रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ में DMF घोटाला केस में जेल में बंद सूर्यकांत तिवारी को गुरुवार शाम को रिहा कर दिया गया है। सूर्यकांत ने करीब 3 साल बाद जमानत पर बाहर आते समय जेल के मुख्य गेट के सामने सिर झुकाया। इस दौरान ऐसा भाव प्रकट किया जैसे किसी के पैर छू रहा हो।
साथ ही जेल से बाहर निकले वक्त मुस्कराते हुए दिखा। सूर्यकांत सफेद शर्ट-पैंट और जैकेट पहने, हाथ में बैग लिए जेल से बाहर निकला। जेल के बाहर उसके दोस्त और रिश्तेदार इंतजार कर रहे थे। सभी से मुलाकात की और कार में बैठकर घर चला गया।
दरअसल, बुधवार को सुप्रीम कोर्ट से सूर्यकांत तिवारी को जमानत मिली है। सीनियर एडवोकेट मुकुल रोहतगी, शशांक मिश्रा और तुषार गिरि ने कोर्ट में पैरवी की थी। जमानत मिलने के बाद सूर्यकांत को कोर्ट की तय की गई सभी शर्तों का पालन करना होगा। सूर्यकांत ने 29 अक्टूबर 2022 को जस्टिस अजय सिंह राजपूत की अदालत में सरेंडर किया था।
जेल मुख्य गेट को प्रणाम करके बाहर निकले सूर्यकांत।
सुप्रीम कोर्ट की डबल बेंच ने की सुनवाई
इस मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट की डबल बेंच में हुई थी, जिसमें जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉय माल्या बागची शामिल थे। बेंच ने मई में दिए गए आदेश के तहत सूर्यकांत तिवारी की जमानत पर कुछ शर्तें लगाई। इसके अनुसार, तिवारी को छत्तीसगढ़ में तभी रहना होगा, जब जांच एजेंसियों या निचली अदालतों को उनकी जरूरत हो।
सफेद शर्ट-पैंट और जैकेट पहनकर, हाथ में बैग लिए जेल से बाहर निकला सूर्यकांत तिवारी।
एक साथ 2 मामलों में सुनवाई कर रहा था सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट 2 मामलों की एक साथ सुनवाई कर रहा था। पहले मामले में, सूर्यकांत तिवारी ने DMF घोटाले में अंतरिम जमानत मांगी थी। दूसरा मामला कोयला लेवी घोटाले से जुड़ा था, जिसमें छत्तीसगढ़ सरकार ने उनकी जमानत रद्द करने के लिए याचिका दायर की थी।
जारी किए गए आदेश में कहा गया
कोर्ट ने कहा कि हमारा मानना है कि इस मामले में भी याचिकाकर्ता को इस समय अंतरिम ज़मानत पर रिहा किया जा सकता है। निष्पक्षता बनाए रखने के लिए हम फिलहाल दोनों पक्षों की दलीलों का उल्लेख नहीं कर रहे हैं, क्योंकि इस तरह के समग्र विचार को अंतिम सुनवाई के चरण तक टालना बेहतर है।
क्या-क्या बोला सुप्रीम कोर्ट
कोयला लेवी घोटाले में सूर्यकांत तिवारी की जमानत रद्द करने की याचिका पर, अदालत ने कहा कि हमने याचिकाकर्ता सूर्यकांत तिवारी को अंतरिम जमानत देने के 29 मई 2025 के अपने आदेश को वापस लेने के लिए दिए गए आधारों पर विधिवत विचार किया है।
हालांकि, हमें इस समय वर्तमान आवेदन पर विचार करने का कोई ठोस कारण नहीं दिखता, इसलिए यह याचिका खारिज की जाती है। साथ ही, अदालत ने अभियोजन पक्ष को यह स्वतंत्रता सुरक्षित रखी कि यदि रियायत के दुरुपयोग से संबंधित कोई तथ्य सामने आता है, तो वह तिवारी की अंतरिम जमानत रद्द करने की मांग कर सकता है।
ED की रिपोर्ट के आधार पर EOW ने धारा 120 बी 420 के तहत केस दर्ज किया
क्या है DMF घोटाला
छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से जारी की गई जानकारी के मुताबिक ED की रिपोर्ट के आधार पर EOW ने धारा 120 बी 420 के तहत केस दर्ज किया है। इस केस में यह तथ्य निकल कर सामने आया है कि डिस्ट्रिक्ट माइनिंग फंड कोरबा के फंड से अलग-अलग टेंडर आवंटन में बड़े पैमाने पर आर्थिक अनियमितताएं की गईं है।
टेंडर भरने वालों को अवैध लाभ पहुंचाया गया। ED के तथ्यों के मुताबिक टेंडर करने वाले संजय शिंदे, अशोक कुमार अग्रवाल, मुकेश कुमार अग्रवाल, ऋषभ सोनी और बिचौलिए मनोज कुमार द्विवेदी, रवि शर्मा, पियूष सोनी, पियूष साहू, अब्दुल और शेखर नाम के लोगों के साथ मिलकर पैसे कमाए गए।
