कोरबा। कोरबा के लब्धप्रतिष्ठित पत्रकार एवं समाजसेवी स्वर्गीय जसराज जैन को श्रद्धांजलि देने उनके परिजनों द्वारा पावर हाऊस रोड स्थित पीली कोठी में श्रद्धांजलि सभा एवं शांति मिलन कार्यक्रम का आयोजन आज सुबह 11.00 बजे से किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में अपने प्रिय स्वर्गीय जसराज जैन को श्रद्धांजलि देने आम लोगों से लेकर कई दिग्गज पहुंचे थे।
छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, बेमेतरा के पूर्व विधायक अवधेश चंदेल भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, पूर्व महापौर जोगेश लाम्बा, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, निगम अध्यक्ष नूतन सिंह ठाकुर, पूर्व निगम अध्यक्ष श्याम सुंदर सोनी, कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान, पूर्व अध्यक्ष हरिश परसाई, सत्येन्द्र वासन, रामसिंह अग्रवाल, पप्पू जैन, राजेन्द्र तिवारी, राजेन्द्र चिड़िपाल सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए और स्वर्गीय श्री जसराज जैन को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। कोरबा के कई व्यापारी, समाज सेवी संगठनों से जुड़े लोग, पत्रकार, परिजन, स्वजन एवं कई लब्धप्रतिष्ठित लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा ने स्वर्गीय जसराज जैन के साथ बिताए पलों को स्मरण करते हुए कहा कि जसराज जैन एक बुद्धिजीवी पत्रकार के रूप में जहां पूरे प्रदेश में अपनी पहचान बनाई, वहीं उनका व्यक्तित्व हमारे लिए एक प्रेरणा है। डॉ चरणदास महंत ने कहा कि जसराज जैन के साथ हम युवावस्था से काम किए और उनका साथ हमेशा समाज के प्रति सकारात्मक रहा और उनके साथ रहने से हमें कई सीख भी मिली। गोपाल मोदी ने जसराज जैन को विलक्षण प्रतिभा के धनी बताया और कहा कि जसराज जैन की कलम में वह ताकत थी, जिससे कोरबा के विकास को बल मिला।
श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण शर्मा, बेमेतरा पूर्व विधायक अवधेश चंदेल,प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत,कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान, पूर्व अध्यक्ष हरिश परसाई,भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी , पूर्व महापौर जोगेश लाम्बा, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, निगम अध्यक्ष नूतन सिंह ठाकुर, पूर्व निगम अध्यक्ष श्याम सुंदर सोनी, वरिष्ठ पत्रकार वेद प्रकाश मित्तल, सत्येन्द्र वासन, रामसिंह अग्रवाल, पप्पू जैन, राजेन्द्र तिवारी, राजेन्द्र चिड़िपाल, कांग्रेस जिला अध्यक्ष ग्रामीण मनोज चौहान ,पूर्व आयुक्त अशोक शर्मा ,सहित अनेक गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, पत्रकारों एवं स्व. जसराज जैन के परिजनों तथा शुभचिंतकों ने भाग लिया और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
डॉ. चरणदास महंत ने श्रद्धांजलि स्वरूप कहा, “हमने युवावस्था में जसराज जैन के साथ कार्य किया। उनका दृष्टिकोण सदैव समाजोन्मुखी रहा और उनके साथ रहने से जीवन में कई महत्वपूर्ण शिक्षाएं मिलीं।
पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा ने स्व. जसराज जैन के साथ बिताए पलों को याद करते हुए कहा, “जसराज जैन न केवल एक बुद्धिजीवी पत्रकार थे, बल्कि उनके विचार एवं आचरण हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।”
बेमेतरा के पूर्व विधायक अवधेश चंदेल ने श्री जसराज जैन जी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा उनसे जब भी मुलाकात होती थी वह हमेशा क्षेत्र के विकास के लिए कटिबद्ध रहने की तथा प्रत्येक व्यक्ति के लिए काम करने के लिए सलाह देते थे,वे मेरे लिए प्रेरणा स्रोत थे।
पूर्व लायंस गवर्नर एवं वरिष्ठ नागरिक राम सिंह अग्रवाल उन्हें “विलक्षण प्रतिभा के धनी” बताते हुए कहा कि उनकी लेखनी में ऐसी शक्ति थी, जिसने कोरबा के विकास को नई दिशा दी।
वरिष्ठ पत्रकार एवं सनत दास दीवान श्री जसराज जैन को अपना अभिभावक बताया और उनके जाने से अपनी व्यक्तिगत क्षति बताया उन्होंने पत्रकारिता के गिरते हुए स्तर पर जसराज जैन की कही गई बातों को मुखरता से कहा कि वह इस पर हमेशा चिंतन करते थे ।
भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा की जसराज अंकल का जाना कमला नेहरू महाविद्यालय के लिए तथा सभी संगठन के लिए क्षति है वे हर क्षेत्र पर पैनी नजर रखते थे एवं हमेशा सुधार के लिए स्वयं प्रयास करते थे।
