Connect with us

कोरबा

वायुसेना से सौर सेना तक अजय राज बेन की उज्ज्वल कहानी

Published

on

सौर ऊर्जा से शून्य हुआ बिजली बिल, बढ़ी बचत और जुड़ा पर्यावरण संरक्षण
कोरबा। हर घर रोशन हो, हर परिवार आत्मनिर्भर बने इसी सपने को साकार कर रही है भारत सरकार की प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना। इस योजना ने आज देश के करोड़ों परिवारों के जीवन में बदलाव ला रही है। यह केवल बिजली उपलब्ध कराने का माध्यम नहीं है, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। छत्तीसगढ़ का कोरबा जिला, जो ऊर्जा नगरी के रूप में पूरे देश में अपनी अलग पहचान रखता है, अब पारंपरिक ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ नवीकरणीय ऊर्जा की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रहा है। यहाँ के ग्रामीण और शहरी परिवार इस योजना से लाभान्वित होकर आत्मनिर्भरता और बचत की नई मिसालें गढ़ रहे हैं। इन्हीं लाभार्थियों में दादरखुर्द निवासी अजय राज बेन भी शामिल हैं, जिन्होंने इस योजना का लाभ उठाकर अपने परिवार के जीवन में नया उजाला लाया।
भारतीय वायुसेना में सेवाएँ देने के बाद अब वह समाज में ऊर्जा सशक्तिकरण के प्रतीक बन चुके हैं। वर्ष 2024 में उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया। इस योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार से उन्हें 78,000 की सब्सिडी प्राप्त हुई, जिसने इस स्थापना को सहज और किफायती बना दिया। सौर ऊर्जा से अब उनके घर की हर ज़रूरत पूरी होती है। पंखे, रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, टेलीविजन और अन्य सभी घरेलू उपकरण अब बिना किसी रुकावट के चलते हैं। पहले जहाँ हर माह बिजली बिल की चिंता होती थी, वहीं अब उनके घर का बिल शून्य हो गया है। इतना ही नहीं, अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भी भेजी जाती है, जिससे न केवल राज्य के ऊर्जा संतुलन में उनका योगदान है, बल्कि यह ऊर्जा अन्य जरूरतमंद परिवारों तक भी पहुँच रही है।


उन्हें इस योजना की जानकारी अखबार में प्रकाशित एक विज्ञापन से मिली। इसके बाद उन्होंने अपने पड़ोसी की मदद से आधिकारिक वेबसाइ पर आवेदन किया। आवेदन प्रक्रिया सरल और पूरी तरह पारदर्शी रही। आवेदन के बाद विशेषज्ञ टीम ने उनके घर का सर्वेक्षण किया और निर्धारित समय-सीमा में सोलर पैनल की स्थापना कर दी। पूरी प्रक्रिया में न तो किसी प्रकार की जटिलता रही और न ही किसी तरह की बाधा। उन्होंने बताया कि सरकार ने जिस पारदर्शी व्यवस्था और समयबद्धता के साथ इस योजना को लागू किया है, वह सचमुच सराहनीय है।
श्री बेन का कहना है कि इस योजना ने उन्हें दोहरा लाभ मिला है। एक ओर उनके परिवार को मुफ्त और अबाधित बिजली मिल रही है, वहीं दूसरी ओर वे पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे रहे हैं। कोयला और डीजल जैसे पारंपरिक स्रोतों पर निर्भर रहने की बजाय वे अब सूर्य की असीम ऊर्जा का उपयोग कर रहे हैं। आज दादरखुर्द ही नहीं, बल्कि आसपास के गाँवों और इलाकों में भी कई लोग उनकी सफलता से प्रेरित होकर इस योजना से जुड़ रहे हैं। उनके पड़ोसी, रिश्तेदार और मित्र इस पहल को देखकर उत्साहित हैं और सौर ऊर्जा अपनाने के लिए आगे आ रहे हैं।


प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना केवल आज की ऊर्जा आवश्यकताओं का समाधान नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य का आधार है। इस योजना से हर घर की छत पर सोलर पैनल लगाकर भारत तेजी से आत्मनिर्भर ऊर्जा राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। कोरबा जैसे औद्योगिक जिले में जहाँ कोयला उत्पादन की पहचान रही है,  वहां यह कहानी इस बात का प्रमाण है कि सरकार की योजनाएँ न केवल लोगों के जीवन को आसान बना रही हैं, बल्कि हरित विकास और सतत भविष्य की नींव भी रख रही हैं। अपने अनुभव साझा करते हुए अजय राज बेन कहते हैं “अब मुझे यह चिंता नहीं रहती कि बिजली का बिल कितना आएगा। सूर्यघर योजना ने सचमुच घर-घर में रोशनी और उम्मीद जगाई है। मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने हम जैसे आम नागरिकों के जीवन में इतनी बड़ी सुविधा और आत्मनिर्भरता का मार्ग खोला। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना वास्तव में एक ऐतिहासिक कदम है।” यह योजना वास्तव में भारत सरकार की उस दूरदृष्टि को दर्शाती है, जिसमें हर घर तक स्वच्छ ऊर्जा पहुँचाकर देश को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का सपना साकार हो रहा है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

