Connect with us

छत्तीसगढ़

रायपुर : ओसाका इन्वेस्टर कनेक्ट: छत्तीसगढ़ ने जीता निवेशकों का भरोसा

Published

on

छत्तीसगढ़ का निवेश-अनुकूल इकोसिस्टम: जापानी कंपनियों ने दिखाई गहरी रुचि

छत्तीसगढ़ का निवेश-अनुकूल इकोसिस्टम: जापानी कंपनियों ने दिखाई गहरी रुचि
छत्तीसगढ़ का निवेश-अनुकूल इकोसिस्टम: जापानी कंपनियों ने दिखाई गहरी रुचि

रायपुर।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने जापान प्रवास के दौरान ओसाका में आयोजित प्रतिष्ठित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, प्रतिभाशाली मानवबल और उद्योग-अनुकूल नीतियों का सशक्त संगम है। उन्होंने रेखांकित किया कि भारत और जापान विश्वास एवं साझा मूल्यों की गहरी डोर से जुड़े हैं। मुख्यमंत्री ने जापानी साझेदारों से आह्वान किया कि वे नवाचार, अवसर और साझा समृद्धि से आगे बढ़ रही छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा में भागीदार बनें।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सरताज फूड्स, ओसाका को छत्तीसगढ़ में फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के लिए 11.45 मिलियन डॉलर (रू.100 करोड़) का निवेश प्रस्ताव दिया। यह परियोजना राज्य के फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र को नई ऊँचाई देगी, बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन करेगी और किसानों को नए अवसर प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से छत्तीसगढ़ की कृषि-आधारित अर्थव्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

बिजनेस-टू-गवर्नमेंट (B2G) बैठकों के अंतर्गत मुख्यमंत्री साय ने मोराबु हंशिन कंपनी के प्रेसिडेंट एवं रिप्रेजेंटेटिव डायरेक्टर नाओयुकी शिमाडा से भी भेंट की। यह कंपनी कुशल इंजीनियरों, सिस्टम डेवलपमेंट और वर्कफोर्स सॉल्यूशंस के क्षेत्र में अग्रणी है। बैठक में कौशल प्रशिक्षण और वर्कफोर्स एक्सचेंज के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए वैश्विक अवसरों का मार्ग प्रशस्त होगा और राज्य का कौशल तंत्र और अधिक सशक्त बनेगा।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के अधिकारियों ने राज्य की प्रतिस्पर्धात्मक विशेषताओं को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि प्रचुर खनिज संपदा, सक्रिय सिंगल-विंडो क्लियरेंस सिस्टम, विश्वस्तरीय औद्योगिक ढाँचा और वैश्विक निवेशकों को सहज वातावरण उपलब्ध कराना छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत है। राज्य में किए जा रहे सुधारों और निवेशकों के लिए प्रोत्साहन योजनाओं की जापानी प्रतिनिधियों ने सराहना की। विशेषकर फूड प्रोसेसिंग, प्रौद्योगिकी और उन्नत वर्कफोर्स सॉल्यूशंस के क्षेत्र में निवेश की इच्छुक कंपनियों ने छत्तीसगढ़ को उपयुक्त अवसरों का प्रदेश बताया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “छत्तीसगढ़ निवेश-अनुकूल इकोसिस्टम प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, जहाँ वैश्विक साझेदारों को अवसर और सहयोग दोनों मिलते हैं। जापान के साथ हमारी साझेदारी विश्वास और साझा मूल्यों पर आधारित है। ओसाका में हुई चर्चाएँ न केवल निवेश लेकर आएँगी, बल्कि हमारे किसानों को सशक्त बनाएँगी, युवाओं के लिए रोजगार उत्पन्न करेंगी और विकसित छत्तीसगढ़ की नींव को और अधिक मजबूत करेंगी।”

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

कोरबा में घर के अंदर मिली महिला की लाश:पति ने देखा पत्नी को फंदे पर लटका, भागकर किया था लव-मैरिज, पुलिस जांच में जुटी

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले में एक 26 साल की शादीशुदा महिला की लाश घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटकी मिली। पति ने पत्नी को फंदे पर लटका देखा तो वह घबरा गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। इसके बाद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

जांच में पता चला कि महिला बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली थी। उसके पति ने अपनी पहली पत्नी को छोड़कर उससे लव मैरिज किया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र के कृष्णा नगर बस्ती का है।

जानकारी के मुताबिक, कृष्णा नगर बस्ती निवासी धर्मेंद्र पासवान ने बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गौरेया थाना, तुर्की इलाके की रहने वाली 26 वर्षीय प्रीति उर्फ बेबी को लेकर भाग गया था। इसके बाद धर्मेंद्र ने प्रीति से लव मैरिज कर ली थी।

