देश
भारत का प्रत्यक्ष बिक्री उद्योग 23,000 करोड़ रुपए के पार, महाराष्ट्र शीर्ष पर: रिपोर्ट
नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय प्रत्यक्ष बिक्री उद्योग का कारोबार वित्त वर्ष 2024-25 में सालाना आधार पर चार प्रतिशत बढ़कर अब तक के उच्चतम स्तर 23,021 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। राज्यों में महाराष्ट्र कुल बिक्री में 15.3 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ शीर्ष पर रहा। उद्योग संगठन इंडियन डायरेक्ट सेलिंग एसोसिएशन (आईडीएसए) की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। आईडीएसए की ‘डायरेक्ट सेलिंग इंडस्ट्री 2025 आउटलुक’ नाम से जारी रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2023-24 में उद्योग का कारोबार 22,142 करोड़ रुपए था। यह अध्ययन बाजार शोध कंपनी इप्सोस ने किया है। इसे बुधवार को यहां आयोजित एक कार्यक्रम में सांसद और कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने जारी किया।

खंडेलवाल ने कहा कि देश ‘विकसित भारत’ की दिशा में आगे बढ़ रहा है और ऐसे क्षेत्रों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी जो उद्यमिता, स्वरोजगार और समावेशी आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने प्रत्यक्ष बिक्री उद्योग को सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण का मजबूत माध्यम बताया। रिपोर्ट के अनुसार, उद्योग ने पिछले छह वर्षों में 6.5 प्रतिशत की संचयी वार्षिक वृद्धि दर (सीएजीआर) दर्ज की है। उद्योग का कारोबार वित्त वर्ष 2019-20 के लगभग 16,800 करोड़ रुपए से बढ़कर 2024-25 में 23,021 करोड़ रुपए हो गया। क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार, कुल बिक्री में उत्तरी क्षेत्र की हिस्सेदारी सबसे अधिक 27.58 प्रतिशत रही।
इसके बाद पश्चिमी क्षेत्र की हिस्सेदारी 25.47 प्रतिशत, पूर्वी क्षेत्र की 22.47 प्रतिशत, दक्षिणी क्षेत्र की 17.81 प्रतिशत और पूर्वोत्तर क्षेत्र की 6.67 प्रतिशत रही। राज्यों में महाराष्ट्र 15.31 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ शीर्ष पर रहा। इसके बाद क्रमश: पश्चिम बंगाल (10.88 प्रतिशत), उत्तर प्रदेश (8.82 प्रतिशत), कर्नाटक (6.37 प्रतिशत) और बिहार (5.61) प्रतिशत का स्थान रहा। रिपोर्ट में कहा गया कि स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी उत्पादों की हिस्सेदारी कुल बिक्री में करीब 60 प्रतिशत रही।
सौंदर्य प्रसाधन और व्यक्तिगत देखभाल उत्पादों की हिस्सेदारी 26 प्रतिशत तथा घरेलू उपयोग के उत्पादों की हिस्सेदारी पांच प्रतिशत रही। इन तीन श्रेणियों की कुल हिस्सेदारी उद्योग की कुल बिक्री में 91 प्रतिशत से अधिक रही। रिपोर्ट के अनुसार, प्रत्यक्ष बिक्री से जुड़े सक्रिय विक्रेताओं की संख्या बढ़कर 93.2 लाख हो गई, जो 2023-24 में 88 लाख थी। कुल प्रत्यक्ष विक्रेताओं में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़कर 48 प्रतिशत हो गई, जो पिछले वर्ष 44 प्रतिशत थी।
आईडीएसए के चेयरमैन रत्नेश लाल ने कहा, “रिपोर्ट के निष्कर्ष भारत के प्रत्यक्ष बिक्री उद्योग की बढ़ती मजबूती को दर्शाते हैं। पिछले कुछ वर्षों में लगातार वृद्धि, महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, नए उद्यमियों की रुचि और खुदरा उद्यमिता के बढ़ते अवसर इस क्षेत्र की समावेशी आर्थिक विकास को गति देने की क्षमता को दिखाते हैं।” उन्होंने कहा, ”पिछले छह वर्षों में उद्योग की 6.5 प्रतिशत की निरंतर संचयी वार्षिक वृद्धि दर (सीएजीआर) अनुकूल नियामकीय ढांचे और प्रत्यक्ष बिक्री क्षेत्र में बढ़ते उपभोक्ता विश्वास का प्रमाण है।”
देश
अखिलेश यादव का योगी सरकार पर तंज: मंत्रियों के नाम के बाद, अब क्या उनके विभागों की पर्ची भी ऊपर से आएगी?
