सरगुजा, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पति-पत्नी ने सुसाइड कर लिया। दोनों के बीच शराब पीने को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद पत्नी सुखमनी (43) ने कीटनाशक पीकर जान दे दी। उसे गंभीर हालत में पहले अंबिकापुर और फिर रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
19 नवंबर को पत्नी की हालत बिगड़ने की खबर सुनकर पति सखीराम (45) ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके दो दिन बाद, शनिवार को इलाज के दौरान पत्नी की भी मौत हो गई। मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है।
शराब को लेकर हुए झगड़े के बाद पति-पत्नी ने सुसाइड कर लिया।
शराब पीकर गांव में घूमता था पति
जानकारी के मुताबिक, लिचिरमा गांव की सुखमनी (43) का 16 नवंबर को अपने पति सखीराम (45) से शराब पीने को लेकर विवाद हो गया। पत्नी का आरोप था कि पति शराब पीकर गांव में घूमता रहता है और कोई काम नहीं करता है।
इसी बात से वह परेशान थी। विवाद बढ़ने पर सुखमनी ने जहर खा लिया। परिजन उसे सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां से हालत को देखते हुए उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।
हालत बिगड़ी तो पति ने लगाई फांसी
सुखमनी को अंबिकापुर के एमआरएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी हालत बिगड़ने पर उसे रायपुर रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे मिशन हॉस्पिटल में दाखिल कराया।
19 नवंबर को उसकी हालत बिगड़ने की जानकारी पति सखीराम को मिली तो उसने घर में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। 20 नवंबर को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इधर, पति की मौत के बाद सुखमनी की हालत भी बिगड़ गई और शनिवार को होलीक्रॉस हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पत्नी ने होलीक्रॉस हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ा।
पति-पत्नी की मौत से सदमें में परिवार
पति-पत्नी की दो दिनों के अंतराल में मौत से परिवार सदमे में है। दंपती के तीन बच्चे हैं जो माता-पिता दोनों की मौत के बाद बेसहारा हो गए हैं।
बिलासपुर/कोरबा। कोल इंडिया लिमिटेड के 52वें स्थापना दिवस पर 1 नवंबर 2026 को कोलकाता में आयोजित समारोह में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) को तीन कॉर्पोरेट और चार व्यक्तिगत पुरस्कार मिले। कॉर्पोरेट श्रेणी में एसईसीएल ने ‘सोशल मीडिया प्रेज़ेंस’ में प्रथम तथा ‘पर्यावरण प्रबंधन’ और ‘भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास’ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एसईसीएल के निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार ने कोल इंडिया के अध्यक्ष बी. साईराम से कंपनी की ओर से तीनों कॉर्पोरेट पुरस्कार ग्रहण किए।
व्यक्तिगत श्रेणी में जमुना कोतमा क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक पी. आर. त्रिपाठी को ‘बेस्ट एरिया जीएम’ और एसईसीएल मुख्यालय के महाप्रबंधक (ई एंड एम) श्रीकांत दास को ‘बेस्ट एचओडी’ पुरस्कार मिला। महाप्रबंधक (खनन/भूमि एवं राजस्व) बिपिन कुमार लाल को ‘व्यक्तिगत उत्कृष्टता पुरस्कार’ तथा केंद्रीय उत्खनन कर्मशाला, गेवरा की ईपी फिटर (ग्रेड-डी) श्रीमती पार्वती सिंह को गैर-अधिकारी वर्ग में ‘महिला उत्कृष्टता पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। समारोह में एसईसीएल के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. सनीश चंद्र और उप प्रबंधक (पर्यावरण) विष्णु आर. राज भी उपस्थित रहे।
रायपुर में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मिला गौरवपूर्ण सम्मान
राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व के करकमलों से नवाजी गई कोरबा महिला मोर्चा की टीम
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला कोरबा ने संगठनात्मक सक्रियता और नवाचार की दिशा में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। रायपुर स्थित जैनम भवन में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के अंतर्गत किए गए उत्कृष्ट और प्रभावी कार्यों के लिए जिला कोरबा को इस विशेष सम्मान से अलंकृत किया गया ।
यह गौरवपूर्ण उपलब्धि महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी तथा राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा के करकमलों से प्रदान की गई ।
इस ऐतिहासिक सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की कोरबा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति के प्रयास का नहीं, बल्कि कोरबा जिले की समस्त जिला पदाधिकारी बहनों और मंडल अध्यक्षों की अथक मेहनत निरंतर सक्रियता समर्पण और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा का सामूहिक परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बहन ने जिस लगन जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ डिजिटल व संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन किया है वह पूरे संगठन के लिए अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है ।
जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने आगे कहा कि प्रदेश स्तर पर मिला यह सम्मान कोरबा महिला मोर्चा की कार्यशैली पर नेतृत्व के विश्वास को दर्शाता है और आने वाले समय में दोगुनी ऊर्जा उत्साह व एकजुटता के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की नई प्रेरणा देता है ।
अंत में उन्होंने इस बड़ी सफलता के लिए कोरबा जिला महिला मोर्चा की समस्त पदाधिकारी बहनों एवं मंडल अध्यक्षों को हृदय से बधाई, धन्यवाद एवं आभार प्रकट करते हुए सभी के परिश्रम व समर्पण को नमन किया ।
नारी शक्ति का सम्मान, संगठन की पहचान सामूहिक प्रयास, सफलता का आधार ।
रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बड़े कारोबारी समूह पीआरए ग्रुप, बर्बरीक ग्रुप, रायगढ़ इस्पात और जेपी मित्तल से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी चौथे दिन शनिवार को भी जारी रही।
18 नवंबर से शुरू हुई इस कार्रवाई में अब तक रायपुर समेत छह जिलों में 32 से ज्यादा ठिकानों पर जांच की जा चुकी है।
जांच में करीब 15 करोड़ रुपए नकद मिलने का अनुमान है, जबकि 25 बैंक लॉकरों से करीब 20 करोड़ रुपए की ज्वेलरी मिलने की खबर है। बर्बरीक कंस्ट्रक्शन के करीब 225 करोड़ रुपए के लेन-देन भी जांच के दायरे में हैं।
आयकर विभाग की 120 सदस्यीय टीम सीआरपीएफ के 80 जवानों की सुरक्षा में कारोबारियों के घरों, दफ्तरों और फैक्ट्रियों के साथ उनसे जुड़ी कंपनियों के दस्तावेज, बैंक खाते और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही है।
रायपुर में PRA ग्रुप के ठिकानों पर रेड।
पीआरए ग्रुप के संचालक रमेश अग्रवाल के सूरजपुर और अंबिकापुर के घरों पर भी जांच।
रायगढ़ में आयकर विभाग ने रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप से जुड़ी फर्मों के ठिकानों पर छापेमारी की।
जांच टीम में 120 आयकर अधिकारी
रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सरगुजा और सूरजपुर में एक साथ चल रही इस कार्रवाई की निगरानी भोपाल की सेंट्रल टीम कर रही है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के करीब 120 आयकर अधिकारी सीआरपीएफ के 80 जवानों की सुरक्षा में जांच कर रहे हैं।
अलग-अलग ठिकानों से मिल रही जानकारियां रायपुर कार्यालय भेजी जा रही हैं। विभाग ने अभी तक नकदी, आभूषण या संभावित कर चोरी को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है।
