देश
पेट्रोल-डीजल 10-12 रुपए तक महंगे हो सकते हैं:सोना ₹30 हजार बढ़कर ₹1.90 लाख तक जा सकता है, अमेरिका-ईरान जंग का असर
नई दिल्ली,एजेंसी। अमेरिका और इजराइल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है। अगर ये जंग लंबी चली और तेल मार्ग ‘होर्मुज स्ट्रेट’ बंद हुआ तो कच्चे तेल के दाम बढ़ सकते हैं। इसका असर भारत में तेल, शेयर बाजार और सोना-चांदी पर दिख सकता है।
1. पेट्रोल डीजल: दिल्ली में पेट्रोल ₹95 लीटर से बढ़कर ₹105 तक पहुंच सकता है। वहीं डीजल ₹88 से बढ़कर ₹96 तक जा सकता है। इसकी वजह ये है कि भारत अपनी जरूरत का 90% तेल आयात करता है। इसमें से करीब 50% क्रूड होर्मुज के रास्ते आता है।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर ईरान इस रास्ते को ब्लॉक करता है, तो इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की सप्लाई घट जाएगी और कीमतें 100 से 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती हैं। फिलहाल ब्रेंट क्रूड 70 डॉलर प्रति बैरल के आस-पास ट्रेड कर रहा हैं।
कंपनियां कीमतें बदलने के लिए स्वतंत्र, लेकिन अंतिम फैसला सरकार के हाथ में
भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतें सरकारी तेल कंपनियां तय करती हैं। पिछले 15 दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की औसत कीमत और डॉलर के मुकाबले रुपए की स्थिति पर निर्भर करती हैं। हालांकि कंपनियां बेस प्राइस तय करती हैं। आम आदमी तक पहुंचने वाली अंतिम कीमत में केंद्र सरकार और राज्य सरकारों के टैक्स का बड़ा हिस्सा होता है।
यानी, तेल कंपनियां दाम बढ़ाने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन असल में अंतिम फैसला सरकार के रुख पर निर्भर करता है। जब भी युद्ध जैसे हालात बनते हैं, तो सरकार राजनीतिक और आर्थिक स्थिरता बनाए रखने के लिए कंपनियों को कीमतें न बढ़ाने का सुझाव दे सकती है या फिर खुद टैक्स घटाकर बढ़ी हुई कीमतों का बोझ जनता पर पड़ने से रोक सकती है।
2. सोना चांदी: कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक सोना 1.60 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम से बढ़कर 1.90 लाख रुपए तक जा सकता है। चांदी 2.67 लाख रुपए किलो है जो बढ़कर 3.50 लाख तक पहुंच सकती है। युद्ध के समय निवेशक ‘सोने’ को सुरक्षित मानते हैं।
3. शेयर बाजार: मार्केट एक्सपर्ट के अनुसार शेयर बाजार में 1-1.5% की गिरावट आ सकती है। यानी, सोमवार को सेंसेक्स 1300 अंक और निफ्टी 300 अंक तक गिर सकता है। युद्ध जैसे तनाव के समय निवेशक बाजार से पैसा निकालकर सुरक्षित जगह निवेश करते हैं।
अब होर्मुज स्ट्रेट को जानें…
होर्मुज स्ट्रेट करीब 167 किमी लंबा जलमार्ग है, जो फारस की खाड़ी को अरब सागर से जोड़ता है। इसके दोनों मुहाने करीब 50 किमी चौड़े हैं, जबकि सबसे संकरा हिस्सा करीब 33 किमी चौड़ा है। इसमें आने-जाने वाले समुद्री ट्रैफिक के लिए 3 किमी चौड़ी शिपिंग लेन तय है।
दुनिया के कुल पेट्रोलियम का 20% हिस्सा यहीं से गुजरता है। ईरान के अलावा सऊदी अरब, इराक और कुवैत जैसे देश भी अपने निर्यात के लिए इसी पर निर्भर हैं।