लखनऊ, एजेंसी। समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नीत सरकार में मंत्रिपरिषद विस्तार के 6 दिन बाद भी मंत्रियों के विभागों का बंटवारा नहीं होने पर तंज कसते हुए शुक्रवार को सवाल उठाया कि क्या अब मंत्रियों के विभागों की पर्ची भी ऊपर से आएगी।

अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि उप्र में मंत्रियों के नाम के बाद, अब क्या उनके विभागों की पर्ची भी ऊपर से आएगी? उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्रालयों के बंटवारे में देरी की असली वजह कमीशन-कमाई के बंटवारे को लेकर डबल इंजन सरकार के भीतर टकराव है। सपा प्रमुख ने कहा कि दीर्घ प्रतीक्षा के बाद जो नए मंत्री बने हैं, वे बेचारे दर्शक दीर्घा में बैठकर गेंद को इधर-उधर आते-जाते देख रहे हैं। भाजपाई डबल इंजन बाकी मंत्रियों को ‘डब्बा’ कर देता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता नए मंत्रियों को मिलने वाले विभागों पर पूरी निगरानी रखेगी, ताकि वे अपने खजाने न भर सकें।
अखिलेश ने यह भी कहा कि इस बात के लिए कागजी प्रमाण के साथ-साथ और भी ऑडियो-वीडियो सबूत इकट्ठे किए जाएंगे और इन भाजपाइयों की कलई खोली जाएगी। उन्होंने कहा कि अब जनता ही भाजपाइयों को अपने टैक्स के पैसों की लूट करने से रोकेगी, क्योंकि भ्रष्टाचार रोकने वाले बाकी सारे विभाग भाजपा ने बर्बाद कर दिए हैं। जनता को लगता है कि अब सोशल मीडिया और सिटिजन जर्नलिज्म के माध्यम से ही उन्हें न्याय मिल सकता है।
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को पता है कि यह उसका आखिरी कार्यकाल है, इसलिए उसके नेता दसों हाथों से पैसा बटोरना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जागरूक जनता भाजपा को उसके गंदे मंसूबों में सफल नहीं होने देगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नीत उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के तहत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रविवार को जन भवन में आयोजित समारोह में 6 नए समेत कुल 8 मंत्रियों को शपथ दिलाई थी। हालांकि, अब तक मंत्रियों के विभागों का बंटवारा नहीं किया गया है।
देश
अंतिम विदाई के बीच पिघला बड़े भाई का दिल: प्रतीक की मासूम बेटी को अखिलेश ने खिलाई चॉकलेट, गमगीन माहौल में भावुक कर गया यह पल
लखनऊ, एजेंसी। समाजवादी पार्टी (SP) के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव के अंतिम संस्कार के दौरान गुरुवार को अखिलेश यादव और उनकी छोटी भतीजी के बीच का एक भावुक क्षण सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। प्रतीक यादव का 13 मई को 38 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। चिकित्सकों के अनुसार, वह हृदय और फेफड़ों से संबंधित बीमारियों से पीड़ित थे। उनका अंतिम संस्कार लखनऊ के बैकुंठ धाम (भैंसा कुंड) में किया गया, जहां यादव परिवार के सदस्यों, राजनीतिक नेताओं और समर्थकों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

गम के बीच चाचा-भतीजी का भावुक पल
अंतिम संस्कार में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, उनके चाचा एवं वरिष्ठ सपा नेता शिवपाल सिंह यादव, प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव तथा उनकी बेटियां प्रथम और पद्मजा भी मौजूद थीं। श्मशान घाट पर परिवार के सदस्य और अन्य लोग एक शेड के नीचे बैठे थे। इसी दौरान एक भावुक दृश्य सामने आया। अखिलेश यादव आगे की पंक्ति में शिवपाल यादव के साथ बैठे थे, जबकि 5 वर्षीय पद्मजा उनके बगल में बैठी थीं। वहीं बड़ी बेटी प्रथम शिवपाल यादव के पास बैठी थीं। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के दौरान अखिलेश यादव ने चुपचाप पद्मजा को एक चॉकलेट दी। बच्ची जब उसका रैपर खोलने में असमर्थ रही, तो उसने इशारे से अपनी परेशानी बताई। इसके बाद अखिलेश ने रैपर खोलकर चॉकलेट उसे वापस दे दी, जिस पर बच्ची ने उन्हें धन्यवाद कहा। शोक के माहौल के बीच यह छोटा-सा पल मौजूद लोगों के लिए भावुक कर देने वाला रहा। सफेद शर्ट और हल्के रंग की पतलून पहने पद्मजा कुछ देर के लिए मुस्कुराती नजर आईं। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कई लोगों ने इसे भावुक और दिल छू लेने वाला क्षण बताया।
