नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत ने कहा- स्व. कंवर का जीवन सादगी और सेवा में समर्पित रहा
कोरबा। स्व. प्यारे लाल कंवर शासकीय महाविद्यालय भैसमा परिसर में अखण्ड मध्यप्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेता रहे स्व. प्यारे लाल कंवर की भव्य मूर्ति का अनावरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने महती कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि स्व. प्यारे लाल कंवर वरिष्ठ आदिवासी नेता थे और उनका पूरा जीवन सादगी में लोगों की सेवा में समर्पित रहा। छत्तीसगढ़ के आदिवासियों के उत्थान के लिए उन्होंने जो काम किया, वह अविस्मरणीय रहेगा। वे छत्तीसगढ़वासियों के सच्चे हितैषी के रूप में हम सब की भलाई के लिए काम किया। वे निष्पक्ष भावना से क्षेत्र के विकास और लोगों की समृद्धि के लिए काम करते रहे। हम उनकी जितनी प्रशंसा करें, कम है। उन्होंने कहा कि स्व. श्री कंवर राजनीति में माहिर तो थे ही, वकालत में भी उनकी अच्छी पकड़ थी। उनका जन्म 19 मार्च 1933 को इस पुण्य धरा पर हुआ था और वे छात्र जीवन के ही राजनीति में आ गये थे और 1962 में वे पहली बार विधायक बने। इसके बाद 1967 में दोबारा विधायक बने और 1969 में स्व. श्यामाचरण शुक्ल के मंत्रिमंडल में आदिम जाति कल्याण राज्य मंत्री बने। 1972 में वे फिर से विधायक चुने गये, 1980 में विधायक बनने के बाद 1984 से 1985 तक विधानसभा उपाध्यक्ष रहे। 1985 में वे पुनः राज्यमंत्री बने। 1993 में वे अखण्ड मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री बने और प्रदेश तथा क्षेत्र को अपना योगदान दिया। 13 जनवरी 2010 को वे देवलोक गमन कर गये, लेकिन उनकी सिद्धांत, सेवा भावना और आदिवासियों के प्रति स्नेह और उनके उत्थान के लिए किये गये कार्य हमें सदैव प्रेरणा देते रहेंगे। विशिष्ठ अतिथि के रूप में पूर्व केबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि स्व. प्यारेलाल कंवर हम सबके मार्गदर्शक के रूप में संगठन को आगे बढ़ाने के लिए निर्देश देते रहे और उन्होंने हमें राजनीति की परिभाषा भी सिंखाई और सात्विक राजनीति के माध्यम से सेवा को मुख्य लक्ष्य बना कर आजीवन लोगों की सेवा, छत्तीसगढ़ की समृद्धि के लिए कार्य करते रहे। रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया ने कहा कि वे मुझ जैसे अदना से कार्यकर्ता को जनपद अध्यक्ष बनाया और आज मैं जो कुछ भी हूँ, सब उन्हीं का आशीर्वाद है। स्व. श्री कंवर की पुत्री एवं कोरबा जनपद अध्यक्ष श्रीमती हरेश कंवर ने स्वागत भाषण दिया और श्री कंवर के जीवन की सारगर्भिता बतायी। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित समस्त अतिथियों का स्वागत किया। प्राचार्य जे एल चौहान ने स्व. श्री कंवर के सेवाभावी कार्यों का उल्लेख किया। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी के ग्रामीण जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल ने किया एवं आभार प्रदर्शन सरमन सिंह कंवर ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से कोरबा महापौर राजकिशोर प्रसाद, निगम सभापति श्याम सुंदर सोनी, करतला जनपद अध्यक्ष सुनीता कंवर, स्व. श्री कंवर की नातिन कुमारी नीतू कंवर, सरपंच संजय कंवर, सांसद प्रतिनिधि अजीज खान, सुरेश सहगल, विधायक प्रतिनिधी गोपी लाल सारथी, संतोष देवांगन, लखन लहरे, प्रवीण ओगरे, रजगामार उपसरपंच जितेन्द्र राठौर, सतनामी समाज के उपाध्यक्ष गणेशराम बघेल, स्व. श्री कंवर के नाती भूपेन्द्र कंवर, श्रीमती कुंती बाई, प्राध्यापक जे आर खरे, विरेन्द्र भाई सहित कर्मचारी-अधिकारी, भैसमा हाईस्कूल के प्रधान पाठक रामप्रसाद सिदार, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अजीत दास महंत, सांसद प्रतिनिधि संतोष मिश्रा, कोरबा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष संतोष राठौर, पार्षद दिनेश सोनी, महेश अग्रवाल, शिव जायसवाल, विनोद अग्रवाल (छुरी), आशीष गांगुली सहित क्षेत्र के नागरिकगण काफी संख्या में उपस्थित थे।