भारत के कुल ‘नॉन-ऑयल एक्सपोर्ट’ का 10% से ज्यादा हिस्सा इसी रास्ते से सप्लाई होता है। इसमें बासमती चावल, चाय, मसाले और इंजीनियरिंग का सामान शामिल है।
हर दिन लगभग 1.78 करोड़ बैरल से 2.08 करोड़ बैरल कच्चा तेल और ईंधन इस रूट से जाता है। ईरान खुद रोजाना 17 लाख बैरेल पेट्रोलियम इस रूट से निर्यात करता है।
होर्मुज बंद हुआ तो ईरान को भी नुकसान होगा
सुप्रीम लीडर की मौत के बाद ईरानी सेना जवाबी कार्रवाई के लिए कई विकल्पों पर विचार कर रही है। इसमें अमेरिकी मिलिट्री बेस को निशाना बनाना और इजराइली इलाकों पर हमला करना शामिल है। लेकिन ईरान के पास सबसे बड़ा ‘जियोपॉलिटिकल हथियार’ होर्मुज स्ट्रेट को बंद करना है। इससे वो पूरी दुनिया की इकोनॉमी पर दबाव बना सकता है।
हालांकि होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से ईरान की अपनी इकोनॉमी भी तबाह हो सकती है क्योंकि वह खुद अपना तेल एक्सपोर्ट नहीं कर पाएगा। इसके अलावा, ईरान के तेल का सबसे बड़ा खरीदार चीन है।अगर सप्लाई बाधित होती है तो चीन के साथ रिश्ते बिगड़ सकते हैं।
सऊदी अरब के पास ‘ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन’
होर्मुज स्ट्रेट के विकल्प के तौर पर सऊदी अरब के पास ‘ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन’ है। यह 746 मील लंबी पाइपलाइन देश के एक छोर से दूसरे छोर (रेड सी टर्मिनल) तक जाती है।
इसके जरिए रोजाना 50 लाख बैरल कच्चा तेल भेजा जा सकता है। भारत और अन्य एशियाई देश इस तरह के वैकल्पिक रास्तों और सुरक्षित भंडारों पर नजर बनाए हुए हैं।
भारत दूसरे देशों से बढ़ा रहा तेल का इम्पोर्ट
सरकार इस संभावित संकट से निपटने के लिए पहले से ही तैयारी कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, भारत खाड़ी देशों के बाहर के सप्लायर्स से तेल की खरीदारी बढ़ा रहा है। इसके अलावा, जरूरत पड़ने पर भारत अपने ‘स्ट्रेटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व’ (SPR) से भी तेल निकाल सकता है।
देश
आंध्र प्रदेश की पटाखा फैक्ट्री में धमाका:18 लोगों की मौत, 6 गंभीर घायल, फैक्ट्री में 20 से ज्यादा लोग मौजूद थे
अमरावती,एजेंसी। आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के वेटलापलेम गांव में शनिवार को पटाखा बनाने वाली यूनिट में धमाका हो गया। हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। धमाके के समय यूनिट में 20 से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे थे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे ब्लास्ट हुआ। धमाके इतना भीषण था कि इसकी आवाज 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। इसके बाद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे में घायल लोगों को अस्पताल भेजना शुरू किया।
राज्य की गृह मंत्री वंगालपुडी अनीता ने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने संबंधित मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर हालात की निगरानी करने को कहा है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है।
घटना से जुड़ी तस्वीरें…

