Connect with us

कोरबा

आमजन की समस्यओं का निराकरण करना ही सुशासन तिहार का उद्देश्यः कलेक्टर अजीत वसंत

Published

on

पेंशन, वन अधिकर पत्र के मांगों पर समिति के अनुमोदन पश्चात लाभान्वित करने के दिए निर्देश

गुरमा के समाधान शिविर में शामिल होकर कलेक्टर ने ग्रामीणों से किया संवाद

शासन की योजनाओं की जानकारी देकर लाभ उठाने की अपील की

गुरमा की स्वच्छता दीदियों को साड़ी वितरण कर सम्मानित किया गया

कोरबा । छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत आज कोरबा ब्लॉक के दूरस्थ ग्राम पंचायत गुरमा में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शासन द्वारा निर्धारित तीन चरणों की प्रक्रिया के अंतर्गत अंतिम चरण के रूप में आयोजित इस शिविर में कलेक्टर अजीत वसंत शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आमजनों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करना और उनकी समस्याओं का निराकरण करना ही सुशासन तिहार का प्रमुख उद्देश्य है। कलेक्टर वसंत ने कहा कि सुशासन तिहार में प्राप्त सभी आवेदनों की जांच की गई है। आवेदन का परीक्षण कर जो भी मांग जितनी जल्दी पूरी हो सकती है, उस दिशा में ही कार्यवाही की जा रही है। जिला स्तर पर जो संभव है उन मांगों को यहां से ही पूरा कर दिया गया है और शासन स्तर के मांगों को पूरा करने के लिए शासन को प्रेषित किया गया है। कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर बताया कि शासन द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जाती है। आप अपनी जरूरत के अनुसार कभी भी आवेदन दे सकते हैं। जो भी समस्या या शिकायत है, आप सोमवार व गुरूवार के दिन कलेक्टर कार्यालय आकर बता सकते हैं।  


  समाधान शिविर में कलेक्टर अजीत वसंत ने मौके पर प्राप्त आवेदनों पर की गई कार्यवाही की विभागीय समीक्षाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने पेंशन के पात्र आवेदनों को जनपद पंचायत की सामान्य सभा की विशेष समिति से अनुमोदन पश्चात आगामी 15 दिवस में जारी करने एवं राशन कार्ड के सभी पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने हेतु निर्देशित किया। कलेक्टर वसंत ने ग्रामीणों को बीमार होने पर नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में जाकर उपचार कराने की अपील करते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की गंभीर बीमारियों के इलाज हेतु शासन-जिला प्रशासन की ओर से भी सहयोग प्रदान किये जाने की व्यवस्था है। उन्होंने जिन ग्रामों में मितानिन भवन की मांग है एवं सामुदायिक भवन उपलब्ध नहीं है वहां मितानिन भवन की स्वीकृति दिए जाने, जर्जर प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला एवं आंगनबाड़ी की स्वीकृति डीएमएफ मद से करने, वन अधिकार पत्र के पात्र आवेदनों को ग्रामसभा के अनुमोदन पश्चात नियमानुसार ग्राम वन समिति से अनुमोदन उपरांत वन अधिकार पत्र वितरण करने, ग्राम पंचायत गुरमा में बाजार शेड भूमि उपलब्ध होने पर स्वीकृत करने, चिर्रा से श्यांग रोड स्वीकृत करने की बात कही। उन्होंने अभिभावकों को अपने बच्चों को आंगनबाड़ी एवं स्कूल भेजने की अपील करते हुए बताया कि जिला प्रशासन द्वारा अच्छे नंबरों से उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और डाक्टर, इंजीनियर की पढ़ाई के लिए भी पूरा सहयोग किया जाता है। आप सभी अपने बच्चों को स्कूल जरूर भेजे और उन्हें शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करें।
शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया ने कहा कि “शिक्षा एक शेरनी का दूध है जो पियेगा वो दहाड़ेगा”। उन्होंने समस्त ग्रामीणजनों को शिक्षा पर जोर देते हुए पढ़ने व आगे बढ़ने की बात कही।
इससे पूर्व समाधान शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया, श्रीमती बिजमोती राठिया अध्यक्ष जनपद पंचायत, जनपद सदस्य बलेन्दर राठिया, गुरमा कलस्टर में सम्मिलित 11 ग्राम पंचायत, अमलडीहा, बासीन, चिर्रा, फूलसरी, गिरारी, गुरमा, कोलगा, लबेद, श्यांग, सिमकेंदा, सोलवां के समस्त सरपंच, उपसरंपच एवं पंच, शिविर के नोडल अधिकारी सरोज महिलांगे, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), सहायक नोडल श्रीमती कौशाम्बी गबेल, जनपद कोरबा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों की गरिमामय उपस्थित में छत्तीसगढ़ महतारी व महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलित कर साथ ही राज्य गीत “अरपा पैरी के धार“ से कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
सीईओ श्रीमती गबेल ने सुशासन तिहार के सभी चरणों की जानकारी देते हुए गुरमा कलस्टर में प्राप्त आवेदन की निराकरण की जानकारी ददी। उन्होंने बताया कि कलस्टर में प्राप्त कुल 5306 आवेदन में 5217 आवेदनों का निराकरण कर लिया गया है। शिविर में ग्राम पंचायत गिरारी, सोलवां, लबेद, सिमकेंदा, गुरमा के सरपंचों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी मुक्त ग्राम पंचायत का प्रमाण पत्र जारी किया गया। साथ ही मनरेगा कार्ड 09, राशनकार्ड 23, पेंशन 146, आवास स्वीकृति 07, वन अधिकार पत्र पुस्तिका 11, किसान किताब 01, पेट्रोल पंप 01, मिनी राइस मिल 01, हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। महारानी अहिल्याबाई होल्कर के 300वीं जयंती पर उनके अमूल्य योगदान का महोत्सव भारत सरकार द्वारा एक अभियान के रूप में चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत ग्राम पंचायत गुरमा की स्वच्छता दीदियों को साड़ी वितरण कर सम्मानित किया।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