रायगढ़ के कोतरा रोड क्षेत्र में बर्बरीक हाउस में और कालिंदी कुंज में जांच।
कारोबार की कई कड़ियां खंगाल रही टीमें
जांच के दायरे में आए कारोबारी समूह सड़क, भवन, पुल निर्माण, स्टील, सरिया, स्पंज आयरन और कोयले के कारोबार से जुड़े हैं। प्रह्लाद राय अग्रवाल ने पीआरए ग्रुप की स्थापना की थी। यह समूह सड़क, भवन और पुल बनाने का काम करता है। वहीं, बर्बरीक ग्रुप और रायगढ़ इस्पात से जुड़ी कंपनियां निर्माण और स्टील कारोबार में सक्रिय हैं।
बताया जा रहा है कि बर्बरीक ग्रुप और रायगढ़ इस्पात का कारोबार एक ही परिवार से जुड़ा है। परिवार के छह भाई अलग-अलग कंपनियों और कारोबार की जिम्मेदारी संभालते हैं। रायपुर मुख्यालय वाली बर्बरीक प्रोजेक्ट्स लिमिटेड समूह की प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी है।
छत्तीसगढ़ के अलावा झारखंड और ओडिशा में भी इन समूहों को सरकारी निर्माण कार्यों के ठेके मिले हैं। आयकर विभाग की टीमें अब इन कंपनियों के बीच हुए लेन-देन, खरीद-बिक्री के बिल, बैंक खातों और घोषित कमाई का मिलान कर रही है।
बिलासपुर में जेपी मित्तल के ठिकानों पर रेड।
शेयर में निवेश और आईपीओ की तैयारी भी जांच में
आयकर विभाग की जांच में कारोबारी समूहों के शेयर बाजार में किए गए निवेश की जानकारी भी खंगाली जा रही है। जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ इस्पात लिमिटेड के शेयरों में निवेश और कंपनी की ओर से आईपीओ लाने की तैयारी से जुड़े पहलुओं की भी जानकारी सामने आई है। विभाग कंपनी के वित्तीय लेन-देन और कारोबारी समूह की दूसरी कंपनियों के बीच संबंधों की जांच कर सकता है।
डिजिटल सबूतों से खुलेगा लेन-देन का नेटवर्क
कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए लैपटॉप, पेन ड्राइव और दूसरे डिजिटल डिवाइस की जांच की जा रही है। इनके जरिए यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि अलग-अलग कंपनियों के बीच कितने रुपए का लेन-देन हुआ और किन बैंक खातों से रकम भेजी गई।
इसके साथ ही कागजों में दिखाए गए कारोबार और असल में हुए लेन-देन का मिलान किया जा रहा है। बैंक लॉकरों से मिली ज्वेलरीकी कीमत का आकलन और जब्त दस्तावेजों की जांच भी जारी है।
रायगढ़ में तीन कार्यालयों में भी जांच
रायगढ़ में बर्बरीक ग्रुप और रायगढ़ इस्पात से जुड़े ठिकानों पर जांच के बाद ढिमरापुर स्थित कृष्णा कॉम्प्लेक्स के तीन कार्यालयों में भी आयकर विभाग की टीम पहुंची। इनमें मुदणा होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड का कार्यालय भी शामिल है।
इसके अलावा कोतरारोड स्थित बर्बरीक विला में बजरंग अग्रवाल और श्रवण अग्रवाल के घरों और दफ्तरों की जांच की गई। रायगढ़ इस्पात और कालिंदीकुंज स्थित ठिकानों पर भी दस्तावेज खंगाले गए। इन जगहों पर रायपुर, दुर्ग और भोपाल से आई टीमों ने जांच की।
अंबिकापुर से सूरजपुर तक कार्रवाई
सरगुजा संभाग में भी आयकर विभाग की टीमों ने कई ठिकानों पर जांच की। अंबिकापुर में रमेशचंद्र अग्रवाल के आवास हरसिंगार, ब्रह्म रोड स्थित बर्बरीक प्रोजेक्ट्स कार्यालय और एक टैक्स वकील के घर पर पड़ताल की गई। टीम सूरजपुर स्थित निवास पर भी पहुंची।
इन ठिकानों पर जांच के दौरान कच्चे हिसाब-किताब की बहियां जब्त किए जाने की जानकारी है। आयकर विभाग की टीमें सभी दस्तावेजों और लेन-देन की जांच कर रही है।
कहां-कहां जांच: छत्तीसगढ़ के छह जिलों के अलावा मुंबई, नागपुर, रांची और जमशेदपुर में करीब 50 ठिकानों पर कार्रवाई।
कितनी टीम: करीब 120 आयकर अधिकारी जांच में शामिल।
अब तक की जानकारी: करीब 14 करोड़ रुपए कैश मिलने का दावा, लॉकरों से 20 करोड़ की ज्वेलरी मिलने की चर्चा और बर्बरीक कंस्ट्रक्शन के 225 करोड़ रुपए के लेन-देन की जांच।