Connect with us

कोरबा

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से रोशन हो रहा हर घर, बढ़ रही बचत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता

Published

on

स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ते कदम, समृद्ध और हरित कल का निर्माण

सुरेश सिंह ने बिजली बिल से पाई राहत, केंद्र एवं राज्य सरकार की सब्सिडी बनी संबल

कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना देश को ऊर्जा आत्मनिर्भर, पर्यावरण-अनुकूल और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर करने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है। यह योजना आम नागरिकों को स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा उपलब्ध कराने के साथ-साथ बिजली व्यय में कमी और घरेलू बचत बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। योजना के अंतर्गत घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कर परिवारों को स्वच्छ ऊर्जा का लाभ प्रदान किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में इस महत्वाकांक्षी योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। राज्य सरकार की सक्रिय पहल से कोरबा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में अधिकाधिक परिवार इस योजना से जुड़कर बिजली बिल में बचत, ऊर्जा आत्मनिर्भरता तथा हरित भविष्य की दिशा में उल्लेखनीय कदम बढ़ा रहे हैं।
इसी क्रम में कोरबा शहर के पोड़ीबहार निवासी सुरेश सिंह भी योजना का लाभ लेकर स्वच्छ ऊर्जा को अपनाते हुए बिजली बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सार्थक पहल कर रहे हैं। योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराया। संयंत्र से मिलने वाले लाभ, बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी तथा सकारात्मक अनुभव को देखते हुए उन्होंने बाद में एक और 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप संयंत्र लगवाया। वर्तमान में उनके घर में कुल 6 किलोवाट क्षमता का सोलर संयंत्र स्थापित है, जिससे उनका घर स्वच्छ एवं सौर ऊर्जा से संचालित हो रहा है।
श्री सिंह ने बताया कि सोलर संयंत्र स्थापित होने के बाद उनके बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है और अब उनका बिजली बिल माइनस (क्रेडिट) में आने लगा है। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों से उन्हें बिजली बिल से संबंधित किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा है। पहले जहां हर महीने बिजली बिल की चिंता बनी रहती थी, वहीं अब वे न केवल बिजली खर्च में बचत कर रहे हैं, बल्कि अतिरिक्त उत्पादित बिजली का भी लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इससे उनके परिवार की मासिक बचत में वृद्धि हुई है और आर्थिक रूप से भी उन्हें काफी राहत मिली है।
उन्होंने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा प्रदान की गई सब्सिडी के कारण सोलर संयंत्र की स्थापना सरल और किफायती हो सकी। योजना ने उन्हें स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया और आज वे स्वयं को पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों का सहभागी मानते हैं। उनका कहना है कि सौर ऊर्जा का उपयोग केवल बिजली बिल कम करने का माध्यम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
सुरेश सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना से आर्थिक बचत के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है और लोगों को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Continue Reading

कोरबा

कनकीधाम:सावन सोमवार को केन्द्रीय आदर्श राजवाड़े कुर्मी समाज ने बांटा प्रसाद

Published

on

कोरबा/कनकी। कोरबा जिले से 20 किलोमीटर दूर ख्यातिलब्ध कनकेश्वर धाम में भू-फोड़ शिवलिंग महिमा अब धीरे-धीरे प्रदेश को लांघ कर भारत के कई प्रदेशों तक पहुंच रही है। कनकेश्वरधाम में प्रथम सोमवार को अभूतपूर्व भीड़ देखने को मिली। हसदेव तट माँ सर्वमंगला मंदिर से पवित्र जल लेकर सैकड़ों की संख्या में कांवड़िया अलसुबह पहुंचकर भगवान शिवलिंग में जलाभिषेक किया और हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने जल अर्पित कर मंगलकामनाएं की।

भू-फोड़ महादेव का दिव्य दर्शन एवं कनकेश्वरधाम पहुंचने वाले श्रद्धालु।

इस अवसर पर कई संगठनों ने भोग भंडारे का आयोजन किया। केन्द्रीय आदर्श राजवाड़े कुर्मी समाज ने भी केन्द्रीय अध्यक्ष कृपासिंधू राजवाड़े के नेतृत्व में बूंदी का प्रसाद बांटा और दूर दराज से आए श्रद्धालुओं की सेवा की। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन एवं महिला मंडल की सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Continue Reading

