Connect with us

छत्तीसगढ़

रायपुर कमिश्नर ने रात 10 बजे अफसरों की बैठक ली:नशा-चाकूबाजी पर सख्ती दिखाने, चालान के नाम पर परेशान ना करने की नसीहत दी

Published

on

रायपुर,एजेंसी। रायपुर कमिश्नरेट के कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पदभार संभालते ही लॉ एंड ऑर्डर पर सख्ती दिखाई है। उन्होंने चालान के नाम पर वाहन स्वामियों को जबरिया परेशान ना करने की नसीहत अधीनस्थ अधिकारियों को दी है।

शनिवार रात 10 बजे सिविल लाइन स्थित सी-4 भवन के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने शहर की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की प्राथमिकताओं को साफ तौर पर रखा।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर सहित सभी डिप्टी पुलिस कमिश्नर, एडिशनल डीसीपी, असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

रायपुर कमिश्नर डॉ.संजीव शुक्ला अफसरों की बैठक लेते हुए।

रायपुर कमिश्नर डॉ.संजीव शुक्ला अफसरों की बैठक लेते हुए।

बैठक में रायपुर कमिश्नरेट की वर्किंग प्रणाली बताई

बैठक की शुरुआत में पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों से परिचय लिया और रायपुर कमिश्नरेट की कार्ययोजना साझा की।

उन्होंने शहर में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने पर जोर देते हुए विजिबल पुलिसिंग, पैदल पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

डॉ. शुक्ला ने कहा कि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना तभी मजबूत होगी, जब पुलिस हर इलाके में दिखाई दे।

रायपुर कमिश्नर डॉ.संजीव शुक्ला ने अधिकारियों से परिचय लिया।

रायपुर कमिश्नर डॉ.संजीव शुक्ला ने अधिकारियों से परिचय लिया।

जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने का निर्देश

कमिश्नर ने चाकूबाजी, नशाखोरी और अड्डेबाजी पर सख्त नियंत्रण के निर्देश दिए। गुंडा और निगरानी बदमाशों पर कड़ी नजर रखने के साथ असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

विशेष रूप से प्रतिबंधित नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस अपनाने और पूरे नेटवर्क को तोड़ने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चाकूबाजी की छोटी से छोटी घटना पर भी कड़ी धाराओं में अपराध दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।

रायपुर कमिश्नर डॉ.संजीव शुक्ला अफसरों की बैठक लेते हुए।

रायपुर कमिश्नर डॉ.संजीव शुक्ला अफसरों की बैठक लेते हुए।

बिना अनुमति प्रदर्शन-रैली पर रोक

रायपुर कमिश्नरी क्षेत्र में अब रैली, धरना या किसी भी सामूहिक आयोजन के लिए कमिश्नर की अनुमति लेनी होगी। बिना अनुमति आयोजन पर आयोजकों पर कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह से निर्धारित समय के बाद बार, कैफे और रेस्टोरेंट अनिवार्य रूप से बंद कराने का निर्देश अधीनस्थों को दिया है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

इंडियन पब्लिक स्कूल पाली में डांडिया की धूम, बच्चों ने किए मां दुर्गा के दर्शन

Published

on

कोरबा/पाली। नवरात्रि के पावन पर्व पर इंडियन पब्लिक स्कूल, पाली में डांडिया उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। रंग-बिरंगे परिधानों, मधुर संगीत और डांडिया की थाप पर थिरकते बच्चों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं उत्सवमय बना दिया।
शिक्षिकाओं ने बच्चों को कराया मां दुर्गा का दर्शन

नवरात्रि के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व से बच्चों को परिचित कराने के उद्देश्य से विद्यालय की शिक्षिकाएं विद्यार्थियों को दुर्गा पंडाल लेकर गईं, जहां बच्चों ने मां दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। शिक्षिकाओं ने बच्चों को नवरात्रि पर्व की महत्ता, मां दुर्गा की आराधना और भारतीय धार्मिक परंपराओं के बारे में जानकारी दी। इस पहल से बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ धार्मिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों को समझने का अवसर मिला।
शिक्षा के साथ संस्कार और संस्कृति पर विशेष जोर

इंडियन पब्लिक स्कूल, पाली में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जाती है। विद्यालय के डायरेक्टर राकेश मिश्रा के मार्गदर्शन में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक, सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते हैं। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास विकसित करने के साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना है।
विद्यालय के एडमिनिस्ट्रेटर कुणाल महापात्रा के सहयोग तथा प्राचार्य संतोष देवनाथ के नेतृत्व में विद्यालय में इस प्रकार की गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाता है। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों को डांडिया नृत्य के लिए तैयार करने और दुर्गा पंडाल में दर्शन कराने में सराहनीय भूमिका निभाई।

डांडिया उत्सव और मां दुर्गा के दर्शन का यह अवसर विद्यार्थियों के लिए आनंद, भक्ति और सांस्कृतिक शिक्षा का यादगार अनुभव बना। विद्यालय की इस पहल से बच्चों में भारतीय संस्कृति के प्रति लगाव, आपसी सहयोग और धार्मिक परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा मिला।
इंडियन पब्लिक स्कूल, पाली शिक्षा के साथ संस्कार, संस्कृति और सर्वांगीण विकास को महत्व देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