वरिष्ठ पत्रकार कमलेश यादव ने कहा स्व श्री जैन दशकों तक पत्रकारिता के माध्यम से न केवल कोरबा, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। वे हमेशा कहते थे:
“लेखनी का उद्देश्य निर्माण होना चाहिए, न कि विध्वंस। सकारात्मक पत्रकारिता से ही समाज में दीर्घकालिक पहचान बनाई जा सकती है।”
लायंस के ही पूर्व जिला गवर्नर एमडी मखीजा, वरिष्ठ पत्रकार वेद प्रकाश मित्तल, अग्रवाल सभा के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल राजू, चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के अध्यक्ष योगेश जैन, पूर्व आयुक्त अशोक शर्मा सहित अनेक लोगों ने अपने संस्मरण के साथ श्री जसराज जैन जी को याद किया।
जसराज जैन-एक व्यक्तित्व :लोगों को अपना बना लेने की अद्भूत क्षमता थी स्व. जसराज जैन में
गत 24 सितम्बर 2025 को नियति ने सिर्फ जैन (बोहरा) परिवार के लिए ही कहर नहीं बरपाया, अपितु वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी जसराज जैन का देवलोक गमन कोरबा के लिए भी एक रिक्तता छोड़ गया। स्वर्गीय श्री जसराज जैन एक ऐसे व्यक्तित्व के धनी थे, जो अपने सद्व्यवहार से किसी को भी अपना बना लेने की क्षमता रखते थे। वे दशकों तक पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी कलम की ताकत दिखाई और सिर्फ कोरबा ही नहीं, अपितु पूरे छत्तीसगढ़ में अपनी अलग पहचान बनाई। आज तक वे युवा पत्रकारों के लिए प्रेरणाश्रोत बन रहे। वे हमेशा कहा करते थे कि लेखनी में निर्माण की बात हो, विध्वंस की नहीं। सकारात्मक लेखनी से आप लंबे समय तक समाज में टिके रह सकते हो। वे जैन समाज में भी अपनी संगठनात्मक कार्यशैली से बतौर मुखिया के रूप में एक प्रतिष्ठित जगह पर विराजमान थे और समाज के लिए मार्गदर्शक बने रहे। वे कहा करते थे कि अपनी आय का कुछ हिस्सा उन पीड़ितों के लिए रखें, जो आप से अपेक्षा भी रखते हैं और जिन्हें समाज से आस रहती है। गत 24 सितम्बर 2025 को 82 वर्ष की उम्र में जसराज जैन इस लोक से देवलोक गमन कर गए। इसी दिन मोतीसागर पारा मुक्तिधाम में उन्हें अंतिम विदाई दी गई। उनकी अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ा था, जो उनके व्यक्तित्व को प्रदर्शित कर रहा था। 04 अक्टूबर दिन शनिवार को पीली कोठी, दीनदयाल मार्केट पावर रोड कोरबा में उनको श्रद्धांजलि देने श्रद्धांजलि सभा एवं शांति मिलन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें भी उन्हें श्रद्धांजलि देने कोरबा उमड़ पड़ा, छत्तीसगढ़ के अन्य हिस्सों से भी दिग्गज श्रद्धांजलि देने पहुंचे। कोरबा के लिए वे सदैव प्रेरणा बनकर लोगों के दिलों में राज करते रहेंगे। उनके पुत्र सुनील जैन, राजेन्द्र जैन एवं संतोष जैन ने अपने स्वर्गीय पिता के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हुए पीड़ित मानवता की सेवा में अपना योगदान देने की बात कही। वे सदा चिरस्मरणीय रहेंगे…।
परंपरागत हुनर के साथ आधुनिक उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण,आजीविका के नए अवसर सृजित करने की पहल
कोरबा, 13 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को आजीविका से जोड़ने और उनकी पारंपरिक कला एवं कौशल को रोजगार के बेहतर अवसरों में परिवर्तित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कोनकोना के आश्रित ग्राम समेलीभाटा में निवासरत बिरहोर परिवारों को बांस कला का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 10 से 19 सितंबर तक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान(आरसेटी)कोरबा के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है।
समेलीभाटा के बिरहोर परिवार लंबे समय से पारंपरिक रूप से बांस शिल्प निर्माण का कार्य करते आ रहे हैं। इनके द्वारा बांस से टोकनी, सूपा, झापी सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार कर स्थानीय हाट-बाजारों में विक्रय की जाती हैं। हालांकि पारंपरिक उत्पादों तक सीमित बाजार और उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण कारीगरों को अपनी मेहनत के अनुरूप पर्याप्त आमदनी प्राप्त नहीं हो पाती। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा इन परिवारों के पारंपरिक हुनर को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करने की पहल की गई है।