कोरबा। कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थय अधिकारी, जिला कोरबा द्वारा जिला खनिज न्यास मद अंतर्गत पैरामेडिकल स्टॉफ के पद पर भर्ती हेतु विज्ञापन प्रकाषित कर आवेदन आमंत्रित किया गया था। कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थय अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार विज्ञापित पद पर प्राप्त आवेदन के आधार पर स्टॉफ नर्स, डेªसर, ग्रामीण स्वास्थय संयोजक महिला एवं ग्रामीण स्वास्थय संयोजक पुरूष के पद पर पात्र/अपात्र की सूची कार्यालयीन सूचना पटल पर चस्पा तथा कोरबा जिले के शासकीय वेबसाईट www.korba.gov.in मे सर्व संबंधितों के अवलोकनार्थ एवं दावा आपत्ति हेतु अपलोड़ कर दिया गया है। सूची के समस्त कॉलमों का उम्मीद्वारों द्वारा सूक्ष्म अवलोकन कर दावा आपत्ति कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थय अधिकारी में 31 अगस्त 2026 समय 5ः00 बजे तक मय आवश्यक दस्तावेज सहित प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित तिथि एवं समय के पश्चात् किसी भी प्रकार का दावा आपत्ति स्वीकार नही किया जायेगा। निर्धारित समय पर प्राप्त दावा आपत्ति का नियमानुसार निराकरण कर पृथक से दावा आपत्ति निराकरण सूची एवं पात्र सूची कार्यालयीन सूचना पटल पर चस्पा तथा उक्त वेबसाईट पर अपलोड किया जायेगा।
स्वतंत्रता दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का होगा आयोजन
कोरबा। जिले में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह फुटबॉल ग्राउंड सीएसईबी कोरबा(पूर्व) में आयोजित होगा। प्रातः 08ः59 बजे मुख्य अतिथि का समारोह स्थल पर आगमन होगा। प्रातः 09 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण, प्रातः 09ः01 बजे सलामी एवं राष्ट्रगान, प्रातः 09ः03 बजे से 09.12 बजे तक मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण एवं हर्ष फायर, 09ः12 बजे से 09.25 तक परेड का मार्च पास्ट, 09.25 से 09.27 बजे परेड की समीक्षा एवं सलामी, 09.27 तक 09.47 बजे तक मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन, 09ः47 से 09.50 बजे रंगीन गुब्बारा उड़ाना, 09.50 से 10.05 बजे परेड का प्रस्थान एवं परेड कमाण्डरों का परिचय, 10ः05 से 10.10 बजे मुख्य अतिथि के साथ परेड कमाण्डरों की छायाचित्र, 10.10 से 10.15 बजे शहीद परिवारों का सम्मान,10.15 से 10.45 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम, 10.45 से 11 बजे सम्मान/पुरस्कार वितरण, प्रातः 11 से 11.10 बजे आभार प्रदर्शन एवं कार्यक्रम का समापन होगा।
कोरबा। भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 के अंतर्गत पूर्व शिक्षण की मान्यता के लिए जिला लाईवलीहुड कॉलेज कोरबा में 5 दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए पूर्व से संबंधित व्यवसाय में कुशल अथवा कार्यरत व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रशिक्षण के लिए सोलर इंस्टॉलर (सूर्यमित्र) में 150 सीट, असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन में 150 सीट, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट में 120 सीट, जल वितरण संचालक (नल जल मित्र) में 180 सीट, असिस्टेंट मेसन में 120 सीट तथा सिक्यूरिटी गार्ड में 120 सीट निर्धारित हैं। प्रत्येक प्रशिक्षण की अवधि 5 दिवस (30 घंटे) होगी। प्रशिक्षण के लिए आयु सीमा 15 से 59 वर्ष रखी गई है। प्रशिक्षण के दौरान हितग्राहियों को संबंधित कोर्स की सामान्य जानकारी दी जाएगी। इसके पश्चात राष्ट्रीय कौशल विकास निगम द्वारा तृतीय पक्ष मूल्यांकन के आधार पर संबंधित कोर्स में प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण में 100 प्रतिशत आधार आधारित फेस उपस्थिति अनिवार्य होगी।