कोरबा

अटलजी की प्रतिमा में भ्रष्टाचार शर्मनाक, भाजपा सरकार को जनता से माफी मांगनी चाहिए : डॉ. चरणदास महंत

Published

on

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने  स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण में कथित अनियमितता को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अटलजी जैसे सर्वमान्य नेता की स्मृति के साथ भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण का ऐसा खिलवाड़ बेहद शर्मनाक है।

डॉ. महंत ने कहा कि कटघोरा के अटल परिसर में लगभग 14 लाख रुपये की लागत से कांस्य प्रतिमा स्थापित की जानी थी, लेकिन आरोप है कि कांस्य प्रतिमा के स्थान पर सीमेंट की प्रतिमा बनाकर उस पर रंग-पेंट कर स्थापित कर दी गई। बारिश के बाद प्रतिमा की सतह उधड़ने से निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “पानी में बह जाने वाली कांस्य प्रतिमा का यह दुनिया का पहला मामला होगा। अब सरकार बताए कि अटलजी की प्रतिमा कांस्य की थी या सीमेंट की, और यदि कांस्य की थी तो कांस्य आखिर गया कहां?”
डॉ. महंत ने कहा कि यह केवल एक प्रतिमा का मामला नहीं है, बल्कि सरकारी धन, सरकारी व्यवस्था और अटलजी की प्रतिष्ठा—तीनों के साथ खिलवाड़ का मामला है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर ठेकेदार के राजनीतिक संबंधों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि निर्माण का ठेका किसे मिला, किस सामग्री की स्वीकृति थी और मौके पर क्या लगाया गया।
नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि प्रदेश के नगरीय निकाय क्षेत्रों में अटल परिसर और अटल चौक के निर्माण तथा स्व. वाजपेयी की प्रतिमाएं स्थापित करने के लिए विधानसभा में 183 स्थानों की घोषणा और लगभग 45 करोड़ रुपये की राशि जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में कटघोरा की घटना के बाद केवल एक प्रतिमा की जांच पर्याप्त नहीं होगी।
उन्होंने मांग की कि प्रदेश में स्थापित सभी अटलजी की प्रतिमाओं की गुणवत्ता और सामग्री की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराई जाए। जिन प्रतिमाओं में घटिया सामग्री, निर्धारित मापदंडों से विचलन या वित्तीय अनियमितता मिले, वहां संबंधित ठेकेदार, सप्लायर और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
डॉ. महंत ने कहा कि वैचारिक मतभेदों के बावजूद देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू अटल बिहारी वाजपेयी का सम्मान करते थे। इसी तरह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भी अटलजी को संयुक्त राष्ट्र में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने का अवसर दिया था। अटलजी की राजनीतिक विरासत दलगत सीमाओं से कहीं ऊपर थी।
उन्होंने कहा, “मुझे सबसे ज्यादा तकलीफ इस बात की है कि देश के सबसे सम्मानित नेताओं में से एक की स्मृति के साथ उन्हीं की पार्टी की सरकार के कार्यकाल में ऐसी बेईमानी के आरोप लग रहे हैं। सरकार को बताना चाहिए कि यह अटलजी का सम्मान है या उनके नाम पर सरकारी धन की बंदरबांट?”
डॉ. महंत ने भाजपा सरकार के नारे पर भी तंज कसते हुए कहा कि “सरकार कहती है—हमने बनाया, हम ही संवारेंगे। लेकिन कटघोरा में अटलजी की प्रतिमा देखकर सवाल उठता है कि सरकार ने बनाया क्या और संवारा क्या?”
उन्होंने कहा कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच, दोषियों पर एफआईआर तथा सरकारी राशि की वसूली की कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही प्रदेश में स्थापित सभी अटल प्रतिमाओं का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए।

Continue Reading

कोरबा

576.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले में एक जून से आज तक कुल 576.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई।
   अधीक्षक भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार उक्त अवधि में जिले की तहसील कोरबा में 616.8 मिलीमीटर, अजगरबहार 418, भैंसमा, 531, करतला 537.5, बरपाली 618.4, कटघोरा 586.9 दीपका 619.9, दर्री 711.9, पाली 616.8, हरदीबाजार 474.6, पोंड़ी-उपरोड़ा 614.8, और पसान तहसील में 575.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसी तरह पिछले 24 घंटे में जिले में 13.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677