डिस्ट्रिक मिनरल फंड (DMF) घोटाला मामले में कलेक्टर को 40%, सीईओ 5%, एसडीओ 3% और सब इंजीनियर को 2% कमीशन मिला। DMF के वर्क प्रोजेक्ट में करप्शन के लिए फंड खर्च के नियमों को बदला गया था।
फंड खर्च के नए प्रावधानों में मटेरियल सप्लाई, ट्रेनिंग, कृषि उपकरण, खेल सामग्री और मेडिकल उपकरणों की कैटेगरी को जोड़ा गया था, ताकि संशोधित नियमों के सहारे DMF के तहत जरूरी डेवलपमेंट वर्क को दरकिनार कर अधिकतम कमीशन वाले प्रोजेक्ट को अप्रूव किया जा सके।
यह खुलासा कोरबा में 575 करोड़ रुपए से ज्यादा के हुए DMF स्कैम की जांच में हुआ है। इसकी पुष्टि रायपुर कोर्ट में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) द्वारा पेश किए गए 6 हजार पेज के चालान से हुई है।
25 से 40 प्रतिशत का कमीशन
ED की जांच से पता चला कि ठेकेदारों ने अधिकारियों और राजनीतिक नेताओं को भारी मात्रा में कमीशन का भुगतान किया है, जो कि कांट्रैक्ट का 25% से 40% तक था। रिश्वत के लिए दी गई रकम की एंट्री विक्रेताओं ने आवासीय (अकोमोडेशन) के रूप में की थी।
एंट्री करने वाले और उनके संरक्षकों की तलाशी में कई आपत्तिजनक विवरण, कई फर्जी स्वामित्व इकाई और भारी मात्रा में कैश बरामद हुआ है। तलाशी अभियान के दौरान 76.50 लाख कैश बरामद किया गया। वहीं 8 बैंक खाते सीज किए। इनमें 35 लाख रुपए हैं। इसके अलावा फर्जी डमी फर्मों से संबंधित विभिन्न स्टाम्प, अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस भी जब्त किए गए हैं।
मनी लॉन्ड्रिंग के तहत जांच कर रही ED
मनी लॉन्ड्रिंग की बात सामने आने के बाद ED जांच कर रही है। DMF वित्त पोषित एक ट्रस्ट है, जिसे छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में खनन से संबंधित परियोजनाओं और गतिविधियों से प्रभावित लोगों के लाभ के लिए काम करने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है।
ACB-EOW ने DMF घोटाला केस में 17 दिन पहले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
ED और EOW दोनों जांच कर रही हैं
DMF (डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन) घोटाला मामले में ED (प्रवर्तन निदेशालय) ने छत्तीसगढ़ राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो जांच रह रही है। दोनों की जांच में यह सामने आया है कि जिला खनिज निधि में भ्रष्टाचार हुआ है।
आरोप है कि, राज्य सरकार के अधिकारियों और राज नेताओं की मिलीभगत से DMF ठेकेदार ने सरकारी खजाने से रकम निकाली।
कई जगहों पर छापा मार चुकी है ED-EOW
छत्तीसगढ़ में जांच एजेंसी ED ने पहले कोरबा, बिलासपुर, जांजगीर, सूरजपुर, बलरामपुर, बैकुंठपुर में छापेमारी की थी।
बालोद के डौंडीनगर में पूर्व मंत्री अनिला भेंडिया के प्रतिनिधि पीयूष सोनी, बैकुंठपुर जनपद के CEO राधेश्याम मिर्झा और कोरबा के कांग्रेस नेता जेपी अग्रवाल के घर कार्रवाई की गई थी।
छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र में ED की 4 जगह रेड की कार्रवाई की थी यहां से 1.11 करोड़ रुपए कैश, बैंक जमा और दस्तावेज सीज किए हैं।
सुनवाई के दौरान रानू साहू के कोर्ट में आंसू छलक पड़े। आंसू पोछते हुए उन्होंने कहा- मैं स्ट्रॉन्ग हूं।
ED ने 23.79 करोड़ की संपत्ति कुर्क की
छत्तीसगढ़ में DMF घोटाला केस में ED ने पूर्व में 23.79 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति कुर्क है। कुर्क की गई ये संपत्ति DMF घोटाले में आरोपी निलंबित IAS रानू साहू, माया वॉरियर, मनोज कुमार द्विवेदी समेत 10 लोगों की है।
कोरबा/बांकी मोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा में राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। नगर पालिका के नव नियुक्त चारों एल्डरमैनों की पहल से बांकी मोंगरा में भाजपा एल्डरमैन कार्यालय का शुभारंभ किया गया। कार्यालय का उद्घाटन बिलासपुर विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अमर अग्रवाल ने फीता काटकर किया।