बांकी मोंगरा में भाजपा एल्डरमैन कार्यालय का भव्य उद्घाटन, नव नियुक्त चारों एल्डरमैनों की पहल को मिला वरिष्ठ नेताओं का समर्थन

Published

on

कोरबा/बांकी मोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा में राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। नगर पालिका के नव नियुक्त चारों एल्डरमैनों की पहल से बांकी मोंगरा में भाजपा एल्डरमैन कार्यालय का शुभारंभ किया गया। कार्यालय का उद्घाटन बिलासपुर विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अमर अग्रवाल ने फीता काटकर किया।

दरअसल, कोरबा में स्वतंत्रता दिवस के ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे विधायक अमर अग्रवाल पूर्व मंत्री छत्तीसगढ़ शासन ने बांकी मोंगरा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित भाजपा कार्यालय पहुंचकर विधिवत फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

नव नियुक्त एल्डरमैनों जितेंद्र सिंह, राखी रविंद्र अग्रवाल, निराकार नाहक एवं देव प्रसाद यादव की पहल से शुरू किए गए इस कार्यालय का उद्देश्य क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करना तथा आमजन एवं कार्यकर्ताओं से जुड़ी समस्याओं और विकास कार्यों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाना बताया गया। कार्यक्रम के दौरान चारों एल्डरमैनों की आगामी दिनों में बैठक आयोजित कर क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा करने की बात भी सामने आई।

उद्घाटन कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जोगेश लांबा, डॉ. राजीव सिंह, गोपाल मोदी, जिला भाजपा अध्यक्ष अजय विश्वकर्मा, जिला महामंत्री संजय शर्मा, जिला महामंत्री अजय पांडेय, जिला कोषाध्यक्ष, प्रदेश मंत्री पिछड़ा वर्ग मोर्चा भागवत विश्वकर्मा, विधायक प्रतिनिधि लखपत शर्मा, लखन राठौर, संतोष राठौर, मुकुल कर्ष, मनोज कुंडु, रामेश्वर सोनी, अनीता राजपूत, हेमा शर्मा, बुधवारा देवांगन सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इसके अलावा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष शशि साहू, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष सूरज मिश्रा, पार्षदगण राकेश पटेल, श्रवण यादव एवं अश्वनी मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

भाजपा एल्डरमैन कार्यालय के शुभारंभ के अवसर पर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन को नई मजबूती देने वाली पहल बताया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि कार्यालय के माध्यम से भाजपा संगठन व पालिका की गतिविधियों को और अधिक व्यवस्थित रूप से संचालित करने के साथ-साथ आम जनता से निरंतर संवाद स्थापित करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में लक्ष्मी देवांगन, मंगलू जनार्दन, चेतन कश्यप, लकेश्वर खुटे, रामदयाल साहू, रवि सोनी, बहरता कश्यप सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

चारों नव नियुक्त एल्डरमैनों की संयुक्त पहल से शुरू हुए इस भाजपा एल्डरमैन कार्यालय को बांकी मोंगरा में संगठनात्मक गतिविधियों के नए केंद्र के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में होने वाली एल्डरमैनों की बैठक में क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं एवं संगठन को मजबूत करने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है।

