कोरबा
सामाजिक व क्षेत्रीय समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों को सकारात्मक कार्य प्रणाली अपनाने के दिए निर्देश
कोरबा। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में कलेक्टर अजीत वसंत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली। उन्होंने जिले में कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को सजगता एवं सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक शांति भंग करने वाली सभी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी बनाए रखने हेतु निर्देशित किया।
कलेक्टर श्री वसंत ने अधिकारियों को सामाजिक व क्षेत्रीय समस्याओं के निराकरण के लिए सकारात्मक कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन को जनता के पक्ष में खरा दिखाने हेतु शासन के मंशानुसार अपने कानूनी अधिकारों का उपयोग करें। किसी भी समस्या के शुरूआत में ही जड़ तक पहुँचकर विवाद को समझकर सुलझाएं। जिससे आगे चलकर इनसे किसी प्रकार की लोक शांति भंग होने की स्थिति निर्मित ना हो। उन्होंने कहा कि एसडीएम के पूर्व अनुमति के बिना जिले में किसी प्रकार की धार्मिक व जातिगत सभा सम्मेलन आयोजित नहीं होनी चाहिए। साथ ही एसडीएम को अनुमति प्रदान करने से पूर्व उच्च अधिकारियों से परामर्श व पुलिस विभाग से अभिमत लेने की बात कही। कलेक्टर ने जिले में आने वाले नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव के ध्यान में रखते हुए ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के सामाजिक समस्या को चिन्हांकित कर शासन के नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने अनुविभागवार लॉ एंड ऑर्डर की समस्याओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को लॉ एंड आर्डर की समस्या निर्मित्त करने वाले विवादों के कारणों का पता कर समस्याओं का तत्परता से निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील मामलों में कड़ी नजर रखकर त्वरित कार्यवाही करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर ने माइंस क्षेत्रो में अनावश्यक मुद्दों व व्यक्तिगत लाभ को लेकर खदान बंद कराने वालों पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में अवैध शराब विक्रय, अवैध कबाड़ व्यवसाय, बिना अनुमति के खनिज उत्खनन, राखड़ के अनियमित परिवहन व अवैध डंपिंग सहित किसी भी तरह की असामाजिक एवं अवैध गतिवधियों पर रोक लगाने के लिए तत्काल कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक तिवारी ने कहा कि सभी अधिकारी आगामी स्थानीय निर्वाचन को ध्यान में रखकर समस्याओं को निराकृत करें। उन्होंने कहा कि आम जनता का प्रशासन के प्रति भरोसा बनाए रखने हेतु अधिकारी संवेदनशीलता से कार्य करें। घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्यवाही कर आमजनो को राहत पहुचाएं। एसपी ने कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली असामाजिक एक्टिविटी पर विशेष ध्यान देने एवं इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले व्यक्तियों का भी पहचान कर जानकारी एकत्र करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की अनुमति के बाद ही किसी भी प्रकार की सार्वजनिक प्रायोजन आयोजित हो। उन्होंने सभी थानों में लावारिस वाहनों की नीलामी की कार्यवाही भी शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान बैठक में उपस्थित अधिकारियों को प्राकतिक आपदा से हुए मृत्यु के पीड़ितों को आरबीसी 6-4 के तहत दी जाने वाली राहत राशि के प्रकरणों के शीघ्रता से निराकरण हेतु तैयार की गई पोर्टल की भी जानकारी दी गई एवं हिट एंड रन के मामले में अज्ञात वाहन से होने वाले मृत्यु के आवेदनों के निराकरण हेतु मोटरयान दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर स्कीम 2022 के प्रावधान के सम्बन्ध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर निगमायुक्त आशुतोष पाण्डेय, अपर कलेक्टर अनुपम तिवारी, एडिशनल एसपी यू बी एस चौहान, श्रीमती नेहा वर्मा संयुक्त कलेक्टर मनोज बंजारे सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

कोरबा
अवैध खनन पर खनिज विभाग का बड़ा प्रहार, 1 जेसीबी समेत 9 वाहन जप्त
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश एवं उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में खनिज विभाग कोरबा द्वारा जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान खनिज उड़नदस्ता दल ने विभिन्न संदिग्ध क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त 1 जेसीबी, 1 ट्रेलर, 2 टीपर एवं 5 ट्रैक्टर सहित कुल 9 वाहनों को जप्त किया।
खनिज विभाग की टीम ने सीतामढ़ी, बरमपुर, कपाटमुड़ा, सुराकछार, बांकीमोगरा, तिलसरा, गुरसिया सहित अन्य क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान बांकीमोगरा, कोसावाड़ी, बरमपुर, घरीपखना एवं गुरसिया क्षेत्र में गिट्टी, मिट्टी और रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लगे वाहनों को पकड़कर जप्त किया गया। जप्त वाहनों को बांकीमोगरा थाना, रामपुर थाना, बांगो थाना तथा खनिज जांच चौकी रामपुर-कटघोरा में अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग के अनुसार जिले में अवैध खनन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। अप्रैल से 15 जून 2026 तक अवैध उत्खनन के 12 प्रकरणों में 6 लाख 74 हजार 100 रुपये, अवैध परिवहन के 89 प्रकरणों में 7 लाख 37 हजार 931 रुपये तथा अवैध भण्डारण के 10 प्रकरणों में 7 लाख 14 हजार 810 रुपये की वसूली की गई है। इस अवधि में कुल 18 लाख 70 हजार 473 रुपये राजस्व की वसूली की जा चुकी है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान का उद्देश्य अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 तथा अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण के खिलाफ अभियान लगातार संचालित किया जाता रहेगा।
