Connect with us

कोरबा

आदिवासी क्षेत्रों में ग्राम अखड़ा विकास योजना का प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

Published

on

पीवीटीजी परिवारों को प्राथमिकता से उज्ज्वला गैस कनेक्शन देने के दिए निर्देश

कलेक्टर ने समय सीमा की बैठक लेकर शासन की फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा की
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले में संचालित शासन की फ्लैगशिप योजनाओं एवं विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन तय समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
कलेक्टर श्री दुदावत ने धान खरीदी कार्य की समीक्षा करते हुए किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित नोडल अधिकारियों को कहा कि उपार्जन केंद्रों पर धान खरीदी कार्य बिना किसी व्यवधान के सुचारू रूप से संचालित हो। धान की नमी और गुणवत्ता की नियमित जांच, सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी तथा उपार्जन केंद्रों की व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर निगरानी के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने जिले की सभी नगर पालिकाओं के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए लक्ष्यों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड विजिट के माध्यम से कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने तथा जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) से स्वीकृत कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा।


उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को ‘सियान जतन’ योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को लाभान्वित करने, उनकी संख्या बढ़ाने तथा निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए सेवाएं एवं उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को मुख्यमंत्री अनुसूचित जनजातीय ग्राम अखड़ा विकास योजना के तहत गांवों की पहचान कर चयन, जनप्रतिनिधियों से समन्वय कर समिति गठन तथा अखड़ों में प्रकाश व्यवस्था सहित सुव्यवस्थित सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत स्वीकृत आंगनबाड़ी भवनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्माण कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्राथमिकता के आधार पर गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य अधिकारी को आवेदन से लेकर स्वीकृति तक की प्रक्रिया को तेज और सरल बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
कलेक्टर ने दिव्यांगजनों की सूची तैयार कर उन्हें आवश्यक प्रमाण पत्र समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि वे विभिन्न योजनाओं का लाभ सहजता से प्राप्त कर सकें।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जिले में सोलर पैनल स्थापना को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने शहरी क्षेत्रों में अधिक से अधिक परिवारों को योजना से जोड़ने, इसके लाभ, सब्सिडी और आसान ऋण सुविधा की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को लक्ष्य निर्धारित कर 15 दिनों के भीतर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर श्री दुदावत ने विभिन्न विभागों को उनके दायित्व सौंपते हुए गरिमामयी, सुव्यवस्थित और सफल आयोजन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, चिकित्सा व्यवस्था, परेड की सुचारू व्यवस्था तथा अन्य सांस्कृतिक एवं कार्यक्रमों की बेहतर तैयारी पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में डीएफओ निशांत कुमार, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस के साथ मनाया जाएगा आवास दिवस

Published

on

प्रत्येक माह की 07 तारीख को होगा आयोजन

क्यू आर कोड स्कैन प्रणाली के माध्यम से मिलेगी नए प्रावधानों की जानकारी

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार एवं सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग के मार्गदर्शन में जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में प्रत्येक माह की 07 तारीख को चावल उत्सव एवं महात्मा गांधी नरेगा के रोजगार दिवस के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास दिवस का आयोजन किया जाएगा।

आवास दिवस के आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराना, हितग्राहियों में जन-जागरूकता लाना तथा निर्माण में आ रही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है।

जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि रोजगार दिवस और आवास दिवस का आयोजन सभी ग्राम पंचायतों में अनिवार्य रूप से किया जाए तथा शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराया जाए।

आवास दिवस के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के हितग्राहियों के आवास निर्माण को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने हेतु विशेष चर्चा एवं प्रेरणा दी जाएगी। आवास दिवस में जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत पदाधिकारियों,ग्रामीण हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के प्रावधानों एवं विकसित भारत जी राम जी अधिनियम 2025 के प्रावधानों की जानकारी क्यू आर कोड प्रणाली के माध्यम से दी जाएगी। इसके साथ ही क्यू आर कोड प्रणाली के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किए जाएगा।

योजना के अंतर्गत समय-समय पर जारी शासन के दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी जाएगी।