Continue Reading

कोरबा

एसईसीएल में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

Published

on

बिलासपुर/कोरबा। एसईसीएल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वसंत विहार खेल मैदान एसईसीएल बिलासपुर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर, परेड की सलामी ली।
इस अवसर पर अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक ने परेड कमांडर व्ही. दक्षिणामूर्ति एवम वरिष्ठ सुरक्षा निरीक्षक डी.पी दिवाकर के नेतृत्व में आयोजित मुख्य परेड का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने अपने संदेश में कहा कि भारत की तेज आर्थिक प्रगति के साथ ऊर्जा की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हाल के वैश्विक एवं भू-राजनीतिक घटनाक्रमों ने एक बार फिर ऊर्जा सुरक्षा के महत्व को रेखांकित किया है। संकट की परिस्थितियों में घरेलू कोयला देश की ऊर्जा व्यवस्था के लिए एक भरोसेमंद स्रोत साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि एसईसीएल के खनिक श्रमवीरों का परिश्रम देश की ऊर्जा सुरक्षा और राष्ट्र की विकास यात्रा से सीधे जुड़ा है तथा कंपनी गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध कोयला आपूर्ति के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत एवं विकसित भारत 2047 के संकल्प में अपना योगदान दे रही है।

उन्होंने एसईसीएल परिवार के सभी कर्मचारियों, श्रमिकों, परिवारों एवं हितधारकों के सामूहिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इसी एकजुटता और प्रतिबद्धता के साथ एसईसीएल राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निरंतर मजबूत करता रहेगा।

वसंत विहार खेल मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में निदेशक (तकनीकी-संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी-योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र, एसईसीएल परिवार की प्रथम महिला एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन, उपाध्यक्षागण – श्रीमती अनिता फ्रैंकलिन, श्रीमती इप्सिता दास, श्रीमती हसीना कुमार, श्रीमती विनिता जैन एवं श्रीमती शुभश्री महापात्र सहित मुख्यालय के विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों, विभिन्न विभागाध्यक्ष, श्रमसंध प्रतिनिधिगण, एवं स्कूली बच्चे उपस्थित थे।

इससे पूर्व मुख्यालय प्रशासनिक भवन प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने ध्वज फहराया एवं सुरक्षा टुकड़ी की सलामी ली।

मुख्य समारोह में अतिथियों द्वारा सामूहिक रूप से कबूतर एवं गुब्बारे आकाश में छोड़कर शांति का संदेश दिया।
समारोह में डीएव्ही पब्लिक स्कूल, लोयला स्कूल, होली नर्सरी स्कूल, ड्रीमलैंड एवं कृष्णा पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा विविध देशभक्ति गीत-नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गयी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के करकमलों से उत्कृष्ठ कवायद दल, सर्वोत्कृष्ठ कवायद दल एवं उत्तम पोशाक के लिए परेड में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एसईसीएल कर्मियों व् उनके बच्चों को पुरस्कृत किया गया।

मुख्य कार्यक्रम के पश्चात सीएमडी हरीश दुहन ने निदेशकगण, सीवीओ, श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन एवं उपाध्यक्षगण की उपस्थिति में वसंत विहार कॉलोनी में नवनिर्मित ‘सृजन’ (जी+4) सीनियर एग्जीक्यूटिव हॉस्टल का लोकार्पण किया।

समारोह में उद्घोषणा का दायित्व पाणी पंकज पांडे, वरिष्ठ प्रबंधक (एचआर) एवं सुरक्षा निरीक्षक एम.पी. जांगड़े ने निभाया।

Continue Reading

कोरबा

स्वतंत्रता दिवस पर भाजपा जिला कार्यालय में शान से लहराया तिरंगा

Published

on

तिरंगे की आन, देश की शान, भाजपा जिला कार्यालय में जोश-उत्साह के साथ मना स्वतंत्रता दिवस

कोरबा। देशभक्ति, राष्ट्रगौरव और उत्साह से ओतप्रोत वातावरण में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा के जिला कार्यालय, ट्रांसपोर्ट नगर में भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के मुख्य आतिथ्य में राष्ट्रध्वज फहराया गया और उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।

इस अवसर पर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर वीरों एवं राष्ट्रनिर्माताओं को नमन करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महापौर संजूदेवी राजपूत, सह संभाग प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, योगेश जैन, नवीन अरोड़ा, अर्जुन गुप्ता, शैलेन्द्र यादव, नीरज ठाकुर, कुल सिंह कंवर, प्रीति स्वर्णकार, अखिलेश पांडेय, राकेश नागरमल अग्रवाल, अजय चन्द्रा एवं प्रदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन राष्ट्रभक्ति, संगठनात्मक एकजुटता और देशसेवा के संकल्प का प्रेरणादायी अवसर बना।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677