Continue Reading

कोरबा

बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत शुरू, 154 किलोमीटर मार्गों पर होगा बीटी पैच कार्य

Published

on

लोक निर्माण विभाग ने चार उपसंभागों के लिए 280.05 लाख रुपये किए स्वीकृत, दिसंबर तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य

कोरबा 19 अक्टूबर 2026। तेज बारिश से जिले की कई महत्वपूर्ण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और यात्रा सुरक्षित बने, इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। जिले में लगभग 154 किलोमीटर लंबाई की सड़कों पर बीटी पैच कार्य कराया जाएगा। इसके लिए कुल 280.05 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

लोक निर्माण विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने तथा कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। स्वीकृति मिलने के बाद कई कार्यों के कार्यादेश जारी कर काम शुरू कराया गया है, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।

जिले के चार उपसंभागों में बीटी पैच कार्य के लिए राशि स्वीकृत की गई है। कटघोरा उपसंभाग क्रमांक-1 के लिए 50 लाख रुपये, कटघोरा उपसंभाग क्रमांक-2 के लिए 50.05 लाख रुपये, कोरबा उपसंभाग के लिए 105 लाख रुपये तथा भैसमा उपसंभाग के लिए 75 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

उरगा-चांपा, कोरबा, सीपत-बलौदा-हाटी, रामपुर-बेहरचुआ-नोनबिर्रा और कुदमुरा-श्यांग मार्गों सहित कई महत्वपूर्ण सड़कों पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है। पाली-दीपका, तिवरता-लिटियाखार, पुरेना-विजयनगर, कटघोरा-सलोरा, पाली बाईपास, चैतमा बाईपास और कटघोरा बाईपास मार्गों पर भी बीटी पैच कार्य कराया जाएगा। इसके अलावा सुतर्रा-बांकी, बांकी-गजरा, बांकी-भैरोताल, हनुमानगढ़ी पहुंच मार्ग, खैरा डुबान-रामदेई, बक्साही-सीस बाजार, नोनबिर्रा-रतीजा, उड़ता-भाड़कछार, जेमरा-चैतुरगढ़ और नेवसा-जोरहाडबरी मार्गों पर भी मरम्मत कार्य किया जाएगा। राहा-रावा, पसान-पिपरिया-दुल्लापुर, कोरबी-जलके और जलके-पिपरिया मार्गों पर भी बीटी पैच कार्य शुरू कराया जा रहा है। बिलासपुर-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग के छूटे हुए हिस्से में भी मरम्मत कार्य किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े ने बताया कि अत्यधिक बारिश के कारण कई सड़कें जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हुई हैं। विभाग ने मरम्मत के लिए राशि स्वीकृत कर एजेंसियां तय की हैं और काम प्रारंभ करा दिया है। दिसंबर माह तक सड़कों को दुरुस्त करने का लक्ष्य रखा गया है। विभागीय सचिव एवं मंत्री अरुण साव ने कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने लोक निर्माण विभाग सहित सभी निर्माण एजेंसियों को स्वीकृत सड़क कार्य शीघ्र शुरू कर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। मरम्मत कार्य पूरा होने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा। आम नागरिकों, विद्यार्थियों, किसानों और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और यात्रा अधिक सुरक्षित हो सकेगी।

Continue Reading

कोरबा

मुख्यमंत्री की घोषणा पर कोरबा में नवीन सर्किट हाउस निर्माण को मिली मंजूरी

Published

on

311.29 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति, रामपुर आईटीआई, डिंगापुर के पास स्थल चिन्हित

कोरबा, 19 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा कोरबा प्रवास के दौरान जिला मुख्यालय में नवीन सर्किट हाउस निर्माण की घोषणा की गई थी। राज्य शासन ने घोषणा के अनुरूप भवन निर्माण के लिए 311.29 लाख रुपये (3 करोड़ 11 लाख 29 हजार रुपये) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। नवीन सर्किट हाउस के निर्माण के लिए रामपुर आईटीआई, डिंगापुर के पास स्थल चिह्नित कर आरक्षित किया गया है। लोकनिर्माण विभाग मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव के प्रयास से राशि स्वीकृति हुई।
कार्यपालन अभियंता जी आर जांगड़े ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा इस स्थल पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त सर्किट हाउस का निर्माण कराया जाएगा। भवन में वीआईपी सूट के साथ अतिथियों के लिए अलग-अलग कक्षों की व्यवस्था रहेगी। भवन की रूपरेखा में भविष्य की आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखा गया है।
प्रस्तावित भवन में ड्राइंग रूम, प्रतीक्षालय, रसोईघर, भोजन कक्ष सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। परिसर में वीआईपी और सामान्य वाहनों के लिए पृथक पार्किंग, उद्यान एवं हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। वाहनों के सुगम आवागमन के लिए अलग प्रवेश और निकास द्वार भी प्रस्तावित हैं।
नवीन सर्किट हाउस के निर्माण से जिला मुख्यालय में शासकीय अतिथि गृह की सुविधाओं का विस्तार होगा। जिले के प्रवास पर आने वाले जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और विशिष्ट अतिथियों को ठहरने के लिए बेहतर आवासीय सुविधा मिल सकेगी।
प्रशासकीय स्वीकृति और स्थल चिह्नांकन के बाद लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्धारित विभागीय प्रक्रिया के तहत निर्माण कार्य की आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677