जबकि एनएसई निफ्टी में 127 अंक की गिरावट आई।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 363.66 अंक यानी 0.47 प्रतिशत टूटकर 76,391.39 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 603.07 अंक लुढ़ककर 76,151.98 अंक तक आ गया था। वहीं, पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 126.65 अंक यानी 0.53 प्रतिशत टूटकर 23,869.60 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में अदाणी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, इंटरग्लोब एविएशन, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और टाटा स्टील के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी ओर महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इटर्नल और बजाज फिनसर्व के शेयर लाभ में रहे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 4.52 प्रतिशत बढ़कर 98.32 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई।

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में तेज वृद्धि और वैश्विक स्तर पर एआई निवेश को लेकर फिर से बढ़ी चिंताओं ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 819.20 करोड़ रुपए के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में संभावित बाधाओं की आशंका के बीच कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचने से निवेशकों की धारणा महंगाई और कंपनियों के मुनाफे पर पड़ने वाले असर से प्रभावित हुई है।”

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे। हालांकि, यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स बुधवार को 715.06 अंक और निफ्टी 191.45 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।  

Continue Reading

देश

दो हफ्ते के हाई से फिसला गोल्ड, जानें क्यों क्रैश हुआ सोना-चांदी?

Published

on

मुंबई, एजेंसी। एक कारोबारी दिन की तेज बढ़त के बाद गुरुवार को घरेलू वायदा बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों की मुनाफावसूली और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी मौद्रिक नीति बैठक से पहले सतर्क रुख के चलते बुलियन बाजार पर दबाव देखने को मिला।

एमसीएक्स (MCX) पर 5 अगस्त 2026 एक्सपायरी वाला गोल्ड फ्यूचर्स करीब 0.94 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,44,316 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। वहीं, 4 सितंबर 2026 एक्सपायरी वाला सिल्वर फ्यूचर्स लगभग 1.81 प्रतिशत टूटकर 2,22,900 लाख रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया।

इससे पहले 22 जुलाई को घरेलू स्पॉट बाजार में सोना और चांदी दोनों में तेज उछाल दर्ज किया गया था। गोल्ड के भाव प्रति 10 ग्राम रू.1900 उछलकर दो हफ्ते के हाई रू.1.49 लाख और चांदी रू.8500 मजबूत होकर प्रति किलो रू.2.30 लाख पर थी। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, हालिया तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की, जिससे कीमतों में नरमी आई।

विश्लेषकों का कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने महंगाई को लेकर चिंताएं बढ़ाई हैं। ऐसे में निवेशकों की नजर अब अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी नीति बैठक पर है, क्योंकि ब्याज दरों को लेकर दिए जाने वाले संकेत सोना-चांदी की कीमतों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

आमतौर पर ऊंची ब्याज दरें सोने जैसी गैर-ब्याज देने वाली संपत्तियों पर दबाव डालती हैं। हालांकि, वैश्विक अनिश्चितता और सुरक्षित निवेश (सेफ हेवन) की मांग सोने को समर्थन देती रही है। चांदी में भी निवेशकों की दिलचस्पी बनी हुई है लेकिन औद्योगिक मांग के कारण इसमें उतार-चढ़ाव अपेक्षाकृत अधिक देखने को मिलता है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677