छत्तीसगढ़
खराब आम और अंगूर जब्त, तरबूज का सैंपल लैब भेजा
सक्ती। भीषण गर्मी के इस मौसम में अगर आप भी बाजार से ठंडे-ठंडे तरबूज, रसीले आम या अंगूर खरीदकर खा रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। चंद मुनाफे के लालच में कुछ फल विक्रेता सड़े-गले और केमिकलयुक्त फल बेचकर लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। ऐसे लापरवाह दुकानदारों को सबक सिखाने के लिए सक्ती जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू किया है।

छत्तीसगढ़ नियंत्रक एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर 27 मई से 29 मई तक तीन दिवसीय विशेष जांच अभियान की शुरुआत की गई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने टेमर रोड से लेकर कचहरी चौक तक दुकानों का बारीकी से निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम जब सक्ती के वीआईपी और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जांच करने पहुंची, तो कई दुकानों में सड़े-गले फल ग्राहकों को बेचने की तैयारी में रखे मिले। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन्हें जब्त किया। टेमर रोड स्थित बाबी फल भंडार से 9 किलोग्राम खराब और सड़े हुए आम जब्त किए गए। कचहरी चौक स्थित शगुन फल भंडार से 3 किलोग्राम सड़े-गले अंगूर जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराए गए। इसकी तरह मधु फल दुकान (टेमर रोड) में तरबूजों की गुणवत्ता पर संदेह होने पर उनका विधिवत सैंपल लिया गया, जिसे जांच के लिए रायपुर स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सड़े फल बेचे तो की जाएगी कार्रवाई, दुकान होगी सील ^खाद्य सुरक्षा अधिकारी शांतनु भट्टाचार्य और निखिलेश साहू के नेतृत्व में टीम लगातार निगरानी कर रही है। अधिकारियों ने सभी फल विक्रेताओं को चेतावनी दी है कि वे दुकानों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। किसी भी स्थिति में कृत्रिम रूप से पकाए गए या सड़े-गले फल बेचते पाए जाने पर दुकान सील करने और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़
कंपनी बनाकर होम-लोन के नाम पर ठगे 3 करोड़:60% अमाउंट लेकर पूरी किस्त जमा करने का देता झांसा, लोन मंजूर कराकर हड़प लेता था पैसे
सरगुजा, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के सरगुजा में महिला टीचर समेत 9 लोगों से करीब 3 करोड़ रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को बैंक से होम लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करता था। इस मामले में महिला टीचर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

आरोपी ने एक कंपनी बनाई और उसी के जरिए लोगों को होम लोन दिलाने का काम करने लगा। वह लोगों से कहता था कि जितना भी लोन मिलेगा, उसका 60 प्रतिशत पैसा कंपनी में जमा करना होगा। इसके बदले कंपनी हर महीने बैंक की पूरी किस्त खुद भर देगी।
वहीं, लोन लेने वाले को 40 प्रतिशत रकम मिल जाएगी और उसे खुद कोई पैसा नहीं देना पड़ेगा। इसके बाद वो लोन की राशि अपने अकाउंट में ट्रांसफर करवा लेता और किस्त जमा नहीं करता।
इस तरह आरोपी अब तक नौ लोगों से कुल 3 करोड़ की ठगी कर चुका है। यह मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।

9 लोगों से करीब 3 करोड़ रुपए की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार।
जानकारी के अनुसार, सरगवां की रहने वाली दिव्या एक्का ने 12 मई को गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। दिव्या राजपुर ब्लॉक में टीचर के पद पर हैं।
उन्होंने बताया कि जुलाई 2024 में जमीन खरीदकर घर बनाने के लिए उन्हें 15 लाख रुपए के लोन की जरूरत थी। इस बारे में उन्होंने अपने जीजा से बात की। जीजा ने उन्हें एक ऐसे व्यक्ति के बारे में बताया, जो लोन दिलाने का काम करता था।
इसके बाद वह व्यक्ति दिव्या एक्का के घर पहुंचा और उसने अनशिवआर्या फाउंडेशन ग्रुप कंपनी के संचालक शिवशंकर दास, निवासी चंगोरी बरियों, जिला बलरामपुर के बारे में जानकारी दी।