फैक्ट्री में धमाका इतना तेज था कि 5 किमी दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी।

धमाके के बाद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे हैं।

घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेजा जा रहा है।
देश
सेंसेक्स 961 अंक गिरकर 81,287 पर बंद:निफ्टी में 318 अंक टूटा, 25179 पर आया, रियल्टी और ऑटो शेयरों में बिकवाली
मुंबई,एजेंसी। सेंसेक्स आज यानी, शुक्रवार 27 फरवरी को 961 अंक (1.17%) की गिरावट के साथ 81,287 पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 318 अंकों की गिरावट रही। ये 25,179 के स्तर पर बंद हुआ। आज के कारोबार में रियल्टी और ऑटो शेयरों में बिकवाली का दबाव दिखा।
मार्केट में गिरावट की दो वजहें…
1. पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर तनाव
दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष ने बाजार में अनिश्चितता पैदा कर दी है। तालिबान के जवाबी हमलों के बाद दोनों देशों में तनाव चरम पर है। चीन ने भी इस पर चिंता जताई है और मामले को शांत करने के लिए मध्यस्थता की पेशकश की है। इस तनाव की वजह से निवेशकों का भरोसा डगमगाया है।
2. मिडिल ईस्ट का संकट और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें
ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत बिगड़ने का डर बाजार को सता रहा है। अगर यह तनाव बढ़ा, तो कच्चे तेल की कीमतें और उछल सकती हैं। फिलहाल ब्रेंट क्रूड 71 डॉलर प्रति बैरल के करीब है। तेल महंगा होने से भारत जैसे देशों में महंगाई बढ़ने का खतरा है, जिसका असर शेयर बाजार पर दिख रहा है।
एशियाई बाजारों में मिला जुला कारोबार
- जापान का निक्केई इंडेक्स 0.16% चढ़कर 58,850 पर बंद हुआ।
- दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.00% गिरकर 6,244 के स्तर पर आ गया है।
- हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.95% चढ़कर 26,630 पर बंद हुआ।
- चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.39% चढ़कर 4,162 पर बंद हुआ।
अमेरिकी बाजार 26 फरवरी को मिला-जुला रहा
- डाउ जोन्स 17 अंक (0.034%) चढ़कर 49,499 पर बंद हुआ।
- टेक बेस्ड इंडेक्स नैस्डैक कंपोजिट 1.18% गिरकर 22,878 पर बंद हुआ।
- S&P 500 इंडेक्स 37 अंक (0.54%) गिरकर 6,908 पर बंद हुआ।
विदेशी निवेशकों ने 2,991 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे
- विदेशी निवेशकों (FII) ने 26 फरवरी को 3,466 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 5,031 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।
- इस महीने यानी फरवरी में अब तक FIIs ने 895 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। इस दौरान DIIs ने 26,130 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।
- जनवरी 2026 में FIIs ने कुल ₹41,435 करोड़ के शेयर्स बेचे थे। इस दौरान DIIs ने ₹69,220 करोड़ के शेयर खरीदे थे।
कल सेंसेक्स मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ था
शेयर बाजार में कल यानी, 26 फरवरी को फ्लैट कारोबार रहा। सेंसेक्स 27 अंक गिरकर 82,249 पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 14 अंकों की गिरावट रही। ये 25,497 के स्तर पर बंद हुआ। आज के कारोबार में फार्मा और सरकारी बैंक के शेयरों में तेजी रही है।
खेल
क्रिकेटर रिंकू सिंह ने पिता की अर्थी को कंधा दिया:टी-20 वर्ल्ड कप छोड़कर आए, बड़े भाई ने दी मुखाग्नि
अलीगढ़,एजेंसी। क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का शुक्रवार सुबह करीब 4.36 बजे निधन हो गया। वे 60 साल के थे। उन्हें फोर्थ स्टेज लिवर कैंसर था। कुछ दिन पहले उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अलीगढ़ से ग्रेटर नोएडा के प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था।
वहां उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। पार्थिव शरीर को अलीगढ़ ले आया गया। रिंकू टी-20 वर्ल्ड कप छोड़कर चेन्नई से अलीगढ़ अपने घर पहुंचे। पिता की अर्थी को कंधा दिया। अंतिम यात्रा के बाद शंकर विहार स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। बड़े बेटे सोनू ने पिता को मुखाग्नि दी।
इससे पहले, पिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही रिंकू सिंह मंगलवार को टीम इंडिया का साथ छोड़कर नोएडा पहुंचे थे। उन्हें टी-20 विश्वकप का प्रैक्टिस सेशन छोड़ना पड़ा था। 25 फरवरी को रिंकू चेन्नई लौट गए थे और टीम के साथ जुड़ गए थे।
हालांकि, 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए सुपर-8 के मैच में वे प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। वे सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान पर फील्डिंग कर रहे थे। क्रिकेटर विराट कोहली समेत तमाम क्रिकेटर्स और IPL टीमों ने रिंकू के पिता के निधन पर दुख जताया।
रिंकू की मंगेतर और मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज ने फोन पर दैनिक भास्कर से बात की। बताया- प्रिया कई दिनों से रिंकू के परिवार के साथ हैं। हम भी रात में गए थे। वापस आते वक्त रास्ते में निधन की सूचना मिली।

रिंकू सिंह ने पिता की अर्थी को कंधा दिया।

अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

रिंकू के बड़े भाई सोनू ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी।
रिंकू के पिता गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे
क्रिकेटर रिंकू का बचपन काफी कठिनाई भरा रहा है। मां वीना देवी घर संभालती हैं। रिंकू 5 भाई और एक बहन में चौथे नंबर हैं। बड़े भाई सोनू, मुकुल और शीलू हैं। बहन नेहा और भाई जीतू, रिंकू से छोटे हैं। मूल रूप से बुलंदशहर के दान गढ़ के रहने वाले हैं।
KKR को दिए एक इंटरव्यू में रिंकू ने अपनी जिंदगी के बारे में बात की थी। उन्होंने बताया था-
परिवार में 5 भाई हैं। पापा सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे। हम पांचों भाइयों से भी काम करवाते। हम बाइक पर 2-2 सिलेंडर रखकर होटलों और घरों में डिलीवर करने जाते थे। मैच खेलने के लिए पैसे लगते थे। घरवालों से मांगो तो कहते कि पढ़ाई करो। पापा खेलने के लिए मना करते थे, मम्मी सपोर्ट करती थीं।
KKR और RCB ने दुख जताया, लिखा- कठिन समय में हम रिंकू के साथ
IPL की टीमें कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने रिंकू के पिता के निधन पर दुख जताया। ‘X’ पर पोस्ट किया- रिंकू सिंह और उनके परिवार के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। इस कठिन समय में हम उनके साथ हैं।
राजीव शुक्ला बोले- कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं रिंकू के साथ

BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने X पर लिखा- क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं रिंकू और परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
-
कोरबा2 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized5 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
कोरबा2 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