कोरबा पहुंचे कवियों का अभिनंदन किया छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ ने

Published

on

कोरबा। 18 नवम्बर को घंटाघर स्थित अम्बेडकर ओपन थियेटर में हास्य कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कवि सम्मेलन में देर तक दर्शकों एवं श्रोतागणों ने हास्य और व्यंग्य कविताओं का आनंद लिया। कार्तिक शुक्ल नवमी (आंवला नवमी) की गुलाबी रात में कवियों ने श्रोताओं को जमकर हंसाया, गुदगुदाया। दर्शक दीर्घा से तालियों की गूंज दूर तक पहुंच रही थी। इसके पूर्व छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ की जिला इकाई ने कोरबा पधारे कवियों का अभिनंदन किया। कवि सम्मेलन में लब्धप्रतिष्ठत हास्य कवि एवं व्यंग्य कवि अखिलेश द्विवेदी (हास्य) प्रयागराज, मीर अली मीर-गीतकार रायपुर, पवन बांके बिहारी-हास्य पश्चिम बंगाल, प्रियंका मिश्रा-श्रृंगार कटनी, हीरामणी वैष्णव-हास्य कोरबा, शशिभूषण स्नेही-हास्य बिलाईगढ़ एवं कमलेश यादव धाकड़-हास्य बरमकेला आदि ने अपनी प्रस्तुति दी। इन कवियों का अखबार वितरक संघ ने सम्मान किया और इस अवसर पर जिला इकाई के अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू, सचिव जयसिंह नेताम, संरक्षक रेश्म साहू, मीडिया प्रभारी रामायण सिंह, अनिल गिरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। कवियों ने अभिनंदन पर संघ का अभिवादन किया और कहा कि कोरबा आकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है।

Continue Reading

कोरबा

गौमाता चौक में मनाई गई गोपाष्टमी, आयुक्त पाण्डेय रहे मुख्य अतिथि

Published

on

कोरबा। जय माँ सर्वमंगला गौ सेवाधाम कोरबा द्वारा लगातार चौथे वर्ष गौमाता चौक कोरबा पर गोपाष्टमी पर दीपोत्सव गौसेवकों द्वारा मनाया गया। मुख्य अतिथि नगर निगम के आयुक्त आशुतोष पांडेय, विशिष्ट अतिथि शंकर लाल अग्रवाल, राणा मुखर्जी और विश्व हिन्दू परिषद के प्रदेश सहसंगठन मंत्री विजय राठौर एवं गौसेवक राजू ठाकुर, उमंग सोनी, विनय शर्मा, आशीष गोयल, दीपक, अध्यक्ष रवि सिंह चंदेल, सचिव टामेश अग्रवाल, पूर्व पार्षद सुफल दास सहित शहर के गौसेवकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति थी।
गौसेवकों द्वारा गौ माताओं की पूजा की गई और उन्हें पत्तल पर भोजन कराया। मुख्य अतिथि आशुतोष पाण्डेय ने सबसे पहले गौ माताओं को खीर-पुड़ी, फल खिलाया और प्रणाम किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री पाण्डेय ने कहा कि गौ को हम यूं ही माता नहीं कहते, वेद-पुराणों में कहा गया है कि भगवान भी गौ माता की पूजा करते हैं, क्योंकि गौ माता में सभी देवी-देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को गौ माता की पूजा करनी चाहिए और जिनके घरों में पर्याप्त जगह है, उन्हें गोपालन भी करना चाहिए। अन्य अतिथियों ने भी गाय माता की महिमा बताई।

Continue Reading

कोरबा

शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साडा में हर्षोल्लास से मनाई गई भगवान बिरसा मुंडा जयंती

Published

on

कोरबा। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साडा, कोरबा में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जनजातीय जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर छात्राओं के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें भाषण, कविता, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। छात्राओं ने आदिवासी समूह नृत्य एवं पारंपरिक गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि श्रीमती गिरी नंदिनी सिंह, अध्यक्ष आदिवासी विकास परिषद महिला प्रभाग, सेवती नेताम, उपाध्यक्ष एवं विद्यालय के प्राचार्य रणधीर सिंह ने अपने उद्बोधन में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षमय जीवन, अदम्य साहस, देशभक्ति तथा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा अपनी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहभागिता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने छात्राओं में देशभक्ति, सांस्कृतिक चेतना एवं जनजातीय गौरव की भावना को प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677