पूरी किस्त जमा करने का झांसा देकर ठगी
शिवशंकर दास ने दिव्या एक्का से कहा कि वह बैंक से लोन दिलाने में मदद करेगा। उसने बताया कि जितना भी लोन मिलेगा, उसका 60 प्रतिशत पैसा कंपनी में जमा करना होगा। बदले में कंपनी हर महीने लोन की पूरी किस्त भरेगी। वहीं, लोन लेने वाले व्यक्ति को 40 प्रतिशत राशि मिलेगी और उसे खुद कोई पैसा जमा नहीं करना पड़ेगा।
शिवशंकर दास ने दिव्या एक्का का पैन कार्ड, आधार कार्ड, फॉर्म नंबर 16, सैलरी स्लिप, बैंक स्टेटमेंट और अन्य आवश्यक दस्तावेज ले लिया। पीड़िता केवल बैंक ऑफ इंडिया के फार्म ही साइन करने गई थी। इसके अलावा वह कहीं नहीं गई थी।
शिवशंकर दास ने मनमाने ढंग से आईसीआईसीआई बैंक से 15 लाख रुपए, बैंक ऑफ इंडिया से 13.40 लाख रुपए और एचडीएफसी बैंक से 12.68 लाख रुपए का लोन मंजूर करवाया। इस तरह पीड़िता के खाते में कुल 41.08 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए।
इसके बाद शिवशंकर दास ने अलग-अलग खातों में कुल 28 लाख रुपए अपने पास ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद किस्त जमा नहीं किए। महिला टीचर ने इसकी शिकायत थाने में की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिवशंकर दास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
तीन करोड़ से अधिक की ठगी का खुलासा
पुलिस ने शिवशंकर दास को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि वह किराए पर क्रशर चलाता था। कारोबार में नुकसान होने के बाद उसने अनशिवआर्या फाउंडेशन ग्रुप कंपनी बनाई।
आरोपी ने दिव्या एक्का के नाम पर 41.08 लाख रुपए का लोन मंजूर करवाया और उसमें से 28 लाख रुपए की ठगी कर ली। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 9 अन्य लोगों से भी करीब 3 करोड़ रुपए से ज्यादा की धोखाधड़ी की है।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी शिवशंकर दास (40 वर्ष) निवासी किशुनपुर थाना धौरपुर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया। आरोपी को न्यायालय से जेल भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़
दीपक बैज बोले-ढाई साल में ही क्रूर-अत्याचारी हुई सरकार:लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश, सूरजपुर में 30 घंटे अनशन के सामने झुकी सरकार
रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र को कुचलने और विपक्षी कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि ढाई साल के शासनकाल में ही साय सरकार क्रूर और अत्याचारी बन गई है।

प्रदेश में विकास कार्य और जनकल्याणकारी योजनाएं ठप हैं, जबकि कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। रायपुर, बिलासपुर, जशपुर, कवर्धा और कई जिलों में लगातार गोलीबारी, हत्या और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आ रही हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज।
उपचुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही भाजपा
दीपक बैज ने कहा कि, नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। सूरजपुर जिले के शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस के चुनाव संचालक और जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट का झूठा मामला दर्ज किया गया।
बैज ने कहा कि इसके विरोध में उन्होंने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ धरना दिया और बाद में आमरण अनशन शुरू किया। उन्होंने दावा किया कि 30 घंटे बाद सरकार और प्रशासन को झुकना पड़ा और कांग्रेस की मांगें मानी गईं। इस आंदोलन में पूर्व मुख्मंत्री भूपेश बघेल और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव भी शामिल हुए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि, भाजपा को चुनाव हारने का डर सताने लगा है, इसलिए सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जहां भी लोकतंत्र का दमन होगा, कांग्रेस उसका डटकर मुकाबला करेगी।

सरकार और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन पर बैठे थे कांग्रेस नेता।
प्रदेश में लगातार हो रहे अपराध
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रायपुर, बिलासपुर, जशपुर, कवर्धा और अन्य जिलों में लगातार गोलीबारी, हत्या और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
राजधानी रायपुर में गैंगवार, बमबाजी और खुलेआम अपराध हो रहे हैं, लेकिन सरकार अपराध रोकने के बजाय विपक्ष को दबाने में लगी हुई है। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेता राजेंद्र तिवारी, विकास उपाध्याय, सीमा वर्मा, धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेंद्र वर्मा और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़
भूपेश बोले- धीरेंद्र से फ्यूल सस्ता कराने पर्ची निकलवाएं रामभद्राचार्य:कांग्रेस ने पहले बागेश्वर बाबा, अब रामभद्राचार्य को BJP का एंजेट बताया
बिलासपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेताओं और धर्म संतों के बीच बयानबाजी चल रही है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री किरन रिजीजू गौमांस खाते हैं, फिर भी मोदी जी ने उन्हें मंत्रिमंडल में रखा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या रामभद्राचार्य इसे उचित मानते हैं।
इसके साथ ही उन्होंने धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री पर तंज कसते हुए कहा कि, अपने चेले धीरेन्द्र शास्त्री से बोलकर पेट्रोल-डीजल कम करने की पर्ची निकलवा लें।