दरअसल, कोरबा में स्वतंत्रता दिवस के ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे विधायक अमर अग्रवाल पूर्व मंत्री छत्तीसगढ़ शासन ने बांकी मोंगरा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित भाजपा कार्यालय पहुंचकर विधिवत फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
नव नियुक्त एल्डरमैनों जितेंद्र सिंह, राखी रविंद्र अग्रवाल, निराकार नाहक एवं देव प्रसाद यादव की पहल से शुरू किए गए इस कार्यालय का उद्देश्य क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करना तथा आमजन एवं कार्यकर्ताओं से जुड़ी समस्याओं और विकास कार्यों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाना बताया गया। कार्यक्रम के दौरान चारों एल्डरमैनों की आगामी दिनों में बैठक आयोजित कर क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा करने की बात भी सामने आई।
उद्घाटन कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जोगेश लांबा, डॉ. राजीव सिंह, गोपाल मोदी, जिला भाजपा अध्यक्ष अजय विश्वकर्मा, जिला महामंत्री संजय शर्मा, जिला महामंत्री अजय पांडेय, जिला कोषाध्यक्ष, प्रदेश मंत्री पिछड़ा वर्ग मोर्चा भागवत विश्वकर्मा, विधायक प्रतिनिधि लखपत शर्मा, लखन राठौर, संतोष राठौर, मुकुल कर्ष, मनोज कुंडु, रामेश्वर सोनी, अनीता राजपूत, हेमा शर्मा, बुधवारा देवांगन सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके अलावा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष शशि साहू, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष सूरज मिश्रा, पार्षदगण राकेश पटेल, श्रवण यादव एवं अश्वनी मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
भाजपा एल्डरमैन कार्यालय के शुभारंभ के अवसर पर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन को नई मजबूती देने वाली पहल बताया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि कार्यालय के माध्यम से भाजपा संगठन व पालिका की गतिविधियों को और अधिक व्यवस्थित रूप से संचालित करने के साथ-साथ आम जनता से निरंतर संवाद स्थापित करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में लक्ष्मी देवांगन, मंगलू जनार्दन, चेतन कश्यप, लकेश्वर खुटे, रामदयाल साहू, रवि सोनी, बहरता कश्यप सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
चारों नव नियुक्त एल्डरमैनों की संयुक्त पहल से शुरू हुए इस भाजपा एल्डरमैन कार्यालय को बांकी मोंगरा में संगठनात्मक गतिविधियों के नए केंद्र के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में होने वाली एल्डरमैनों की बैठक में क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं एवं संगठन को मजबूत करने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है।
बिलासपुर/कोरबा। एसईसीएल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वसंत विहार खेल मैदान एसईसीएल बिलासपुर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर, परेड की सलामी ली। इस अवसर पर अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक ने परेड कमांडर व्ही. दक्षिणामूर्ति एवम वरिष्ठ सुरक्षा निरीक्षक डी.पी दिवाकर के नेतृत्व में आयोजित मुख्य परेड का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने अपने संदेश में कहा कि भारत की तेज आर्थिक प्रगति के साथ ऊर्जा की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हाल के वैश्विक एवं भू-राजनीतिक घटनाक्रमों ने एक बार फिर ऊर्जा सुरक्षा के महत्व को रेखांकित किया है। संकट की परिस्थितियों में घरेलू कोयला देश की ऊर्जा व्यवस्था के लिए एक भरोसेमंद स्रोत साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि एसईसीएल के खनिक श्रमवीरों का परिश्रम देश की ऊर्जा सुरक्षा और राष्ट्र की विकास यात्रा से सीधे जुड़ा है तथा कंपनी गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध कोयला आपूर्ति के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत एवं विकसित भारत 2047 के संकल्प में अपना योगदान दे रही है।
