Connect with us

छत्तीसगढ़

सीतापुर MLA ने धोए बर्तन… नदी किनारे पहुंचे टोप्पो, पास बैठी महिला भी नहीं पहचान सकी; गांव तक पहुंचने कई किलोमीटर पैदल भी चले

Published

on

सरगुजा। सरगुजा जिले के सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो का बर्तन धोने का वीडियो वायरल हो रहा है। विधायक सीतापुर विधानसभा के दूरस्थ क्षेत्र बंदरकोट पहुंचे थे। इसी दौरान नदी किनारे बर्तन मांज रही महिला के पास वे पहुंच गए।

विधायक महिला के पास बैठकर बर्तन धोने लगे लेकिन महिला उन्हें पहचान नहीं सकी। काफी देर बातचीत के बाद हंसी-मजाक में विधायक ने कहा कि, तुम मुझे नहीं जानती फिर भी मैं तुम्हारे बर्तन धो रहा हूं, अब मुझे खाना खिलाकर ही भेजना।

दरअसल, बंदरकोट इलाका पूरी तरह से पहुंचविहीन है। यहां विधायक गांव वालों से मिलने पहुंचे थे। गांव तक पहुंचने के लिए साथियों के साथ वे कई किलोमीटर पैदल चले। इसी दौरान नदी के पास उन्हें एक महिला बर्तन धोती दिखी।

उन्होंने महिला से पूछा कि पहचानती हो, तो महिला ने कहा, नहीं। साथ गए एक व्यक्ति ने बताया कि ये हमारे सीतापुर के विधायक हैं। बर्तन धोते हुए विधायक ने छत्तीसगढ़ी में महिला से बात की। कहा कि ये गलत बात है कि तुम मुझे नहीं पहचानती। साथ में मौजूद ग्रामीण ने कहा कि अब पहचान लेगी।

कई किलोमीटर पैदल चलकर गांव तक पहुुंचे थे विधायक

विधायक ने कहा-घर तक रास्ता बनवाएंगे

विधायक रामकुमार टोप्पो ने महिला का हाल जाना और पूछा कि, बच्चों को स्कूल भेजती है या नहीं, उन्हें बड़ा होकर क्या बनाएगी? महिला ने बताया कि उसके बच्चे स्कूल जाते हैं। विधायक ने कहा कि बच्चों को जंगल में मत रखना। उन्हें अच्छे से पढ़ाना।

महिला ने विधायक से कहा कि घर तक पहुंचने के लिए रास्ता नहीं है। वे पगडंडी से आना-जाना करते हैं। शाम ढलने के बाद डर लगता है। विधायक ने कहा कि महिला के घर तक वे सड़क बनवाएंगे।

पहुंचविहीन बंदरकोट में लोगों से रूबरू होकर पूछी समस्याएं

ग्रामीणों से पूछी समस्याएं

बंदरकोट पहुंचकर विधायक ने ग्रामीणों से सीधे बातचीत की और परेशानियों के साथ योजनाओं के लाभ की जानकारी भी ली। रामकुमार टोप्पो ने कहा सभी पहुंचविहीन गांव में सर्वे कर रहे हैं। प्राथमिकता में पहुंचविहीन गांवों तक सड़क और पुल निर्माण की पहल की जा रही है। जहां बड़े ब्रिज बनने हैं, वहां स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेज रहे हैं। गांवों तक बाइक, ट्रेक्टर, पिकअप व एंबुलेंस पहुंचे, इसके लिए सड़कों को सुधारा जा रहा है।

स्कूली छात्राओं को सिखाया ननचाकू चलाना।

इससे पहले छात्राओं को ननचाकू सिखाया था

एक महीने पहले विधायक रामकुमार टोप्पो स्कूली छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाते दिखे थे। बतौली स्कूल में छात्राओं को जापानी ननचाकू मार्शल आर्ट की उन्होंने ट्रेनिंग दी थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि, छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए जागरूक होना जरूरी है

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

छत्तीसगढ़

सक्ती में छह लोग अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार:तीन गांवों में कार्रवाई, 57 लीटर शराब और 250 किलो महुआ लाहन जब्त

Published

on

सक्ती। सक्ती जिले में अवैध महुआ शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने दो दिनों तक कार्रवाई की। इस दौरान छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। टीम ने कुल 57 लीटर महुआ शराब और 250 किलो महुआ लाहन जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

आबकारी विभाग के मुताबिक, 23 नवंबर को सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में टीम ने ग्राम मुक्ताराजा और जुड़गा में छापेमारी की।