इससे पहले नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य के छत्तीसगढ़ दौरे पर कहा था कि ‘मैं रामभद्राचार्य को जगद्गुरु नहीं मानता, वे BJP के प्रचारक हैं।’ इससे पहले भूपेश बघेल पं. धीरेंद्र शास्त्री को BJP का एजेंट कह चुके हैं।
वहीं, जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने चिरमिरी में रामकथा सुनाने के दौरान पलटवार किया था कि, ‘कोई मेरे जगद्गुरुत्व को चुनौती देगा, तो मैं स्वीकार नहीं करूंगा।’

भूपेश बघेल ने कहा था- धीरेंद्र शास्त्री BJP के एजेंट है।
भूपेश बघेल ने धीरेंद्र शास्त्री को बताया था BJP एजेंट
साल 2025 में भिलाई में आयोजित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा के दौरान बड़ा विवाद सामने आया था। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धीरेंद्र शास्त्री पर अंधविश्वास फैलाने का आरोप लगाया था। इसके जवाब में धीरेंद्र शास्त्री ने मंच से कहा था कि “अगर हिंदू समाज को जोड़ना अंधविश्वास है, तो ऐसे लोग देश छोड़ दें।”
वहीं, भूपेश बघेल ने पलटवार करते हुए कहा था कि “जब धीरेंद्र शास्त्री पैदा भी नहीं हुए थे, तब से मैं हनुमान चालीसा पढ़ रहा हूं।” उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को BJP का एजेंट तक बता दिया था। इसके बाद BJP ने कांग्रेस पर हिंदू विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया था।

भूपेश बोले- रामभद्राचार्य अपने चेले धीरेन्द्र शास्त्री से बोलकर पेट्रोल-डीजल कम करने की पर्ची निकलवा लें।
महंत बोले- मैं रामभद्राचार्य को जगतगुरु नहीं मानता
25 मई 2026 को नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और सांसद ज्योत्सना महंत मनेंद्रगढ़ पहुंचे थे। मीडिया से बातचीत के दौरान चरणदास महंत ने कहा कि रामभद्राचार्य धर्म के नाम पर राजनीति करने आए हैं और वे भाजपा के प्रचारक हैं। मैं उनको न जगतगुरु मानता हूं और न गांव का गुरु मानता हूं।
इसी मुद्दे पर कोरबा सांसद ज्योत्स्ना महंत ने भी अपनी राय रखी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धर्म की आड़ में राजनीति नहीं होनी चाहिए। मैं काम को ही धर्म मानती हूं। मेरे लिए जनता की सेवा सबसे महत्वपूर्ण है। मैं उनसे मिल चुकी हूं, उनकी कथा भी सुन चुकी हूं, लेकिन जनप्रतिनिधियों को सेवा भाव में रहना चाहिए।

रामभद्राचार्य बोले- ‘कोई मेरे जगद्गुरुत्व को चुनौती देगा, तो मैं स्वीकार नहीं करूंगा।’
रामभद्राचार्य बोले- संत समाज ने जगतगुरु की दी मान्यता
चिरमिरी के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित रामकथा में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में जगतगुरु रामभद्राचार्य ने कहा कि ‘मेरे जगतगुरु होने का पूर्ण परीक्षण कर लें, मैं हर कसौटी पर खरा हूं।’
उन्होंने दावा किया कि सभी अखाड़ों और संत समाज ने उन्हें मान्यता दी है। रामभद्राचार्य ने आगे कहा कि वह ‘ऐसे-वैसे जगतगुरु नहीं’ हैं और 22 भाषाओं में धारा प्रवाह बोल सकते हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि, ‘जिन्हें राम से प्रेम करने वालों से दिक्कत है, उन्हें मिर्ची लग रही है। जो राम जी से प्रेम करेगा उसे मेरा आशीर्वाद मिलेगा।’

बिलासपुर दौरे पर पहुंचे थे भूपेश बघेल।
भूपेश बघेल ने पीएम मोदी पर ली चुटकी
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने बिलासपुर दौरे के दौरान कहा कि पीएम मोदी जनता को पेट्रोल बचाने और सोना न खरीदने की सलाह देते हैं, लेकिन खुद लगातार विदेश दौरों पर रहते हैं।
उन्होंने पीएम मोदी पर चुटकी लेते हुए कहा कि, ‘मेलोडी खाओ, खुद जान जाओ’ वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं, उनके मित्र अडानी अमेरिका में 10 अरब डॉलर का निवेश कर रहे हैं।
-
Uncategorized8 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