अंतिम विदाई में उमड़े दिग्गज नेता
अंतिम संस्कार में सैफई परिवार से जुड़े धर्मेंद्र यादव और अक्षय यादव के अलावा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा मंत्री दयाशंकर सिंह और दिनेश प्रताप सिंह भी मौजूद थे। अपर्णा यादव की मां अंबी बिष्ट भी वहां उपस्थित थीं। अपर्णा यादव ने 2022 में अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया था। वह वर्तमान में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। प्रतीक यादव के निधन की सूचना मिलने पर अखिलेश यादव किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय पहुंचे थे। वहां उन्होंने संवाददाताओं से कहा था कि प्रतीक बहुत अच्छे युवक थे और बचपन से उन्हें जानते थे। अखिलेश ने कहा था कि वह कम उम्र से ही अपने स्वास्थ्य और फिटनेस को लेकर काफी सजग थे।
स्मृतियों में सौम्य और फिट प्रतीक
अखिलेश ने बताया कि पिछली मुलाकात में उन्होंने प्रतीक को स्वास्थ्य का ध्यान रखने और अपने काम को आगे बढ़ाने की सलाह दी थी। प्रतीक यादव के निधन के बाद सोशल मीडिया पर उनका एक पुराना वीडियो भी फिर से साझा किया जा रहा है, जिसमें वह अपर्णा यादव के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह परिवार के बुजुर्गों का अभिवादन करते और परिजनों से आत्मीयता से मिलते दिखाई दे रहे हैं। यादव परिवार से जुड़े लोगों के अनुसार, प्रतीक यादव मुख्य रूप से अपने कारोबारी कार्यों में व्यस्त रहते थे और उन्हें पशुओं, लग्जरी कारों, मोटरसाइकिलों तथा बॉडी बिल्डिंग का शौक था। उन्होंने सक्रिय राजनीति में कभी रुचि नहीं दिखाई और अपेक्षाकृत निजी जीवन व्यतीत किया। सैफई और लखनऊ के लोगों ने उन्हें विनम्र और सौम्य स्वभाव का व्यक्ति बताया।
देश
NTA Re-exam Date: NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा की तारीख घोषित, अब 21 जून को होगा एग्जाम
नई दिल्ली, एजेंसी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा की आधिकारिक तारीख जारी कर दी है। यह फैसला पेपर लीक विवाद के बाद लिया गया, जिसके चलते पिछली परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी। इस घटना के बाद देशभर में छात्रों और अभिभावकों में काफी नाराजगी देखने को मिली थी।

सरकारी मंजूरी के बाद जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, NEET-UG 2026 की री-एग्जाम अब रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा मेडिकल कोर्सेज जैसे MBBS और BDS में दाखिले के लिए बेहद अहम मानी जाती है। परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों उम्मीदवारों को अनिश्चितता और तनाव का सामना करना पड़ा था। कई छात्रों की तैयारी पर भी असर पड़ा, जिससे पूरे परीक्षा सिस्टम की पारदर्शिता और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठे।
NTA ने छात्रों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें और अफवाहों से दूर रहें। एजेंसी ने हेल्पलाइन नंबर और ईमेल भी जारी किए हैं ताकि उम्मीदवारों की शंकाओं का समाधान किया जा सके। इस बार परीक्षा को और सुरक्षित बनाने के लिए कड़े इंतजाम किए जाने की संभावना है। परीक्षा केंद्रों पर निगरानी बढ़ाने, डिजिटल सुरक्षा मजबूत करने और गोपनीय प्रक्रिया को और सख्त करने जैसे कदम उठाए जा सकते हैं।
एजेंसी ने छात्रों को सलाह दी है कि वे सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म और मैसेजिंग ग्रुप पर फैल रही अफ़वाहों या बिना पुष्टि वाली जानकारियों पर विश्वास न करें। परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े सवालों के लिए उम्मीदवार NTA से उसके आधिकारिक हेल्पलाइन नंबरों- 011-40759000 और 011-69227700 – पर संपर्क कर सकते हैं। सवाल neet-ug@nta.ac.in पर ईमेल के ज़रिए भी भेजे जा सकते हैं। पूरे भारत में लाखों उम्मीदवारों के लिए, यह घोषणा एक नई चुनौती और एक दूसरा मौका – दोनों लेकर आई है – एक ऐसा मौका जिसके बारे में उन्हें उम्मीद है कि इस बार यह बिना किसी विवाद के संपन्न होगी।
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized8 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा2 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