उन्होंने एसईसीएल परिवार के सभी कर्मचारियों, श्रमिकों, परिवारों एवं हितधारकों के सामूहिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इसी एकजुटता और प्रतिबद्धता के साथ एसईसीएल राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निरंतर मजबूत करता रहेगा।
वसंत विहार खेल मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में निदेशक (तकनीकी-संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी-योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र, एसईसीएल परिवार की प्रथम महिला एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन, उपाध्यक्षागण – श्रीमती अनिता फ्रैंकलिन, श्रीमती इप्सिता दास, श्रीमती हसीना कुमार, श्रीमती विनिता जैन एवं श्रीमती शुभश्री महापात्र सहित मुख्यालय के विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों, विभिन्न विभागाध्यक्ष, श्रमसंध प्रतिनिधिगण, एवं स्कूली बच्चे उपस्थित थे।
इससे पूर्व मुख्यालय प्रशासनिक भवन प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने ध्वज फहराया एवं सुरक्षा टुकड़ी की सलामी ली।
मुख्य समारोह में अतिथियों द्वारा सामूहिक रूप से कबूतर एवं गुब्बारे आकाश में छोड़कर शांति का संदेश दिया। समारोह में डीएव्ही पब्लिक स्कूल, लोयला स्कूल, होली नर्सरी स्कूल, ड्रीमलैंड एवं कृष्णा पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा विविध देशभक्ति गीत-नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गयी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के करकमलों से उत्कृष्ठ कवायद दल, सर्वोत्कृष्ठ कवायद दल एवं उत्तम पोशाक के लिए परेड में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एसईसीएल कर्मियों व् उनके बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
मुख्य कार्यक्रम के पश्चात सीएमडी हरीश दुहन ने निदेशकगण, सीवीओ, श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन एवं उपाध्यक्षगण की उपस्थिति में वसंत विहार कॉलोनी में नवनिर्मित ‘सृजन’ (जी+4) सीनियर एग्जीक्यूटिव हॉस्टल का लोकार्पण किया।
समारोह में उद्घोषणा का दायित्व पाणी पंकज पांडे, वरिष्ठ प्रबंधक (एचआर) एवं सुरक्षा निरीक्षक एम.पी. जांगड़े ने निभाया।
तिरंगे की आन, देश की शान, भाजपा जिला कार्यालय में जोश-उत्साह के साथ मना स्वतंत्रता दिवस
कोरबा। देशभक्ति, राष्ट्रगौरव और उत्साह से ओतप्रोत वातावरण में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा के जिला कार्यालय, ट्रांसपोर्ट नगर में भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के मुख्य आतिथ्य में राष्ट्रध्वज फहराया गया और उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर पर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर वीरों एवं राष्ट्रनिर्माताओं को नमन करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महापौर संजूदेवी राजपूत, सह संभाग प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, योगेश जैन, नवीन अरोड़ा, अर्जुन गुप्ता, शैलेन्द्र यादव, नीरज ठाकुर, कुल सिंह कंवर, प्रीति स्वर्णकार, अखिलेश पांडेय, राकेश नागरमल अग्रवाल, अजय चन्द्रा एवं प्रदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन राष्ट्रभक्ति, संगठनात्मक एकजुटता और देशसेवा के संकल्प का प्रेरणादायी अवसर बना।