मुक्ताराजा में कूलर के अंदर छिपाकर रखी थी 14 लीटर शराब

ग्राम मुक्ताराजा के अविनाश खांडे (35) के घर से 14 लीटर महुआ शराब मिली। उसके खिलाफ घर से शराब बेचने की शिकायत मिली थी। इसकी पुष्टि के लिए विभाग की टीम ने ग्राहक बनकर उससे शराब खरीदी। इसके बाद घर की तलाशी ली गई। इस दौरान बेडरूम में रखे कूलर से तीन हरी बोतलों में 6 लीटर और दो पारदर्शी बोतलों में 8 लीटर शराब बरामद हुई।

जुड़गा में घर से 6 लीटर महुआ शराब जब्त

इसी दिन ग्राम जुड़गा में सूरज कंवर के घर भी तलाशी ली गई। उसके घर से दो बोतलों में 4 लीटर और एक हरी बोतल में 2 लीटर महुआ शराब मिली। टीम ने कुल 6 लीटर शराब जब्त की।

मल्दा में गड्ढा खोदकर छिपाया था महुआ लाहन

इसके अगले दिन 24 नवंबर को आबकारी विभाग ने ग्राम मल्दा में कार्रवाई की। यहां सूरज मित्तल के घर से 7 लीटर महुआ शराब और 120 किलो महुआ लाहन बरामद हुआ। विभाग के अनुसार, उसने महुआ लाहन को घर के आंगन में पत्थरों के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाया था।

वहीं, नर्मदा बाई के घर से 30 लीटर महुआ शराब और 130 किलो महुआ लाहन मिला। दोनों के पास से कुल 37 लीटर शराब और 250 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया।

विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। कार्रवाई में आबकारी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

जांजगीर में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी:TV-होम थिएटर और बर्तन चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सामान और बाइक जब्त

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर के विद्या नगर में सूने मकान का ताला और दरवाजे की कुंडी तोड़कर चोरी करने के आरोप में पुलिस ने 26 साल के संतोष कुमार विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के पास से टीवी, होम थिएटर, बर्तन और अन्य घरेलू सामान के साथ चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

20 नवंबर को मकान में लगाकर गए थे ताला

पुलिस के अनुसार, मकान मालकिन मोंगरा बाई अपने परिवार के साथ कोरबा में भी रहती हैं। वह बीच-बीच में जांजगीर स्थित अपने मकान आती थीं। 20 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे वह अपने बेटे के साथ मकान में ताला लगाकर कोरबा चली गई थीं।

तीन दिन बाद लौटीं तो टूटी मिली कुंडी

23 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे मोंगरा बाई मकान लौटीं तो दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी। अंदर जाकर देखा तो टीवी, होम थिएटर, बर्तन और अन्य घरेलू सामान गायब था। इसके बाद उन्होंने जांजगीर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ाया आरोपी

मोंगरा बाई की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत केस दर्ज किया। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संतोष कुमार विश्वकर्मा (26), निवासी सिवनी करवार पारा, थाना चांपा को हिरासत में लिया।

चोरी का सामान और बाइक जब्त

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

पैसों के विवाद में युवक की पत्थर से हत्या:मुख्य आरोपी रायपुर से गिरफ्तार, दूसरा आरोपी पहले ही जा चुका है जेल

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर जिले के ग्राम खोखरा में उधारी के पैसों को लेकर हुए विवाद में युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी (40) को पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

इस मामले में एक अन्य आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम खोखरा के सूर्या चौक पर कौशल सूर्यवंशी, इतवारी सूर्यवंशी और देवनारायण सूर्यवंशी साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उधारी के पैसों को लेकर विवाद हुआ। आरोपियों ने देवनारायण के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।

19 नवंबर को कमल सूर्यवंशी ने सिटी कोतवाली जांजगीर में घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस की सीन ऑफ क्राइम यूनिट (SOCU) और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया। ट्रैकर डॉग ‘गब्बर’ घटनास्थल से कौशल सूर्यवंशी के घर तक पहुंचा। पुलिस जब घर पहुंची, तब कौशल वहां नहीं मिला।

पुलिस ने 19 नवंबर को सूर्या चौक खोखरा के इतवारी सूर्यवंशी (42) को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कौशल सूर्यवंशी (40) की तलाश जारी थी। पुलिस टीम उसे रायपुर से हिरासत में लेकर जांजगीर लाई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में कौशल ने पैसों के विवाद में देवनारायण के सिर पर पत्थर से वार कर हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677