कोरबा
पीएम किसान उत्सव दिवस पर किसानों को मिली 15.72 करोड़ की सम्मान निधि
कृषि विज्ञान केंद्र, कोरबा में किसान प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कोरबा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के हस्तांतरण के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, कोरबा में ‘‘पीएम किसान उत्सव दिवस‘‘ के तहत किसान प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न गांवों से आए किसानों ने भाग लेकर कृषि की नवीन तकनीकों एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर कोरबा जिले के 78 हजार 620 किसानों के खातों में 15.72 करोड़ रुपये की सम्मान निधि राशि अंतरित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप संचालक कृषि डी.पी.एस. कंवर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को किसानों की आर्थिक मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जैविक एवं प्राकृतिक खेती, बीज पंजीयन, प्रमाणित बीज उत्पादन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा कृषि से अधिक आय अर्जित करने के उपायों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी दी। कृषि विभाग द्वारा संचालित “खेत बचाओ अभियान” के तहत फसल संरक्षण, मृदा परीक्षण, जल संरक्षण एवं समेकित कीट प्रबंधन के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों एवं विषय विशेषज्ञों ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, जैविक खाद एवं जैव उर्वरकों के उपयोग तथा कृषि उद्यमिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
कार्यक्रम में 75 किसानों सहित कुल 92 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। अंत में किसानों से वैज्ञानिक खेती अपनाकर गुणवत्तायुक्त बीजों के उपयोग तथा शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आय बढ़ाने का आह्वान किया गया।
कोरबा
बेहतर खेती, बेहतर भविष्य, नैनो तकनीक अपना रहे किसान
आधुनिक नवाचार का मिला लाभ, किसान ब्रजेश रात्रे ने दोहराया भरोसा
कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने तथा खेती को अधिक लाभकारी, किफायती और टिकाऊ बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त हो सके और उनकी आय में वृद्धि हो। इसी दिशा में नैनो डीएपी और नैनो यूरिया जैसे उन्नत कृषि नवाचार किसानों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। किसानों के बीच इन उर्वरकों की बढ़ती स्वीकार्यता आधुनिक कृषि नवाचारों के प्रति बढ़ते विश्वास को भी दर्शाती है।

कोरबा जिले के ग्राम बाता निवासी कृषक ब्रजेश कुमार रात्रे नैनो उर्वरकों के सफल उपयोग का एक प्रेरणादायक उदाहरण हैं। छोटे कृषक श्री रात्रे लगभग एक एकड़ भूमि में धान की खेती करते हैं। खरीफ सीजन की तैयारियों के तहत वे आवश्यक कृषि आदान सामग्री प्राप्त करने सहकारी समिति कनबेरी पहुंचे, जहां से उन्होंने नैनो डीएपी और नैनो यूरिया प्राप्त किया।
श्री रात्रे ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष पहली बार अपनी फसल में नैनो उर्वरकों का उपयोग किया था। इसके परिणाम उत्साहजनक रहे, जिससे फसल की वृद्धि बेहतर हुई और उत्पादन में भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला। इसी अनुभव के आधार पर उन्होंने इस वर्ष भी नैनो उर्वरकों का उपयोग करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में तीन भाई खेती-किसानी का कार्य करते हैं। उनके सकारात्मक अनुभव को देखते हुए परिवार के अन्य सदस्यों ने भी अपनी खेती में नैनो उर्वरकों का उपयोग शुरू कर दिया है। इससे पूरे परिवार को आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ मिल रहा है।
श्री रात्रे ने बताया कि पहले वे पारंपरिक उर्वरकों का उपयोग करते थे, लेकिन नैनो उर्वरकों के बारे में जानकारी मिलने के बाद उन्होंने इसे अपनाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा नैनो उर्वरकों के उपयोग से पोषक तत्वों का बेहतर उपयोग होता है, उर्वरकों की अनावश्यक बर्बादी कम होती है तथा फसलों को आवश्यक पोषण प्रभावी ढंग से प्राप्त होता है। यही कारण है कि किसानों के बीच नैनो उर्वरकों के प्रति रुचि और विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से समय पर नैनो उर्वरकों की उपलब्धता किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है। इससे किसानों को खेती की तैयारियां समय पर करने में सुविधा मिल रही है और आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहन भी मिल रहा है।
अंत में कृषक ब्रजेश कुमार रात्रे ने जिले के किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि खेती में नवाचारों को अपनाने में किसी भी प्रकार की झिझक नहीं होनी चाहिए। समय के साथ कृषि पद्धतियों में बदलाव लाकर किसान अपनी खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि नैनो उर्वरकों जैसी आधुनिक तकनीकें न केवल बेहतर उत्पादन और लागत में बचत सुनिश्चित करती हैं, बल्कि उर्वरकों के संतुलित उपयोग के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।
-
Uncategorized9 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