दोनों पिछले कुछ सालों से कोरबा के कृष्णा नगर में किराए के मकान में रह रहे थे। यहां वे अपने तीन साल के बच्चे के साथ रह रहे थे। धर्मेंद्र पासवान बालको पावर प्लांट में एक निजी कंपनी के ठेकेदारी कार्य से जुड़ा हुआ है।

फांसी के फंदे पर लटकी मिली लाश

रविवार सुबह प्रीति की लाश घर में लोहे के एंगल पर चुन्नी से फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। सुबह जब पति धर्मेंद्र ने प्रीति को फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा तो वह घबरा गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और महिला को नीचे उतारा गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

इसके बाद उसे तुरंत एंबुलेंस से जिला मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने रविवार शाम तक कमरे को सील कर दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मानिकपुर चौकी पुलिस ने जब मृतका के परिजनों से उनके थाने के जरिए संपर्क किया तो पता चला कि उसकी मां नहीं है, सिर्फ पिता हैं। लेकिन पिता भी आने को तैयार नहीं हैं, क्योंकि वे भी किसी के साथ प्रेम विवाह कर पहले ही घर छोड़ चुके हैं।

इस मामले को लेकर कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। तहसीलदार के सामने पंचनामा और बयान की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई।

Continue Reading

कोरबा

शराब दुकानों पर CM-मंत्री की फोटो लगाने की मांग:बांकिमोंगरा नेता-प्रतिपक्ष ने सुशासन तिहार में किया आवेदन, कहा-राजस्व देने वाली दुकानों पर भी हो तस्वीर

Published

on

कोरबा। कोरबा में सुशासन तिहार 2026 के तहत एक अनोखा आवेदन सामने आया है। बांकिमोंगरा नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने आबकारी विभाग से शराब दुकानों पर मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री की तस्वीरें लगाने की मांग की है। यह आवेदन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

आवेदन क्रमांक 262703300 में दर्ज इस मांग में जिला कोरबा, नगरीय निकाय बांकिमोंगरा नगर पालिका और वार्ड 7033003 मोंगरा का उल्लेख है। आवेदक मधुसूदन दास ने आबकारी विभाग को संबोधित करते हुए यह मांग रखी है।

आवेदन में कहा- राजस्व देने वाली दुकानों पर भी हो तस्वीर

मधुसूदन दास ने अपने आवेदन में तर्क दिया है कि राज्य के सभी कार्यों और योजनाओं में मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्री की तस्वीरें लगाई जाती हैं। इसी प्रकार, राज्य सरकार को बड़ा राजस्व देने वाली शराब दुकानों पर भी मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री की तस्वीरें लगाई जानी चाहिए। आवेदन पर आवेदक के हस्ताक्षर भी मौजूद हैं।

सुशासन तिहार 2026 छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जनता की समस्याओं और मांगों के निराकरण के लिए चलाया जा रहा एक अभियान है। इस अभियान के तहत नागरिक अपनी मांगें और शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।

यह आवेदन सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है, जहां लोग इसे सुशासन तिहार के तहत आई एक अनूठी मांग बता रहे हैं। हालांकि, आवेदन में अभी प्रभारी अधिकारी के नाम और हस्ताक्षर वाला हिस्सा खाली है, और शिविर की तारीख भी दर्ज नहीं है।

आवेदन की वर्तमान स्थिति सुशासन तिहार के आधिकारिक पोर्टल https://sushasantihar.cg.nic.in पर देखी जा सकती है।

Continue Reading

कोरबा

बस ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत,दो घायल:कोरबा-चांपा मार्ग पर हादसा, बस ड्राइवर मौके से फरार

Published

on

कोरबा। कोरबा में सोमवार दोपहर उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर भारतमाला ओवरब्रिज के नीचे एक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस ने एक बाइक पर सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में राहगीर और ग्रामीण जमा हो गए। मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगने से जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। पुलिस ने 112 की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

बाइक पर सवार तीन लोगों में जितेंद्र कंवर की मौत हो गई। मोनू सिंह और रोशन तिर्की घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक और घायल तीनों कोरबा के इमलीडुग्गू बस्ती के निवासी हैं। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के दोनों तरफ कोयला लोड ट्रेलरों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। कई बार भारी वाहन गलत दिशा में भी खड़े हो जाते हैं, जिससे यहां आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है।

लोगों ने यह भी बताया कि एक दिन पहले ही इस सड़क पर जाम और अव्यवस्था को लेकर खबर प्रकाशित हुई थी और हादसे की आशंका जताई गई थी, लेकिन इसके बाद भी किसी विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

हादसे के बाद ड्राइवर बस लेकर मौके से फरार हो गया।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677