Continue Reading

कोरबा

इंदिरा विहार कालोनी ने जमकर खेली होली:अबीर-गुलाल से होली में दिखा उल्लास

Published

on

कोरबा। 04 मार्च को रंगों का महापर्व-होलिकोत्सव पर पूरे कोरबा में उल्लास और उमंग चरमोत्कर्ष पर था। हर वर्ग के लोग एक-दूसरे पर अबीर-गुलाल के बहाने प्रेम और स्नेह उड़ेल रहे थे। इंदिरा विहार विकास समिति, महिला मण्डल एवं पूरी कालोनी की होली भी रंगों से सराबोर रही। कालोनी के लोग प्रात: 09.00 बजे टैगोर उद्यान में एकत्रित हुए और रंगोत्सव को मस्ती के साथ-साथ उल्लास और उमंग के साथ मनाया।

इस अवसर पर महिला मण्डल की अध्यक्ष कुमोद राठौर, सचिव मुक्ता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष लता अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष श्रीमती डॉ. मनीषा सिंह, रश्मि सरावगी, मंजू गोयल, रश्मि श्रीवास सहित बड़ी संख्या में महिलाएं टैगोर उद्यान में एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाया, स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाया, मिठाईयां, शरबत आदि मिठाईयां भी एक-दूसरे को खिलाकर कुछ घंटों के लिए जीवन की खुशियां बांटी।


इस अवसर पर इंदिरा विहार विकास समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुरूष वर्ग एवं युवा, बच्चों ने भी जमकर रंग-गुलाल उड़ेला और रंगोत्सव की खुशियां मनाई।
एक-दूसरे ने दी होली की बधाई


यहां उपस्थित समिति के सदस्यों, महिला मंडल के सदस्यों ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर होली की बधाईयां दी। महिला मण्डल की पूर्व अध्यक्ष डॉ. मनीषा सिंह ने सभी को रंगोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली स्नेह, विश्वास एवं सद्भाव का संदेश देता है और विभिन्न रंगों में सभी जाति, धर्म के लोग एक रंग में रंग जाते हैं, यही सद्भाव और स्नेह की अटूट परंपरा है। डॉ. मनीषा सिंह ने कहा कि सभी आत्मीय भाव से एक-दूसरे से मिले, रंग-गुलाल लगाया, जिससे नई ऊर्जा का संचार हुआ। डॉ. मनीषा सिंह ने सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उल्लास और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

होलिका दहन में शामिल हुए डॉ. मनीषा-इ. कन्हैया सिंह


होलिका दहन 02 मार्च को इंदिरा विहार कालोनी में पंचकर्म चिकित्सा विशेषज्ञ डा. मनीषा सिंह, इंजीनियर कन्हैया सिंह परिवार सहित शामिल हुए और पूजा-अर्चना कर सभी के लिए धन-धान्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की और भभूत से तिलक लगाया। डॉ. मनीषा सिंह ने बताया कि होलिका दहन के भभूत का पौराणिक महत्व है और इसे लगाने से कई प्रकार से लाभ होते हैं।

Continue Reading

कोरबा

हाथी ने मंडी प्रभारी को कुचला, मौके पर मौत:पत्नी ने भागकर बचाई जान, वन अमला ने हाथी को खदेड़ा

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के कोरकोमा क्षेत्र स्थित कुदमुरा उपार्जन केंद्र में बुधवार देर रात एक जंगली हाथी ने मंडी प्रभारी को कुचल दिया। इस हमले में 42 वर्षीय राजेश कुमार सिंह राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी ने किसी तरह अपनी जान बचाई। राजेश रजगामार का निवासी था।

यह घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे हुई, जब राजेश अपनी पत्नी के साथ मंडी में सो रहे थे। अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंचा और राजेश पर हमला कर दिया। पत्नी की चीख-पुकार के बावजूद रात के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था।

बाद में ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी गई और वन विभाग को भी सूचित किया गया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। हालांकि, बताया जा रहा है कि हाथी अभी भी आसपास के क्षेत्र में विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

चोरी होने के कारण झोपड़ी बनाकर रह रहे थे

वन विभाग की टीम ने घटना स्थल का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कुदमुरा उपार्जन केंद्र में धान चोरी की लगातार घटनाओं के कारण राजेश और उनकी पत्नी अस्थायी रूप से एक झोपड़ी बनाकर केंद्र की देखरेख कर रहे थे।

बता दें कि कि हाथी अक्सर धान मंडियों में धान खाने के लिए पहुंच जाते हैं। वन अमला और ग्रामीण इन हाथियों को खदेड़ने के लिए लगातार मशक्कत करते रहते हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677