प्रशिक्षण के दौरान बांस शिल्पकारों को पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ आधुनिक एवं आकर्षक सजावटी वस्तुएं तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें आकर्षक गुलदस्ते, सीनरी, झालर तथा अन्य उपयोगी एवं सजावटी बांस उत्पाद शामिल हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य बांस शिल्पकारों के कौशल में निखार लाते हुए उनके उत्पादों में विविधता, गुणवत्ता और आकर्षण बढ़ाना है, ताकि वे स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर व्यापक बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार कर सकें।
जिला प्रशासन की इस पहल से बिरहोर परिवारों की पारंपरिक कला को संरक्षित करने के साथ ही उसे आय के स्थायी एवं बेहतर माध्यम के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षण के पश्चात राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से इन परिवारों द्वारा तैयार उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे बांस शिल्पकारों को अपने उत्पादों के बेहतर मूल्य प्राप्त करने, बाजार से सीधे जुड़ने तथा अपनी आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।
शांति नगर में गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी मनाने तैयारी पूरी कोरबा/पाली। कल 14 सितम्बर को पूरे भारत वर्ष में गणेश चतुर्थी की धूम रहेगी। जिले में विभिन्न गणेशोत्सव समितियों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में कल गणेश चतुर्थी पर पाली के राजा का भी भव्य और दिव्य आगमन होगा।
गणेशोत्सव समिति शांति नगर पाली के आयोजकों ने बताया कि कल 14 सितम्बर सोमवार को लालबाग के राजा की प्रतिमा बड़े धूमधाम से मंत्रोच्चार के साथ विराजित की जाएगी। भगवान श्रीगणेश की भव्य प्रतिमा पाली के राजा का शुभ आगमन संध्या 7.00 बजे होगा और पाली मुख्य बाजार से कार्यक्रम स्थल तक रैली की शक्ल में आकर्षक आतिशबाजी, आकर्षक एसएफएक्स एवं धूमाल के साथ लाई जाएगी और पंडित जी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ विघ्रहर्ता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आयोजन समिति ने इस भव्य आयोजन में सभी क्षेत्र वासियों को सादर आमंत्रित किया है और पाली के राजा की आगमन रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।
कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित
कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पैसे देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने तथा बाद में उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
शराब के लिए पैसे मांगे, मना करने पर की मारपीट
दिनांक 10.09.2026 की रात्रि लगभग 09:00 बजे प्रार्थी संतोष राठौर निवासी फरसवानी अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपीगण द्वारा उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपीगण द्वारा उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की गई।घटना के कुछ समय बाद आरोपीगण पुनः रात्रि लगभग 12:30 बजे प्रार्थी के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना में प्रार्थी के हाथ में चोट आई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। लगातार पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी के अपने सकुनत पर मौजूद होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 को विधिवत जब्त किया गया।
आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार आरोपी ज्ञान राठौर पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण में संलिप्त रहा है तथा हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था और उसके विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।वर्तमान घटना में पुनः आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने तथा उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की पूर्व आपराधिक गतिविधियों एवं वर्तमान प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर दिनांक 12.09.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।प्रकरण में विवेचना जारी है तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
कोरबा पुलिस की स्पष्ट नीति — अपराध एवं आपराधिक प्रवृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई कोरबा पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।